गुरुवार, 16 सितंबर 2021

तलवार की धार में केवल अपनापन प्यार / हरीश पाठक

 रुला रहा है इशमधु तलवार का जाना

   इतनी बेरौनक सुबह पहले कभी नहीं आयी।कलमकार मंच के संयोजक निशान्त की खबर ने सन्निपात की स्थिति में ला दिया।दिग्गज पत्रकार,कथाकार व राजस्थान प्रगतिशील लेखक संघ के महासचिव ईशमधु तलवार का कल रात निधन हो गया।रात दो बजे उन्हें घर पर ही दिल का दौरा पड़ा और उनके पुत्र डॉ अनीश जब अस्पताल ले जा रहे थे तब रास्ते में ही उनका निधन हो गया।आज 11 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

      मेरे लिए यह स्तब्धकारी खबर है।कल उनसे दो बार बात हुई।हँसते खिलखिलाते तलवार की आवाज अब तक कानों में गूंज रही है।कल ही आयी किताब ' राजनीतिक कहानियों का सफर' (संपादक:तरसेम गुजराल,प्रकाशक:इंडिया नेटबुक्स) में उनकी कहानी 'जीरो लाइन' को शामिल किया गया था।उसके साथ ही दिसम्बर में आयोजित एक समारोह में  हम मिलनेवाले थे -उसको ले कर।अपने मित्र प्रेमचंद गांधी के साथ वे रात ग्यारह बजे तक चर्चारत थे।इस बुरी खबर पर यकीन ही नहीं हो पा रहा है।

     ईशमधु तलवार सक्रियता के पर्याय थे।'नवभारत टाइम्स' (जयपुर संस्करण) में मुख्य संवाददाता व ई टीवी (राजस्थान ) के संपादक रहे ईशमधु तलवार देश में पहली बार शुरू हुए समानांतर साहित्य उत्सव के जनक थे जिसके अब तक चार आयोजन हो चुके हैं।'लाल बजरी की सड़क' व 'रिनाला खुर्द' उनकी चर्चित पुस्तकें हैं।संगीतकार दान सिंह को गुमनामी के अंधेरे से निकाल कर चर्चा के केंद्र में लाने का जरूरी काम हिंदी के इस योद्धा पत्रकार ने ही किया था।

    आज सबसे मिलने जुलनेवाला और होंठो पर एक सतत मुस्कान रखनेवाला यह शख्स अचानक रुलाकर चला जायेगा उम्मीद नहीं थी।

   आप तो ऐसे नहीं थे तलवार साहब?

   इसी 14 अक्टूबर को हम आपका 65 वां जन्मदिन मनानेवाले थे।मेरे आपसे चार दशक से रिश्ते थे।जब आप अलवर में थे और मैं ग्वालियर में।आप 'पलाश' संस्था चलाते थे और मैं 'समानांतर कथाकार मंच' से जुड़ा था।

   झन झनाकर टूटी है रिश्तों की वह कड़ी जो बहुत आत्मीय और अपनी थी।कभी नहीं भूल सकता आपकी वह स्निग्ध मुस्कान जो तकलीफ में भी राहत देती थी।

   एक दिन में नहीं बनते Ish Madhu Talwar ।

   रुंधे गले व भारी मन से अलविदा दोस्त,अलविदा।

   आज दैहिक तौर पर तो आप जुदा हो गए पर मन और दिल से आपको भुला पाना नामुमकिन है।

   मेरे लिए तो बिलकुल नहीं।

एक थी बिट्टो रानी / सुभाष चंदर

 हिंदी की महत्वपूर्ण पत्रिका  'समकालीन भारतीय साहित्य' में हास्य कहानी 

एक थी बिट्टो रा

नी / सुभाष चंदर


एक लड़का और एक लड़की अगर  एक ही कॉलेज, एक ही क्लास और एक ही कोचिंग में पढ़ते हों । इश्किया फिल्में देखने के शौकीन भी हों और  प्रेम के देवी देवता गाहे बगाहे उनके दिल के दरवाजों की सांकल भी बजाते हों । उसके बाद  भी उन दोनों के बीच प्रेम ..इश्क.. लव जैसी कोई संभावना न बने तो यह कोई विश्वास करने लायक तो बात थी नहीं।  बस यूं समझिए, सावधानी हटने  और दुर्घटना घटने के इंतजार वाले मामला था।  बस जैसे ही इंतजार ख़तम हुआ, प्रेम की फिल्म चालू हो गई।सच कहें तो इसमें दोनों का कोई खास कसूर भी  नहीं था । लड़का अच्छा खासा स्मार्ट था। उसकी स्मार्टनेस में उसके ब्रांडेड कपड़ों के अलावा, नए ब्रांड के मोबाइल और महंगी मोटरसाइकिल का भी बड़ा हाथ था। आज के माहौल के हिसाब से यह सब नक्शेबाज़ी लड़के को  स्मार्ट  कहलाने की  की पूरी सुविधा प्रदान करती थीं।बाकी लड़के की नाक,कान आदि की गिनती भी पूरी थी । बस उसकी आंख में जरा सा  भेंगापन था जिसे उसने  ब्रांडेड चश्मे की सवारी गांठकर  ढक लिया था। इतनी सारी योग्यताएं होने के बावजूद, अगर लड़का आशिकी के ग्राउंड में कबड्डी ना खेलता तो  उसके लड़के होने और स्मार्ट होने पर धब्बा लग  जाने की पूरी संभावना थी।

 कुछ ऐसा ही मामला लड़की यानी बिट्टो रानी के साथ भी   था। बिट्टो रानी का  रंग  गोरा और दिमाग कोरा  था। अलबत्ता उसके दिल की पेन ड्राइव इश्किया  फिल्मों की स्टोरीज़ और उनके  डायलॉगों से ठसाठस भरी थी। ये सब गाहे-बगाहे उसे खुद की फिल्म का प्रोडक्शन करने के लिए उकसाते थे।सो कभी वह किसी  सुपात्र युवक को देखते ही आंखों को गिराने -उठाने की कवायद करती तो तभी पहले से सुलझी लटों को और सुलझाने की और कभी यूं ही किसी को देखकर शर्मा जाती तो कभी  मुस्कुरा भी  पड़ती । उसने सारे जतन करके देख लिए मगर उसे अपने मतलब का लव पार्टनर नहीं मिला।  पर उसने हिम्मत नहीं छोड़ी ,एक दिन उसकी प्रेमिल आंखों की वर्जिश का असली कद्रदान मिल ही गया।यह वही लड़का था जिसका हम ऊपर जिक्र कर चुके हैं।लडके के लव अकाउंट में इन दिनों कड़की चल रही थी।उसकी प्रेमिका नंबर सात सगाई हो जाने के कारण भूतपूर्व की पदवी को प्राप्त हो चुकी थी।सो उसे आशिकी के पार्टनर की सख्त जरूरत थी।उधर  बिट्टो रानी को भी कोई और नहीं मिल रहा था। एक दिन भगवान ने उन दोनों दुखी आत्माओं की सुन ही ली।हुआ यह कि एक दिन  क्लास में जब बिट्टो रानी अपनी आंखों को गिराने- उठाने की प्रैक्टिस कर रही थी तो उसने देखा कि उसकी क्लास का ही एक  लड़का उसे लगातार टकटकी लगाकर देखे जा रहा है। यह देखकर वह पहले सकपकाई, फिर शरमाई, फिर उसने आंखें झपका झपकाकर उसकी पूरी पर्सनैलिटी का अवलोकन किया,संतुष्ट होने के बाद उसने वहीं किया को उस ऐसे मौकों पर करना चाहिए था।  उसने लगभग दस मिनट लड़के को कनखियों से  देखा ।  फिर बाकायदा उसकी चश्मे के पीछे छिपी आंखों में आंखे डाल दीं। पहले राउंड में देखा देखी हुई,फिर,मोबाइल पर सुना सुनी हुई।  फिर मैसेंजर ,व्हाट्सएप से होती हुई यह यात्रा रेस्टोरेंट तक पहुंची।कहना न होगा कि अब दोनों लड़का -लड़की, बॉयफ्रैंड- गर्लफ्रैंड की पदवी को प्राप्त हो गए ।  

