गुरुवार, 15 दिसंबर 2022

रामधारी सिंह दिनकर की बाल कविताएं

 

. सूरज का ब्याह

उड़ी एक अफवाह, सूर्य की शादी होने वाली है,
वर के विमल मौर में मोती उषा पिराने वाली है।

मोर करेंगे नाच, गीत कोयल सुहाग के गाएगी,
लता विटप मंडप-वितान से वंदन वार सजाएगी!

जीव-जन्तु भर गए खुशी से, वन की पाँत-पाँत डोली,
इतने में जल के भीतर से एक वृद्ध मछली बोली-

‘‘सावधान जलचरो, खुशी में सबके साथ नहीं फूलो,
ब्याह सूर्य का ठीक, मगर, तुम इतनी बात नहीं भूलो।

एक सूर्य के ही मारे हम विपद कौन कम सहते हैं,
गर्मी भर सारे जलवासी छटपट करते रहते हैं।

अगर सूर्य ने ब्याह किय, दस-पाँच पुत्र जन्माएगा,
सोचो, तब उतने सूर्यों का ताप कौन सह पाएगा?

अच्छा है, सूरज क्वाँरा है, वंश विहीन, अकेला है,
इस प्रचंड का ब्याह जगत की खातिर बड़ा झमेला है।’’

2. मिर्च का मज़ा

एक काबुली वाले की कहते हैं लोग कहानी,
लाल मिर्च को देख गया भर उसके मुँह में पानी।

सोचा, क्या अच्छे दाने हैं, खाने से बल होगा,
यह जरूर इस मौसम का कोई मीठा फल होगा।

एक चवन्नी फेंक और झोली अपनी फैलाकर,
कुंजड़िन से बोला बेचारा ज्यों-त्यों कुछ समझाकर!

‘‘लाल-लाल पतली छीमी हो चीज अगर खाने की,
तो हमको दो तोल छीमियाँ फकत चार आने की।’’

‘‘हाँ, यह तो सब खाते हैं’’-कुँजड़िन बेचारी बोली,
और सेर भर लाल मिर्च से भर दी उसकी झोली!

मगन हुआ काबुली, फली का सौदा सस्ता पाके,
लगा चबाने मिर्च बैठकर नदी-किनारे जाके!

मगर, मिर्च ने तुरत जीभ पर अपना जोर दिखाया,
मुँह सारा जल उठा और आँखों में पानी आया।

पर, काबुल का मर्द लाल छीमी से क्यों मुँह मोड़े?
खर्च हुआ जिस पर उसको क्यों बिना सधाए छोड़े?

आँख पोंछते, दाँत पीसते, रोते औ रिसियाते,
वह खाता ही रहा मिर्च की छीमी को सिसियाते!

इतने में आ गया उधर से कोई एक सिपाही,
बोला, ‘‘बेवकूफ! क्या खाकर यों कर रहा तबाही?’’

कहा काबुली ने-‘‘मैं हूँ आदमी न ऐसा-वैसा!
जा तू अपनी राह सिपाही, मैं खाता हूँ पैसा।’’

3. चांद का कुर्ता

हठ कर बैठा चाँद एक दिन, माता से यह बोला,
‘‘सिलवा दो माँ मुझे ऊन का मोटा एक झिंगोला।

सनसन चलती हवा रात भर, जाड़े से मरता हूँ,
ठिठुर-ठिठुरकर किसी तरह यात्रा पूरी करता हूँ।

आसमान का सफर और यह मौसम है जाड़े का,
न हो अगर तो ला दो कुर्ता ही कोई भाड़े का।’’

बच्चे की सुन बात कहा माता ने, ‘‘अरे सलोने!
कुशल करें भगवान, लगें मत तुझको जादू-टोने।

जाड़े की तो बात ठीक है, पर मैं तो डरती हूँ,
एक नाप में कभी नहीं तुझको देखा करती हूँ।

कभी एक अंगुल भर चौड़ा, कभी एक फुट मोटा,
बड़ा किसी दिन हो जाता है, और किसी दिन छोटा।

घटता-बढ़ता रोज किसी दिन ऐसा भी करता है,
नहीं किसी की भी आँखों को दिखलाई पड़ता है।

अब तू ही ये बता, नाप तेरा किस रोज़ लिवाएँ,
सी दें एक झिंगोला जो हर रोज बदन में आए?’’

4. चूहे की दिल्ली-यात्रा

चूहे ने यह कहा कि चूहिया! छाता और घड़ी दो,
लाया था जो बड़े सेठ के घर से, वह पगड़ी दो।
मटर-मूँग जो कुछ घर में है, वही सभी मिल खाना,
खबरदार, तुम लोग कभी बिल से बाहर मत आना!
बिल्ली एक बड़ी पाजी है रहती घात लगाए,
जाने वह कब किसे दबोचे, किसको चट कर जाए।
सो जाना सब लोग लगाकर दरवाजे में किल्ली,
आज़ादी का जश्न देखने मैं जाता हूँ दिल्ली।
चूँ-चूँ-चूँ, चूँ-चूँ-चूँ, चूँ-चूँ-चूँ,

दिल्ली में देखूँगा आज़ादी का नया जमाना,
लाल किले पर खूब तिरंगे झंडे का लहराना।
अब न रहे, अंग्रेज, देश पर अपना ही काबू है,
पहले जहाँ लाट साहब थे वहाँ आज बाबू है!
घूमूँगा दिन-रात, करूँगा बातें नहीं किसी से,
हाँ फुर्सत जो मिली, मिलूँगा जरा जवाहर जी से।
गाँधी युग में कैन उड़ाए, अब चूहों की खिल्ली?
आज़ादी का जश्न देखने मैं जाता हूँ दिल्ली।
चूँ-चूँ-चूँ, चूँ-चूँ-चूँ, चूँ-चूँ-चूँ,

पहन-ओढ़कर चूहा निकला चुहिया को समझाकर,
इधर-उधर आँखें दौड़ाईं बिल से बाहर आकर।
कोई कहीं नहीं था, चारों ओर दिशा थी सूनी,
शुभ साइत को देख हुई चूहे की हिम्तत दूनी।
चला अकड़कर, छड़ी लिये, छाते को सिर पर ताने,
मस्ती मन की बढ़ी, लगा चूँ-चूँ करके कुछ गाने!
इतने में लो पड़ी दिखाई कहीं दूर पर बिल्ली,
चूहेराम भगे पीछे को, दूर रह गई दिल्ली।
चूँ-चूँ-चूँ, चूँ-चूँ-चूँ, चूँ-चूँ-चूँ,

5. पढ़क्‍कू की सूझ

एक पढ़क्‍कू बड़े तेज थे, तर्कशास्‍त्र पढ़ते थे,
जहाँ न कोई बात, वहाँ भी नए बात गढ़ते थे।

एक रोज़ वे पड़े फिक्र में समझ नहीं कुछ न पाए,
"बैल घुमता है कोल्‍हू में कैसे बिना चलाए?"

