देव औरंगाबाद बिहार 824202 साहित्य कला संस्कृति के रूप में विलक्ष्ण इलाका है. देव स्टेट के राजा जगन्नाथ प्रसाद सिंह किंकर अपने जमाने में मूक सिनेमा तक बनाए। ढेरों नाटकों का लेखन अभिनय औऱ मंचन तक किया. इनको बिहार में हिंदी सिनेमा के जनक की तरह देखा गया. कामता प्रसाद सिंह काम और इनकi पुत्र दिवंगत शंकर दयाल सिंह के रचनात्मक प्रतिभा की गूंज दुनिया भर में है। प्रदीप कुमार रौशन और बिनोद कुमार गौहर की भी इलाके में काफी धूम रही है.। देव धरती के इन कलम के राजकुमारों की याद में .समर्पित हैं ब्लॉग.
रविवार, 9 अक्टूबर 2022
शनिवार, 8 अक्टूबर 2022
भाषा की भूमिका
#हिन्दीदिवस
भाषा की भूमिका
गणेशशंकर विद्यार्थी ने कभी कहा था कि अगर मेरा देश ग़ुलाम हो रहा हो और मेरी भाषा भी दूषित हो रही हो तो, मैं पहले अपनी भाषा को बचाऊंगा क्योंकि भाषा बची रहेगी तो देश को आज़ाद कराया जा सकता है, लेकिन भाषा दूषित हो गई तो देश को ग़ुलाम होने से कोई रोक नहीं सकता। इस कथन से भाषा के महत्व पर कुछ प्रकाश पड़ता है। हममें से ज़्यादातर लोग भाषा को अभिव्यक्ति के माध्यम से अधिक कुछ नहीं समझते। जैसे ट्रेन या बस यात्रा के माध्यम हैं, वैसे ही भाषा अभिव्यक्ति का माध्यम है। हमने जो अनुभव किया उसे भाषा में व्यक्त कर दिया। अगर वह ठीक ठाक से श्रोता अथवा पाठक तक पहुँच गया तो इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि भाषा का प्रयोग कैसे हुआ।कहने सुनने में यह बात चाहे जितनी अजीब लगती हो लेकिन व्यवहार में हम भाषा के साथ इसी तरह पेश आते हैं।
दरअसल, भाषा को इतना महत्व इसलिए दिया जाता है कि यह अभिव्यक्ति के साथ साथ अनुभूति का भी माध्यम है। भाषा का हर शब्द अपने अंदर किसी विशिष्ट अनुभव की स्मृति को धारण करता है। उस शब्द से परिचित होने का अर्थ है उसमें छुपी विशिष्ट अनुभूति से, उससे जुड़े तमाम विचारों से परिचित होना। इनसे परिचित होकर ही हम इनसे जुड़ी हुई या इनके बाद आने वाली धारणाओं की तरफ़ क़दम बढ़ाते हैं। उदाहरण के लिए दुःख, शोक, अवसाद, विषाद, पीड़ा, कष्ट, वेदना, यातना, यंत्रणा आदि एक ही वर्ग की भावनाओं को व्यक्त करने वाले शब्द हैं, लेकिन इनकी छायाएं अलग अलग हैं। जो व्यक्ति इन शब्दों को समझता है, वह अपने जीवन में इन शब्दों से जुड़ी भावनाओं को पहचान लेगा। अगर ऐसा नहीं है तो उसे इन भावनाओं में से किसी का सामना होने पर दुखद तो महसूस होगा लेकिन वह ठीक ठीक अपनी भावना को पहचान न सकेगा।
जीवन के सीमित कार्यव्यापार में संलग्न रहने वाले किसी व्यक्ति के मन में भी अनेक प्रकार की भावतरंगें उठती हैं, लेकिन कोई भाषा संपन्न व्यक्ति जैसे उन्हें अलग अलग पहचान सकता है, वैसा वह नहीं कर पाता, क्योंकि उसका काम सीमित शब्दावली से चल जाता है। उसकी शब्दसंपदा उसकी अनुभूतिक्षमता को निर्धारित करती है। किसी वस्तु को पहचानने का मतलब है उसके बारे में एक अवधारणा ग्रहण करना और उसके सहारे उस वस्तु का वर्गीकरण करना। गुड़, चीनी, बूरा, खाँड़, मिश्री जैसे शब्दों के साथ इनके अलग अलग स्वाद की अवधारणा भी हमारे दिमाग़ में सुरक्षित रहती है। अगर कोई व्यक्ति इन अवधारणाओं से परिचित नहीं है तो इन चीज़ों को आकस्मिक रूप से खाने के बावजूद वह अलग अलग इनके स्वाद की विशेषता को पहचान नहीं सकेगा। आकस्मिकता की शर्त इसलिए कि अगर वह व्यक्ति अक्सर इन चीज़ों को खाता है तो वह इनके नाम से परिचित न होने के बावजूद अपने दिमाग़ में इनके स्वाद के अनुसार इनका वर्गीकरण करना और किसी न किसी रूप में इन्हें संबोधित करना सीख जायेगा। इस प्रकार वह आवश्यक भाषा अर्जित कर लेगा। इसके बाद वह इनकी बारीकियों पर और ध्यान देकर अपनी अनुभूति क्षमता का विकास करने में सफल हो सकेगा। इसी अर्थ में भाषा अनुभूति का माध्यम होती है। वह हमारे अनुभवों की स्मृति को संरक्षित और वर्गीकृत करती है। उसके सहारे ही हम अनुभूतियों की यात्रा पर निकल पाते हैं।
भाषा से वंचित होने का अर्थ है अनुभूति के सूक्ष्म विभेदों से अपरिचित रह जाना और इस प्रकार मनुष्योचित गरिमा और संवेदना से युक्त जीवन की संभावना का न्यूनतम रह जाना। ख़ास तौर पर हमारे देश में जहाँ विशाल आबादी निरक्षर है, और जो पढ़े लिखे हैं वे भी भाषा की शक्ति के प्रति सचेत नहीं हैं, यह मुद्दा निर्णायक हो जाता है। भूमंडलीकरण के युग में देश दुनिया के बड़े बड़े कारपोरेट निगम और कंपनियां हमारे जल, जंगल,और ज़मीन पर गिद्धदृष्टि लगाये बैठी हैं। किसानों, दलितों और आदिवासियों को उनकी ज़मीनों से बेदख़ल करके दर दर भटकने पर मजबूर किया जा रहा है। लोगों को जानवरों की तरह हाँका लगाकर खदेड़ने की तैयारी है। समृद्धि और सम्पन्नता के द्वीपों के इर्द गिर्द उगे बाड़ों में उन्हें संगीनों के बल पर क़ैद करके देश की धरती, पहाड़, जंगल,और नदियों का सौदा किया जाने वाला है। ऐसे में भाषा वह अकेला हथियार है जिसके बल पर लोग न्याय की अपनी मानवीय चाहत को बचा पाएंगे और उसके लिए लड़कर सत्ता के इस शिकंजे को तोड़ पाएंगे। इस पृष्ठभूमि में हम अच्छी तरह समझ सकते हैं कि भाषा का मुद्दा कितना अहम है और गणेशशंकर विद्यार्थी ने क्यों इसे देश को बचाने की पूर्वशर्त माना था।
