मंगलवार, 26 जुलाई 2011

बादल सरकार---सरकारी पैसे पर फ्री थिएटर नहीं चल सकता : बादल सरकार


 B4M भड़ास4मीडिया - इंटरव्यू

प्रख्यात रंगकर्मी बादल सरकार के निधन के बाद शम्सुल इसलाम ने मेल के जरिए बादल सरकार से की गयी अपनी एक बातचीत की कटिंग भेजी है. यह इंटरव्यू द संडे टाइम्स ऑफ इंडिया के 11 अक्तूबर, 1992 संस्करण के अंक में प्रकाशित हुआ था. हाशिया ब्लाग के माडरेटर रेयाज उल हक ने बातचीत का हिंदी अनुवाद किया है. बादल और उनके रंगमंच के बारे में इससे काफी कुछ समझा जा सकता है.

* आपने तीसरा रंगमंच के सिद्धांत की शुरुआत की और आप अपनी राय बदलते रहे हैं. अब आप फ्री थिएटर को कैसे देखते हैं?

यह सही है, एक बार मैंने तीसरा रंगमंच को शहरी और ग्रामीण रंगमंच के मेल (संश्लेषण) से बने रंगमंच के रूप में सोचा था. लेकिन इस पर काम करते हुए मैंने अपने विचारों को सुधारा. मुझे लगा कि अगर तीसरा रंगमंच को एक वैकल्पिक रंगमंच होना था तो यह किसी का भी संश्लेषण नहीं हो सकता था. पहले मैं यांत्रिक नजरिये का शिकार हो गया था. मैं इस नतीजे पर पहुंचा कि तीसरा रंगमंच को फ्री थिएटर होने के लिए उसे महंगा, स्थिर और व्यवसायिकरण का शिकार होने से बचना चाहिए. इसे दर्शकों से संवाद बनाने की कोशिश करनी चाहिए.

एक बार जब आप पारंपरिक मंच नाटक (प्रोसीनियम थिएटर) की चीजों से पार पा लेते हैं तो आपको मुख्यतः मानव देह पर निर्भर रहना पड़ता है. इसकी क्षमताओं को गहरे प्रशिक्षण के जरिये विकसित किया जाना चाहिए. फ्री थिएटर को बीते हुए समय की तरह नहीं लिया जा सकता. हमारे लिए किसी कहानी को कहने के बजाय रंग अनुभव अधिक प्रासंगिक होता है. किसी भी हालत में भाषा पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय शारीरिक अनुभव कहीं अधिक असरदार होता है.

* आलोचक महसूस करते हैं कि आपका रंगमंच भाषा या बोले गये शब्दों की कीमत पर महज एक शारीरिक रंगमंच है. वे यह भी कहते हैं कि शारीरिक प्रदर्शन पर अधिक निर्भरता आपके रंगमंच को एक करतब देखने के अनुभव में बदल देती है, जो सिर्फ मध्यवर्ग के दर्शकों को ही संप्रेषणीय होता है. आपका इन टिप्पणियों पर क्या जवाब है?

ऐसी बातें केवल वहीं लोग कहेंगे जिन्होंने कभी हमारे प्रदर्शन नहीं देखे, और जो रंगमंच के बारे में कुछ भी जानना नहीं चाहते. वे हमारी तारीफ भी करते हैं तो गलत वजहों से. लेकिन इस देश में ऐसे ही होता हैः बिना कुछ भी जाने लोग फैसले देते हैं.

असल में हम उसका उल्टा करते हैं, जिसका आरोप हम पर लगाया जाता है. हम थीम के नाट्यालेख से शुरू करते हैं और फिर फॉर्म को विकसित (एक्सप्लोर) करते हैं. हमारे लिए कथ्य रंगमंच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है. अनेक लोग फॉर्म से शुरू करते हैं और फिर एक विषय या नाट्यालेख को काट-छांट कर उसमें फिट कर देते हैं. हम ऐसा कभी नहीं करते.

इन आलोचकों के साथ एक और समस्या है. वे यह मानना पसंद करते हैं कि आम आदमी किसी प्रस्तुति की बारीकियों पर अपनी राय नहीं रख सकता, कि यह कुलीनों-अभिजातों का विशेषाधिकार है. हमारा अनुभव है कि आम आदमी नाटक के प्रतीकों, भंगिमाओं और आत्मा को उन तथाकथित शहरी बुद्धिजीवियों से अधिक समझता है.

* आप अपनी रंगमंचीय कार्यशालाओं की लोकप्रियता के बारे में क्या कहेंगे?

