मंगलवार, 11 मई 2021

जय महावीर ज्ञान गुण सागर / कृष्ण मेहता

 *हनुमानजी के जीवन में ज्ञान, कर्म* *और भक्ति की समग्रता विद्यमान है।*

   °" "" "" "" "" "" "" "" "" "" "" "" "" "" "°

      रामराज स्थापना पश्चात श्री हनुमानजी को वापस भेजने की आवश्यकता भगवान् राम नहीं समझते हैं। उनके संदर्भ में प्रभु दूसरी बात सोचते हैं। *कई लोग ऐसे होते हैं कि जिनमें सामीप्य के कारण रस का अभाव हो जाता है। अधिक पास रहने से उन्हें बहुत लाभ नहीं होता। क्योंकि पास रहने से लाभ उठाने वाले मैंने बिरले ही व्यक्ति देखे हैं, बहुधा हानि उठाने वाले ही अधिक देखे हैं। लोग बहुधा आश्चर्य करते हैं कि बड़े-बड़े महात्माओं के अत्यन्त पास रहने वाले व्यक्तियों का स्वभाव बड़ा विचित्र होता है। बड़े-बड़े तीर्थों में रहने वाले व्यक्तियों का आचरण तीर्थ के आदर्श से बिल्कुल भिन्न होता है। इसका रहस्य यही है कि जैसे कोई व्यक्ति प्रतिदिन किसी एक ही वस्तु का भोजन करे तो धीरे-धीरे उसे उस वस्तु का स्वाद आना बन्द हो जाता है। इसी प्रकार से कोई व्यक्ति अगर बहुत लम्बे समय तक किसी महापुरुष के साथ रहे अथवा किसी तीर्थ में रहे तो वह उससे प्रेरणा ग्रहण नहीं कर पाता। और जो थोड़े समय के लिए जाते हैं वे नई प्रेरणा ग्रहण करके लौटते हैं। निरन्तर समीप बने रहने वालों में रस की यह भावना समाप्त होकर सांसारिक वृत्ति जागृत होते देखी गई है। जिससे कि वे बदलकर सांसारिक दिखाई देने लगते हैं। ऐसे व्यक्ति अधिक पास न रहकर थोड़ा दूर बने रहकर अगर पास आने की चेष्टा करें तभी उनका कल्याण होगा।* 

      पर श्री हनुमानजी के सम्बन्ध में ऐसी बात नहीं है। हनुमानजी चाहे दूर रहें, चाहे पास रहें, वे तो सदैव *राम-रस* में ही निमग्न रहते हैं। श्री हनुमानजी के जीवन में ज्ञान, कर्म और भक्ति की समग्रता विद्यमान है ; वे तो --

    *अतुलितबलधाम हेमशैलाभदेहं*

    *दनुजवनकृशानुं ज्ञानिनामग्रगण्यम।*

    *सकलगुणनिधानं वानराणामधीशं*

    *रघुपतिप्रियभक्तं वातजातं नमामि।।*

                         -- सुन्दरकाण्ड, वन्दना

-- महान ज्ञानी, महान कर्मयोगी तथा महान भक्त हैं । हनुमानजी के चरित्र में शरीर का भी सर्वोच्च सदुपयोग है, भावना का भी सर्वश्रेष्ठ उपयोग है और विवेक का भी उत्कृष्ट प्रयोग है । रामायण में भगवान् श्री राघवेन्द्र उनके इन तीनों योगों का सदुपयोग करते हैं। उनके विचार का सदुपयोग करते हैं, उनकी भावना का सदुपयोग करते हैं तथा उनके शरीर के द्वारा भी निरन्तर उनसे सेवा लेते हैं।

         ☯️ जय गुरुदेव जय सियाराम 🙏

रविवार, 9 मई 2021

मेरी प्यारी दोनों माताएं/ विजय केसरी

 "मातृ दिवस' पर गुरुदेव भारत यायावर  की 'मां' शीर्षक  कविता पढ़ कर अपनी दोनों माताएं याद आ गईं। अब दोनों माताएं स शरीर इस दुनिया में नहीं हैं। फिर भी हम सभी भाई-बहन उनके होने का एहसास हमेशा महसूस करते हैं। जब भी हम सब भाई बहन किसी मुसीबत में होते हैं , तो हमारी दोनों माताएं पीठ पीछे खड़ी होती है।