यहाँ आकर हमारे सामने एक बात आईने की तरह साफ़ होनी चाहिए कि अगर हम देश, समाज, गरीब, दलित, आदिवासी, किसान, मज़दूर अथवा मध्यवर्ग के जीवन में कोई सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम करना चाहते हैं तो भाषा का सवाल हमारे एजेंडे में सबसे ऊपर होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं है तो हमारी सारी क़वायद निष्फल हो जायेगी और हम अंग्रेज़ीदां बुद्धिजीवियों के पिछलग्गू बनकर रह जायेंगे।
अब लाख टके का सवाल यह है कि भाषा में आये प्रदूषण को कैसे पहचानें और उसके ख़ात्मे के लिए शुरुआत कहाँ से करें। इसका जवाब पाने के लिए हमें भाषा की बुनियादी इकाई वाक्य की छानबीन करनी होगी। वाक्य के विभिन्न अंगों संज्ञा, सर्वनाम, क्रिया, विशेषण आदि पर नज़र डालते हैं तो एक दिलचस्प खींचतान दिखाई पड़ती है। कवि त्रिलोचन ने कहा था---
भाषा की लहरों में जीवन की हलचल है,
ध्वनि में क्रिया भरी है और क्रिया में बल है
ध्वनि से शब्द और भाषा का संकेत मिलता है। ध्वनिव्यवस्था के लिपिबद्ध संकेत को ही भाषा कहते हैं। ध्वनि कंपन से उत्पन्न होती है, यानी एक क्रिया जो ध्वनि-तरंगों को जन्म देती है। क्रिया में बल होने का और चाहे जो आशय हो, एक बात तो तय है कि बिना बल के क्रिया नहीं हो सकती और जहाँ सक्रियता है वहां निर्बलता नहीं रह सकती। यानि जहाँ क्रिया है वहां बल है। भाषा में क्रिया का वही स्थान है जो जीवन में क्रियाशीलता का है। भाषा की लहरों में जीवन की हलचल के होने का यही अभिप्राय है।
त्रिलोचन की ही एक दूसरी काव्यपंक्ति है--
"हिंदी की कविता उनकी कविता है
जिनकी सांसों को आराम नहीं था"।
मीर तक़ी मीर ने कहा था---
क्या जानूँ लोग कहते हैं किसको सुरूरे-क़ल्ब
आया नहीं ये लफ़्ज़ तो हिंदी ज़ुबाँ के बीच
सांसों को आराम न होने का अभिप्राय भी इसी अहर्निश क्रियाशीलता से संबद्ध है। हाँ, उसमें बेचैनी और जुड़ जाती है।इसी बात को मीर ख़ूबसूरती के साथ कहते हैं कि दिल का सुकून (सुरूरे-क़ल्ब) नामका शब्द तो हिंदी भाषा में आया ही नहीं। यह कथन वैसे ही है जैसे हम किसी के आत्मविश्वास की सुचना देते हुए कहते हैं कि असंभव शब्द उसके शब्दकोष में ही नहीं है। तात्पर्य यह कि हिंदी बोलने वालों ने दिल के सुकून का अनुभव ही नहीं किया। उनकी सांसों को आराम नहीं था। ज़ाहिर है, हिंदी समाज को परिभाषित करने वाली उनकी बुनियादी विशेषता क्रियाशीलता है।वही उसे अर्थ देती है।
यहाँ आते आते एक बात साफ़ हो जाती है कि जिस प्रकार जीवन की प्राथमिक और बुनियादी इकाई मनुष्य का सौंदर्य और उसकी सार्थकता क्रिया पर टिकी हुई है, उसी प्रकार भाषा की बुनियादी इकाई वाक्य का सौंदर्य क्रिया पर टिका हुआ है। लेकिन हमारे समाज में कर्म के अवमूल्यन की प्रवृत्ति और विचारधारा भी न केवल वजूद में है, बल्कि ख़ासी मज़बूत है। वर्तमान समय में यह कोई अपनी राह तो नहीं बना पाती, लेकिन कर्मण्यता के महत्व को लेकर भ्रम फैलाती रहती है। ऐसे ही एक विचारक रामस्वरूप चतुर्वेदी हैं। ये अपनी किताब "हिंदी गद्य:विन्यास और विकास"(लोकभारती,2002) में लिखते हैं, "वाक्य-विन्यास में सहज प्रवाह का एक साक्ष्य तब माना जा सकता है जबकि वाक्य में सबसे महत्वपूर्ण तत्व क्रिया का विलोप हो जाय, और वाक्य शेष अवयवों के संतुलन पर तना रहे"(पृष्ठ 18)। यहाँ क्रिया को सबसे महत्वपूर्ण तत्व बताने की "सावधानी" तो बरती गई है, लेकिन किसी अनूठे कारण से उसके विलोप को ही अच्छे वाक्य की शर्त बता दिया गया है। आगे चलकर विभूतिभूषण वंदोपाध्याय और प्रसाद की रचनाओं के हवाले से वे वाक्य में क्रियाहीनता को बाक़ायदा एक मूल्य की तरह प्रस्तावित करते हैं। इस वैचारिकी की प्रतिध्वनि हमारे समय के एक प्रमुख कथाकार-चिंतक दूधनाथ सिंह की पुस्तक "महादेवी"(राजकमल,2009) में देखने को मिलती है। वे लिखते है, "कभी-कभी मुझे लगता है कि सर्वनामों के बिना उत्कृष्ट कविता संभव ही नहीं है। संज्ञाएँ और अलंकृतियां, अव्यय और क्रियापद- ये सब तो काव्य-रण के पिछले मोर्चे के योद्धा हैं। असली युद्ध तो सर्वनाम ही लड़ते हैं।"(पृष्ठ 59) सर्वनामों के अमूर्तन के सहारे कविता कई बार सामान्यीकरण के अपने लक्ष्य की साधना करती है, व्यक्तिगत से सार्वजनीन की यात्रा करती है। लेकिन संज्ञा की बनिस्बत इसकी नामरूपहीनता व्यक्तित्वों के विलोप की संभावना भी अपने अंदर छिपाये रहती है। कहना अनावश्यक है कि व्यक्तित्वों का विखंडन, पतन और अंततः उनका विघटन हमारे समय और समाज की प्रमुख विडंबनाओं में से एक है। इसलिए सर्वनाम की उपयोगिता को स्वीकार करते हुए भी उसे वाक्य का सबसे प्रमुख अंग नहीं माना जा सकता। आगे चलकर लेखक की रणनीति तब और स्पष्ट होती है जब वह प्रसाद के विषय में लगभग तोहमत के रूप में कहता है कि "लेकिन प्रसाद में छायावाद के प्रारम्भिक चरण के सारे लक्षण हैं। वे अक्सर क्रियापदों का दामन नहीं छोड़ते(पृष्ठ 65)।" इससे पता चलता है कि सर्वनाम को प्रमुखता देने की रणनीति क्रिया को देशनिकाला देने से जुड़ी हुई थी। इस रणनीति से न कविता का भला होगा न समाज का। हाँ, इससे हमारे समय में फैली धुंध और गहरी हो जायेगी।