मेरी कार्यशालाओं में कभी भी नाट्यालेख या नाटक पर काम नहीं होता. यह पूरी तरह बेकार होगा. खुल कर कहूं तो मेरी कार्यशालाओं का ऐसा कोई नतीजा नहीं निकलता. उनका कोई अंतिम नतीजा होता ही नहीं. क्योंकि मैं मानता हूं कि एक रंगमंचीय कार्यशाला को भागीदारों को रचनात्मक होने में मददगार होना चाहिए. भागीदारों को रंगमंच को जीना चाहिए और उनकी जिम्मेदारी कही गयी बातों की नकल करना या उसे मान लेना भर नहीं होना चाहिए. रंगमंच पर अकेले निर्देशक का अधिकार नहीं होना चाहिए.

* इस प्रक्रिया में क्या बातें निकल कर आती हैं?

उत्तर भारत में तो अधिक नहीं. दिल्ली में मैंने एनएसडी, संभव, एसआरसी रंगमंडल के लिए कार्यशालाएं की हैं. लेकिन इनमें से कोई फ्री थिएटर नहीं करता. आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में इसका उल्टा है. इन राज्यों में फ्री थिएटर एक आंदोलन की शक्ल ले रहा है. इन कार्यशालाओं ने पाकिस्तान के रंगकर्मियों तक की एक फ्री थिएटर आंदोलन शुरू करने में मदद की है.

संस्कृति को राजकीय संरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर आपका क्या विचार है?

हम इसके पूरी तरह खिलाफ हैं. हमने कभी भी राज्य या इसकी एजेंसियों से अनुदान या किसी मदद के लिए आवेदन नहीं किया है. अगर हम संरक्षण की मांग करना शुरू करेंगे तो फिर फ्री थिएटर बेमानी हो जाएगा. 20 सालों का हमारा अनुभव रहा है कि आप राज्य के अनुदान के बिना भी जनता के स्वैच्छिक योगदान के जरिए नाटक कर सकते हैं.

* वे लोग कितने सही हैं जो यह मानते हैं कि आप मंच नाटकों (प्रोसीनियम) को खत्म करना चाहते हैं?

अगर मैंने कोशिश भी की होती तो तय है कि मैं सफल नहीं हुआ होता. यह तो एक मिथक है जिसका प्रचार किया गया है. सही बात यह है कि मैं मंच नाटकों में भरोसा नहीं करता और न इस पर काम करता हूं. मैं ऐसा क्यों करूंगा जब मैं इसे प्रासंगिक ही नहीं मानता? लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जो लोग मंच नाटक करते हैं वे मेरे दुश्मन हैं.

* आपके नाटकों में बार बार खुदकुशी क्यों एक थीम के रूप में आती है?

ऐसा मेरे 50 नाटकों में से केवल तीन नाटकों में हुआ है- पगला घोड़ा, एवम इंद्रजीत और बाकी इतिहास में. यह एक गलत सामान्यीकरण है. और कृपया ध्यान दीजिए कि इन नाटकों में खुदकुशी होने के बावजूद वे निराशावादी नाटक नहीं हैं. वे जीवन से भरे हुए हैं. उनमें खुदकुशी का प्रचार नहीं है. ऐसा इसलिए है क्योंकि यह नाटक के ढांचे में फिट बैठता है.

अनुवाद- रेयाज उल हक साभार- हाशिया ब्लाग

प्रकाश झा/ घटिया कंटेंट पापुलर हो, जरूरी नहीं : प्रकाश झा


E-mail Print PDF
प्रकाश झा
प्रकाश झा
27 फरवरी 1952 को पश्चिमी चंपारण (बिहार) में जन्मे प्रकाश झा निर्माता-निर्देशक के रूप में पूरे देश में स्थापित होने के बाद अब कई नए क्षेत्रों में भी सक्रिय हो गए हैं. राजनीति, उद्यम, मीडिया में वे कई नई चीजें कर रहे हैं. हाल-फिलहाल उन्होंने बिहार-झारखंड पर केंद्रित चैनल 'मौर्य टीवी' को लांच किया है. हिंदी भाषी इलाके के जन-मानस की नब्ज समझने-बूझने वाले प्रकाश ने फिल्मी दुनिया में अपनी मेहनत, समझ-बूझ और विशिष्ट शैली के चलते जो मुकाम हासिल किया है, वह अनुकरणीय है. अपनी नई फिल्म 'राजनीति' की शूटिंग पूरी करने के बाद 'मौर्य टीवी' की लांचिंग कराने के बाद इसे स्थापित कराने के लिए कमर कसे हुए प्रकाश झा से भड़ास4मीडिया के एडिटर यशवंत सिंह ने कई मुद्दों पर बातचीत की. पेश है बातचीत के अंश-