गुरुदेव की कविता की पंक्तियां मन को छूती है। उनकी कविता पढ़ने के बाद कुछ पंक्तियां दोनों माताओं के श्री चरणों में अर्पित है।


मेरी प्यारी दोनों  माताएंv


यह ईश्वर की कृपा है,

मुझे एक नहीं,

दो - दो माताओं का,

प्यार मिला।


सर आप ट्यूशन पढ़ाने,

हमारे घर आते थे,

दोनों माताओं से मिलते थे,

मेरी दोनों  माताओं का स्नेह प्राप्त करते थे।


एक मां ने मुझे जन्म दिया,

दूसरी मां ने लालन-पालन किया,

दोनों माताओं की कृपा सदा,

मुझ पर बनी रही।


सिर्फ मुझ पर ही नहीं,

बल्कि सभी भाई - बहनों पर,

दोनों माताओं की कृपा,

सदा समान बनी रही।


समय के साथ दिन बीतते गए,

हम बच्चे बड़े होते गए,

दोनों माताओं की उम्र बढ़ती गई,

मां - मां बनती गई ।


दोनों माताओं के आंचल में,

हम बच्चे बसते  गए,

जरा सी नजरों से दूर होते,

माताएं ढूंढने निकल पड़तीं।


घर पर नहीं मिलने पर,

बाहर  मंदिर की ओर चल पड़ती,

मंदिर के बगीचा में हम बच्चों को देख,

नजदीक आकर कलेजे से लगा लेती।


कहती, बेटे! तुम कहां चले जाते हो,

कितना घबरा जाती हूं,

इस तरह मां को तंग नहीं करते,

तुम बच्चों में दोनों माताएं बसती हैं।


हम बच्चों को जरा सा बुखार लगने पर,

दोनों माताएं तुरंत सब काम छोड़ कर,

डॉक्टर के पास ले जाती,

स्वस्थ होने तक बिल्कुल पास रहतीं। 


माताएं  तनिक भी चीजों की,

कोई कमी नहीं होने देती,

खुद एक सब्जी कम खाती,

बच्चों की थाली में सब्जी कम ना होने देती।


हम बच्चों के पग - पग पर साथ रहती,

इस बात पर ज्यादा ध्यान देती,

बच्चे हर रोग दुख से दूर रहें,

सदा निरोग और स्वस्थ रहें।


हम बच्चों को बुरी नजरों से बचाती,

सबके सामने नहीं लाती,

हम बच्चे दीर्घायु बने,

जितिया का उपवास सहती।


हम बच्चों की मंगल कामना के लिए,

ना जाने कितने पर्व त्यौहार करती,

और ना जाने कितने देवी - देवता,

मजार में दीप जलाती।


यह सब करते करते,

दोनों माताओं की उम्र बढ़ती गई,

माताएं  बूढ़ी होती गईं,

लेकिन उन दोनों के आशीष कम नहीं होते।


एक दिन, एक - एक करके,

दोनों माताएं  हम बच्चों से विदा होती गईं,

आज दोनों माताएं  हम बच्चों के संग नहीं है,

लेकिन हर बच्चों के दिल में बसती हैं।


अभी भी सपने में हम बच्चों के पास आती है,

समझाती  और बुझाती हैं,

तुम लोग ऐसे रहो,

वैसे रहो ।


तुम लोगों ने अब तक,

फलना पूजा नहीं किए हो,

जल्दी  पूजा करो,

रूष्ट देवता को मनाओ।


हम सबों से दूर रहकर भी,

हमेशा हे पास रहती,

माताओं के मरने के बाद भी,

उन दोनों की छत्रछाया बनी रहती।


जब भी उदास होता हूं,

एकाएक दोनों माताओं के चेहरे,

मन - मस्तिष्क में आ जाते हैं,

उदासी क्षण में दूर हो जाती है।


माताएं रोज घर आतीं हैं,

हम बच्चों को हंसता खेलता देख,

स्वर्ग लोक का सब सुख भूल जाती,

बच्चों में ही माताएं सब सुख पती हैं।


बच्चों के घबराने पर माताएं कहती हैं,

बेटे !   तुम क्यों घबराते हो,

तुम बच्चों पर हम माताओं की कृपा है,

तुम सबों का बाल बांका भी कभी ना होगा।


 हम माताएं  तुम्हारे साथ हैं,

 तुम सबों का  भला ही होगा ,

 तुम लोगों ने किसी का बुरा नहीं किया है,

 तुम्हारा भी बुरा नहीं होगा।

 