बहरहाल, ताज्जुब इस बात का नहीं है कि इन विचारकों ने ये बातें लिखीं। सबके अपने विचार हैं और अगर वे खुलकर व्यक्त होते हैं तो हम उनका स्वागत करते हैं। ताज्जुब इस बात का है कि इन विचारों से हिंदी के किसी कवि-आलोचक के कान पर जूं नहीं रेंगी। ये विचार अपने तरीक़े से हमारी चेतना में सक्रिय रहे लेकिन कहीं कोई सवाल नहीं उठा। अकर्मण्यता और व्यक्तित्वहीनता को मूल्य बनाकर वैधता और प्रामाणिकता देने की कोशिशें जारी रहीं लेकिन हिंदी समाज का सामूहिक विवेक शायद घोड़े बेचकर सोता रहा। यह क़िस्सा कोई नया नहीं है। हमने अपनी भाषा के साथ जो लापरवाही बरती है और उसके जो दुष्परिणाम सामने आये हैं, उनके कुछ नमूने देखने योग्य हैं।
वाक्य में क्रिया की केंद्रीय भूमिका की नासमझी और उसके प्रति हमारी लापरवाही को एक छोटे से उदाहरण से समझा जा सकता है। "पीना" हमारी भाषा की सबसे सहज क्रियाओं में से एक है। हम चाय या शरबत "पीते" हैं, लेकिन अंग्रेज़ी के सामने अपनी हीन भावना के चलते हमने अब उन्हें "लेना" शुरू कर दिया है। "टु टेक ए कप ऑफ़ टी" की तर्ज पर हम अब चाय या कॉफी "लेते" हैं, "पीते" नहीं। "आप चाय लेंगे या कॉफी" जैसे वाक्यांश अब आम तौर पर सुनने में आ जाते हैं। इसी क्रम में अब "ठंडा"या "गरम" लेने की बारी भी आ चुकी है। "पीना" की जगह "लेना" का प्रयोग कितना भ्रामक है, इसे इस बात से समझा जा सकता है कि अगर हम चाहते हैं कि हमारे परिवार का कोई सदस्य बाज़ार से चाय पीकर चला आये तो हम उससे यह नहीं कह सकते कि "बाज़ार से चाय लेकर आओ"। ऐसा कहने पर वह बाज़ार से चाय खऱीदकर तो ला सकता है, लेकिन पीकर नहीं आ सकता। यानी "पीना" क्रिया को अपदस्थ करने में अंग्रेज़ी अभी पूरी तरह से कामयाब नहीं हुई है। अभी इस प्रदूषण को पहचान कर इसे दूर किया जा सकता है।
यहाँ किसी "उदारतावादी" विद्वान को शुद्धतावाद का ख़तरा दिखाई पड़ सकता है और वह "भाखा बहता नीर" जैसी किसी उक्ति की आड़ में छुपने की कोशिश कर सकता है। इस संबंध में फ़िलहाल इतना ही कहना पर्याप्त है कि जैसे बहते हुए पानी में दूसरे स्रोतों का पानी भी आकर मिलता है तो उसका प्रवाह बढ़ता है, उसी प्रकार दूसरी भाषा के शब्दों को लेकर कोई भी भाषा समृद्ध होती है, लेकिन जब किसी भाषा पर उसके स्वभाव के विपरीत दूसरी भाषा की वाक्यरचना और क्रिया थोपी जाती है तो उस भाषा का वही हाल होता है जो हमने गंगा-यमुना के बहते हुए नीर का कर रखा है। इस मामले में भाषा की तुलना नदी के साथ उचित ही की गई है।
दूसरी बात अंग्रेज़ी के सामने हीन भावना की है। अंग्रेज़ी की इस भूमिका को समझ लेना इसलिए ज़रूरी है कि यह हमारी भाषा के प्रदूषण का लगभग एकमात्र स्रोत है। इसे एक उदाहरण से समझने की कोशिश करते हैं। अंग्रेज़ी में पीने के लिए क्रिया "ड्रिंक" है, लेकिन सिगरेट का सुट्टा लगाने को वे "स्मोक करना" कहते हैं, जबकि हिंदी में इसे भी "पीना" ही कहते हैं। अब अगर अंग्रेज़ी के वाक्य में हिंदी की क्रिया का प्रयोग कर दें तो वाक्य बनेगा "आई ड्रिंक सिगरेट"। जब कभी मैं सामान्य पढ़े-लिखे हिन्दीभाषी लोगों के बीच इस वाक्य का ज़िक्र करता हूँ, उन्हें हंसी आ जाती है, जबकि अपनी भाषा में "पीने-लेने" के प्रसंग में इसी तरह की गलती करते हुए वे पूरी तरह सहज रहते हैं। इससे यह पता नहीं चलता कि हमारे लोग हिंदी से ज़्यादा अच्छी तरह अंग्रेज़ी को जानते- बरतते हैं। इससे सिर्फ़ यह पता चलता है कि अंग्रेज़ी की श्रेष्ठता और हिंदी की हीनता का भाव हमारे अवचेतन में घर कर चुका है। इसीलिए अंग्रेज़ी के वाक्य में हिंदी की क्रिया को घुसपैठ करते देखकर हम उसके दुःसाहस पर हंस पड़ते हैं। जबकि विदेशी भाषा होने के कारण अंग्रेज़ी के साथ यह बर्ताव व्याकरणिक रूप से ग़लत होने पर भी अधिक मानवीय और स्वाभाविक है। किसी ने कहा है कि अपनी भाषा में सामने आई मुहावरे की ग़लती कौर में आये बाल की तरह होती है जिसका एहसास हुए बिना नहीं रहता और जिसे नज़रंदाज़ करना बिलकुल नामुमकिन होता है। यह हमारी रग-रग में बसी ग़ुलामी का ही असर होगा कि हम अंग्रेज़ी के मामले में तो इस क़िस्म की संवेदनशीलता दिखाते हैं, लेकिन हिंदी के मामले में उदासीन बने रहते हैं।
इस उदासीनता को देखने के लिए कहीं दूर जाने की ज़रूरत नहीं।हम अपने आसपास ग़ौर करें तो पाते हैं कि हिंदी के किसी प्रयोग को लेकर कहीं कोई बहस दिखाई नहीं पड़ती। "अनस्थिरता" शब्द को लेकर महावीरप्रसाद द्विवेदी और बालमुकुंद गुप्त के बीच हुए लगभग सौ साल पुराने विवाद की चर्चा हम ऐसे करते हैं जैसे वे किसी और ग्रह से आये लोग थे जो ऐसी "मामूली" बातों पर अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगा देते थे। आज़ादी के पहले तो फिर भी कुछ जवाब-सवाल होते थे, लेकिन उसके बाद ये तौर-तरीक़े शायद संदिग्ध मान लिए गए। इधर पिछले तीन दशक के बारे में तो मैं ख़ुद एक प्रत्यक्षदर्शी के रूप में कह सकता हूँ कि हिंदी के किसी प्रयोग को लेकर न कोई किसी को रोकता-टोकता है, न कोई किसी की बात काटता है। यह सब ग़ैरज़िम्मेदाराना अशिष्टाचार माना जाता है। एक-डेढ़ दशक पहले तक अभिनव ओझा नामके एक जागरूक पाठक की चिट्ठियाँ पत्र-पत्रिकाओं में दिखती थीं, जिनमें प्रकाशित रचनाओं में हुई भूलों की चर्चा होती थी। ऐसी कोशिशें भी हमारी उदासीनता की भेंट चढ़ गईं। ऐसा तब हुआ जबकि हिंदी में कम से कम एक अदद रसिक कलावंत और लगभग एक दर्जन जनपक्षधर आलोचक सक्रिय हैं। इनके होने के बावजूद हिंदी में वैचारिक बहसों का स्तर ननद-भौजाई की हंसी-ठिठोली जैसा रह गया है। सामाजिक हलचलों और उथल-पुथल ने हमारे साहित्य को लोकतांत्रिक दिशा ज़रूर दी, लेकिन हमारी साहित्यिक संस्कृति ने उसका मार्ग प्रशस्त नहीं किया, उसकी राह में रोड़े ही अटकाए।