अब जैसा कि होता है छोटे शहरों के बगीचे में जब प्यार मोहब्बत के फूल खिलते हैं तो उनकी खुशबू आसपास के  भंवरों और मधुमक्खियों को पहले ही लग जाती है तो किसी भंवरे या मधुमक्खी ने आशिकी की यह कहानी मिर्च मसाला बुरककर लड़की के घरवालों की खिदमत में पेश कर दी।  

 खबर मिलते ही  घर में हंगामा मच गया।  मां ने अपने माथे पर हाथ मारा और गालियों से  बिट्टो रानी  की सेवा कर डाली । वहीं बाप ने यही काम एक झापड़ और जान से मार देने की धमकी के साथ संपन्न किया। जबकि छोटे भाई बहनों को कुछ तकनीकी कारणों से बहन की तरफ आंखें तरेरने  और बड़बड़ाने  से ही काम चलाना पड़ा।  इन सारी कार्रवाईयों का लब्बो लुआब यह रहा कि बिट्टो रानी ने उस लड़के से कभी न मिलने की कसम खा ली। कसम चूंकि विद्या रानी की थी सो घरवालों को विश्वास करना पड़ा। यह कसम पूरे चार दिन और सात घंटे टिकी । उसके बाद इश्क के कीड़े ने फिर काट खाया। अबकी बार बिट्टो रानी  और वो लड़का ना सिर्फ मिले बल्कि उन लोगों ने फैसला भी कर लिया कि वे इस जालिम दुनिया से कहीं दूर भाग जाएंगे । तय भी हो गया कि अगले हफ्ते ही बिट्टो रानी  अपने बाप की तिज़ोरी और मां के गहनों के संदूक का बोझ कम करेंगी । उसके बाद वे सपनों की नगरी मुंबई को आबाद करेंगे। इसके बाद सुबुक सुबुक और कसम खाऊ कार्यक्रम के  बाद दोनों विदा हो लिए।  लड़की के मां-बाप को यह खबर भी प्राप्त हो गई। उन्होंने पहले बिब्बो रानी की चौकसी शुरू कर दी फिर   लड़के के पीछे जासूस लगा दिए । जासूस जो खबर लेकर आए वह काफी सनसनी खेज थी। जासूसों ने बताया कि लड़का अपनी जमीन के मुआवजे के पैसे ठिकाने लगाने के अलावा जो दूसरा महत्वपूर्ण काम करता है वह काम इश्कबाज़ी का है। इस फील्ड में उसने काफी नाम कमाया है। उसकी  सात  पूर्व प्रेमिकाएं इस बात की गवाही दे रही थी। उसके अलावा वह  सिगरेट तंबाकू ,शराब  के सेवन  से लेकर थाईलैंड  की यात्रा तक का पुण्य कमा चुका है। इस सबके अलावा भी बड़ी खतरनाक जानकारियां मिलीं।  बिट्टो रानी  के घरवालों का माथा जो था वह ठनक गया। उन्होंने बिट्टो   की मां को उस समझाने की जिम्मेदारी सौंप दी।

मां ने समझाया । कहा ,"अरी मान जा  बिट्टो। क्यों अपनी ज़िन्दगी बर्बाद कर रही है।लड़का आवारा है ।उसके कई लड़कियों के साथ संबंध है।"w

बिट्टो रानी  गर्व से  बोली, - "तो क्या हुआ ,ये तो उसकी स्मार्टनेस की निशानी है।"

मां ने माथे पर हाथ मार  लिया,पिनपिनाकर बोली ," अरी लड़की,  वो  कमीना  शराब पीता है। सिगरेट गांजा,कुछ नहीं छोड़ता।बेटी  तेरी ज़िन्दगी बर्बाद हो जाएगी।"

पर बिट्टो रानी  ने इस बात का भी कोई खास नोटिस नहीं लिया ,बोली ,- "मां बड़े घर के लोगों में तो ये शौक होते ही हैं।पहले राजा महाराजा भी तो यही सब करते थे। "

 ऐसे ही मां   तीर चलाती गई,बेटी उन्हें थोड़े  आत्मविश्वास और ज्यादा बेशर्मी  की ढाल से रोकती गई। इसी प्रकार मां  के पास  बुराइयों के जितने थान रखे थे ,बिट्टो ने अपने खास तर्कों की कैंची से सब काट डाले ।

हारकर मां ने  एटम बम छोड़ दिया, बोली," अरी, तुझे पता भी है कि वो लड़का एक  शादी पहले ही कर चुका है। पहली घरवाली को उसने छोड़ रखा है।अब क्या तू उसकी दूसरी घरवाली बनेगी ?"

यह जानकारी बिट्टो रानी  के लिए भी नई थी और थोड़ी झटकेदार भी। वह विचलित होने ही वाली थी कि तभी  हिंदी फिल्मों के दृश्यों ने उसे संभाल लिया। सो उसने इश्क की माला एक बार और जपी और  इस सवाल का  भी जवाब दे दिया ,बोली ,"अम्मा मैं सब संभाल लूंगी।मुझसे  ब्याह करते ही वे उससे तलाक ले लेंगे। विश्वास करो प्यार में बहुत ताक़त होती है।" इस डायलाग के बाद  उसने आगे घोषणा कर दी , अम्मा, चाहे तुम कुछ भी कर लो , शादी तो मैं उसी लडके से करूंगी वरना...।"

उसकी इस घोषणा के पीछे चिपकी 'वरना' को सुनते ही मां पिनक गई।सो उसने पहले राउंड में उसे  दर्जनभर गालियां बकीं। फिर उसके बालों को खींच खींच कर उनकी मजबूती टेस्ट की ।आखिर में  कुछ दुहत्थड उसकी कमर पर रसीद किए  पर बिट्टो रानी  की सुई वहीं की वहीं अटकी रही । मां आखिर में अपने सर पर हाथ मार कर चुप बैठ गई। इसके बाद बाप ने ड्यूटी संभाल ली । उसने लड़की में तब तक तमाचे बरसाए जब तक कि जब खुद ही थक हार कर निढाल नहीं हो गया। कहना न होगा कि छोटे भाई बहनों की कोसा कोसी, हिकारत वगैरह को तो बिट्टो रानी  यूं ही घोलकर पी गई। पर इतने सारे गंभीर प्रयासों की  चटनी चाटने के बाद भी उसने इश्क का पहाड़ा पढ़ना नहीं छोड़ा।

यह दृश्य देखकर बाप ने एकाध  बार बेटी को उसके इश्क समेत गंगा जी में फेंकने, जहर माहुर खिलाकर राम नाम सत्य करने आदि  पर भी विचार किया पर बैरी  बुढ़ापे और सफेदपोशी ने इस विचार को अमली जामा नहीं पहनने  दिया। हारकर बाप मंदिर में जाकर भगवान जी को मनौती बोल आया कि भगवान इस लड़की से मुक्ति दिला दो, पूरे पांच सौ एक रुपए का प्रसाद चढ़ाऊंगा। अब भगवान जाने क्या हुआ , भगवान जी को उस पर दया आ गई या उन्हें थोक में प्रसाद का ऑफर लुभा गया या जो कुछ भी जैसे भी हुआ। बिट्टो रानी  के बाप को एकाएक याद आया कि उनका एक  साला भी है जो चाकूबाजी बल्कि यों कहें कि उस्तरेबाज़ी के चक्कर में कई बार जेल की रोटियां तोड़ आया है। विवाह के बाद थोड़ा सुधर गया है पर गाहे-बगाहे अब भी खुराफातों की फसलें काट लेता है। उसने अपनी बीवी  यानी बिट्टो रानी  की मां से मिस्कोट की। उसने अपने भैया और बच्चों के  मामा को फोन कर दिया । बहन भाई में बातें हुई । तय हुआ कि बच्चों का मामा आएगा और डरा धमका कर ,मारपीट  करके किसी भी तरीके से बिट्टो रानी के इश्क का भूत उतार देगा।