-फिल्म की दुनिया वाले प्रकाश झा अब मीडिया की दुनिया में भी आ गए? क्या सोचकर आए?
--मैं इंटरटेनमेंट फील्ड से हूं. इसी फील्ड से ताल्लुक रखता है टीवी भी. टेलीविजन बहुत पुराने समय से करते आ ही रहे हैं. दूसरी चीज यह कि बिहार की चीजें अपनी हों, बिहार के लोग लगें, मिलें और बनाएं, बिहार का प्रोडक्शन हो ताकि कोई कहे कि भाई ये तो चैनल बिहार का है। हम अन्य चीजों में भी इनवेस्ट कर ही रहे हैं. माल-मल्टीप्लेक्स बनावा रहे हैं. फैक्ट्री लगवा रहे हैं. कई चीजें प्लान हो रही हैं. जो भी इनवेस्टमेंट संभव है, वो मैं कर रहा हूं. मीडिया भी बहुत जरूरी चीज है. हम इससे जुड़े हुए हैं. चैनल शुरू हुआ है. उद्देश्य बिहार की सोच-समझ, विचार-समाचार को सामने लाना है. और यह सब बिहार के लोग ही करें. यही मकसद है. रेडियो के तरफ भी मेरा ध्यान है. प्रिंट मीडिया की भी शुरुआत करने की योजना है. हम कोशिश कर रहे हैं.
-टीवी न्यूज चैनलों के बारे में एक मिथ है कि अगर आप जनता और सरोकार की पत्रकारिता करेंगे तो आपकी टीआरपी नहीं मिलेगी. टीआरपी के लिए उल-जुलूल चीजें दिखानी पड़ती हैं. आपकी क्या राय है?
प्रकाश झा
--ये बात तो जरूर है कि लोग कंटेंट समझ नहीं पा रहे हैं. कंटेंट को किस तरह से पेश किया जाए, यह समझ नहीं पा रहे हैं. न्यूज के साथ भी बहुत सारा पैकेजिंग हो सकता है, कंटेंट हो सकता है, उसको क्रिएटिवली ला सकते हैं सामने. हमारी तो एक्सपर्टीज इसी चीज में है. अपने चैनल को न्यूज चैनल बनाना है. मौर्य टीवी में कंटेंट हम किस तरह सामने लाते हैं, देखिएगा. हम बेसिकली न्यूज को, कंटेंट को बहुत स्पेशल तरीके से सामने लाने की कोशिश कर रहे हैं।
-न्यूज चैनलों के लिए जारी होने वाली वीकली टीआरपी की व्यवस्था को खत्म करने की मांग आजकल उठ रही है. क्या आपके चैनल में प्रकाश झाभी टीआरपी को ध्यान में रखकर प्रोग्राम बनाए जाएंगे या टीआरपी के दबाव के बिना आप लोग काम करना पसंद करेंगे?
--मांग तो ठीक है लेकिन जब कोई माध्यम बन जाता है प्रचार-प्रसार का तो हर आदमी जानना चाहेगा कि मेरा सामान कहां तक पहुंच रहा है, मेरी बात कहां तक पहुंच रही है. तो कहीं न कहीं, कोई न कोई, मापदंड तो बनाना ही पड़ेगा उसका. मुझे लगता है कि इसको हमें चैलेंज के रूप में लेना चाहिए. बेहतर से बेहतर कंटेंट बना कर सामने लाना चाहिए. कोई जरूरी नहीं है कि घटिया कंटेंट ही पापुलर हो. कहानी जब भी अच्छी होगी, कंटेंट जब भी अच्छा होगा, लोग उसको देखेंगे ही देखेंगे. इसमें कोई शक की बात नहीं है. मेरा मानना हमेशा यही रहता है. हमने अपने फिल्म मेकिंग करियर में कोई घटिया फिल्म नहीं बनाई. हमने अपने कंटेंट को अपने तरीके से पेश किया. 'दामुल' एक जमाने में बनाई थी. तब कई तरह की बातें हुईं. मैंने कंटेंट को री-पैकेज किया. 'मृत्युदंड' बनाई, वो चली. 'गंगाजल' बनाई, वो चली. 'अपहरण' बनाई, वो चली. कहना तो वही है जो हम कहना चाहते हैं. जो मान्यताएं है बालीवुड की, उसको मैंने आंख बंद करके फालो नहीं किया. तो हम इसमें बिलीव करते हैं कि हम कंटेंट को अपने तरीके से ले आएंगे और इसे चलाएंगे.
-बिहार और झारखंड में करप्शन एक बड़ा मुद्दा है. आपका चैनल इसे उठाएगा?
--एक न्यूज चैनल का जो दायित्व होता है, हम उसका निर्वाह करेंगे. करप्सन अगर सामने आएगा तो उसे उजागर किया जाएगा. चैनल हर मुद्दे को निष्पक्ष रूप से पेश करेगा और करना भी चाहिए.
-कई बार तो मीडिया हाउस ही भ्रष्टाचार में भागीदार हो जाते हैं?
--मैं इन-प्रिंसिपल जो सोचता हूं वो यह कि सच्चाई को हमेशा सामने लाया जाना चाहिए. हर चीज निष्पक्ष हो करके दिखाना चाहिए. अगर हम यह करते हैं तो राह से भटकेंगे नहीं.
-बिहार-झारखंड के पोलिटिशियन्स के प्रति आपका चैनल क्या रवैया अपनाएगा?
--मैं व्यक्तिगत रूप से नहीं बैठा हूं एनालिसिस करने के लिए. जो होगा वो अपना चैनल चलाएगा. अगर मैं भी गलती करूंगा तो चैनल मेरी भी गलती को बताएगा क्योंकि मैं भी तो बिहार का ही हिस्सा हूं.
-मौर्य टीवी में अंदरखाने काफी कुछ उथल-पुथल हुआ. कई लोग आए और गए. यह क्यों हुआ?
प्रकाश झा