ग़ौरतलब है कि हम अपने वाक्यों में केवल क्रिया को नहीं बदलते बल्कि उसका काल और उसकी संभाव्यता को भी बदलकर अपने वाक्यों को पूरी तरह भोथरा कर लेते हैं। एक सर्वव्यापी उदाहरण लें। किसी भी उच्चस्तरीय साहित्यिक सभा-संगोष्ठी में बड़ी आसानी से संचालक को कहते हुए सुना जा सकता है---"अब मैं बुलाना चाहूँगा अलाँ साहब को जिन्होंने फलाँ क्षेत्र में चिलाँ तीर चलाये हैं"। न बुलाता हूँ, न बुलाना चाहता हूँ, बल्कि "आई उड लाइक टु काल यू" की तर्ज पर भविष्य में कभी ऐसा करने की इच्छा की घोषणा। सचमुच बुला लूँगा ऐसा कोई वादा भी नहीं। लेकिन "खग जानै खगही की भाषा" को चरितार्थ करते हुए वक्ता महोदय माइक पर नमूदार होते हैं और फ़रमाते हैं---"मैं फलाँ साहब का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा जिन्होंने मेरी इतनी ताऱीफ की"। इस तरह हिंदी का कारोबार भविष्य की अनिश्चित संभावना के रूप में चल रहा है, अथवा स्थगित है। हिंदी जैसी बाँकी, क्षिप्र और असरदार भाषा का दम ऐसे बोझिल और जड़ प्रयोगों से घुटता है।
एक उदाहरण और देखते चलें। हिंदी में भोजपुरी के प्रभाव से परसर्ग "ने" के विलोप पर तो कभी -कभी असहमति का अनौपचारिक इज़हार हो जाता है। यानी, मैंने कहा, मैंने खाया, मैंने गाया जैसे वाक्यों की जगह हम कहे, हम खाये, हम गाये जैसे वाक्यों को ख़ासतौर पर विद्यार्थियों के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता क्योंकि इससे नौकरी के इंटरव्यू आदि में उनकी ग्रामीण जड़ों की पोल खुल सकती है। लेकिन निष्क्रियता की खुली वकालत करने वाले अंग्रेज़ी के "पैसिव वॉइस" के दबाव में हिंदी के वाक्यों के सौन्दर्य के मटियामेट होने पर मैंने किसी विद्वान को ध्यान देते नहीं देखा। हिंदी में कहते हैं कि"आपने जो किया वह मैंने देखा"। लेकिन आजकल की हिंदी में इसे कुछ यूँ कहते हैं, "आपके द्वारा किये गए कार्य को मैंने देखा"। आई सा द वर्क डन बाय यू।
कहने का आशय यह कि इंग्लैंड जैसे छोटे से द्वीप की अपनी भौगोलिक-ऐतिहासिक परिस्थितियों में विकसित भाषा के प्रयोग अगर भारतीय उपमहाद्वीप के विस्तृत भूभाग में जन्मी और पली-बढ़ी भाषा पर वर्चस्व स्थापित कर लेंगे तो यह किस क़दर विनाशकारी होगा इसकी कल्पना भी आसानी से नहीं की जा सकती। इसे समझने के लिए हमें अपनी नदियों और उनमें गिरने वाले नालों को देखना होगा।
अंत में, हिंदी के स्वभाव की गतिशीलता और अंग्रेज़ी से इसके फ़र्क़ को समझने के लिए एक उदाहरण और देख लेते हैं। हिंदी में जब हम अतीत की किसी घटना का ब्यौरा देते हैं तो इसकी सूचना के साथ ही हम ख़ुद उस काल में पहुँच जाते हैं और वह घटना हमारे लिए वर्तमान काल की हो जाती है। मिसाल के तौर पर अगर हम किसी दोस्त के घर उससे मिलने गए और उसे सोता हुआ पाकर वापस आ गए तो, अगले दिन इसका ब्यौरा कुछ यूँ देंगे---"कल मैं उसके घर गया और मैंने देखा कि वह सो रहा है"। अंग्रेज़ी में इस वाक्य का प्रासंगिक अंश कुछ यूँ बनेगा---",,,,,,,,,,आई सॉ दैट ही वाज़ स्लीपिंग"। आजकल हिंदी में लगभग निरपवाद रूप से अंग्रेज़ी वाला ही प्रयोग चल रहा है, यानी "मैंने देखा कि वह सो रहा था"। इस तरह हम हिंदी की जीवंतता और सक्रियता पर अंग्रेज़ी की निष्क्रियता और अनिश्चितता को थोपकर उसके स्वाभाविक प्रवाह को रोक देते हैं।
मेरी देह पर नहीं मेरी छलनी आत्मा पर
मेरी देह पर नहीं मेरी छलनी आत्मा पर
बिंदे गये हैं तुम्हारे प्रेम के क्रुर स्मृति चिन्ह
जिन्हें विलुप्त होने में कयी सदियां लग जाएंगी
पुरूष! तुम पूर्ण पुरूष कभी नहीं थे..
H
तुमको आया ही नहीं कभी प्रेम करना
प्रेम के महासागर में तुम कभी उतरे ही नहीं
तुमनें नदी में पत्थर उछाले
तुमनें प्रेम के मार्ग में कांटें बोये..
हर रोज सजाते रहे चिता परीक्षा की
तुमको तुलसी के दामन पर दाग नजर आते रहे
प्रेम के खण्डरों में प्रेत बनकर वो जो
सृजन रचती रही...!! तुमनें पढ़ी नहीं कभी आंखों की नमी
तो भला आंसुओं की भाषा क्या खाक समझते!
अहम की पराकाष्ठा, वहम के मारो
तुम क्या जानों प्रीत निभाना!
वो जो यज्ञवेदी में करके स्वाहा आती है अपनी हर खुशी
तुम नित नयी चिंगारी सुलगाते हो
और एक दिन जब जल कर राख हो जाएंगी प्रेम की जड़ें
तो मरूस्थल के ह्रदय में क्या रोपोगे तुम?
मधुबन रचाना तुम्हारे बस की बात नहीं
तुम तानाशाह ही बने रहो इन मकबरे - मकानों के
बेशक घर के भीतर दहलीज के पार मेरे लिए बनवास है
पर यह घर तुम्हारा तब तक ही घर...
जब तक सांसों में सांस है
एक दिन अति के अंत में
रह जाएंगे बबूल खड़े
तितलियाँ सारी उड़ जाएंगी!