अगले दिन दोपहर 3:00 बजे तक मामा पधार  गया । उसने अपनी बहन और जीजा देखे ।बिट्टो रानी यानी लड़की देखी, लड़की की आंखों का विश्वास देखा। उसे समझ में आ गया कि लड़की के इश्क का जोड़ शुद्ध फेविकोल से लगा है आसानी से नहीं छूटेगा। फिर भी उसने रस्म निभाने के लिए अपनी तरफ से लड़की को  समझाया, हड़काया, फिर धमकाया  पर बिट्टो पर कोई फर्क नहीं पड़ा। वह इश्क की माला  ही जपती रही। यह सब देखकर मामा ने धीमे स्वर  में कुछ कहा जिसे सुनकर  मां की आंखें कानों तक फैल गई । वह रोने लगी। जबकि उसे सुनकर बाप ने सिर्फ इतना कहा,' जो चाहे कर लो पर मेरे घर की इज्जत को बचा लो' ।रास्ता साफ थाअब  जो कुछ करना था ,मामा को करना था।

 उसी रात को दस बजे मामा का काम शुरू हो गया।मामा उस्तरा लिए  के कमरे में घुसा।उसके पीछे पीछे लड़की का बाप ,मां और भाई थे। आते ही  मामा ने बिट्टो  के दोनों हाथों को जोर से पकड़ लिया।फिर  उसके भाई से बोला,"  मन्नू, जल्दी से इसके मुंह में कपड़ा ठूंस दें ।" मन्नू ने आज्ञा का पालन किया। फिर मामा अपने जीजा यानी बिट्टू बाप से मुखातिब हुआ, बोला",  जीजा उसके  पैर कस के पकड़ ले"। बाप ने बिट्टो  के पैरो को कसकर जकड़ लिया। बिन्नी ने छूटने को पूरा जोर लगा दिया। मामा जीजा को देखकर  चिल्लाया," जोर से पकड़ जीजा, तेरे खानदान की इज्जत का सवाल है, इसके लिए कुर्बानी तो देनी ही पड़ेगी। " कुर्बानी के नाम पर  के बाप और भाई के चेहरे  पर जहां कुर्बानी वाला तेज उभर आया ,वहीं बिट्टो  की मां की आंखों से बरसात शुरू हो गई।उसने अपने मुंह में अपनी साड़ी का पल्लू ठूंस लिया। ताकि सिसकियों के गमन का रास्ता बंद हो जाए।अब मामा ने उस्तरा उठा लिया और बिट्टो के सामने लहराया। उस्तरा देखते ही कुछ प्रतिक्रियाएं सामने आईं। बिट्टो ने भगवान को याद करना शुरू कर दिया। उसकी आंखें सफेद हो आईं। ।उसकी  मां की आंखों में दीनता नृत्य करने लगी, होठों से चीख का निकास होते होते बचा।  उधर लड़के के बाप और भाई की आंखों में खूनी लाली और बढ़ गई।  बस अभी उस्तरा चलेगा और लड़की समेत सारी आशिकी  खलास । सीधे नाक की प्लास्टिक सर्जरी का जुगाड़।  सर्जरी के बाद किसी को पता भी नहीं चलेगा कि नाक कटी भी थी या नहीं।वह सोच रहे थे ,साथ ही साथ भविष्य की एल्बम को फॉरवर्ड कर कर के देख भी रहे थे। इधर मामा अपना उस्तरा पैना  रहा था । मामा ने उसकी धार अंगुली से लगा कर चेक की फिर बिट्टो से सर्द स्वर में बोला, " लड़की आज के बाद तेरे इश्क की कहानी खत्म। अब देखता हूं कैसे भागती है तू उस आवारा लड़के के साथ।" यह सुनते ही बिब्बो रानी डर के मारे बेहोश हो गई।मामा यह देख कर संतुष्ट भया फिर उन लोगों की ओर मुंह करके बोला," सुनो तुम सब लोग अपनी आंखें बंद कर लो।  तुम यह दृश्य नहीं देख पाओगे और सुनो, जब मैं कहूं तभी अपनी आंखें खोलना।"

सबने धड़कते दिल से उसकी बात मान ली और आंखें बंद कर ली । मामा ने अपना काम शुरू कर दिया । थोड़ी देर तक मामा काम करता रहा। फिर उसने घोषणा कर दी कि अब सब अपनी आंखें खोल लो। लोगों ने खून सने दृश्य देखने की उम्मीद में जैसे ही आंखें खोली तो चौंक गए। बिट्टो रानी  के चेहरे पर तौलिया पड़ा था जिसके भीतर वह बाकायदा जिंदा थी ।उसकी बेहोशी टूट चुकी थी और  वह गों गों करके अपने जिंदा होने का सबूत  भी दे  रही थी। खून का कहीं नामोनिशान नहीं था । भाई ने शिकायत की नजरों से मामा की ओर देखा तो मामा ने शकुनी हंसते  हुए बिट्टो रानी  के चेहरे से तौलिया हटा दिया । दृश्य देखते ही सब चौंक पड़े ।नीचे बिट्टो रानी  का चेहरा पूरा साबुत था।आंख ,नाक,कान सबकी गिनती पूरी थी बस सिर के सफाचट था जिसकी गवाही सामने फर्श पर पड़े बाल दे रहे थे।मामा ने लड़की को घोटमुंडा बना दिया था। सभी मामा की और प्रश्नवाचक निगाहों से देख रहे थे।

मामा ने उनकी हालत देखी तो जोर से हंसा फिर बोला, "जीजा अब बिट्टो को  आजाद कर दो ,फिर बिट्टो से बोला ,"जाओ , बिट्टो अब तुम आजाद हो।जाओ जहां जाना है चली जाओ।" फिर जरा रुककर बोला ," पर जाने से पहले एक बार आईने में खुद को जरुर देख लियो।" इतना सुनते ही बिट्टू सीधी आइने की और भागी। कुछ देर बाद उसके जोर-जोर से चीखने और मामा को कोसने की आवाज आई। पर सिर्फ आवाज ही आईं, वह बाहर नहीं आई   जबकि दरवाजे खुले हुए थे। इस पर मामा खुद उसके पास पहुंचा।उसका  मोबाइल उसके हवाले कर दिया और बोला ," चल  अब इसी मोबाइल से अपनी सेल्फी ले और उस लड़के को भेज दे । बिट्टो ने फोटो ली और लड़के को भेज दी ।साथ में रोते रोते मेसेज लिखा-,'देखो, मेरे मामा ने मेरा क्या हाल किया है। मामा सोचता है कि मेरे टकले हो जाने पर तुम मुझसे शादी नहीं करोगे। बताओ तुम मुझसे शादी करोगे ना ? जल्दी बोलो ताकि मैं घर से भागकर तुम्हारे साथ जिंदगी बिता सकूं l  मेरा तुम्हारे बिना जीना बहुत मुश्किल होता जा रहा है l '

तुम्हारी और सिर्फ तुम्हारी

 बिट्टो रानी 


 लड़के ने व्हाट्सएप पर बिट्टो रानी   का बिना बालों वाला  फोटो देखा तो डर गया, उसके बाद उसने नीचे लिखी हुई इबारत पढ़ी तो थोड़ा और डर गया। इस डर के माहौल में ही उसने टकली बिट्टो रानी के साथ फोटो शॉप से अपना ज्वाइंट फोटो तैयार किया। उस  फोटो को देखते ही उसकी हालत और खराब हो गई । वह इतना डर गया कि उसके कांपते हुए हाथ बिट्टो रानी  को  जवाब में सिर्फ एक ही शब्द लिख पाए ,वह शब्द था - सॉरी। इसे लिख कर उसने  बिट्टो रानी का नंबर ब्लॉक पर लगा दिया और सिगरेट सुलगाकर नई गर्लफ्रेंड की संभावना पर विचार करने लगा। 