--कुछ रोडब्लाक्स थे. उनको एक बार जिम्मेदारी दी गई. पर सब कुछ ठीक से स्पष्ट नहीं हो रहा था. तब बैठ करके और बातचीत करके हमने व्यवस्था बनाई. व्यवस्था बदली गई. अभी आप देख रहे होंगे कि पिछले एक-दो महीने से सब कुछ बिल्कुल ठीक चल रहा है. सुचारू रूप से चैनल लांच हो रहा है. अब कोई दिक्कत की बात नहीं है. मीडिया में तो ऐसा होता ही रहता है. कोशिश यही रही है कि सब ठीकठाक से चले. सभी अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से संभाल सकें. हमने तो पिछले दो साल से चैनल के लिए हर वो काम किया, जो एक व्यवस्थित चैनल के लिए जरूरी होता है. तभी बिहार का कांपैक्ट सैटेलाइट चैनल विथ प्रोडक्शन हाउस लांच हो पाया है.  
-आप बिहार की धरती से निकले और प्रतिभा-मेहनत के संयोग से सफल भी हुए. एक उद्यमी के रूप में भी स्थापित हो रहे हैं. लेकिन देखा जाता है कि आमतौर पर हिंदी भाषी लोग खुद का बिजनेस या उद्यम करने में बहुत आलसी होते हैं, ऐसा क्यों?
--मेहनत तो करते हैं लोग. सफल होना भी चाहते हैं. लेकिन समस्या यह होती है कि हम लोगों की जो जमीन है, बिहार की, यूपी की, हिंदी भाषी क्षेत्र की, वो बहुत उर्वर जमीन है. यहां जो लोग हैं वो थोड़े सुख के आदी होते हैं. जमीन पर जो भी रहते हैं, सुख के आदी हो जाते हैं. ये अनफारचुनेट बात है. जब हम लोग बाहर जाते हैं और तरह-तरह की कठिनाइयों को झेलते हैं तो हमारी प्रोडेक्टिविटी बहुत बढ़ जाती है. हम जब वापस अपनी जमीन पर चले जाते हैं तो हम फिर आलसी हो जाते हैं. हम प्रोडक्टिविटी में नहीं रहते हैं. हमे कहीं न कहीं से खाना मिल जाता है. ये प्राब्लम है हम लोगों के साथ. हमारी संपदा ही हमारी प्राब्लम है. तो इसलिए लोगों में जो ललक होती है इनवेस्ट करने की, काम करने की, वो ललक हमारे यहां कम मिलती है. पर चीजें बदल रही हैं. आने वाले जनरेशन के बच्चे इतिहास बदलेंगे. बिहार-यूपी समेत हिंदी भाषी के बच्चे काफी कंपटेटिव हो रहे हैं. वो इतिहास बदलेंगे.
-आप खुद का जो मीडिया हाउस खड़ा कर रहे हैं, उसमें कैसा वर्क कल्चर देखना चाहते हैं?
प्रकाश झा
अभी तो हम ग्रो कर रहे है मेरे भाई. जैसे-जैसे ग्रोथ मीडिया हाउस की होगी, वो लोग जो इसे चला रहे हैं, उनकी भी ग्रोथ होगी. हम लोग हमेशा से मिल-जुलकर काम करने में विश्वास करते रहे हैं. हमारी संस्कृति तो आज तक यही रही है कि हम एक दूसरे को मान-सम्मान दें, एक दूसरे के साथ मिल कर काम करें. हमारी फिल्म कंपनी में लोग हमारे साथ 20-20 वर्षों से जुड़े हुए हैं और काम कर रहे हैं. हमारे साथ उनकी भी ग्रोथ हुई है. हम इसी फिलासफी को यहां भी रखेंगे. हमारा मानना है कि वी वर्क टूगेदर, वी लिव टूगेदर, वी लर्न टूगेदर एंड वी ग्रो टूगेदर।
-प्रकाश झा बिहार की राजनीति करना चाहते हैं?
देखिए हमारी राजनीति बहुत क्लीयर है. हमारी राजनीति पार्टी, पालिटिक्स और समीकरण की राजनीति नहीं है. आप कभी भी हमको इन प्लेटफार्मों पर नहीं पाए होंगे और न पाएंगे. हमारी राजनीति इकानामी से जुड़ी हुई है. वेल्थ जनरेशन से जुड़ी हुई है. हम अगर एमपी बनना भी चाहते थे तो हम एक ऐसी पोजीशन पर आना चाहते थे ताकि रिसोर्सेज एक्सेस कर सकें. हमने जो भी काम किया वह जाति-पाति से परे हटकर किया. हमने सुगर फैक्ट्री लगाने का काम किया, माल-मल्टीप्लेक्स बनाने का काम किया, टेलीविजन चैनल लाने का काम किया. ये सब विकास के ही काम तो हैं. हम तो इनवेस्टमेंट कर रहे हैं. लोगों के साथ काम करना है, यही हमारी राजनीति है मेरे भाई. आपने हमें कभी ऐसे प्लेटफार्म पर पाया है जहां जाति-पाति समीकरण की बात हो रही हो? ये मेरी राजनीति ही नहीं है. मैं तो ये चाहता हूं कि सबके सब लोग मिल-जुल करके काम करें. बिहार के बारे में सोचें. सोचें कि बिहार में धन की उत्पत्ति कैसे हो. आज एक प्लेटफार्म बना है. वर्षों बाद बिहार के प्रति लोगों में अच्छी भावना आ रही है. इससे कितना दिल खुश होता है.
-प्रकाश जी, आपको चैनल लांचिंग पर ढेर सारी शुभकामनाएं.
मुझे आप सभी लोगों की शुभकामनाएं चाहिए. हम जो करना चाहते हैं अगर कर ले गए तो उसमें सिर्फ मेरा नहीं बल्कि पूरे बिहार और समाज का भला है. आपको धन्यवाद.