Pic by guriditta singh
प्रेमचंद और ईश्वर
प्रेमचंद स्मृति दिवस ( 8 अक्टूबर 1936) पर विशेष-
प्रेमचंद और ईश्वर
हमारे कई फेसबुक मित्रों ने कहा है कि प्रेमचंद तो ईश्वर को मानते थे। हम विनम्रतापूर्वक कहना चाहते हैं कि वे ईश्वर या ऐसे किसी तत्व की उपस्थिति मानने को तैयार नहीं थे जिसे देखा न हो।यह भी सवाल उठा है प्रेमचंद ने इस्लाम धर्म की आलोचना कहां की है ॽ हम इन दोनों सवालों के जवाब खोजने की कोशिश करेंगे। हिन्दू-मुस्लिम भेदभाव का विस्तार से जिक्र करने के बाद प्रेमचंद ने ´मनुष्यता का अकाल´(जमाना, फरवरी 1924) निबंध में लिखा , ´इतिहास में उत्तराधिकार में मिली हुई अदावतें मुश्किल से मरती हैं,लेकिन मरती हैं,अमर नहीं होतीं।´
उपरोक्त निष्कर्ष निकालने के पहले प्रेमचंद ने ´मनुष्यता का अकाल´ में ही लिखा, ´हमको यह मानने में संकोच नहीं है कि इन दोनों सम्प्रदायों में कशमकश और सन्देह की जड़ें इतिहास में हैं। मुसलमान विजेता थे,हिन्दू विजित।मुसलमानों की तरफ से हिन्दुओं पर अकसर ज्यादतियाँ हुईं और यद्यपि हिन्दुओं ने मौका हाथ आ जाने पर उनका जवाब देने में कोई कसर नहीं रखी,लेकिन कुल मिलाकर यह कहना ही होगा कि मुसलमान बादशाहों ने सख्त से सख्त जुल्म किये। हम यह भी मानते हैं कि मौजूदा हालात में अज़ान और कुर्बानी के मौक़ों पर मुसलमानों की तरफ से ज्यादतियाँ होती हैं और दंगों में भी अक्सर मुसलमानों ही का पलड़ा भारी रहता है।ज्यादातर मुसलमान अब भी ´मेरे दादा सुल्तान थे´नारे लगाता है और हिन्दुओं पर हावी रहने की कोशिश करता रहता है।´
इसी निबंध में पहलीबार धार्मिक प्रतिस्पर्धा को निशाना बनाते हुए उन्होंने तीखी आलोचना लिखी।उस तरह की आलोचना सिर्फ ऐसा ही लेखक लिख सकता है जिसकी ईश्वर की सत्ता में आस्था न हो,उन्होंने लिखा ,´ दुनियावी मामलों में दबने से आबरू में बट्टा लगता है,दीन-धर्म के मामले में दबने से नहीं।´ आगे लिखा ´यह किसी मज़हब के लिए शान की बात नहीं है कि वह दूसरों की धार्मिक भावना को ठेस पहुँचाये।गौकशी के मामले में हिन्दुओं ने शुरू से अब तक एक अन्यापूर्ण ढंग अख़्तियार किया है। हमको अधिकार है कि जिस जानवर को चाहें पवित्र समझें लेकिन यह उम्मीद रखना कि दूसरे धर्म को माननेवाले भी उसे वैसा ही पवित्र समझें,ख़ामख़ाह दूसरों से सर टकराना है।गाय सारी दुनिया में खायी जाती है,इसके लिए क्या आप सारी दुनिया को गर्दन मार देने क़ाबिल समझेंगेॽ यह किसी खूँ-खार मज़हब के लिए भी शान की बात नहीं हो सकती कि वह सारी दुनिया से दुश्मनी करना सिखाये।´
आगे लिखा ´ हिन्दुओं को अभी यह जानना बाक़ी है कि इन्सान किसी हैवान से कहीं ज्यादा पवित्र प्राणी है,चाहे वह गोपाल की गाय हो या ईसा का गधा,तो उन्होंने अभी सभ्यता की वर्णमाला भी नहीं समझी।हिन्दुस्तान जैसे कृषि-प्रधान देश के लिए गाय का होना एक वरदान है,मगर आर्थिक दृष्टि के अलावा उसका और कोई महत्व नहीं है।लेकिन गोरक्षा का सारे हो-हल्ले के बावजूद हिन्दुओं ने गोरक्षा का ऐसा सामूहिक प्रयत्न नहीं किया जिससे उनके दावे का व्यावहारिक प्रमाण मिल सकता।गौरक्षिणी सभाएँ कायम करके धार्मिक झगड़े पैदा करना गो रक्षा नहीं है।´
प्रेमचंद का मानना है ´वर्तमान समय में धर्म विश्वासों के संस्कार का साधन नहीं,राजनीतिक स्वार्थ सिद्धि का साधन बना लिया गया है।उसकी हैसियत पागलपन की-सी हो गयी है जिसका वसूल है कि सब कुछ अपने लिए और दूसरों के लिए कुछ नहीं।जिस दिन यह आपस की होड़ और दूसरे से आगे बढ़ जाने का ख़याल धर्म से दूर हो जायेगा,उसदिन धर्म-परिवर्तन पर किसी के कान नहीं खड़े होंगे।´
प्रेमचंद ने हिन्दू और मुसलमानों को धर्म के नाम पर भड़काने वालों और धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों की तीखी आलोचना की है ।´मिर्जापुर कांफ्रेस में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव´(अप्रैल1931) में लिखा ´जब तक अपना हिन्दू या मुसलमान होना न भूल जायेंगे ,जब तक हम अन्य धर्मावलम्बियों के साथ उतना ही प्रेम न करेंगे जितना निज धर्मवालों के साथ करते हैं,सारांश यह कि जब तक हम पंथजनित संकीर्णता से मुक्त न हो जायेंगे,इस बेड़ी को तोड़कर फेंक न देंगे,देश का उद्धार होना असंभव है।´इसमें ही वे आगे कहते हैं ´धर्म को राजनीति से गड़बड़ न कीजिए´। एक अन्य निबंध ´गोलमेज़ परिषद में गोलमाल´ (अक्टूबर1931) में लिखा ´भारत का उद्धार अब इसी में है कि हम राष्ट्र-धर्म के उपासक बनें,विशेष अधिकारों के लिए न लड़कर,समान अधिकारों के लिए लड़ें।हिन्दू या मुसलमान,अछूत या ईसाई बनकर नहीं,भारतीय बनकर संयुक्त उन्नति की ओर अग्रसर हों,अन्यथा हिन्दू मुसलमान,अछूत और सिक्ख सब रसातल को चले जायेंगे।´
यह भी लिखा ´धर्म का सम्बन्ध मनुष्य से और ईश्वर से है।उसके बीच में देश,जाति और राष्ट्र किसी को भी दखल देने का अधिकार नहीं।हम इस विषय में स्वाधीन हैं।´
शिवरानी देवी से बातचीत करते हुए प्रेमचंद ने ईश्वर के बारे में कहा ´ईश्वर पर विश्वास नहीं होता कि अगर वह सचमुच ईश्वर है तो क्या दुखियों को दुख देने में ही उसे मजा आता है ॽ फिर भी लोग उसे दयालु कहते हैं.वह सबका पिता है.फला-फूला बाग उजाड़कर वह देखता है और खुश होता है.दया तो उसे आती नहीं .लोगों को रोते देखकर शायद से खुशी ही होती है.जो अपने आश्रितों के दुख पर दुखी न हो.वह कैसा ईश्वर है।´
आगे वकौल शिवरानी देवी प्रेमचन्द पूछते हैं ´तब कैसे ईश्वर हमसे अन्याय कराता है.जो अच्छा समझे वही हमसे कराये,हम जिससे दुखी न हो सकें.कुछ नहीं.यह सब धोखे में डालने वाली भावनायें हैं,बस अपने को धोखे में डालने के लिए यह सब प्रपंच रचे गए हैं.और नहीं तो हम प्रत्यक्षतःकोई बुरा काम नहीं करते तो लोग कहते हैं .अगले जन्म में बुरा काम किया होगा,उसी का फल है.और मैं कहता हूँ,यह सब गोरखधंधा है।´
प्रेमचंद मानते थे ´भगवान मन का भूत है,जो इन्सान को कमजोर कर देता है.ईश्वर का आधार अन्धविश्वास है और इस अंधविश्वास में पड़ने से तो रही सही अक्ल भी मारी जाती है।´