कई दिनों तक रहे सोचते, मालिक बड़ा गज़ब है?
सिखा बैल को रक्‍खा इसने, निश्‍चय कोई ढब है।

आखिर, एक रोज़ मालिक से पूछा उसने ऐसे,
"अजी, बिना देखे, लेते तुम जान भेद यह कैसे?

कोल्‍हू का यह बैल तुम्‍हारा चलता या अड़ता है?
रहता है घूमता, खड़ा हो या पागुर करता है?"

मालिक ने यह कहा, "अजी, इसमें क्‍या बात बड़ी है?
नहीं देखते क्‍या, गर्दन में घंटी एक पड़ी है?

जब तक यह बजती रहती है, मैं न फिक्र करता हूँ,
हाँ, जब बजती नहीं, दौड़कर तनिक पूँछ धरता हूँ"

कहाँ पढ़क्‍कू ने सुनकर, "तुम रहे सदा के कोरे!
बेवकूफ! मंतिख की बातें समझ सकोगे थोड़े!

अगर किसी दिन बैल तुम्‍हारा सोच-समझ अड़ जाए,
चले नहीं, बस, खड़ा-खड़ा गर्दन को खूब हिलाए।

घंटी टून-टून खूब बजेगी, तुम न पास आओगे,
मगर बूँद भर तेल साँझ तक भी क्‍या तुम पाओगे?

मालिक थोड़ा हँसा और बोला पढ़क्‍कू जाओ,
सीखा है यह ज्ञान जहाँ पर, वहीं इसे फैलाओ।

यहाँ सभी कुछ ठीक-ठीक है, यह केवल माया है,
बैल हमारा नहीं अभी तक मंतिख पढ़ पाया है।

6. बर्र और बालक

सो रहा था बर्र एक कहीं एक फूल पर,
चुपचाप आके एक बालक ने छू दिया

बर्र का स्वभाव,हाथ लगते है उसने तो,
ऊँगली में डंक मार कर बहा लहू दिया

छोटे जीव में भी यहाँ विष की नही कमी है,
टीस से विकल शिशु चीख मार,रो उठा

रोटी को तवे में छोड़ बाहर की और दौड़ी,
रोना सुन माता का ह्रदय अधीर हो उठा

ऊँगली को आँचल से पोछ-तांछ माता बोली,
मेरे प्यारे लाल!यह औचक ही क्या हुआ?

शिशु बोला,काट लिया मुझे एक बर्र ने है,
माता !बस,प्यार से ही मैंने था उसे छूआ

माता बोली,लाल मेरे,खलों का स्वभाव यही,
काटते हैं कोमल को,डरते कठोर से

काटा बर्र ने कि तूने प्यार से छुआ था उसे,
काटता नही जो दबा देता जरा जोर से

7. किसको नमन करूँ मैं भारत?

तुझको या तेरे नदीश, गिरि, वन को नमन करूँ, मैं ?
मेरे प्यारे देश ! देह या मन को नमन करूँ मैं ?
किसको नमन करूँ मैं भारत ? किसको नमन करूँ मैं ?

भू के मानचित्र पर अंकित त्रिभुज, यही क्या तू है ?
नर के नभश्चरण की दृढ़ कल्पना नहीं क्या तू है ?
भेदों का ज्ञाता, निगूढ़ताओं का चिर ज्ञानी है
मेरे प्यारे देश ! नहीं तू पत्थर है, पानी है
जड़ताओं में छिपे किसी चेतन को नमन करूँ मैं ?

तू वह, नर ने जिसे बहुत ऊँचा चढ़कर पाया था;
तू वह, जो संदेश भूमि को अम्बर से आया था।
तू वह, जिसका ध्यान आज भी मन सुरभित करता है;
थकी हुई आत्मा में उड़ने की उमंग भरता है ।
गन्ध -निकेतन इस अदृश्य उपवन को नमन करूँ मैं?
किसको नमन करूँ मैं भारत ! किसको नमन करूँ मैं?

वहाँ नहीं तू जहाँ जनों से ही मनुजों को भय है;
सब को सब से त्रास सदा सब पर सब का संशय है ।
जहाँ स्नेह के सहज स्रोत से हटे हुए जनगण हैं,
झंडों या नारों के नीचे बँटे हुए जनगण हैं ।
कैसे इस कुत्सित, विभक्त जीवन को नमन करूँ मैं ?
किसको नमन करूँ मैं भारत ! किसको नमन करूँ मैं ?

तू तो है वह लोक जहाँ उन्मुक्त मनुज का मन है;
समरसता को लिये प्रवाहित शीत-स्निग्ध जीवन है।
जहाँ पहुँच मानते नहीं नर-नारी दिग्बन्धन को;
आत्म-रूप देखते प्रेम में भरकर निखिल भुवन को।
कहीं खोज इस रुचिर स्वप्न पावन को नमन करूँ मैं ?
किसको नमन करूँ मैं भारत ! किसको नमन करूँ मैं ?

भारत नहीं स्थान का वाचक, गुण विशेष नर का है
एक देश का नहीं, शील यह भूमंडल भर का है
जहाँ कहीं एकता अखंडित, जहाँ प्रेम का स्वर है
देश-देश में वहाँ खड़ा भारत जीवित भास्कर है
निखिल विश्व को जन्मभूमि-वंदन को नमन करूँ मैं !