इधर बिट्टो रानी  ने अपने लंबे मैसेज के जवाब में छोटा सा सॉरी पढ़ा तो वह  भिनक गई । उसने लड़के को फोन मिलाया। पर फोन एक बार टिन टिन कर के कट गया। बिट्टो रानी समझ गई कि लड़के ने फोन ब्लॉक पर लगा दिया है। यह ज्ञान प्राप्त होते ही बिट्टो रानी  रो पड़ी।पहले राउंड में वह रोई,  दूसरे राउंड में उसने मामा को और तीसरे राउंड में उसने लड़के और उसके खानदान  को गलियाना  शुरू किया।

 उसके बाद भी वह कई महीने तक तीनों टाइम पूरे नियम से लड़के और उसकी पुश्तों को गलियाती रही।यह  गाली  वाचन कार्यक्रम   तब तक जारी  रहा जब तक कि उसके  सर पर चोटी करने लायक बाल नहीं आ गए ।  बिट्टो रानी के बालवती हो जाने के बाद, एक दिन उसकी मां ने उससे  शादी की बाबत पूछा तो उसने पहले मन ही मन उस लड़के को फिर से  गलियाया, पर हां की चिड़िया उसने तब भी ना उड़ाई।  बस चुप्पी की चादर ओढ़े पड़ी रही। मां ने पहले माथा ठोकने का काम संपन्न किया फिर अपने भाई यानी बिट्टो के मामा को फोन कर दिया। मामा अगले ही दिन अपनी पैंतालीस  किलो की काया , गज भर लंबी जुबान और छुटन्ने से उस्तरे के साथ पधार गया। आते ही उसने उस्तरा लहराते हुए बिट्टो से वही सवाल पूछा ,

" का बिटिया , हमारे कहने से ब्याह करोगी या फिर उसी शादीशुदा  लफंगे से ब्याह का राग अलापोगी ? जल्दी बोलो ,हमारा उस्तरा तैयार है , अबकी बार भौं भी मूंड देंगे ,समझी ? 

 इतनी बड़ी धमकी के बाद भी , बिट्टो कुछ ना बोली ।बाप ने हड़का कर पूछा ,तो भी चुप्पी ओढ़े रही।

 फिर भाई ने भिनभिना कर पूछा। पहले  तो बिट्टो कुछ सोचती रही ,फिर बोली ," जो कहोगे ,वो मान लेंगे ? पर हमारी एक शर्त है।"

शर्त की बात सुनते ही भाई के गालों में भटूरे की हवा भर गई।

 फिर भी वह पिनपिनाकर बोला ," बक ,जल्दी क्या है तेरी शर्त ?"

बिट्टो ने उसकी नाराज़गी को कोई भाव नहीं दिया और  रहस्य भरे स्वर में बोली ,  ला, अपने काम इधर ला ।"

भाई नमक के लड्डू निगलते हुए, अपने कानों समेत उसके पास पहुंचा। बिट्टो ने उसके कान में कुछ फुसफुस की।भाई का बंद  मुंह खुल गया । वह खुशी से उछल गया । इसी उछलाहट में बोला , बिट्टो, तू सच बोल रही है ना ?

बिट्टो ने उसके सर पर हाथ रख दिया और अपने कमरे में प्रस्थान कर गई।

उसके जाते ही भाई ने बिट्टो की फुसफुस पहले मां के कानों में ट्रांसफर की। मां ने पिता के । आखिर में  मामा का नंबर आया । सबने अपने अपने कपड़े से  खुशी जाहिर करने का काम संपन्न किया । मां ने मन ही मन भगवान का प्रसाद बोला । बाप ने अलबत्ता  दोस्तों के साथ शाम की पार्टी का निर्णय लिया तो मामा ने चिरमिटी सी मूंछों पर ताव दिया और फिर उस्तरा पत्थर पैनाने लगा।क्या पता कल जरूरत पड़ जाए। 


अगले दिन कॉलेज के गेट के बाहर एक कार और उसके पीछे पीछे दर्जन भर मोटरसाइकिलें आकर रूकी। कार में  साक्षात बिट्टो रानी और मामा विद्यमान थे जबकि मोटरसाइकिलों पर भाई और उसके  दोस्त हाॅकियों  समेत मुस्तैद थे।

अब आगे आगे बिट्टो रानी और पीछे पीछे सारी फौज। बिट्टो के नेतृत्व में ऑपरेशन  हीरो खोज अभियान शुरू हुआ । पर कॉलेज में कहीं हीरो के दर्शन नहीं हुए। पर जैसे ही वे कॉलेज के गेट पर वापस आए। तभी हीरो महाशय भी अपनी महंगी मोटरसाइकिल औेर एक कन्या के साथ नमूदार हुए। कन्या निसंदेह उनकी नयी प्रेमिका की पोस्ट संभाल रही थी।इसकी  गवाही मोटरसाइकिल की सीट भी दे रही थी जिसमें दोनों के बीच में हवा के आने की भी  गुंजाइश नहीं छोड़ी गई थी।यह दृश्य देखकर बिट्टो रानी के कलेजे पर मीटर भर लंबा सांप फुफकार  गया। बस  बिट्टो का दिमाग घूम गया।उसने पहले भाई और उसकी टीम को इशारा किया। टीम ने हीरो के चारो ओर घेरा बना लिया।  उसके बाद बिट्टो रानी  सधे हुए कदमों से हीरो के सामने पहुंची।हीरो महाशय देखते ही सकपका गए। उनके पास जो भी   सिट्टी  और पिट्टी नाम की चीजें  थीं ,वे यकायक कहीं  गुम हो गईं। उन्होंने भागने के लिए पतली गली की तलाश करनी चाही पर बिट्टो की फौज ने तो सड़क घेर रखी थी,गली का रास्ता कहां मिलता ? अब तो हीरो के चेहरे पर पूरे साढ़े तीन बज गए। उन्होंने  बिट्टो रानी से अस्फुट स्वरों में कुछ माफी जैसा मांगा जिसके जवाब में बिट्टो  ने अपनी चप्पल निकाल ली और दनादन हीरो की खातिर करनी शुरू कर दी। हीरो के साथ वाली कन्या इस दृश्य को देखकर बिट्टो  पर बिफर  पड़ी। उसने इस कार्य में व्यवधान डालने की कोशिश की तो पहले बिट्टो ने उसके  झोटे पकड़कर,उसे  तीन चार झटके दिए। फिर उसके  कान के पास मुंह ले  जाकर बोली  ," क्यों री , ज्यादा नौटंकी मत कर ।तुझे पता भी है कि ये शादीशुदा है ?" उसके बाद भी वो जाने क्या बोलती रही । कन्या के चेहरे के रंग बदलते रहे। बिट्टो की बात खत्म होते ही कन्या ने पहले तो "नहीं ...नहीं.. ऐसा नहीं हो सकता' का जाप किया । फिर उसने हीरो का गिरेबान पकड़कर  उससे  कुछ पूछा ,हीरो ने शर्म से चेहरा झुका लिया। बस अब कन्या के पैरों से भी उसकी चप्पल निकल आई ।अब उसने भी हीरो की सुताई में अपना योगदान देना शुरू कर दिया । कुछ ही देर में हीरो महाशय की हालत खस्ता हो गई। उसके होठों से चीखें  और बदन से पकौड़ियां उभरने लगी।हीरो ने बचकर भागने की कोशिश की पर आसपास काफी भीड़ जमा थी। बचकर निकलना संभव न था। बिट्टो की फौज के कुछ सिपाही आराम से वीडियो बनाने में जुटे थे। यह देखकर हीरो की हालत और खराब हो गई।उसने आखिरी हथियार फेंकने की कोशिश की । किनमिनाता हुआ बोला ,"याद रखना बिट्टो , मैं तुम्हे छोडूंगा नहीं। तुम जानती हो ना, मैं क्या कर सकता हूं।" अपनी जान में तो उसने बहुत बड़ी धमकी दी थी, बिट्टो को डर जाना चाहिए था।पर पता नहीं क्यों, वह नहीं डरी उल्टे इस बात को सुनते ही उस में मरखनी गाय की आत्मा प्रवेश कर गई।उसने अपने हाथों को सींग जैसा बनाया और उनसे हीरो को धकिया दिया। वह जमीन पर गिर गया । उसके बाद बिट्टो  ने  लात घूंसो से उसकी सेवा की। इस सेवा से थक जाने  के बाद गरजकर बोली," सुन बे हीरो, तू क्या करेगा।पता नहीं ।पर ये जो तेरी पिटाई के वीडियो बन रहे हैं।इनका अचार ना पड़ेगा । इनकी एक कॉपी जाएगी तेरी बीवी को ,तेरे घरवालों को और एक जाएगी तेरे ससुराल वालों को । बाकी की कॉपी कॉलेज के स्टूडेंट्स में सर्कुलेट होंगी। सब को मालूम पड़ना चाहिए ना कि तू शादी शुदा होकर लड़कियों की ज़िन्दगी तबाह कर रहा है । " यह सुनते ही हीरो पर माफी मांगने का दौरा पड़ गया। वह रिरियाते हुए बोला," बिट्टो मुझे माफ़ कर दे। वीडियो कहीं मत भेजियो ,वरना मैं बर्बाद हो जाऊंगा।"कहकर वह बिट्टो के पैर पकड़ने लगा। इसके जवाब में बिट्टो रानी ने कसकर एक लात हीरो को जमा दी ।हीरो की नाक जमीन से माफी मांगने लगी।यह पवित्र दृश्य देखकर बिट्टो की आत्मा प्रसन्न हो गई। वह आगे बढ़ गई।उसके जाने के बाद  सेना ने अपने- अपने हिस्से की पिटाई पूरी की। यह काम हीरो के बेहोश हो जाने तक चलता रहा।इसके बाद सेना ने अपने ठिकानों की तरफ कूच कर दिया ।