माताएं आज भी जब ईश्वर से दुआ करती हैं,

बच्चे ही उनकी दुआओं में होती हैं,

माताएं जब जीवित थीं,

आज भी उनकी दुआओं में बच्चे ही होते हैं।


माताओं की  मंगल कामना बच्चों से शुरू होती हैं,

बच्चों में ही पूरी होती हैं,

आज जब माताएं नहीं है,

उनकी मंगल कामना मिलती रहती हैं।


मां - मां होती हैं,

मां का स्थान कोई रिश्ता ले नहीं सकता,

मां के आशीष के बिना,

कोई भी बेटा कामयाब नहीं हो सकता।


मां करुणा के सागर होती हैं,

मां दया के सागर होती है,

मां ममता की सागर होती है,

मां बस मां होती है।


आज दोनों माताएं साथ नहीं  है,

फिर भी माताएं दिल में बसती हैं,

हर मुसीबत की घड़ी में,

पीछे दोनों माताएं खड़ी होती है।


विजय केसरी ,

(कथाकार / स्तंभकार) ,

पंच मंदिर चौक, हजारीबाग - 825 301,

 मोबाइल नंबर - 92347 99550,

सलाह नहीं साथ चाहिए

 *प्रेरक कहानी*

       एक बार एक पक्षी समुंदर में से चोंच से पानी बाहर निकाल रहा था। दूसरे ने पूछा भाई ये क्या कर रहा है। पहला बोला समुंदर ने मेरे बच्चे डूबा दिए है अब तो इसे सूखा कर ही रहूँगा। यह सुन दूसरा बोला भाई तेरे से क्या समुंदर सूखेगा। तू छोटा सा और समुंदर इतना विशाल। तेरा पूरा जीवन लग जायेगा। पहला बोला *देना है तो साथ दे*। सिर्फ़ *सलाह नहीं चाहिए*। यह सुन दूसरा पक्षी भी साथ लग लिया। ऐसे हज़ारों पक्षी आते गए और दूसरे को कहते गए *सलाह नहीं साथ चाहिए*। यह देख भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ जी भी इस काम के लिए जाने लगे। भगवान बोले तू कहा जा रहा है तू गया तो मेरा काम रुक जाएगा। तुम पक्षियों से समुंदर सूखना भी नहीं है। गरुड़ बोला *भगवन सलाह नहीं साथ चाहिए*। फिर क्या ऐसा सुन भगवान विष्णु जी भी समुंदर सुखाने आ गये। भगवान जी के आते ही समुंदर डर गया और उस पक्षी के बच्चे लौटा दिए। 


आज इस संकट के समय में भी देश को हमारी सलाह नहीं साथ चाहिए। आज सरकार को कोसने वाले नहीं समाज के साथ खड़े हो कर सेवा करने वाले लोगों की आवश्यकता है ।इसलिए सलाह नहीं साथ दें। 


*जो साथ दे दे सारा भारत, तो फिर से मुस्कुरायेगा भारत*।

शनिवार, 8 मई 2021

कोरोना : पांच ग़ज़ले / डॉ. वेद मित्र शुक्ल

 कोरोना: पाँच ग़ज़लें / डॉ. वेद मित्र शुक्ल  

 

-    

1.

माना मुश्किल घड़ी आज,

फिर भी हिम्मत बड़ी आज।

 

घर में रहकर भजन करें,

छोड़ें हम हेकड़ी आज।

 

लक्ष्मणरेखा खिंची हुई,

करना मत गड़बड़ी आज।

 

खतरे की जंजीर अगर,

तोड़ें इक-इक कड़ी आज।

 

कट जायेगा कठिन समय,

काहे की हड़बड़ी आज।

 

“खट्टे हैं अंगूर” कहे-

कोरोना लोमड़ी आज।

 

2.