खंडित है यह मही शैल से, सरिता से सागर से
पर, जब भी दो हाथ निकल मिलते आ द्वीपांतर से
तब खाई को पाट शून्य में महामोद मचता है
दो द्वीपों के बीच सेतु यह भारत ही रचता है
मंगलमय यह महासेतु-बंधन को नमन करूँ मैं !

दो हृदय के तार जहाँ भी जो जन जोड़ रहे हैं
मित्र-भाव की ओर विश्व की गति को मोड़ रहे हैं
घोल रहे हैं जो जीवन-सरिता में प्रेम-रसायन
खोर रहे हैं देश-देश के बीच मुँदे वातायन
आत्मबंधु कहकर ऐसे जन-जन को नमन करूँ मैं !

उठे जहाँ भी घोष शांति का, भारत, स्वर तेरा है
धर्म-दीप हो जिसके भी कर में वह नर तेरा है
तेरा है वह वीर, सत्य पर जो अड़ने आता है
किसी न्याय के लिए प्राण अर्पित करने जाता है
मानवता के इस ललाट-वंदन को नमन करूँ मैं !

रामधारी सिंह ‘दिनकर’ का बाल-काव्य
(डा. महेंद्र भटनागर)

‘दिनकर’ जी हिन्दी के उच्च-कोटि के यशस्वी कवि हैं। विषय-वैविध्य उनके काव्य की एक विशेषता है। इसके अतिरिक्त उनके काव्य का स्वरूप भी विविधता लिए हुए है। एक ओर तो उनकी रचनाएँ भाव-धारा की दृष्टि से इतनी गहन हैं तथा साहित्यिक सौन्दर्य से वे इतनी समृद्ध हैं कि उनका आस्वाद्य केवल कुछ विशिष्ट प्रकार के पाठक ही कर सकते; तो दूसरी ओर उनका काव्य इतना सरल-सरस है कि समान्य जनता के हृदय में सुगमता से उतरता चला जाता है। उनके ऐसे ही साहित्य ने देश के नौजवानों में क्रांति की भावना का प्रसार किया था। ऐसी रचनाओं में वे एक जनकवि के रूप में हमारे सम्मुख आते हैं। पर, ‘दिनकर’ जी का काव्य-व्यक्तित्व यहीं तक सीमित नहीं है। उन्होंने किशोर-काव्य और बाल-काव्य भी लिखा है। यह अवश्य है कि परिमाण में ऐसा काव्य अधिक नहीं है तथा इस क्षेत्र में उन्हें अपेक्षाकृत सफलता भी कम मिली है।
बाल-काव्य लिखना कोई बाल-प्रयास नहीं तथा वह इतना आसान भी नहीं। बाल-काव्य के निर्माता का कवि-कर्म पर्याप्त सतर्कता और कौशल की अपेक्षा रखता है। कोई भी प्रगतिशील और स्वस्थ राष्ट्र अपने बच्चों की उपेक्षा नहीं कर सकता। जिस भाषा के साहित्य में बाल-साहित्य का अभाव हो अथवा वह हीन कोटि का हो; तो उस राष्ट्र एवं उस भाषा के साहित्यकारों को जागरूक नहीं माना जा सकता। बच्चे ही बड़े होकर देश की बागडोर सँभालते हैं। वे ही देश के भावी विकास के प्रतीक हैं। उनके हृदय और मस्तिष्क का संस्कार यथासमय होना ही चाहिए।
यह कार्य साहित्य के माध्यम से सर्वाधिक प्रभावी ढंग से होता है। इसके अतिरिक्त साहित्य से बच्चों का स्वस्थ मनोरंजन भी होता है। वह उनकी मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं की भी पूर्ति करता है। इससे उनके व्यक्तित्व का समुचित विकास होता है; जो अन्ततोगत्वा राष्ट्र अथवा मनुष्यता को सबल बनाने में सहायक सिद्ध होता है।
जो कवि सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सचेत हैं तथा जो अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हैं, प्रतिबद्ध हैं, वे बाल-साहित्य लिखने के लिए भी अवकाश निकाल लेते हैं। विश्व-कवि रवीन्द्रनाथ ठाकुर जैसे अतल-स्पर्शी रहस्यवादी महाकवि ने कितना बाल-साहित्य लिखा है; यह सर्वविदित है। अतः ‘दिनकर’ जी की लेखनी ने यदि बाल-साहित्य लिखा है तो वह उनके महत्त्व को बढ़ाता ही है।
बाल-काव्य विषयक उनकी दो पुस्तिकाएँ प्रकाशित हुई हैं —‘मिर्च का मजा’ और ‘सूरज का ब्याह’। ‘मिर्च का मजा’ में सात कविताएँ और ‘सूरज का ब्याह’ में नौ कविताएँ संकलित हैं। ’मिर्च का मजा’ में एक मूर्ख काबुलीवाले का वर्णन है, जो अपने जीवन में पहली बार मिर्च देखता है। मिर्च को वह कोई फल समझ जाता है —
सोचा, क्या अच्छे दाने हैं, खाने से बल होगा,
यह जरूर इस मौसिम का कोई मीठा फल होगा।
-और जब कुँजड़िन उससे कहती है कि ‘यह तो सब खाते हैं, तो वह चार आने की सेर भर लाल मिर्च ख़रीद लेता है और नदी के किनारे बैठ कर खाने लगता है। खाते ही —
मगर, मिर्च ने तुरंत जीभ पर अपना जोर दिखाया,
मुँह सारा जल उठा और आँखों में जल भर आया।
-यहाँ तक तो ठीक था। पर, चूँकि उस मूर्ख काबुलीवाले ने इन मिर्चों पर चार आने ख़र्च किये हैं; इसलिए वह उन्हें फेंकना ठीक नहीं समझता। उन्हें खाकर ख़त्म कर देना चाहता है। उसका स्पष्ट कथन है कि मैं मिर्च नहीं —’खाता हूँ पैसा’ !
इस प्रकार यह कविता हास्य का सृजन करती है। हास्य का आलम्बन एक मूर्ख व्यक्ति (काबुलीवाला) है। निस्संदेह लोगों की मूर्खता पर हम बराबर हँसते हैं। यह कविता संकलन की प्रथम व प्रमुख कविता है। इसी कविता के शीर्षक पर पुस्तक का नामकरण हुआ है।