आगे की कहानी में  बस इतना जुड़ा कि हीरो ने पहले तो अपनी मरहम पट्टी कराई । उसके बाद वह अपने गांव सिधार गया।  फिर वह उस कॉलेज में तो क्या शहर में भी नजर नहीं आया।

और अब सुनो बिट्टो  रानी की।

  कालांतर में   बिट्टो रानी को  राजकुमार नाम के आढ़ती लाला  से विवाह  करके लालाइन बनने का   सौभाग्य मिला। कुछ वर्षों के बाद उसने लाला के  पांच बच्चों की अम्मा बनने का गौरव भी प्राप्त  किया।अब वह बड़े नियम धर्म से  करवा चौथ का व्रत रखती है और टीवी - फिल्मों में प्यार करने वाले लड़के लड़कियों को देख कर उन पर खूब लानत बरसाती है।


भगवान,  तुमने जैसे बिट्टो रानी के दिन फेरे,ऐसे सबके फेरियो। 


मोब :9311660057

बुधवार, 15 सितंबर 2021

साथ का सुख साथ साथ

प्रस्तुति - सिन्हा आत्म स्वरूप


,,बहू अपनी मां से कहती है,. क्या बताऊँ मम्मी, आजकल तो ,बासी कढ़ी में भी उबाल आया हुआ है| जबसे पापा जी रिटायर हुए है , दोनों लोग फिल्मी हीरो हीरोइन की तरह दिन भर अपने बगीचे में ही झूले पर विराजमान रहते हैं| न अपने बालों की सफेदी का लिहाज है और ना ही बहू-- बेटे का इस उम्र में लिहाज | दोनों मेरी और नवीन की बराबरी कर रहे हैं| ठीक है मां मैं आपसे बाद में बात करती हूं शायद सासुमा आ रही हैं।"

सासु मां ने बहू की बातें कमरे के बाहर सुन ली थी, पर नज़रअंदाज़ करते हुए खामोशी से चाय बहू सोनम को दे दी|

सासू मां बहू सोनम को चाय देने के पश्चात पति देव अशोक जी के लिए चाय ले जाने लगी, ऐसा देखकर बहू सोनम के चेहरे पर व्यंगात्मक मुस्कान तैर गयी| पर सासू मां, समझदारी दिखाते हुए बहू की इस नाजायज हरकत को नज़र अंदाज़ करते हुए सिर झुकाए वहां से निकल गईं|

पति के रिटायर होने के बाद कुछ दिन से उनकी यही दिनचर्या हो गयी थी| आजकल सासुमा प्रभा जी अपने पति देव अशोक जी को उनकी इच्छानुसार अच्छे से तैयार होकर अपने घर के सबसे खूबसूरत हिस्से में अपने पति देव के साथ झूले में बैठ कर उनको कंपनी देती थी। यह झूला मकान की एक खाली जगह में लगा हुआ था। जिसके चारों तरफ बगीचा था। प्रभाजी ने सारी उम्र तो उनकी बच्चों के लिए लगा दी थी|

पाण्डेय विला...दोमंजिला कोठीनुमा घर अशोक और प्रभा का जीवन भर का सपना था, जो उन्होंने बड़ी मेहनत से साकार किया था। घर का बगीचा 20 by 20 गज़ की कच्ची जगह में था। यह वास्तव में प्रभा के सपनोँ का बगीचा| यंहा तरह तरह की बेले, कई प्रकार के पौधे, हरसिंगार का घनेरा पेड़, और एक छोटा सा टैंक था जिसमें कमल के फूल खिले रहै थे| जाड़े में तो रँग बिरंगे फूल डहेलिया, गुलाब, पैंजी और तमाम किचन गार्डन की सब्जियां चार चाँद लगा देतीं थी।

बगीचे में धनिया, पोदीना मेंथी की बहार रहती| तरह तरह के फूलों की खुशबू से पूरा घर और अशोक बाबू और पत्नी प्रभा सकारात्मक ऊर्जा से हमेशा सराबोर रहते थे। ऐसे मनमोहक वातावरण में वहां पर लगा झूला मन को असीम शांति प्रदान करता। यहां का वातावरण इतना सुखद में और शांति मय था कि कोई भी यहां पर बैठता तो उसकी उठने की इच्छा ही नहीं होती थी| जाड़ों में वहीँ तसले में आग जलती और भुने आलू,शकरकन्द के मज़े लिये जाते थे। और बरसात में सुलगते कोयलों पर सिंकते भुट्टे का आनंद लिया जाता था।

पहले वह और अशोक इस मनमोहक जगह में कम समय के लिए ही बैठ पाते थे। प्रभा अनमनी होतीं तो अशोक बड़े ज़िंदादिल शब्दों में कहते, "पार्टनर रिटायरमेंट के बाद दोनों इसी झूले पर साथ बैठेंगे और खाना भी साथ में ही खायेंगे| आपकी हर शिकायत हम दूर कर देँगे| फ़िलहाल हमें बच्चों के लिये जीना है| बच्चों के कैरियर पर बहुत कुछ बलिदान करना पड़ा, खेर अब बेटा अच्छी नौकरी में था और बेटी भी अपने घर की हो चुकी थी |

रिटायरमेंट के बाद घर में थोड़ी रौनक रहने लगी थी, अशोक जी को भी घर में रहना अच्छा लग रहा था| पहले तो बड़े पद पर थे तो कभी उनके कदम घर में टिकते ही नहीँ थे| गाँव से आकर शहर में बसेरा बनाना आसान न था, लेकिन किसी तरह चार सौ गज़ ज़मीन कर ली| सहधर्मिणी प्रभा जी भी सहयोगी महिला थीं तो मन्ज़िल और आसान हो गयी| अब दोनों पति पत्नी आराम के पलों को सँजो लेना चाहते थे