समय बख्शा है कुदरत ने आओ घर को बनाएं घर

अगर मुश्किल तो भी ठानें चाहे हो जो बनाएं घर।

 

सुनामी हो या कोरोना ये आखिर बीत जाते हैं,

बिगाड़े मत धीरज खोकर, आओ, आओ बनाएं घर।

 

महामारी या कोई जंग मनुष्य जीता, जीतेगा,

जहाँ भी हैं, चाहे बंकर या झोपड़ हो बनाएं घर।

 

प्यार, जज़्बातीपन, सपने औ एकजुटता इनसे हम-

चलो भीतर अंतर्मन में आओ यारो! बनाएं घर।

 

खिंची है लक्ष्मण रेखा आज फिर से, गलती मत करना,

शेष जो भी है अब चिंता छोड़ो हम तो बनाएं घर।

 

3.

कौन पढ़े अखबार आज जग झूठा लागे,

बेमतलब के राज-काज जग झूठा लागे।

 

इनकी-उनकी इधर-उधर की कौन सुने अब,

भीटर यों है बजा साज जग झूठा लागे।

 

देह दे रही धोखा, बेबस साँसें उखड़ी, 

किस पर यारा! करें नाज जग झूठा लागे। 

 

इतना भी क्यों दुनियादारी में खोए हम,

कोरोना बन गिरी गाज जग झूठा लागे।

 

मानुष भूला अपनी मिट्टी की खुशबू यों

लुटने को है आज लाज जग झूठा लागे।

 

4.

हक साँसों का नहीं छोड़ना जीतेंगे,

कोरोना से युद्ध है ठना जीतेंगे।

 

है दूरी, पर मन से मन तो मिले हुए,

यारा! हिम्मत नहीं हारना जीतेंगे।

 

खबरें अच्छी नहीं अभी, पर होने को,

भीतर यों विश्वास पालना जीतेंगे।

 

अंधेरा आँखों के आगे छाये जब,

आशाओं के दिये बालना जीतेंगे।

 

‘दो गज दूरी–मॉक्स् जरूरी’ जीने को,

देखो, भइया! नहीं भूलना जीतेंगे।

 

5.

कोरोना पर देखो भारी है सोशल डिस्टेंसिंग आज,

हारेगी अब यह बीमारी है सोशल डिस्टेंसिंग आज।

 

अपना भारत, प्यारा भारत, इसकी रक्षा हमको करनी,

कर रख्खी पूरी तैयारी है सोशल डिस्टेंसिंग आज।

 

गाँव-नगर या महानगर हो, सबने ठाना टक्कर देंगे,

पछताएगी अब बेचारी है सोशल डिस्टेंसिंग आज।

 

सारे जग में कहर ढा रही, जन-जन ने इसको पहचाना,

सच पूछो असली हुशियारी है सोशल डिस्टेंसिंग आज।

 

पुलिस, चिकित्सक, पत्रकार सम कोरोनावीरों को आओ,

मिलजुलके हम हों आभारी है सोशल डिस्टेंसिंग आज।


डॉ. वेद मित्र शुक्ल

 राजधानी महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय

राजा गार्डन, नई दिल्ली-110015

मोबा: 9953458727, 9599798727

 

शुक्रवार, 7 मई 2021

माँ की यादें / मिथिलेश्वर

लेखन की प्रेरणा और किस्सागोई की जमीन / मिथिलेश्वर


मां की पुण्य तिथि 8 मई पर विशेष।

------------------------------------------------------------------        

-----------------------------------------------------------------

मेरे साहित्य पर शोध करनेवाले छात्र तथा विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं के लिए मेरा साक्षात्कार लेने वाले रचनाकार-पत्रकार मित्र अक्सर यह प्रश्न अवश्य पूछते हैं कि लेखन की प्रेरणा मुझे कैसे और कहां से प्राप्त हुई तथा किन स्थितियों में मैंने  किस्सागोई ग्रहण की? ऐसे सवालों का जवाब देते हुए अपनी मां कमलावती देवी की याद मुझे बरबस आ जाती है।