मिर्च को देखकर काबुलीवाला कहता है-‘क्या अच्छे दाने हैं।’ यहाँ मिर्च का आकार भी दृष्टव्य है ! ‘खाने से बल होगा’ का अर्थ कि इन ‘दानों’ के खाने से शक्ति बढे़गी ! ‘मौसिम’ शब्द कवि के अरबी के ज्ञान का परिचायक है; जबकि ‘मज़ा’ और ‘ज़रूर’ कवि को रुचिकर नहीं! चवन्नी की एक सेर लाल मिर्च से ज़ाहिर होता है कि यह कविता उस समय की लिखी हुई है जब चीजें बहुत सस्ती रही होंगी। (कविताओं के अन्त में रचना-काल अंकित नहीं है; यद्यपि कुछ कविताओं की विषय-सामग्री से स्पष्ट होता है कि वे स्वातन्त्र्योत्तर काल की हैं।) ‘खर्च हुआ जिस पर उसको क्यों बिना सधाये छोड़ें ?' — में ‘सधाये’ स्थानिक प्रयोग है।

‘पढ़क्कू की सूझ’ की विषय-सामग्री चिर-परिचत है; मात्र उसे पद्यबद्ध किया गया है। इस कविता में ‘मंतिख’ शब्द का प्रयोग है; यद्यपि अन्त में टिप्पणी दे दी गयी है कि ‘मंतिख' तर्कशास्त्र को कहते हैं। ‘चूहे की दिल्ली यात्रा’ और ‘अंगद कुदान’ बाल-मनोविनोद के सर्वाधिक उपयुक्त हैं। ‘अंगद कुदान’ के भी कुछ शब्द-प्रयोग कम प्रचलित हैं; यथा-पंघत (पंगत), आधी नीबू (आधा नीबू), मुस्की (स्थानिक प्रयोग), पिहकारी (पक्षियों के लिए प्रयुक्त होने वाला शब्द; वानरों के लिए प्रयुक्त ) आदि।

‘मामा के लिए आम’ शीर्षक कविता ‘चूहे की दिल्ली यात्रा’ के समान बाल-विनोद की रचना है। इसमें गीदड़ (गीदड़ पांडे !) की चतुराई बतायी गयी है। गीदड़ झूठ बोलने में सफल हो जाता है। झूठ बोलने के कारण उसकी दुर्गति नहीं होती। अतः शैक्षिक प्रभाव बच्चों के अनुकूल नहीं। वे भी गीदड़ के समान चतुर बनना चाहेंगे; झूठ बोलेंगे। गीदड़ को तो झूठ बोलने में लाभ रहा; पर हो सकता है, बच्चों को इसका कुफल भोगना पड़े। ‘झब्बू का परलोक सुधार’ एक मूर्ख चेले का आख्यान है। बिना सोचे-समझे आँखें बंद करके अनुकरण करने वालों पर व्यंग्य। इस प्रकार ‘मिर्च का मजा’ की अधिकांश कविताओं के पात्र मूर्ख हैं तथा इन कविताओं से हास्य की सृष्टि होती है। बालकों का मनोरंजन इस पुस्तिका से सम्भव है। ’सूरज का ब्याह’ की अधिकांश कविताएँ ‘मिर्च का मजा’ की कविताओं के समान हैं। सूरज और उषा के विवाह का प्रंसग ‘सूरज का ब्याह’ में है। इसमें एक वृद्ध मछली का कथन पर्याप्त तर्क-संगत है —
अगर सूर्य ने ब्याह किया, दस-पाँच पुत्र जन्मायेगा
सोचो, तब उतने सूर्यों का ताप कौन सह पायेगा ?
अच्छा है, सूरज क्वाँरा है, वंशहीन, अकेला है,
इस प्रचंड का ब्याह जगत की खातिर बड़ा झमेला है।

‘मेमना और भेड़िया’ में सुरक्षित स्थान पर खड़े मेमने की चुहलबाज़ी बच्चों के लिए रोचक है। ‘चाँद का कुर्ता’ शीर्षक कविता चन्द्रमा की कलाओं को लक्ष्य करके लिखा गया है। प्रस्तुत कविता किंचित उपदेशप्रद है; जो एक तथ्य की बात बच्चों के सम्मुख रखती है। कुत्ता खरगोश को पकड़ नहीं पाता। इस पर कुत्ते का कथन ध्यान देने योग्य है — मैं तो दौड़ रहा था केवल दिन का भोजन पाने
लेकिन, खरहा भाग रहा था अपनी जान बचाने,
कहते हैं सब शास्त्र, कमाओ रोटी जान बचाकर।
पर, संकट में प्राण बचाओ सारी शक्ति लगाकर।

‘ज्योतिषी तारे गिनता था’ का पात्र एक मूर्ख व्यक्ति है। तारे गिनने वाला एक मूर्ख ज्योतिषी कुएँ में गिर पड़ता है। इसलिए ‘चलो मत आँखें मीचे ही, देख लो जब तब नीचे भी’। 'चील का बच्चा’ में चील के बच्चे के ऊधम का उल्लेख है। पर, यह कविता हास्य-विनोद की न होकर कुछ करुण हो गयी है। चील का बच्चा बीमार है। अनेक दवाइयाँ दी गयीं, पर वह ठीक नहीं हुआ। किसी देवता के आशीष की उसे कामना है ; पर कोई देवता उसे आशीष देनेवाला नहीं। क्यों कि —
माँ बोली, ‘ऊधमी! कहाँ पर जाऊँ मैं!
कौन देवता है जिसको गुहराऊँ मैं!
किस चबूतरे पर न चोंच तूने मारी!
चंगुल से तूने न ध्वजा किसकी फाड़ी!
किसकी थाली के प्रसाद का मान रखा?
तूने किसके पिंडे का सम्मान रखा?
किसी देव के पास नहीं मैं जाऊँगी,
जाऊँ तो केवल उलाहना पाऊँगी।
रूठे हैं देवता, न कोई चारा है
ले ईश्वर का नाम कि वही सहारा है।
इस कविता में भी ‘घोंसले’ के लिए ‘खोंते’ शब्द का प्रयोग किया है। इसी प्रकार ‘चतुर सूअर‘ एक आँचलिक शब्द पजाने का प्रयोग है। वह एकांत में जब-तब अपने दाँत पजा लेता है; क्यों कि —
.हँसकर कहा चतुर सूअर ने, ''दुश्मन जब आ जायेगा
दाँत पजाने की फुरसत तो मुझे नहीं दे पायेगा।
इसलिए, जब तक खाली हूँ दाँत पजा धर लेता हूँ,
पेट फाड़ने की दुश्मन का तैयारी कर लेता हूँ !''