लेकिन उनकी बहू सोनम अपने पति नवीन को उसके माता पिता के लिये ताने देने का कोई मौका न छोड़ती|

उसने उस कोने के बागीचे से छुटकारा पाने के लिये नवीन को एक रास्ता सुझाते हुए कहा,"क्योँ न हम बड़ी कार खरीद लें...नवीन"| "आईडिया तो अच्छा है पर रखेंगे कहाँ एक कार रखने की ही तो जगह है घर में",नवीन थोड़ा चिंतित स्वर में बोला|

"जगह तो है न, वो गार्डन तुम्हारा..जहाँ आजकल दोनों लव बर्ड्स बैठते हैं।" सोनम व्यागतमक स्वर में बोली|

"थोड़ा तमीज़ से बात करो," नवीन क्रोध से बोला। लेकिन फिर भी सोनम ने अपने पति को पापा जी से बात करने का मन बना लिया।

अगले दिन नवीन कुछ कार की तस्वीरों के साथ शाम को अपने पिता के पास गया और बोला, " पापा !मैं और सोनम एक बड़ी गाड़ी खरीदना चाहते हैं "

"पर बेटा एक बड़ी गाड़ी तो घर में पहले ही है, फिर उस नई गाड़ी की रखेंगे भी कहाँ?" अशोक जी ने प्रश्न किया| "ये जो बगीचा है यहीँ गैराज बनवा लेंगे वैसे भी सोनम से तो इसकी देखभाल होने से रही और मम्मी कब तक देखभाल करेंगी? इन पेड़ों को कटवाना ही ठीक रहेगा| वैसे भी ये सब जड़े मज़बूत कर घर की दीवारें कमज़ोर कर रहें है|"

यह सुनकर प्रभा तो वहीँ कुर्सी पर सीना पकड़ कर बैठ गईं, अशोक जी ने क्रोध को काबू में करते हुए कहा, मुझे तुम्हारी माँ से भी बात करके थोड़ा सोचने का मौका दो| क्या पापा... मम्मी से क्या पूछना ..वैसे भी इस जगह का इस्तेमाल भी क्या है नवीन थोड़ा चिड़चिड़ा कर बोला| "आप दोनों दिन भर इस जगह बगैर कुछ सोचे समझे,चार लोगों का लिहाज किये बग़ैर साथ में बैठे रहते हैं| अब आप दोनों कोई बच्चे तो नहीं हो | लेकिन आप दोनों ने दिन भर झूले पर साथ बैठे रहने का रिवाज बना लिया है और ये भी नहीँ सोचते कि चार लोग क्या कहेंगे| इस उम्र में मम्मी के साथ बैठने की बजाय आप अपनी उम्र के लोगों में उठा बैठी करेंगे तो वो ज़्यादा अच्छा लगेगा न कि ये सब।" और वह दनदनाते हुए अंदर चला गया| अंदर सोनम की बड़बड़ाहट भी ज़ारी थी।

अशोक जी कड़वी सच्चाई का एहसास कर रहे थे। आज के पहले जब कभी पत्नी ने अपने मन की कही तो उन्होंने उन्हें ही सामन्जस्य बिठाने की सीख दी| पर आज की बात से तो उनके साथ प्रभा जी भी सन्न रह गईं, अपने बेटे के मुँह से ऐसी बातें सुनकर दोनों को दिल भर आया था और टूट भी चुका था। रिटायरमेंट को अभी कुछ ही समय हुआ जो थोड़ा सकून से गुजरा था। पहले की ज़िन्दगी तो भागमभाग में ही निकल गयी थी, बच्चों के लिए सुख साधन जुटाने में|

नवीन और सोनम ने उस शाम खाना बाहर से ऑर्डर कर दिया पर प्रभा से न खाना खाया गया और न उन्हें नींद आयी| नींद तो अशोक को भी नहीँ आ रही थी और वो प्रभा की मनोस्थिति भी समझ रहे थे | अशोक जी आज पूरी रात ऊहापोह में लगे रहे, कुछ सोचते रहे, कुछ समझते रहे और कुछ योजना बनाते रहे । लेकिन सुबह जब वे उठे तब बड़े शांत और प्रसन्न थे।

वे रसोई में गये और खुद चाय बनाई | कमरे में आकर पहला कप प्रभा को उठा कर पकड़ाया और दूसरा खुद पीने लगे| आपने क्या सोचा?प्रभा ने रोआंसे लहज़े में पूछा| मैं सब ठीक कर दूँगा बस तुम धीरज रखो,अशोक बोले| पर हद से ज़्यादा निराश प्रभा उस दिन पौधों में पानी देने भी न निकलीं,और न ही किसी से कोई बात की|

दिन भर सब सामान्य रहा,लेकिन शाम को अपने घर के बाहर To Let का बोर्ड टँगा देख नवीन ने भौंचक्के स्वर में अशोक से प्रश्न किया,"पापा माना कि घर बड़ा है पर ये To Let का बोर्ड किसलिए"? " अगले महीने मेरे स्टाफ के मिस्टर गुप्ता रिटायर हो रहें है,तो वो इसी घर में रहेँगे", उन्होंने शान्ति पूर्ण तरीके से उत्तर दिया| हैरान नवीन बोला, "पर कहाँ?" "तुम्हारे पोर्शन में",अशोक जी ने सामान्य स्वर में उत्तर दिया| नवीन का स्वर अब हकलाने लगा था,"और हम लोग " "तुम्हे इस लायक बना दिया है दो तीन महीने में कोई फ्लैट देख लेना या कम्पनी के फ्लैट में रह लेना,अपनी उम्र के लोगों के साथ | "अशोक एक- एक शब्द चबाते हुए बोल रहे थे| हम दोनों भी अपनी उम्र के लोगों में उठे बैठेंगे। तुम्हारी माँ की सारी उम्र सबका लिहाज़ करने में निकल गयी| कभी बुजुर्ग तो कभी बच्चे| अब लिहाज़ की सीख तुम सबसे लेना बाकी रह गया थी| "पापा मेरा वो मतलब नहीँ था",नवीन सिर झुकाकर बोला|

नही बेटा तुम्हारी पीढ़ी ने हमें भी प्रैक्टिकल बनने का सबक दे दिया, जब हम तुम दोनों को साथ देखकर खुश हो सकते है तो तुम लोगों को हम लोगों से दिक्कत क्योँ है| "? इस मकान को घर तुम्हारी माँ ने बनाया, ये पेड़ और इनके फूल तुम्हारे लिए माँगी गयी न जाने कितनी मनौतियों के साक्षी हैं, तो यह अनोखा कोना छीनने का अधिकार में किसी को भी नहीं दूँगा| पापा आप तो सीरियस हो गये, नवीन के स्वर अब नम्र हो चले थे| न बेटा... तुम्हारी मां ने जाने कितने कष्ट सहकर, कितने त्याग कर के मेरा साथ दिया आज इसी के सहयोग से मेरे सिर पर कोई कर्ज़ नहीँ है| इसलिये सिर्फ ये कोना ही नहीं पूरा घर तुम्हारी माँ का ऋणी है| । घर तुम दोनों से पहले उसका है, क्योंकि जीभ पहले आती है, न कि दाँत| जब मंदिर में ईश्वर जोड़े में अच्छा लगता है तो मां बाप साथ में बुरे क्योँ लगते हैं? ज़िन्दगी हमें भी तो एक ही बार मिली है| इसलिए हम इसे अपने हिसाब से एंजॉय करना चाहते हैं,,,