प्रेमचंद का जैनेन्द्र के साथ लगातार पत्र-व्यवहार होता था,दोनों गहरे मित्र थे।प्रेमचन्द ने 9दिसम्बर 1935 को जैनेन्द्र कुमार को लिखा ,´ईश्वर पर विश्वास नहीं आता,कैसे श्रद्धा होती.तुम आस्तिकता की ओर जा रहे हो,जा ही नहीं रहे हो.बल्कि भगत बन गये हो मैं संदेह से पक्का नास्तिक होता जा रहा हूँ।´ और एक दिन जैनेन्द्र कुमार को दो-टूक उत्तर दे दिया, ´जब तक संसार में यह व्यवस्था है,मुझे ईश्वर पर विश्वास नहीं आने काःअगर मेरे झूठ बोलने से किसी की जान बचती है तो मुझे कोई संकोच नहीं होगा.मैं प्रत्येक कार्य को उसके मूल कारण से परखता हूँ.जिससे दूसरों का भला न हो.जिससे दूसरों का नुकसान हो वही झूठ है।´
मृत्यु से कुछ दिन पहले रोग-शैय्या पर पड़े हुए प्रेमचंद ने जैनेन्द्र कुमार से कहा ´जैनेन्द्रःलोग इस समय ईश्वर को याद किया करते हैं.मुझे भी याद दिलाई जाती है.पर अभी तक मुझे ईश्वर को कष्ट देने की जरूरत नहीं मालूम हुई।´ , ´जैनेन्द्र ! मैं कहचुका हूं.मैं परमात्मा तक नहीं पहुँच सकता.मैं उतना उत्साह नहीं कर सकता.कैसे करूँ जब देखता हूँ,बच्चा बिलख रहा है,रोगी तड़प रहा है.यहाँ भूख है,क्लेश है,ताप है,वह ताप इस दुनिया में कम नहीं है.तब उस दुनिया में मुझे ईश्वर का साम्राज्य नहीं दीखे तो मेरा क्या कसूर हैॽमुश्किल तो है कि ईश्वर को मानकर उसको दयालु भी मानना होगा.मुझे वह दयालुता नहीं दीखती ,तब उस दया सागर में विश्वास कैसे हो.´
ईश्वरतंत्र पर प्रहार करते हुए प्रेमचंद ने लिखा ´ईश्वर के नाम पर उनके उपासकों ने भूमण्डल पर जो अनर्थ किये हैं,और कर रहे हैं,उनके देखते इस विद्रोह को बहुत पहले उठ खड़ा होना चाहिए था.आदमियों के रहने के लिये शहरों में स्थान नहीं है.मगर ईश्वर और उनके मित्रों और कर्मचारियों के लिए बड़े-बड़े मंदिर चाहिए.आदमी भूखों मर रहे है मगर ईश्वर अच्छे से अच्छा खायेगा,अच्छे से अच्छा पहनेगा और खूब विहार करेगा।´
´कर्मभूमि´में गजनवी के मुँह से प्रेमचंद कहलवाते हैं ´मज़हब का दौर खत्म हो रहा है बल्कि यों कहो कि खत्म हो गया है सिर्फ हिन्दुस्तान में इसकी कुछ जान बाकी है.यह मुआशयात का दौर है.अब कौम में दार ब नदार,मालिक और मजदूर अपनी-अपनी जमातें बनायेंगे।´
शिवरानी देवी से बातचीत के दौरान प्रेमचंद ने नास्तिकता के सम्बन्ध में साफ कहा नास्तिकता का तब तक प्रचार संभव नहीं जब तक जनता सचेत नहीं हो जाती.लिखा ´और फिर जो जनता सदियों से भगवान पर विश्वास किये चली आ रही है,वह यकायक अपने विचार बदल सकती है ॽ अगर एकाएक जनता को कोई भगवान से अलग करना चाहे तो संभव नहीं है।´
आचार्य चतुरसेन शास्त्री ने ´इस्लाम का विष वृक्ष´किताब लिखी,इस किताब पर प्रेमचंद ने विरोध करते हुए जैनेन्द्र कुमार को लिखा, ´और इन को क्या हो गया है कि ´इस्लाम का विष-वृक्ष´ही लिख डाला.इसकी एक आलोचना तुम लिखो,वह पुस्तक मेरे पास भेजो.इस कम्युनल प्रोपेगेण्डा का जोरों से मुकाबला करना होगा।´
प्रेमचन्द का किसी भी परम्परागत धर्म में विश्वास नहीं था,इस सम्बन्ध में उर्दू के प्रसिद्ध विद्वान मुहम्मद आकिल साहब ने लिखा है ´प्रेमचन्दजी ने मुझसे कहा कि मुझे रस्मी मज़हब पर कोई एतबार (विश्वास)नहीं है,पूजा-पाठ और मन्दिरों में जाने का मुझे शौक नहीं.शुरू से मेरी तबियत का यही रंग है. बाज़ लोगों की तबियत मज़हबी होती है.बाज़ लोगों की ला मज़हबी.मैं मज़हबी तबियत रखने वालों को बुरा नहीं कहता,लेकिन मेरी तबियत रस्मी मजहब की पाबन्दी को बिल्कुल गवारा नहीं करती।´
शिवरानी देवी से मज़हबी सवाल के जवाब में प्रेमचंद ने कहा ´अवश्य मेरे लिए कोई मज़हब नहीं है.मेरा कोई खास मज़हब नहीं है।´ इसका कारण क्या है ॽ इसका कारण हैः´धर्म से ज्यादा द्वेष पैदा करने वाली वस्तु संसार में नहीं है.´ , ´आज दौलत जिस तरह आदमियों का खून बहा रही है,उसी तरह उससे ज्यादा बेदर्दी धर्म ने आदमियों का खून बहाकर की.दौलत कम से कम इतनी निर्दयी नहीं होती,इतनी कठोर नहीं होती,दौलत वही कर रही है जिसकी उससे आशा थी,लेकिन धर्म तो प्रेम का संदेश लेकर आता है और काटता है आदमियों के गले.वह मनुष्य के बीच ऐसी दीवार खड़ी कर देता है,जिसे पार नहीं किया जा सकता।’
शिवरानी जी ने प्रेमचंद से सवाल किया आप मुसलमानों की ओर हैं या हिन्दुओं की ओर ॽजवाब दियाः´मैं एक इन्सान हूँ और जो इन्सानियत रखता हो,इन्सान का काम करता हो,मैं वही हूँ और मैं उन्हीं लोगों को चाहता हूँ.मेरे दोस्त अगर हिन्दू हैं तो मेरे कम दोस्त मुसलमान भी नहीं हैं और इन दोनों में मेरे नजदीक कोई खास फ़र्क नहीं है.मेरे लिए दोनों बराबर हैं।´
भारतीय संस्कृति का प्रतीक हैं गोदना
गोदना भारतीय परंपरा का हिस्सा है। जो की आज परंपरा से ज़्यादा “टैटू” के फैशन के नाम पर ट्रेंड कर रहा है। जबकि भारत के इतिहास में गोदना की अपनी एक कहानी और मान्यता है।
पहले की परंपरा आज फैशन के दौर में बदल गयी है। हम बात कर रहे हैं गोदना परम्परा की। गोदना जिसे आज लोग शहरों में टैटू के नाम से जानते हैं। गोदना की परंपरा आज फैशन के नाम से विश्वभर में लोगों द्वारा अपनायी गयी है। चाहें बच्चा हो, जवान हो, महिलाएं हो या कोई बूढ़ा , हर कोई इसके पीछे पागल है।
लेकिन आज गोदना को परंपरा से ज़्यादा फैशन की वजह से लोगों में बीच में ज़्यादा जगह मिली है। आज का युग ही फैशन का है। जब तक आप फैशन के हिसाब से चलते हैं तो दुनिया आपके साथ चलती हैं। जब आप नए फैशन को नहीं अपना पाते तो आप दुनिया की दौड़ से पीछे रह जाते हैं। लेकिन गोदना की परंपरा कभी नई नहीं थी बस जिन्हें इसके बारे में नहीं पता वह उनके लिए फैशन बन गयी। गोदना भारत की पुरानी परंपराओं में से एक है जिसका अपना इतिहास, अस्तित्व और कहानी है।
कई लोग परंपरा के नाम पर गोदना गुदवाते हैं तो कई श्रृंगार या विरोध के रूप में। हर किसी के पास गोदना गुदवाने की अपनी-अपनी वजह है।