‘बर्र और बालक’ का सार निम्नलिखित उपदेश है —
माता बोली, लाल मेरे, खलों का स्वभाव यही,
काटते हैं कोमल को, डरते कठोर से।
काटा बर्र ने कि तूने प्यार से छुआ था उसे,
काटता नहीं जो दबा देता जरा जोर से।

कविता की भूमिका में घटना का उल्लेख कर दिया है ; जो इस प्रकार है —
''अल्लाउद्दीन खिलजी ने जब चित्तौर पर कब्जा कर लिया, तब राणा अजय सिंह अपने भतीजे हम्मीर और बेटों को लेकर अरावली पहाड़ पर कैलवारा के किले में रहने लगे। राजा मुंज ने वहीं उनका अपमान किया था; जिसका बदला हम्मीर ने चुकाया। उस समय हम्मीर की उम्र सिर्फ ग्यारह साल की थी। आगे चलकर हम्मीर बहुत बड़ा योद्धा निकला और उसके हठ के बारे में यह कहावत चल पड़ी कि ‘तिरिया तेल हमीर हठ चढ़ै न दूजी बार।’ इस रचना में ‘दिनकर’ जी का ओजस्वी-तेजस्वी स्वरूप झलका है; क्यों कि इस कविता की विषय-सामग्री उनकी रुचि के अनुरूप थी। ’बालक हम्मीर’ कविता राष्ट्रीय गौरव से परिपूर्ण रचना है। इस कविता की निम्नलिखित पंक्तियाँ पाठक के मन में गूँजती रहती हैं —
धन है तन का मैल, पसीने का जैसे हो पानी,
एक आन को ही जीते हैं इज्जत के अभिमानी।



बुधवार, 14 दिसंबर 2022

कमाल का लिखा..

 पता नहीं किसने लिखा पर जिसने भी लिखा कमाल का

 लिखा..हैं. 



मुझे दहेज़ चाहिए

तुम लाना तीन चार ब्रीफ़केस

जिसमें भरे हो

तुम्हारे बचपन के खिलौने

बचपन के कपड़े

बचपने की यादें

मुझे तुम्हें जानना है

बहुत प्रारंभ से..


तुम लाना श्रृंगार के डिब्बे में बंद कर

अपनी स्वर्ण जैसी आभा

अपनी चांदी जैसी मुस्कुराहट

अपनी हीरे जैसी दृढ़ता..


तुम लाना अपने साथ

छोटे बड़े कई डिब्बे

जिसमें बंद हो

तुम्हारी नादानियाँ

तुम्हारी खामियां

तुम्हारा चुलबुलापन

तुम्हारा बेबाकपन

तुम्हारा अल्हड़पन..


तुम लाना एक बहुत बड़ा बक्सा

जिसमें भरी हो तुम्हारी खुशियां

साथ ही उसके समकक्ष वो पुराना बक्सा

जिसमें तुमने छुपा रखा है

अपना दुःख

अपने ख़्वाब

अपना डर

अपने सारे राज़

अब से सब के सब मेरे होगे..


मत भूलना लाना

वो सारे बंद लिफ़ाफे

जिसमें बंद है स्मृतियां

जिसे दिया है

तुम्हारे मां और बाबू जी ने

भाई-बहनों ने

सखा-सहेलियों ने

कुछ रिश्तेदारों ने..


न लाना टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन

लेकिन लाना तुम

किस्से

कहानियां

और कहावतें अपने शहर के..


कार,मोटरकार हम ख़ुद खरीदेंगे

तुम लाना अपने तितली वाले पंख

जिसे लगा

उड़ जाएंगे अपने सपनों के आसमान में..

😊😊



ऐसे और पोस्ट देखने के लिए और प्रभु चित्रगुप्त परिवार से जुड़ने के लिए क्लिक करें 👇👇


https://kutumbapp.page.link/sFRTsXgqZCvUEHC6A

अँजुरी_भर_अंगारा / प्रवीण परिमल

 गीत :  

 #अँजुरी_भर_अंगारा / प्रवीण परिमल 


यदि तुमने कुछ दिया मुझे, तो 

अँजुरी भर अंगारा! 


पीर हुई पर्वत- सी दिल की 

उर में उठे फफोले, 

मिले नेह के बदले तुमसे 

सिर्फ दहकते शोले। 

अमृत- सा जीवन- जल मेरा 

किया तुम्हीं ने खारा! 


सहज भाव से कभी न तुमने 

निर्मित किया घरौंदा, 

मेरे स्वप्निल ताजमहल को 

फिर भी तुमने रौंदा 

अपना तन- मन- धन तिस पर भी 

मैंने तुम पर वारा। 


लाँघ गई लक्ष्मण- रेखा, पर 

हुई नहीं तुम सीता, 

अपने मन से रही कुतरती 

रामायण औ' गीता। 

रही तुम्हारे लिए शिला बस, 

गिरजा या गुरुद्वारा!


कौन तुम्हें समझाए, क्योंकर 

गीत हुए दर्दीले, 

तृप्ति- द्वार पर पड़े- पड़े क्यों 

सूखे अक्षत पीले! 

घनी दुपहरी में ही तुमने 

फैलाया अँधियारा! 


बूँद- बूँद कर रहा पिघलता 

घटता गया हिमालय, 

द्रवित नहीं पर हुआ तुम्हारे 

अंतः का देवालय। 

भाग्य- पटल पर लिखा नियति का 

लेख न तनिक सँवारा।

▪▪

सोमवार, 12 दिसंबर 2022

रवि अरोड़ा की नजर से....