            वह साठ का दशक था।तब अपनी मां के साथ हम छोटे भाई-बहन अपने गाँव बैसाडीह में रहते थे।उस समय हम भाई बहन एकदम छोटे थे।हममे कोई सयाना नहीं था।पिताजी आरा में प्रोफेसर थे।वह रविवार या अवकाश के दिनों में ही गाँव आते थे।उस समय कालेज शिक्षकों की आय एकदम सीमित थी,इस स्थिति में जीविका के लिए अपनी पुश्तैनी खेती पर ही हम निर्भर थे।चूंकि पिताजी अकेले थे, ऐसे में गांव पर हम छोटे भाई बहनों की परवरिश के साथ मां  खेती की देखभाल भी करती थी।

           उस समय मां मेरे गांव की पहली पढी-लिखी महिला थीं।रामचरितमानस तो वे इतनी बार पढ़ चुकी थीं कि अधिकांश चौपाईयां उन्हें कंठस्थ थीं।उन दिनों हम मां के साथ  अपने घर के प्रवेशद्वार वाले कमरे में ही अधिक रहते थे।उस कमरे से गांव की गली में आने-जाने वालों कीआहट हमें मिलती रहती थी तथा अपने घर के आंगन को भी हम देखते रहते थे।मां मेरे गांव की बहू थीं, इसलिए गांव के बड़े-बुजुर्गों के समक्ष उन्हें परदे में रहना होता था।प्रवेशद्वार के उस कमरे में पल्ले की ओट में बैठी मां जब रामचरितमानस का सस्वर पाठ करती थीं, तब मेरे पड़ोस के अनेक बड़े-बुजुर्ग मेरे दरवाज़े पर बनी सीमेंटेड कुर्सियों पर बैठ कर उसे सुनते थे।ऐसे में मेरी माँ की तारीफ करते वे नहीं थकते - "बहू हो त़ो ऐसी।"

        उस समय बचपन में अपनी मां की सबसे बड़ी विशेषता मुझे लोककथाओं की उनकी जानकारी को लेकर जान पड़ती।इस बात से मैं अपार खुशी का अनुभव करता कि मेरी माँ लोककथाओं की भंडार हैं।लोककथाओं का अकूत खजाना उनके पास है।ऐसी-ऐसी हैरतअंगेज, मर्मस्पर्शी और रोचक लोककथाएं कि उस दुनिया में हम डूब-डूब जाते ।जब वे सुनाने लगतीं तो अपना सुधबुध खो तन्मय हो हम उसमें लीन हो जाते थे।संभवतः मां अपने मायके से ही लोककथाओं की वह दुनिया लेकर आई थीं।

        उस बचपन में हम सभी भाई-बहन मां के साथ एक ही कमरे में सोते थे।फिर विस्तरे पर गिरते ही मां से लोककथाओं की हमारी फरमाइश शुरू हो जाती।बस,मां अपनी सरस और रोचक शैली में सुनाना शुरू कर देतीं।उनके सुनाने का लहजा ऐसा होता कि हमारी आंखों के समझ उन कथाओं के दृश्य, घटनाएं और पात्र एकदम सजीव नजर आते रहते।फिर उन कथाओं की दुनिया में रमते-विचरते हुए हमारी आंख कब लग जाती, हमें पता तक नहीं चलता।शायद पिताजी की अनुपस्थिति में गांव पर असुरक्षा और अकेलेपन का एहसास हमारे बाल मन पर न पड़े, इस उद्देश्य से भी अपनी लोककथाओं में मां हमें बांधे रहतीं।उस समय मेरे ऊपर तो मां की लोककथाओं का ऐसा आकर्षण कायम रहता कि दिन में भी वे जैसे ही मुझे फुर्सत में जान पड़तीं,मैं उनके पास जा बैठता और लोककथाएं सुनने लगता।