मंगलवार, 14 सितंबर 2021

मुस्कुराती रहें हिंदी / अरविंद अकेला

 कविता  / 🙏🏼मुस्कुराती रहे मेरी हिन्दी ,फैले धरती आसमान

------------------------------

आज दिवस है जन गण मन की हिन्दी का,

मिलकर बढ़ायें हम सब हिन्दी का मान,

मुस्कुराती रहे मेरी हिन्दी,फैले धरती आसमान 

बढ़े गरिमा हिन्दी की,मिले नयी पहचान

   मुस्कुराती रहे मेरी हिन्दी...।


सुर, तुलसी, कबीर, खुसरो की यह भाषा,

रहीम, रसखान, जायसी की यह आशा,

लाल, बाल, पाल ने डाली इसमें जान,

हिन्दी से हो पूरे जगत का कल्याण।

      मुस्कुराती रहे मेरी हिन्दी ...।


गाँधी,राजेन्द्र,पटेल,रेणु ने सींचा इसको,

विवेकानंद,अटल,रफी ने फुंके इसमें प्राण,

महादेवी,शिवपूजन,निराला ने दी आहुति,

दिनकर,पंत, नेपाली,लता ने बढ़ाई शान।

     मुस्कुराती रहे मेरी हिन्दी...।


अज्ञेय,दुष्यंत,वर्मा ने हिन्दी की दी ऊँचाई

नागार्जुन,शुक्ल ने हिन्दी में दिया योगदान,

भारतेंदु,इंशा,काम ने किया अपना जीवन कुर्बान,

आनंद,हसरत,समीर हिन्दी गीत से बने महान।

    मुस्कुराती रहे मेरी हिन्दी...।


प्रेमचंद, द्विवेदी, बेनीपुरी का इसमें आन,

नीरज, प्रदीप, गुलजार ने किया सम्मान,

मीरा,सरोजिनी ने की हिन्दी साहित्य की सेवा,

कवि"अकेला"को है हिन्दी पर स्वाभिमान।

     मुस्कुराती रहे मेरी...।

      -------000-----

           अरविन्द अकेला

एक औरत / ( मुझे अच्छा नही लगता") *रुपाली टंडन

 एक औरत ?  / रुपाली टंडन 

--------------l


प्रस्तुति -  शैलेन्द्र किशोर



*शादीशुदा महिलाओ को कुछ बाते अच्छी नहीं लगती,  पर वे किसी से कहती नहीं ,उन्ही एहसासों को इकट्ठा करके एक कविता लिखी है।*

  

💐 *" मुझे अच्छा नही लगता"*   💐

 

*मैं रोज़ खाना पकाती हूं,*

*तुम्हे बहुत प्यार से खिलाती हूं,*

*पर तुम्हारे जूठे बर्तन उठाना*

*मुझे अच्छा नही लगता।* 😢


*कई वर्षो से हम तुम साथ रहते है, लाज़िम है कि कुछ मतभेद तो होगे,*

*पर तुम्हारा बच्चों के सामने चिल्लाना मुझे अच्छा नही लगता।* 😢


*हम दोनों को ही जब किसी फंक्शन मे जाना हो,*

*तुम्हारा पहले कार मे बैठ कर यू हार्न बजाना*

*मुझे अच्छा नही लगता।* 😢


*माना कि अब बच्चे हमारे कहने में नहीं है,*

*पर उनके बिगड़ने का सारा* *इल्ज़ाम मुझ पर लगाना*

*मुझे अच्छा नही लगता।*😢


*पूरा वर्ष तुम्हारे साथ ही तो रहती हूँ,*

*पर तुम्हारा यह कहना कि,*

*ज़रा मायके से जल्दी लौट* *आना*

*मुझे अच्छा नही लगता।*😢


*तुम्हारी माँ के साथ तो*

*मैने इक उम्र गुजार दी,*

*मेरी माँ से दो बातें करते*

*तुम्हारा हिचकिचाना*

*मुझे अच्छा नहीं लगता।* 😢


*यह घर तेरा भी है हमदम,*

*यह घर मेरा भी है हमदम,*

*पर घर के बाहर सिर्फ*

*तुम्हारा नाम लिखवाना*

*मुझे अच्छा नही लगता।*😢


*मै चुप हूँ कि मेरा मन उदास है,*

*पर मेरी खामोशी को तुम्हारा,*

*यू नज़र अंदाज कर जाना*

*मुझे अच्छा नही लगता।* 😢


*पूरा जीवन तो मैने ससुराल में गुज़ारा है,*

*फिर मायके से मेरा कफन मंगवाना*

*मुझे अच्छा नहीं लगता।*😢


‌■एक औरत होना भी कहा आसान है साहब बस उसे थोडा प्यार चाहिये और सम्मान । उससेज्यादा कुछ भी नही  "🙏#Respect_women 🙏

यूं हवाओं को बदनाम न कर / सुनील सक्सेना

✌🏼✌🏼  वे पैदाइशी शायर हैं । उनके खानदान में उनसे पहले न कोई शायर हुआ न कोई अफसाना निगार  । यानी नेपोटिज्‍म वाला कोई चक्‍कर नहीं है । वे जन्‍म के समय जब  रोए थे,  तो उनका रूदन  शायराना अंदाज में हुआ था । उनके रोने का लहजा ऐसा मानो  किसी गजल को तरन्‍नुम में पढ़ रहे हों ।  वे जितने जोर से रोते घरवाले उन्‍हें चुप करने के लिए उतनी ही जोर से तालियां बजाते ।  उन्‍हें लगता कि उनका  शेर  मुक्‍कमल हो गया । वे रोना बंद कर देते थे । उनकी इस जन्‍मजात प्रतिभा को देखते हुए घरवालों ने उनका  नाम ही “शायर” रख दिया । शायर नाम होने का फायदा ये हुआ कि वे शायरी करें या न करें, पर वे  शायर हैं । 


        उम्र के साथ उनकी मकबुलियत बढ़ने लगी । शोहरत की ये फितरत होती है कि वो फनकार से अपनी कीमत वसूलती है । कुछ झण्‍डाबरदार हिंदी- उर्दू को लेकर मैदान में उतर गये । भाषाएं जहर बुझे तीरों की तरह मारक होती हैं । सीधे दिल पर चोट करती हैं । जुबानों की नूराकुश्‍ती में सियासतदानों को गहरी दिलचस्‍पी होती है । जब मजहब और कौम के मसाइल ठंडे पड़ जाते हैं तब भाषा की चिंगारी से शोले भड़काकर हाथ सेंके जाते हैं ।  सो जनाब शायर को अपने वतन के प्रति निष्‍ठा, देशभक्ति साबित करने के लिए शायरी के साथ-साथ कविता में भी हाथ आजमाना पड़ा । चुनांचे वे कवि भी हो गये ।


        आज शायर साहब कुछ उदास दिखे  । न… न… इसलिए नहीं कि शेर के काफिये नहीं मिल रहे हैं, या कविता का विषय नहीं सूझ रहा है,  या बिम्‍ब नहीं रच पा रहे हैं, या छंद नहीं बन रहा है, या तुकबंदी नहीं जम रही है, या अकविता टाइप की रचना नहीं रच पा रहे हैं, या वे कई दिनों से कहीं छप नहीं रहे हैं,  काव्‍य गोष्‍ठी नहीं हो रही है, कवि सम्‍मेलन और मुशायरे बंद हैं,  ऐसी कोई वजह नहीं है । शायर साहब की उदासी का सबब ये है कि कोरोना की तीसरी लहर में अब “हवाओं” को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है ।


        हवाओं पर ये तोहमत लगाई जा रही है कि “कोरोना वायरस” हवाओं का  हमसफर है । वो हवाओं के साथ रहता है, उठता है, बैठता चलता है, मरता नहीं, वो जावेद है, अमर है । हवाएं जिधर का रूख अख्तियार कर लें, कोरोना वायरस उसी ओर चल देता है । इसलिए हवाओं से बचें । घर में परदानशीं बनकर रहें ।


        अब ये भी खूब रही कि निजाम अपनी नाकामयाबियों  का इल्‍जाम हवाओं पर लगा दे ।  ये वही हवाएं है जब लहर बनकर चलती हैं तो सत्‍ता पलट देती हैं । ये वो हवाएं हैं जिसने माशुका की जुल्‍फें लहराई तो काली घटा छा गई । ये वही हवाएं हैं जिसने महबूबा का आंचल जरा सा  ढलका दिया और कयामत आ गई । ये वही हवा है जिसने प्रेयसी के संगेमरमर बदन को छुआ और चमन में बहार आगई ।  जनाब शायर ये सब सोचकर व्‍यथित हैं ।


        शायर साहब की शरीक-ए-हयात ने पूछा – “ये क्‍या रोनी सूरत बना रखी है जनाब ने ? मिजाज तो ठीक हैं ?”