 लफ्फाजी की कोई हद तो तय हो जी / रवि अरोड़ा



मेरा एक मित्र आजकल कुछ ज्यादा ही घर घुस्सू हो गया है। जरूरी कार्यक्रमों में भी नहीं पहुंचता। पूछने पर पहले सौ बहाने लगाता है और फिर हंस कर स्वीकार कर लेता है टेलीविजन पर फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहा था । खोज ख़बर ली तो पता चला कि मेरे कई अन्य परिचित भी फुटबॉल का महा संग्राम देखने में आजकल मशगूल हैं। जानकर बड़ी हैरानी हुई कि पागलपन की हद तक क्रिकेट के दीवाने इस मुल्क में क्या अभी भी फुटबॉल के चाहने वाले लोग बाकी हैं ? यदि हैं तो फिर फुटबॉल खेलते हुए कोई क्यों नहीं दिखता ? क्या मैच देखने भर का ही है यह जुनून ?


मानें तो यह बेहद शर्म की बात है और न मानें तो कुछ भी नहीं कि अगले कुछ महीनों में दुनिया की सबसे बड़ी आबादी बनने जा रहा हमारा देश फीफा वर्ल्ड कप खेलना तो दूर क्वालीफाई भी नहीं कर पाता । कहने को तो हम कहते हैं कि भारत में पहला फुटबॉल मैच सन 1802 में खेला गया और 1893 से हमारा अपना फुटबॉल महासंघ है मगर इसका परिणाम क्या है ? बेशक 1948 से हम एशियाई फुटबॉल महासंघ के भी सदस्य हैं मगर क्या कारण है कि फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय संघ ( फीफा ) में हमारी रैंकिंग 104वीं है ? एक बार तो यह गिर कर 173वें स्थान पर भी आ चुकी है। कुल जमा एक बार ही हम 1950 में फीफा वर्ल्ड कप क्वालीफाई कर पाए मगर तब भी हम कोई मैच इसलिए नहीं खेल सके कि हमारे खिलाड़ियों के पास जूते तक नहीं थे और फेडरेशन ने नंगे पांव हमें खिलाने से मना कर दिया । पिछले 72 सालों में तरक्की के तमाम दावों के बीच आज भी हमारी स्थिति यह है कि हमारे पास फीफा की नियमवालियों के अनुरूप खेल के मैदान तक नहीं हैं । 


फुटबॉल के मामले में भारत हमेशा से फिसड्डी रहा हो , ऐसा भी तो नहीं है। सन 1911 में भारतीयों के मोहन बागान क्लब ने अंग्रेजी फ़ौज की रेजिमेंटल टीम को एक बड़े मैच में हरा कर पूरे बंगाल में धूम मचा दी थी । बागान की जीत ने यह मिथक भी तोड़ा कि अंग्रेज अजेय हैं और उन्हें किसी भी मामले में हराया नहीं जा सकता । इतिहासकार बताते हैं कि देश में स्वतंत्रता की अलख जगाने में इस मैच की भी भूमिका थी। बंगाल में फुटबॉल की सौ साल पहले जितनी दीवानगी तो अब नहीं है मगर केरल, बंगाल और गोवा में आज भी थोड़ा बहुत फुटबॉल खेला जाता है। बंगाल में फुटबॉल का नशा एक दौर में लोगों के सर इस कदर चढ़ कर बोलता था कि दो बड़ी टीमों मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के फैन एक दूसरे के यहां शादी तक नहीं करते थे । बेशक इतनी दीवानगी की अब कोई जरूरत नहीं है मगर फिर भी थोड़ी बहुत कुछ तो हो । आज दो सौ देशों के दो सौ करोड़ लोग टेलीविजन से चिपके मैच देख रहे हैं और हम खुद को विश्व गुरू बताने के बावजूद चुपचाप घर बैठे हैं। क्या सिर्फ यह दावा करने से ही काम चल जाएगा कि भारत ने ही दुनिया को फुटबॉल दिया और भगवान कृष्ण अपने सखाओं के साथ यमुना किनारे जिस गेंद से खेलते थे, वह फुटबॉल ही थी। लफ्फाजी की कोई हद तो तय हो जी ।


वनमाली कथा नव लेखन विशेषांक। ज्ञान प्रकाश विवेक की नजर

 


इस शानदार तहरीक ,बहुत ताज़ादम  की मौजूदगी के लिए संपादक जी हमारे कुणाल, संतोष चौबे जी और वनमाली कथा के तमाम सहयोगियों का ख़ैरमकदम।


इस अंक की कहानियां पढ़ते हुए  मेरे ज़ेहन में एक मिसरा कौंधता रहा


मैं आसमान के माथे को चूम आया हूं।


यह कहानी नवलेखन अंक

जैसे कि युवा अदीबों ने शब्दों के ताप और भाषा की लोच, लय, और कथा जगत के विस्तार और विषय की व्यापकता का बड़ी शिद्दत से एहसास कराया हो।


एक ज़माना पहले जब उर्दू के नक्काद किसी बड़े अदीब पर लिखते तो दो बातों का ज़रुर ज़िक्र करते। कि वो ज़बान का शायर है यानी बहुत साफ़ ज़बान है।दूसरी बात ये कि वो अपना लिखता है यानी, मौलिक लिखता है।

ये दोनों बातें मैं नवलेखन अंक तमाम कथाकारों के लिए बहुत विश्वास के साथ कह सकता हूं।

ये नये कथा लेखक अकेले नहीं आए, अपने साथ अपना मुहावरा और विजन भी लेकर आए हैं।


विशेषांक की मैं सभी कहानियां तो नहीं पढ़ पाया, कुछ छूट गई हैं, वो अगली किसी नशिस्त पर।