         स्कूल में पढ़ते हुए जब मैं बड़ा होने लगा और अपने ग्रामीण जीवन की ज्यादतियों,विसंगतियों और अजीबोगरीब स्थितियों पर अभिव्यक्ति का दबाव महसूस करने लगा तब सहसा मेरे अन्दर से कहानियां फूटने लगीं।कहने की आवश्यकता नहीं कि मां की लोककथाओं ने ही मेरे अन्दर कथाकार के बीज बो दिए थे तथा मेरे संवेदनशील मन में किस्सागोई की जमीन कायम कर दी थी।भारतीय ज्ञानपीठ से प्रकाशित अपनी आत्मकथा "पानी बीच मीन पियासी" में इस पर विस्तार से लिख चुका हूँ।यहाँ प्रसंगवश मां का उल्लेख करना पड़ा।इस दौरान मां की स्मृतियाँ मेरे मन में ताजा हो उठी हैं।उनकी स्मृतियों को सादर नमन।

बुधवार, 5 मई 2021

आज का पंचतंत्र

 आज का पंचतंत्र


1.


आप ने जोग पहले सीखा या भाषण करना?

भाषण ही मेरा जोग है।

इस कला में इतने पारंगत कैसे हुए?

राजनीति में आने के बाद।

भाषण ही करते हैं या कुछ काम भी? 

मैं करने वाला कौन होता हूँ। कर्ता कोई और है। मैं तो निमित्त मात्र हूँ। वह जो चाहता है, मैं वही करने लगता हूं।

इससे पहले क्या करते थे?

मंदिर में घंटा बजाता था।

अगर जनता ने फिर मौका न दिया तो?

तो फिर घंटा बजाऊंगा।


2.


आप तो जोगी हैं। त्रिकालदर्शी। कुछ बताइये न। आगे क्या होने वाला है?

अरे, तुम्हारी समझ में अभी भी नहीं आया?

क्या बाबा?

हम सब त्रेता की ओर जा रहे हैं। 

वहां पहुँचकर क्या करेंगे?

देखा जायेगा। वैसे वहां से पाषाणयुग ज्यादा दूर नहीं।


3.


बाबा! संन्यास क्या है?

जिंदगी का वह मोड़, जहां से किसी भी दिशा में चल पड़ना आसान हो जाता है।

आप ऐसा कैसे कह सकते हैं?

देखो मैं कहां से कहां आ पहुँचा हूँ। 

कहां पहुँचे?

कल तक जो मेरे पुरखों की चरण धूलि लेते नहीं अघाते थे, आज मुझे उनके आगे सिर नवाना पड़ रहा है।

यह कोई मजबूरी तो है नहीं। आप चाहें तो इनकार कर दें।

नहीं बच्चा! एक संन्यासी ही समझ सकता है कि जितना उठना चाहते हो, उससे ज्यादा गिरने को तैयार रहो।


4.


बाबा! लोग मर रहे हैं। सरकार क्या कर रही? 

अब जिनको मरना है, वे तो मरेंगे ही। इसमें सरकार क्या कर सकती है?

बेड, दवाएं और सिलिंडर तो दे सकती है?

वह काम हमारे स्वयंसेवकों ने अपने हाथ में ले रखा है। मुझे खुशी है कि उन्हें बहती गंगा में हाथ धोना बखूबी आता है।  


5.


आप की दाढ़ी कमाल की है!

हां, बहुत समय दिया है इस पर।

यह आइडिया कैसे आया कि दाढ़ी बढ़ायी जाये?

कोई खास बात नहीं। सोचा प्रवचन के साथ दाढ़ी का अच्छा कम्बिनेशन बनता है।

तो इससे बात बनी?

अभी तो सर मुड़ाया है। देखते हैं आगे कितने ओले पड़ते हैं।


सुभाष राय


5/5/2021

मंगलवार, 4 मई 2021

प्रभु के प्यारे हो गये प्रभु जोशी

 इंदौर से बेहद दुःखद खबर आ रही है कि चित्रकार, कहानीकार, पत्रकार … प्रभु जोशी जी नहीं रहे. इंदौर में प्रभु दा का अपार स्नेह मुझे मिलता रहा. वो अक्सर कहते थे. जब रंग खरीद कर लाओ तो उसमें से सफेद और काला रंग निकालकर खिड़की से बाहर फेंक दो …