छत्तीसगढ़ जनजातीय बहुल राज्य है यहां 42 जनजातियां निवास करती हैं। जनजातीय दृष्टि से भारत का पाचवां राज्य छत्तीसगढ़ है। छत्तीसगढ़ में कुल जनसंख्या का एक तिहाई भाग जनजातीय जनसंख्या है। यहां बस्तर और सरगुजा जनजातीय बहुल अंचल हैं। गोदना प्रथा बस्तर, सरगुजा, कांकेर, कर्वधा और जषपुर की जनजातीय संस्कृति से अधिक जुडी हुई है। बस्तर अंचल की अबुझमाडियां दण्डामी माडियां, मुरिया, दोरला, परजा, घुरुवा जनजाति की महिलाओं में गोदना गुदवाने का रिवाज पारम्परिक है। बस्तर, कांकेर के जनजातियों में विवाह पूर्व लड़कियों में गोदना गुदवाने का रिवाज है। यहां की जनजातीय महिलायें कोहनी में मक्खी, अंगूठा के किनारे खिच्ची, पंजा में खडडू, बांह में बांहचिंघा और छाती में सुता गोदना गुदवाती हैं।
सरगुजा अंचल में गोदना प्रथा का प्रचलन काफी प्राचीन है। यहां की सभी जनजातियों मे गोदना गुदवाने की प्रथा प्रचलित है। क्षेत्र और जाति के आधार पर भिन्न-भिन्न गोदना गुदवाये जाते हैं। यहां की जनजातियां सम्पूर्ण शरीर में गोदना गुदवाती हैं। सभी अंगों के गोदना का अलग-अलग नाम और उसका महत्व है। यहां की गोदना प्रिय जनजातियां गोड, कंवर, उरांव, कोडाकू, पण्डो, कोरवा हैं। स्त्रियां सुन्दरता के लिए माथे में बिन्दी आकृति गुदवाती हैं। इनकी मान्यता है कि इससे सुन्दरता के साथ-साथ बुद्वि का विकास होता है। दांतो की मजबूती के लिए ठोढी में गोदना गुदवाये जाते हैं। इसे मुट्की कहते हैं। नाक की गोदना को फूल्ली और कान की गोदना को झूमका कहते हैं। रवांध भुजा में चक्राधार फूल आकृति गुदवाने से सुन्दरता बढती है। गला में हंसुली गहना जैसी आकृति गुदवाने से सुन्दरता के साथ-साथ आवाज में मधुरता आती है। कलाई की गोदना को मोलहा कहते हैं। ऐसी मान्यता है कि इसके गुदवाने से स्वर्ग में भाई-बहन का मिलाप होता है। हथेली के पीछे गोदना को ’करेला चानी’और हथेली के पीछे की सम्पूर्ण गोदना को ’’हथौरी फोराय’ कहते है। हाथ के अंगूठा में मुन्दी और पेंडरी में लवांग फूल गुदवाये जाते हैं। पैर में चूरा-पैरी और पंजा में अलानी गहना गुदवाये जाते हैं। पैर के अंगूठे की गोदना को अनवठ कहते हैं। इसी तरह शरीर के प्रत्येक अंगों में हाथी पांज ,जट, गोंदा फूल, सरसों फूल, कोंहड़ा फूल, षंखा चूड़ी, अंडरी दाद, हल्दी गांठ, माछी मूड़ी पोथी, कराकुल सेत, दखिनहा, धंधा, बिच्छवारी, पर्रा बिजना, हरिना गोदना अनेक अलग-अलग नामों से गोदना गुदवाये जाते हैं, जिसका अपना महत्व है।
जय जोहार जय आदिवासी 🙏🙏🙏🏹
रवि अरोड़ा की नजर से.....
एक सर्वे ऐसा भी / रवि अरोड़ा
एक अखबार में छपी यह ख़बर आपने भी पढ़ी होगी कि शहर के एक अनाथ आश्रम घरौंदा को इस साल मिले लावारिस बच्चों में तीन चौथाई केवल लड़कियां ही थीं। हालांकि इस ख़बर में नया कुछ भी नहीं था मगर यह ख़बर चूंकि नवरात्र में छपी थी अतः महत्वपूर्ण हो गई । वह नवरात्र जिसमें हम एक स्त्री रूपा दुर्गा को परम शक्ति मानते हुए उसकी पूजा करते हैं और पूरे नौ दिन उसके सम्मान में उपवास रखते हैं, उसी जीती जागती स्त्री की मुल्क में हैसियत की यह जमीनी हकीकत है। बेशक इस बार भी करोड़ों देशवासियों ने नवरात्र में उपवास रखा होगा और कन्या पूजन के साथ मां दुर्गा को पूरे सम्मान के साथ विदा होगा । पूजी गई स्त्री चूंकि पत्थर अथवा मिट्टी की थी अतः अपने आसपास की स्त्रियों में उसका अक्स तलाशने की किसी को कोई आवश्यकता ही नहीं पड़ी । इर्द गिर्द की स्त्रियों के बाबत युगों से स्थापित आचरण में परिवर्तन की तो खैर कल्पना भी फजूल है। इस बार भी नवरात्र में भी खूब बलात्कार हुए, महिलाओं की हत्या हुई और अपने पतियों से भी औरतें जम कर पिटी । हालांकि ऐसा कोई सर्वे तो नहीं हुआ मगर अखबारों से गवाही लें तो नवरात्रों में भी महिलाओं के प्रति अपराधों में रत्ती भर भी कमी देश में नहीं आई।
घरौंदा आश्रम की बात करूं तो वहां इस समय 31 बच्चे हैं और उनमें से 20 केवल लड़कियां हैं। आश्रम संचालक ओंकार सिंह से मैंने जब पूछा लड़के कम क्यों हैं तो उन्होंने मुझ से ही पूछा कि लड़कों को भला कौन लावारिस छोड़ता है ? उनके अनुसार लड़के तो केवल वही लावारिस मिलते हैं जो किसी कुंवारी मां की संतान हों अथवा रेल गाड़ी आदि में अपने मां बाप से बिछड़ गए हों। मां और बाप दोनो की मृत्यु और किसी रिश्तेदार द्वारा जिम्मेदारी वहन न करने की सूरत में भी यदा कदा लड़के आश्रमों में पहुंचते हैं जबकि इसके विपरीत लड़कियों के ऐसे स्थानों पर पहुंचने का बस एक ही कारण होता है और वह है बेटे की चाह में अनचाही बेटी का पैदा हो जाना। बच्ची के मां बाप पहले तो उसे मारने का ही प्रयास करते हैं और असफल रहने पर मरने के लिए लावारिस छोड़ देते हैं। ओंकार सिंह बताते हैं कि उनके पास ऐसे बहुत सी महिलाओं का फोन आता रहता है जो बताती हैं कि तीसरी अथवा चौथी लड़की हुई है और पति उसे मारना चाहता है, बताएं क्या करूं ? घरौंदा आश्रम ही नहीं देश के ऐसे आठ हजार आश्रमों की यही हालत है। महिला एवं बाल विकास मंत्री द्वारा संसद में प्रस्तुत किए गए आंकड़ों के अनुरूप अनाथ आश्रमों में लड़कियों की संख्या दो तिहाई है। यह आंकड़ा उस देश का है जहां हर राज्य में लड़कियों की संख्या लड़कों के मुकाबले बेहद कम है ।
चलिए फिर नवरात्र की बात करें। इस बात नवरात्र में मेरे मन में एक इच्छा जगी। चाह हुई कि देश भर में ऐसा कोई सर्वे हो जिसमें यह पता किया जा सके कि कितने फीसदी बलात्कारियों ने नवरात्र पर उपवास रखा ? अपनी पत्नियों को पीटने वाले कितने फीसदी पुरूष दुर्गा की पूजा करते हैं ? अथवा जिन्होंने अनचाही कन्या होने पर उसे मार दिया अथवा कूड़े के ढेर में मरने को फेंक दिया, उन्होंने नवरात्र कैसे मनाए ? जाहिर है कि कोई सरकार भला ऐसा सर्वे क्यों कराएगी। चलिए जाने दीजिए सरकारों को और खुद ही अपने इर्द गिर्द झांकें और पता करने की कोशिश करें कि स्त्रीयों पर आए दिन जुल्म करने वालों ने इस बार नवरात्र पर क्या क्या पाखण्ड किया था?