फिलहाल जो कहानियां पढ़ी हैं, उन पर संक्षिप्त सी तहरीर।


आशीष शुक्ला और सौरभ सिंह की पहली कहानी है लेकिन इन कहानियों को पढ़कर लगता है जैसे बहुत कहानियां लिख चुके हों। दोनों युवा कथाकारों का अपनी कथा भाषा और शैली है। आशीष की कहानी में कमाल की रवानी है। वो एक मध्यमवर्गीय परिवार के ज़रिए नये समय की रिफ्लैक्शन को व्यक्त करते हैं। सौरभ सिंह के पास जो भाषा है वो ग़ैर मामूली है। कहानी में अकेले मनुष्य और अकेलेपन को बहुत गूड़ ओर प्रतीकात्मक लहजे में रचते हैं। अकेलापन खुद एक किरदार है। दोनों कहानी लेखकों की ये पहली और सशक्त कहानी है।


उतनी मानीखेज और तहदार कहानी युवा कथाकार और कवयित्री पूनम अरोड़ा की है। पूनम पहले भी बहुत सारी कहानियां लिख चुकी हैं।उनकी लेखन शैली जितनी कविता में मुख़तलिफ़ है उतनी कहानी में भी। उनकी कहानी। तुम पर धिक्कार है अनारकली ।

बहुत प्रतीकात्मक शीर्षक है।

कहानी में बग्ज़ निकालती स्त्री पात्र, दरहकीकत, पूरे परिदृश्य पर हस्तक्षेप करती है।एक स्त्री जब घर से जाब के लिए निकलती है तो हर क़दम पर बदनीयती के कीड़ों से टकराती है। स्त्री संसार  के मनोभाव, द्वंद, ख़लिश, व्याकुलता और क्षोभ को बहुत महीन और तीक्ष्ण कथा शैली में रचती हैं।

पूरी कहानी में दृश्यों की रचना है । जैसे कि बिम्ब , ख़ामोश ज़बान में बोल रहे हों।


यही ख़ामोश ज़बान में  पुई का बोलना , पुई कहानी में है। छ सात साल की न बोलने वाली लड़की या कहें कि बच्ची पात्र

को कितनी जीवंतता प्रदान की है।वो नहीं बोलती लेकिन उसकी ख़ामोशी बोलती है। पेड़ पौधे पक्षी उसका ख़ामोश भाषा समझते हैं। कहानी में चार किरदार है। पुई टीचर दादी और पुई का पिता चंदन। इन पात्रों के बीच बुनी गई,जैसे कि मासूमियत के किरोशिये से कहानी को बुन दिया हो। अंत बहुत चौंका देने वाला और बहुत शानदार। बहुत अच्छी कहानी।


नोई अक्का उषा दशोरा की बहुत उत्कृष्ट कहानी है।टीन एजर्स की साइकी को कहानी का तो पहले भी बनता रहा है । यहां मिज़ाज दूसरा है। मुहावरा और शिल्प की क्या बात करें । कहानी जैसे दृश्यों में व्यक्त की गई हो।भाषा हर दृश्य में अपना रूप और लहजा बदलती है। यह बहुत बड़ी बात है। कहानी में आश्रम और बाबा के ज़रिए जो लोक रंग लोक भाषा का सृजन हुआ है वो चकित करता है। कहानी बहुत बहुत अच्छी है।


उज़मा कलाम की बालसुलभ भय की अभिव्यक्ति है। बच्चे चूड़ैलों से डरते हैं और उनसे निजात पाने की तरकीबें आज़माते हैं। बहुत दिलकश कहानी है। भाषा खिलंदड़ी कहानी के मिज़ाज और माहौल को रचती हुई।


कांउट योर ब्लैसिंग  शिल्पी झा की पहली कहानी है और बहुत हलचल पैदा करती हुई।

कहानी एक तरह से नये समय के नये नागरिकों की कहानी है। जितना समय नया है उतनी कथा भाषा और शैली। आखिर वो क्या चीज़ है जो सब कुछ हासिल होने के बावजूद, स्त्री स्वयं को वंचित सा महसूस करती है।उस छूट गये की अव्यक्त सी ख़लिश को व्यक्त करती बहुत ताज़ादम कहानी है और यह शिल्पी की पहली कहानी है।


इमरोज़ में जीना और कहानियां लिखना बेशक ज़रूरी हो, लेकिन कदीमी रिवायतों, निशानियों, जीवन मूल्यों, पुरानी गलियों मौहल्लों आपसदारी कशिश उन्स लगाव को ज़िंदा रखना भी तो कथाकारों का जज़्बाती काम है । इसी परिदृश्य की छोटी लेकिन अच्छी कहानी अम्मी हमारी वायरल हैं, लतिका प्रियदर्शनी की।


ज़बान के ऐतबार और स्त्री पात्र की दृढ़ता भरी कहानी सबाहत आफ़रीन की कहानी है। उन्होंने कहानी में जिस माहौल की रचना की है उसकी अपनी जादूगरी है। वैशाली थापा की हेडफ़ोन कहानी बहुत छोटी सी कहानी है। कहानी में यात्रा है यात्रा में घटनाएं। लेखिका कहानी के बहाने विमर्श तो पैदा किया ही है कि गैजेट्स क्यों ज़रूरी होते चले गए ।यह एक तरह से भावजगत की कहानी भी है। ज़िंदा है अभी क़ासिद।

विस्मय रचती है और अपनी कथा भाषा , वातावरण,और  क़ासिद उपस्थित और अनुपस्थिति की कशमकश को बयान करती गूड़ रचना है।


अंक में कहानी केंद्रित दो ज़रूरी लेख हैं। बड़े अदीब़ों ने कहानी और  बाकी लिखने  के बारे में क्या कहा , उसे ज़रूर पढ़ा जाए।

बहुत मुबारक युवा कथाकारों को। सोचा ही नहीं था कि इतनी कहानियां पढ़ने को मिलेंगी। इन्होंने किसी की लकीर मिटाई नहीं है, आपनी नयी और पुख्ता लकीर खींची है।