जयदीप कार्णिक-

कोरोना जैसे बस चुन-चुन कर हमले कर रहा है। एक खबर का सदमा पूरा तो क्या शुरु भी नहीं हो पाता और दूसरी ख़बर आ जाती है। गोया मन को दुखाने की होड़ सी लगी हो। आँखों पर मानो पत्थर बरस रहे हों। आँख खोल कर देखने का मौका भी नहीं है कि ये हो क्या रहा है। अब तो केवल आंसू ही नहीं, श्रद्धांजलि के लिए शब्द भी सूख गए हैं…

अब ये कोरोना प्रभु दा को भी ले गया। शब्दों और रंगों का ऐसा चितेरा जिसने खुद को इंदौर के कैनवास तक ना समेटा होता तो उनका आसमान कहीं बड़ा होता, इसके बाद भी उन्होंने अपनी कला का इंद्रधनुष पूरी दुनिया तक पहुँचाया, देश दुनिया में अपनी प्रतिभा के रंग बिखेरे। उस इंद्रधनुष का एक सिरा हमेशा इंदौर की धरती पर ही टिका रहा।
अभी और शब्द नहीं हैं प्रभु दा, आपके साथ सुनहरी यादों के बायस्कोप से चुनने और बताने के लिए। आप ही ने सबसे पहले आकाशवाणी पर बोलने का मौका दिया। बहुत लंबी है यादों की फेहरिस्त। अभी संभव नहीं। पर ये भरोसा जरूर है कि आप जहां भी रहेंगे शब्द और रंग का मेला लगता रहेगा। और हां, मुझ पर विशेष स्नेह और आशीर्वाद भी जहां हैं वहीं से बनाए रखेंगे।

आपको शत शत नमन, विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति।

कृष्ण कल्पित-

अद्भुत कथाकार/गद्यकार
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जलरंग चित्रकार
बड़े ब्रॉडकास्टर
हिन्दी भाषा के सच्चे हितैषी
आकाशवाणी में मेरे सहकर्मी और बड़े भाई Prabhu Joshi आज सुबह नहीं रहे । ओह । हृदयविदारक ।

‘न हाथ थाम सके, न पकड़ सके दामन
बड़े क़रीब से उठकर चला गया कोई !’

अजय तिवारी-

प्रभु जोशी भी…. अब सहनशक्ति जवाब दे रही है। शानदार मनुष्य, ज़िंदादिल दोस्त, श्रेष्ठ कथाकार, विवेकवान विचारक और साहसी चित्रकार प्रभु जोशी अभी दोपहर को चले गये। सुबह उन्होंने दोस्तों से कहा कि लगता है, अस्पताल से लौटूँगा नहीं…

इंदौर के अख़बार ‘नई दुनिया’ ने तत्काल उनपर लिखा है:
“इंदौर, Prabhu Joshi। इंदौर के प्रसिद्ध साहित्यकार, चित्रकार और पत्रकार प्रभु जोशी का मंगलवार दोपहर निधन हो गया। उनका पाजिटिव होने के बाद उनका इलाज चल रहा था। वे करीब तीन दशक तक नईदुनिया से भी जुड़े रहे। उनके निधन की खबर सुन साहित्य जगत में शोक की लहर छा गई है। प्रभु जोशी के व्यक्तित्व में एक चित्रकार, कहानीकार, संपादक, आकाशवाणी अधिकारी और टेलीफिल्म निर्माता समाहित था। इनके चित्र लिंसिस्टोन तथा हरबर्ट में आस्ट्रेलिया के त्रिनाले में प्रदर्शित हुए थे। प्रभु जोशी को गैलरी फॉर केलिफोर्निया (यूएसए) का जलरंग हेतु थामस मोरान अवार्ड मिला। ट्वेंटी फर्स्ट सैचुरी गैलरी, न्यूयार्क के टॉप सेवैंटी में वे शामिल रहे। भारत भवन का चित्रकला तथा मध्य प्रदेश साहित्य परिषद का कथा-कहानी के लिए अखिल भारतीय सम्मान भी उन्हें प्राप्त हुआ। साहित्य के लिए मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा गजानन माधव मुक्तिबोध फेलोशिप दिया गया था।”

कूट नीति

 *कूटने से बढ़ती है -इम्युनिटी पॉवर*                 *दादा जी से पूछा*     *कि पहले लोग बहुत कम*           *बीमार  होते थे ?*            *तो...