कवि सोम ठाकुर का कहना है-मंचों पर अधिकांश महिलाएं आकर्षक देह और गले के कारण हैं : सोम ठाकुर


E-mail Print PDF
सोम ठाकुर
सोम ठाकुर
: मंचों पर ब्रांड नेम चलते हैं, अच्छी रचनाएं नहीं : खुशवंत सिंह, कुलदीप नैयर कुछ भी लिखें, सब छापते हैं पर नवोदित प्रतिभावान लेखकों को वह सम्मान नहीं मिलता : कवि सम्मेलन के लिए अधिकांश ऐसे पूंजीपति पैसा देते हैं जिनका साहित्य से सरोकार नहीं होता :
हिंदी मंच का एक ऐसा नाम जो 1953 से आजतक अपनी कविता की सुगंध बिखेर रहा है। छह दशक के बाद भी उनके गीतों में आज भी वही ताजगी और रवानगी बरकरार है। नीरज जी के बाद वही कवि सम्मेलन में मंचों के शहंशाह हैं। आज भले ही हास्य कलाकारों ने हिंदी मंच का अवमूल्यन किया हो लेकिन सोम ठाकुर ने अपनी रचनाओं में हिंदी की अस्मिता और जीवन के शाश्वत मूल्यों को आत्मसात किया है। उनकी रचनाधर्मिता के संदर्भ में डॉ. महाराज सिंह परिहार इस प्रख्यात गीतकार सोम ठाकुर से रूबरू हुए।
-आप कई दशकों से हिंदी मंच पर हैं। क्या परिवर्तन देखते हैं आप पहले की अपेक्षा अब के हिंदी मंच पर? क्या कारण रहा आपका काव्य मंचों से जुड़ने का?
--पहले से आमूलचूल परिवर्तन आया है कवि सम्मेलनी मंच पर। पहले कविता पढ़ी जाती थी तो कवि को नाम मात्र का पारिश्रमिक मिलता था लेकिन आज मंचों पर भरपूर पैसा है। मेरा मंचों पर आने का प्रमुख कारण आर्थिक रहा। मेरे चार पुत्रियां और दो पुत्र थे जिनका अच्छा पालन-पोषण कालेज की प्राध्यापकी नौकरी में संभव नहीं था। उन दिनों डिग्री कालेज की नौकरी से अधिक पारिश्रमिक कवि सम्मेलनों में मिलता था। इसीलिए मैंने पहले आगरा कालेज, फिर सेंट जौंस कालेज तत्पश्चात नेशनल पोस्ट डिग्री कालेज भोगांव में हिंदी विभागध्यक्ष की नौकरी छोड़कर काव्य पाठ को अपने जीवनयापन का माध्यम बनाया।
-आपको कोई अफसोस है कि आपने प्रोफेसरी के स्थान पर काव्य पाठ को ही अपना कैरियर बनाया?
--नहीं, मुझे कोई अफसोस नहीं अपितु गर्व है कि मैंने कविता को ही अपना कैरियर बनाया। देश में अब तक लाखों डिग्री कालेजों के शिक्षक हैं लेकिन क्या किसी को सोम ठाकुर जैसी अपार लोकप्रियता मिली है। इसी कविता ने मुझे राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय ख्याति दिलाई। महामहिम राष्ट्रपति और महामहिम राज्यपाल से सम्मानित कराया। देश-विदेशों का भ्रमण कराया। मैं प्रोफेसर सोम ठाकुर की अपेक्षा कवि सोम ठाकुर के रूप में गर्व और आनंद का अनुभव करता हूं।
-कवि सम्मेलनों में कैसी रचनाएं पसंद की जाती हैं। क्या अच्छा रचनाकार मंचों पर वाहवाही बटोर सकता है?
--वास्तविकता यह है कि मंचों पर ब्रांड नेम ही चलते हैं, अच्छी रचनाएं नहीं। मंचों पर मशहूर ब्रांड नेम के कवियों को ही बुलाया जाता है और उन्हें ही भरपूर पारिश्रमिक दिया जाता है। बड़ा मुश्किल है किसी नवोदित रचनाकार का मंचों पर जम जाना। यहां भी स्थिति लेखक, पत्रकारों जैसी है। खुशवंत सिंह, कुलदीप नैयर कुछ भी लिखें, हर अखबार छापता है लेकिन नवोदित प्रतिभावान लेखकों को वह सम्मान नहीं मिलता।