बहुत मुबारक कुणाल सिंह

वनमाली कथा और  संतोष चौबे साहब।

शुभकामनाएं।

रविवार, 11 दिसंबर 2022

प्रेम की अविरल "सरिता" मैं तू है सागर, /अक्षिता प्रताप

 प्रेम की अविरल "सरिता" मैं तू है सागर,

मैं तेरी लहरों में मिलना चाहती हूं।

आंजुरी में शुभ्र पावन नीर हूं मैं,

खुद ही चरणों में उतरना चाहती हूं।


देख कुंदन सा मेरा चमका हुआ तन,

फूल की लड़ियों सा महका है मेरा मन।

दूसरा टिकता नहीं नयनों में कोई,

पा गई जनमों जनम का मैं रतन धन।

मैं दिये की भांति जलना चाहती हूं,

खुद ही चरणों में उतरना चाहती हूं।


बाहुओं के वलय को विस्तार दे दे,

रूक न तू निर्भीक सारा प्यार दे दे।

मन विकल है व्यग्र है व्याकुल बहुत है,

प्रेम का अपने मुझे उपहार दे दे।

नख से शिख तक तेरी रहना चाहती हूं,

मैं तेरी लहरों में मिलना चाहती हूं।


छोड़कर तुझको मैं कैसे रह सकूंगी,

विरह के क्षण न किसी से कह सकूंगी।

तू ही मेरा लक्ष्य है ये जानती हूं,

याद कर तुझको निरन्तर बह सकूंगी।

स्वप्न सारे पूर्ण करना चाहती हूं,

खुद ही चरणों में उतरना चाहती हूं।


प्रेम की अविरल नदी मैं तू है सागर,

मैं तेरी लहरों में मिलना चाहती हूं।

आंजुरी में शुभ्र पावन नीर हूं मैं,

खुद ही चरणों में उतरना चाहती हूं।


अक्षिता प्रताप

ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्ध नगर

ईरान की माहरुफ शायरा शाहरुख़ हैदर की नज़्म

 


"मैं एक शादीशुदा औरत हूँ!"

----------------------------------


मैं एक औरत हूँ ईरानी औरत


रात के आठ बजे हैं

यहां ख़याबान सहरूरदी शिमाली पर

बाहर जा रही हूँ रोटियां ख़रीदने


न मैं सजी धजी हूँ न मेरे कपड़े ख़ूबसूरत हैं

मगर यहां सरेआम ये सातवीं गाड़ी है

जो मेरे पीछे लगी है


पूछते हैं शौहर है या नहीं

मेरे साथ घूमने चलो जो भी चाहोगी तुम्हें दूंगा 


यहां तंदूरची है वक़्त साढ़े आठ हुआ है

आटा गूंथ रहा है मगर पता नहीं क्यों

मुझे देखकर आंख मार रहा है

नान देते हुए अपना हाथ मेरे हाथ से टच कर रहा है


ये तेहरान है


सड़क पार की तो गाड़ी सवार मेरी तरफ आया

गाड़ी सवार मेरी कीमत पूछ रहा है

एक रात के कितने लेती हो 

मैं नहीं जानती थी रातों की कीमत क्या है


ये ईरान है


मेरी हथेलियां नम हैं लगता है बोल नहीं पाऊंगी

अभी मेरी शर्मिंदगी और रंज का पसीना ख़ुश्क नहीं हुआ था कि घर पहुंच गई


इंजीनियर को देखा एक शरीफ़ मर्द 

जो दूसरी मंज़िल पर 

बीवी और बेटी के साथ रहता है


सलामालेकुम 

बेगम ठीक हैं आप ठीक हैं 

आपकी प्यारी बेटी ठीक है 


वस्सलाम 

तुम ठीक हो खुश हो 

नज़र नहीं आती हो 


सच तो ये है आज रात मेरे घर कोई नहीं

अगर मुमकिन है तो आ जाओ

नीलोफ़र का कम्प्यूटर ठीक कर दो

बहुत गड़बड़ करता है

ये मेरा मोबाइल है

आराम से चाहे जितनी बात करना


मैं दिल मसोसते हुए कहती हूँ

बहुत अच्छा अगर वक़्त मिला तो ज़रूर


ये सरज़मीने-इस्लाम है

ये औलिया और सूफ़ियों की सरज़मीन है

यहां इस्लामी क़ानून राइज हैं

मगर यहां जिन्सी मरीज़ों ने मादा ए मन्विया (वीर्य) बिखेर रखा है 


न दीन न मज़हब न क़ानून

और न तुम्हारा नाम हिफ़ाज़त कर सकता है 


ये है इस्लामी जम्हूरियत और मैं एक औरत हूँ

मेरा शौहर चाहे तो चार निकाह करे और चालीस औरतों से मुताह


मेरे बाल मुझे जहन्नुम में ले जाएंगे

और मर्दों के बदन का इत्र उन्हें जन्नत में ले जाएगा


मुझे कोई अदालत मयस्सर नहीं 

अगर मेरा मर्द तलाक़ दे तो इज़्ज़तदार कहलाए


अगर मैं तलाक़ मांगू तो कहे 

हद से गुज़र गई शर्म खो बैठी


मेरी बेटी को शादी के लिए मेरी इजाज़त दरकार नहीं

मगर बाप की इजाज़त लाज़िमी है 


मैं दो काम करती हूँ 

वह काम से आता है आराम करता है

मैं काम से आकर फिर काम करती हूँ

और उसे सुकून फ़राहम करना मेरा ही काम है।


मैं एक औरत हूँ 

मर्द को हक़ है कि मुझे देखे

मगर ग़लती से अगर 

मर्द पर मेरी निगाह पड़ जाए

तो मैं आवारा और बदचलन कहलाऊं


मैं एक औरत हूँ

अपने तमाम पाबंदी के बाद भी औरत हूँ

क्या मेरी पैदाइश में कोई ग़लती थी

या वह जगह ग़लत थी जहां मैं बड़ी हूई


मेरा जिस्म 

मेरा वजूद

एक आला लिबास वाले मर्द की सोच और 

अरबी ज़बान के चंद झांसे के नाम बिका हुआ है 


अपनी किताब बदल डालूं 

या यहां के मर्दों की सोच

या कमरे के कोने में क़ैद रहूं 

मैं नहीं जानती


मैं नहीं जानती 

कि क्या मैं दुनिया में

बुरे मुक़ाम पर पैदा हुई हूँ

या बुरे मौके पर पैदा हुई हूँ।


© शाहरुख हैदर

कूट नीति

 *कूटने से बढ़ती है -इम्युनिटी पॉवर*                 *दादा जी से पूछा*     *कि पहले लोग बहुत कम*           *बीमार  होते थे ?*            *तो...