        वे बोले – “बस पूछो मत बेगम,  अब तो हद हो गई..”  


        “आपने हद अभी देखी ही कहां हैं मियां । हद की कोई हद नहीं होती जनाबे आली । एक हद पार होती है, तो नई हद बन जाती है..” बेगम ने हद को परिभाषित करते हुए शायर साहब को काढ़े का गिलास थमा दिया ।     


        “बेगम ! ये कैसा निजाम है..? उन्‍होंने फरमाया घर में रहो । हम रहने लगे । दो गज की दूरी रखो, हमने रख ली । अब हवाओं पर इल्‍जाम ? कल कोई दानिशमंद खोज कर लेगा कि कोरोना देखने से फैलता है, तो आंख पर पट्टी बांध लो । कोई साइंसदां रिसर्च में ये बतायेगा कि कोरोना सुनने से फैलता है,  कान में रूई डालकर रखो । सुनना बंद कर दो । मतलब न बोलो, न सुनो, न देखो । जो हो रहा है, उसे बस सहते रहो । खामोश रहो । तमाशबीन बनकर अपनी तबाही का मंजर देखते रहो । ये कहां का इंसाफ है बेगम ?” जनाब शायर का गला दर्द से भर गया ।


        “मियां ये सियासत है । आप भी कहां दीवारों से अपना सर फोड़ रहे हैं । चलिए उठिये । भूल गये आज आपको फेसबुक पर “लाइव” गजल पढ़नी है ।” बेगम ने लेपटॉप ऑन किया । शायर साहब लाइव हो गये इस शेर के साथ “न लगा अपनी हार का इल्‍जाम मेरे सिर पर, अभी बाकी है उसका फैसला  इसी सरजमीं पर”


---000---

रविवार, 12 सितंबर 2021

सबक

 *आज का प्रेरक प्रसङ्ग*

प्रस्तुति - कृष्ण मेहता 

मदद का जज्बा : सीख सुहानी

--------------------------------------------


मैं ऑफिस बस से ही आती जाती हूँ। ये मेरी दिनचर्या का हिस्‍सा है। उस दिन भी बस काफी देर से आई, लगभग आधे-पौने घंटे बाद। खड़े-खड़े पैर दुखने लगे थे। पर चलो शुक्र था कि बस मिल गई। देर से आने के कारण भी और पहले से ही बस काफी भरी हुई थी। बस में चढ़कर मैंने चारों तरु नजर दौड़ाई पाया कि सभी सीटें भर चुकी थी। उम्‍मीद की कोई किरण नजर नहीं आई। तभी एक मजदूरन ने मुझे आवाज लगाकर अपनी सीट देते हुए कहा ‘मेडम आप यहां बैठ जाइए’। मैंने उसे धन्‍यवाद देते हुए उस सीट पर बैठकर राहत की सांस ली। 


वो महिला मेरे साथ बस स्‍टॉप पर खड़ी थी तब मैंने उस पर ध्‍यान नहीं दिया था। कुछ देर बाद मेरे पास वाली सीट खाली हुई, तो मैंने उसे बैठने का इशारा किया। तब उसने एक महिला को उस सीट पर बिठा दिया जिसकी गोद में एक छोटा बच्‍चा था वो मजदूरन भीड़ की धक्‍का-मुक्‍की सहते हुए एक पोल को पकड़कर खड़ी थी। थोड़ी देर बाद बच्‍चे वाली औरत अपने गन्‍तव्‍य पर उतर गई। इस बार वही सीट एक बुजुर्ग को दे दी, जो लम्‍बे समय से बस में खड़े थे।


मुझे आश्‍चर्य हुआ कि हम दिन-रात बस की सीट के लिए लड़ते हैं और ये सीट मिलती है और दूसरे को दे देती है। कुछ देर बाद वो बुजुर्ग भी अपने स्‍टॉप पर उजर गए, तब वो सीट पर बैठी। मुझसे रहा नहीं गया, तो उससे पूछ बैठी, ‘तुम्‍हें तो सीट मिल गई थी एक या दो बार नहीं, बल्कि तीन बार, फिर भी तुमने सीट क्‍यों छोड़ी? तुम दिन भर ईंट-गारा ढोती हो, आराम की जरूरत तो तुम्‍हें भी होगी, फिर क्‍यों नहीं बैठी ?’ मेरी इस बात का जो जवाब उसने दिया उसकी उम्‍मीद मैंने कभी नहीं की थी। उसने कहा ‘मैं भी थकती हूँ। आप से पहले स्‍टॉप पर खड़ी थी, मेरे भी पैरों में दर्द होने लगा था। 


जब मैं बस में चढ़ी थी तब यही सीट खाली थी। मैंने देखा आपके पैरों में तकलीफ होने के कारण आप धीरे-धीरे बस में चढ़ी। ऐसे में आप कैसे खड़ी रहतीं इसलिए मैंने अपको सीट दी। उस बच्‍चे वाली महिला को सीट इसलिए दी उसकी गोद में छोटा बच्‍चा था जो बहुत देर से रो रहा था। उसने सीट पर बैठते ही सुकून महसूस किया। बुजुर्ग के खड़े रहते मैं कैसे बैठती, सो उन्‍हें दे दी। मैंने उन्‍हें सीट देकर ढेरो आशीर्वाद पाए। कुछ देर का सफर है मैडम जी, सीट के लिए क्‍या लड़ना। वैसे भी सीट को बस में ही छोड़ कर जाना है, घर तो नहीं ले जाना ना। 


मैं ठहरी ईंट-गारा ढोने वाली, मेरे पास क्‍या है, न दान करने लायक धन है, कोई पुण्‍य कमाने लायक करने के लिए। रास्‍ते से कचरा हटा देती हूँ, रास्‍ते के पत्‍थर बटोर देती हूँ, कभी कोई पौधा लगा देती हूँ। यहां बस में अपनी सीट दे देती हूँ। यही है मेरे पास, यही करना मुझे आता है।’ वो तो मुस्‍करा कर चली गई पर मुझे आत्‍ममंथन करने को मजबूर कर गई। मुझे उसकी बातों से एक सीख मिली कि हम बड़ा कुछ नहीं कर सकते तो समाज में एक छोटा सा, नगण्‍य दिखने वाला कार्य तो कर ही सकते हैं। मुझे लगा ये मजदूर महिला उन लोगों के लिए सबह है जो अपना रूतबा दिखाने, अपनी प्रतिष्‍ठा का प्रदर्शन करने और आयकर बचाने के लिए अपनी काली कमाई को दान के नाम पर खपाते हैं, या फिर वो लोग जिनके पास पर्याप्‍त पैसा होते हुए भी ग़रीबी का रोना रोते हैं। 


हम समाज सेवा के नाम पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं परन्‍तु इन छोटी-छोटी बातों पर कभी ध्‍यान नहीं देते। मैंने मन ही मन उस महिला को नमन किया तथा उससे सीख ली यदि हमें समाज के लिए कुछ करना हो, तो वो दिखावे के लिए न किया जाए बल्कि खुद की संतुष्टि के लिए हो।

कूट नीति

 *कूटने से बढ़ती है -इम्युनिटी पॉवर*                 *दादा जी से पूछा*     *कि पहले लोग बहुत कम*           *बीमार  होते थे ?*            *तो...