-क्या कारण है कि हिंदी मंचों से साहित्यकार विदा हो गये हैं और उनके स्थान केवल मंचीय कवियों ने ले लिया है?
--हां, यह सच्चाई है। पहले रामधारी सिंह दिनकर, हरिवंशराय बच्चन, पंत, निराला और मैथिलीशरण गुप्त जैसे साहित्यकार मंचों पर काव्यपाठ करते थे लेकिन अब वह स्थिति नहीं है। अब मंचों पर भोंड़ा हास्य व द्विअर्थी तथाकथित कविताओं का बोलवाला होता जा रहा है। कविता साहित्य से हटकर विशुद्ध मनोरंजन में बदलती जा रही है।
-हिंदी मंच की गिरावट के लिए कौन जिम्मेदार है। आखिर इस गिरावट से कैसे निपटा जा सकता है।
--निश्चित रूप से मंच की गिरावट के लिए संयोजक जिम्मेदार हैं। वहीं विशुद्ध मनोरंजन करने वाले कवियों को बुलाते हैं। लेकिन इसके लिए संयोजकों की भी मजबूरी है। कवि सम्मेलन के लिए अधिकांश ऐसे पूंजीपति पैसा देते हैं जिनका साहित्य से कोई सरोकार नहीं होता और न ही समझ। उन्हें खुश करने और उनका मनोरंजन के लिए ही संयोजक को समझौता करना पड़ा है।
-मंचों पर अधिकांश आकर्षक और सुंदर चेहरे-मोहरे वाली कवियत्रियों का ही बोलबाला रहा है। कवियों की भांति अनुभवी कवियत्रियां दिखाई नहीं पड़तीं?
--महिलाओं का काव्य पाठ करना एक तरह से विजुअल आर्ट है। हर दर्शक आकर्षक और जवान महिला को देखना चाहता है। वैसे भी मंचों पर अधिकांश महिलाएं अपनी आकर्षक देहयष्ठि व गलेबाजी के कारण हैं। उनमें लेखन की प्रतिभा प्राय: नगण्य होती है। अधिकांश नामचीन कवि ही ऐसी काव्य गायिकाओं को प्रमोट करते हैं।
-क्या कवि के लिए वैचारिक प्रतिवद्धता आवश्यक है अथवा मात्र लेखन?
--बिना वैचारिक प्रतिवद्धता के लेखन निठल्ला चिंतन में बदल जाता है। लेखन के माध्यम से ही एक रचनाकार एक नये संसार का सृजन करता है और उसे अपने शब्दों के माध्यम से परवान चढ़ाने का निरंतर प्रयास करता है। जहां तक मेरा लेखन है, वह समाजवाद की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करता है।
सोम ठाकुर : एक परिचय
जन्म : 5 मार्च 1934
स्थान : अहीर पाड़ा, राजामंडी आगरा
शिक्षा : एम.ए. हिंदी आगरा कालेज
शिक्षण कार्य : आगरा कालेज, सेंट जौंस कालेज आगरा तथा नेशनल पीजी कालेज भोगांव, मैंनपुरी में हिंदी प्राध्यापक तथा हिंदी विभागाध्यक्ष
काव्य पाठ : देश के लगभग हर प्रांत के शहरों में काव्य पाठ
विदेशों  में : अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, मॉरीशस, सूरीनाम, जर्मनी, हॉलेंड, पोलैंड, नेपाल आदि देशों में काव्य पाठ
मानद नागरिकता : अमेरिका के मैरीलेंड प्रांत के शहर बाल्टीमोर के मेयर द्वारा मानद नागरिकता
सम्मान :  यशभारती 2006
कार्यकारी उपाध्यक्ष : उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान 2004
सोम ठाकुर के कुछ गीत