गुरुवार, 6 अक्टूबर 2022
मुक्ति
🥀 *इस कथा को जो पढ़ेगा उसे 84 लाख योनियों से मुक्ति मिल जायेगी*🙏🥀
प्रस्तुति - नवल किशोट प्रसाद
*एक बार की बात है कि यशोदा मैया प्रभु श्री कृष्ण के उलाहनों से तंग आ गयीं और छड़ी लेकर श्री कृष्ण की ओर दौड़ीं। जब प्रभु ने अपनी मैया को क्रोध में देखा तो वह अपना बचाव करने के लिए भागने लगे।*
*भागते-भागते श्री कृष्ण एक कुम्हार के पास पहुँचे । कुम्हार तो अपने मिट्टी के घड़े बनाने में व्यस्त था। लेकिन जैसे ही कुम्हार ने श्री कृष्ण को देखा तो वह बहुत प्रसन्न हुआ। कुम्हार जानता था कि श्री कृष्ण साक्षात् परमेश्वर हैं। तब प्रभु ने कुम्हार से कहा कि 'कुम्हारजी, आज मेरी मैया मुझ पर बहुत क्रोधित हैं। मैया छड़ी लेकर मेरे पीछे आ रही हैं। भैया, मुझे कहीं छुपा लो।' तब कुम्हार ने श्री कृष्ण को एक बड़े से मटके के नीचे छिपा दिया। कुछ ही क्षणों में मैया यशोदा भी वहाँ आ गयीं और कुम्हार से पूछने लगीं- 'क्यूँ रे, कुम्हार ! तूने मेरे कन्हैया को कहीं देखा है, क्या ?' कुम्भार ने कह दिया- 'नहीं, मैया ! मैंने कन्हैया को नहीं देखा।' श्री कृष्ण ये सब बातें बड़े से घड़े के नीचे छुपकर सुन रहे थे। मैया तो वहाँ से चली गयीं। अब प्रभु श्री कृष्ण कुम्हार से कहते हैं- 'कुम्हारजी, यदि मैया चली गयी हो तो मुझे इस घड़े से बाहर निकालो।*'
*कुम्भार बोला- 'ऐसे नहीं, प्रभु जी ! पहले मुझे चौरासी लाख योनियों के बन्धन से मुक्त करने का वचन दो।' भगवान मुस्कुराये और कहा- 'ठीक है, मैं तुम्हें चौरासी लाख योनियों से मुक्त करने का वचन देता हूँ। अब तो मुझे बाहर निकाल दो।'*
*कुम्हार कहने लगा- 'मुझे अकेले नहीं, प्रभु जी ! मेरे परिवार के सभी लोगों को भी चौरासी लाख योनियों के बन्धन से मुक्त करने का वचन दोगे तो मैं आपको इस घड़े से बाहर निकालूँगा।' प्रभु जी कहते हैं- 'चलो ठीक है, उनको भी चौरासी लाख योनियों के बन्धन से मुक्त होने का मैं वचन देता हूँ। अब तो मुझे घड़े से बाहर निकाल दो।'*
*अब कुम्हार कहता है- 'बस, प्रभु जी ! एक विनती और है। उसे भी पूरा करने का वचन दे दो तो मैं आपको घड़े से बाहर निकाल दूँगा।' भगवान बोले- 'वो भी बता दे, क्या कहना चाहते हो ?' कुम्भार कहने लगा- 'प्रभु जी ! जिस घड़े के नीचे आप छुपे हो, उसकी मिट्टी मेरे बैलों के ऊपर लाद के लायी गयी है। मेरे इन बैलों को भी चौरासी के बन्धन से मुक्त करने का वचन दो।' भगवान ने कुम्हार के प्रेम पर प्रसन्न होकर उन बैलों को भी चौरासी के बन्धन से मुक्त होने का वचन दिया।'*
*प्रभु बोले- 'अब तो तुम्हारी सब इच्छा पूरी हो गयीं, अब तो मुझे घड़े से बाहर निकाल दो।'*
*तब कुम्हार कहता है- 'अभी नहीं, भगवन ! बस, एक अन्तिम इच्छा और है। उसे भी पूरा कर दीजिये और वो ये है- जो भी प्राणी हम दोनों के बीच के इस संवाद को सुनेगा, उसे भी आप चौरासी लाख योनियों के बन्धन से मुक्त करोगे। बस, यह वचन दे दो तो मैं आपको इस घड़े से बाहर निकाल दूँगा।'*
*कुम्भार की प्रेम भरी बातों को सुन कर प्रभु श्री कृष्ण बहुत खुश हुए और कुम्हार की इस इच्छा को भी पूरा करने का वचन दिया।*
*फिर कुम्हार ने बाल श्री कृष्ण को घड़े से बाहर निकाल दिया। उनके चरणों में साष्टांग प्रणाम किया। प्रभु जी के चरण धोये और चरणामृत पीया। अपनी पूरी झोंपड़ी में चरणामृत का छिड़काव किया और प्रभु जी के गले लगाकर इतना रोये कि प्रभु में ही विलीन हो गये।*
*जरा सोच करके देखिये, जो बाल श्री कृष्ण सात कोस लम्बे-चौड़े गोवर्धन पर्वत को अपनी इक्क्नी अंगुली पर उठा सकते हैं, तो क्या वो एक घड़ा नहीं उठा सकते थे। *लेकिन बिना प्रेम रीझे नहीं नटवर नन्द किशोर। कोई कितने भी यज्ञ करे, अनुष्ठान करे, कितना भी दान करे, चाहे कितनी भी भक्ति करे, *लेकिन जब तक मन में प्राणी मात्र के लिए प्रेम नहीं होगा, प्रभु श्री कृष्ण मिल नहीं सकते।*
*🌹🙏राधे राधे 🙏🌹*
🕉️ *ॐ नमः शिवाय*🔱🕉️
🌹 *जय श्री कृष्णा*🙏🌹
कूट नीति
*कूटने से बढ़ती है -इम्युनिटी पॉवर* *दादा जी से पूछा* *कि पहले लोग बहुत कम* *बीमार होते थे ?* *तो...
-
प्रस्तुति- कृति शरण / मेहर स्वरूप / सृष्टि शरण / अम्मी शरण / दृष्टि शरण पौराणिक कथा, कहानियों का संग्रह 1 to 10 पौराणिक कह...
-
इच्छा और कामुकता से भरी 15 सर्वश्रेष्ठ भारतीय कामुक पुस्तकें भारत इरॉटिका लेखकों की एक नई नस्ल के साथ फिफ्टी शेड्स ऑफ ग्रे की घटना पोस्ट क...
-
प्रस्तुति- डा. ममता शऱण १ भारतेन्दु युग २ द्विवेदी युग ३ प्रेमचन्द युग ४ प्रेमचन्दोत्तर युग भारतेन्दु युग हिन्...