मेरे भारत की माटी है चन्‍दन और अबीर

सोम ठाकुर
सागर चरण पखारे, गंगा शीश चढ़ावे नीर
मेरे भारत की माटी है चन्दन और अबीर
सौ-सौ नमन करूँ मैं भैया, सौ-सौ नमन करूँ
मंगल भवन अमंगलहारी के गुण तुलसी गावे
सूरदास का श्याम रंगा मन अनत कहाँ सुख पावे
जहर का प्याला हँस कर पी गई प्रेम दीवानी मीरा
ज्यों की त्यों रख दीनी चुनरिया, कह गए दास कबीर
सौ-सौ नमन करूँ मैं भैया, सौ- सौ नमन करूँ
फूटे फरे मटर की भुटिया, भुने झरे झर बेरी
मिले कलेऊ में बजरा की रोटी मठा मठेरी
बेटा माँगे गुड की डलिया, बिटिया चना चबेना
भाभी माँगे खट्टी अमिया, भैया रस की खीर
सौ-सौ नमन करूँ मैं भैया, सौ-सौ नमन करूँ
फूटे रंग मौर के बन में, खोले बंद किवड़िया
हरी झील में छप छप तैरें मछरी सी किन्नरिया
लहर लहर में झेलम झूमे, गावे मीठी लोरी
पर्वत के पीछे नित सोहे, चंदा सा कश्मीर
सौ-सौ नमन करूँ मैं भैया, सौ- सौ नमन करूँ
चैत चाँदनी हँसे , पूस में पछुवा तन मन परसे
जेठ तपे धरती गिरजा सी, सावन अमृत बरसे
फागुन मारे रस की भर भर केसरिया पिचकारी
भीजे आंचल , तन मन भीजे, भीजे पचरंग चीर
सौ-सौ नमन करूँ मैं भैया, सौ-सौ नमन करूँ

पूर्वा पर

सोम ठाकुर
लोहे से झल गई सलाखें
पिघल गये घेरे बाँहों के।
परत-दर-परत चढ़ते साये
कपड़ों भर तनी अर्गनी
नाप गई अमरूदी कोण
टूटी मुंडेर टिकी कोहनी
धूप-चाँदनी तो वक्तव्य हुए झूठे
छत की ख़ामोश सभाओं के।
रेंग-रेंग जाती है कातर
फाइलों लदे हाथों पर
रहा सिर्फ़ इंतज़ार बस का
जल डूबे फुटपाथों पर
हर तो हैं कैद कतारों मे
बागी हैं पुरवा के झोंके ।

लौट आओ

सोम ठाकुर
लौट आओ मांग के सिंदूर की सौगंध तुमको
नयन का सावन निमंत्रण दे रहा है।
आज बिसराकर तुम्हें कितना दुखी मन यह कहा जाता नहीं है।
मौन रहना चाहता, पर बिन कहे भी अब रहा जाता नहीं है।
मीत! अपनों से बिगड़ती है बुरा क्यों मानती हो?
लौट आओ प्राण! पहले प्यार की सौगंध तुमको
प्रीति का बचपन निमंत्रण दे रहा है।
रूठता है रात से भी चांद कोई और मंजिल से चरन भी
रूठ जाते डाल से भी फूल अनगिन नींद से गीले नयन भी
बन गईं है बात कुछ ऐसी कि मन में चुभ गई, तो
लौट आओ मानिनी! है मान की सौगंध तुमको
बात का निर्धन निमंत्रण दे रहा है।
चूम लूं मंजिल, यही मैं चाहता पर तुम बिना पग क्या चलेगा?
मांगने पर मिल न पाया स्नेह तो यह प्राण-दीपक क्या जलेगा?
यह न जलता, किंतु आशा कर रही मजबूर इसको
लौट आओ बुझ रहे इस दीप की सौगंध तुमको
ज्योति का कण-कण निमंत्रण दे रहा है।
दूर होती जा रही हो तुम लहर-सी है विवश कोई किनारा,
आज पलकों में समाया जा रहा है सुरमई आंचल तुम्हारा
हो न जाए आंख से ओझल महावर और मेंहदी,
लौट आओ, सतरंगी श्रिंगार की सौगंध तुम को
अनमना दपर्ण निमंत्रण दे रहा है।
कौन-सा मन हो चला गमगीन जिससे सिसकियां भरतीं दिशाएं
आंसुओं का गीत गाना चाहती हैं नीर से बोझिल घटाएं
लो घिरे बादल, लगी झडि़यां, मचलतीं बिजलियां भी,
लौट आओ हारती मनुहार की सौगंध तुमको
भीगता आंगन निमंत्रण दे रहा है।
यह अकेला मन निमंत्रण दे रहा है।

पंचतात्विक राष्ट्र-वंदना

सोम ठाकुर
तेरी धरा तेरा गगन
वाचाल जल पावन अगन
बहता हुआ पारस पवन
मेरे हुए तन मन वचन
तेरी धरा महकी हुई
मंत्रों जगी स्वर्गों छुई
पड़ते नहीं जिस पर कभी
संहार के बहते चरन
तेरा गगन फैला हुआ
घिर कर न घन मैला हुआ
सूरजमुखी जिसका चलन
जीकर थकन पीकर तपन
वाचाल जब चंचल रहा
आनंद से पागल रहा
जिसका धरम सागर हुआ
जिसका करम करना सृजन
पावन अगन क्या जादुई
तेजस किरन रचती हुई
जिसमें दहे दुख दर्द ही
जिसमें रहे ज़िंदा सपन
पारस पवन कैसा धनी
जिसकी कला संजीवनी
जो बाँटता हर साँस को
जीवन-जड़ा चेतन रतन
सोम ठाकुर से यह बातचीत डॉ. महाराज सिंह परिहार ने की.

शुक्रवार, 15 जुलाई 2011

धर्म की गुत्थियां खोलीं स्वामी विवेकानंद ने एम. मजहर सलीम अपनी ओजपूर्ण आवाज से लोगों के दिल को छू लेने वाले स्वामी विवेकानन्द निःसंदेह विश्व-गुरु थे। उनके सुलझे हुए विचारों के उजाले ने धर्म की डगर से भटक रही दुनिया को सही राह दिखाई। निर्विवाद रूप से विश्व में हिन्दुत्व के ध्वजवाहक रहे विवेकानन्द का बौद्धिक तथा आध्यात्मिक शक्ति से भरा व्यक्तित्व और कृतित्व विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विवेकानन्द ने अपनी अल्प आयु में ही दुनिया को बहुत कुछ दिया। उन्होंने विश्व को वेदान्त के मर्म से रूबरू कराया। विवेकानन्द ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को बहुत महत्वपूर्ण माना। वह चाहते थे कि नौजवान पीढ़ी रूढ़िवाद से अछूती रहकर अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल देश की तरक्की के लिए करे। युवाओं के आदर्श विवेकानन्द के जन्मदिन को युवा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। विवेकानन्द के जीवन में विचारों की क्रांति भरने वाले उनके गुरु स्वामी रामकृष्ण परमहंस ने एक बार कहा था कि विवेकानन्द एक दिन दुनिया को शिक्षा देंगे और बहुत जल्द अपनी बौद्धिक और आध्यात्मिक शक्तियों से विश्व पर गहरी छाप छोड़ेंगे। कलकत्ता के शिमला पल्ली में 12 जनवरी 1863 को एक सम्भ्रान्त परिवार में जन्मे विवेकानन्द के बचपन का नाम नरेन्द्रनाथ था। शुरुआती शिक्षा घर में प्राप्त करने के बाद उन्होंने ईश्वरचन्द्र विद्यासागर संस्थान तथा स्कॉटिश चर्च कालेज में तालीम हासिल की। शिक्षार्जन के दौरान नरेन्द्रनाथ ने विशेष रूप से दर्शन और इतिहास का गहराई से अध्ययन किया। अध्यात्म के प्रति उनका झुकाव बचपन से ही था और छात्र जीवन में उन्होंने पूर्वी और पश्चिमी देशों की धर्म तथा दर्शन से जुड़ी पद्धतियों का गहराई से अध्ययन किया। विवेकानन्द ने नए परिप्रेक्ष्य में धार्मिक विचारों के व्यापक प्रचार के लिए वर्ष 1897 में कलकत्ता में रामकृष्ण मिशन की स्थापना की थी। यह शैक्षिक तथा सांस्कृतिक कार्यों के जरिए सामाजिक एवं धार्मिक आंदोलन की शुरुआत थी। रामकृष्ण मिशन आदर्श कर्मयोग पर आधारित है। दिल्ली स्थित रामकृष्ण आश्रम के प्रमुख स्वामी शांतमानंद ने बताया कि विवेकानंद चाहते थे कि देश के युवा रूढ़िवाद से प्रभावित हुए बगैर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को श्रद्धा के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि महज 39 वर्षों की जिंदगी में विवेकानंद ने आधुनिकता की दौड़ में धर्म की राह से भटक रही दुनिया को अपने विचारों की ऊर्जा से सही रास्ता दिखाया। विवेकानंद ने साबित किया कि देश के युवा चाहें तो दुनिया में सुविचारों की क्रांति लाकर अपनी पीढ़ियों को एक सम्पन्न विरासत दे सकते हैं। विवेकानंद के भक्त स्वामी अदीश्वरानंद के एक लेख में विवेकानंद के व्यक्तित्व और विचारों का शिकागो में हुई धर्म संसद पर प्रभाव का जिक्र मिलता है। अदीश्वरानंद ने लिखा है कि विवेकानंद ने अपने विचारों से अमेरिकी लोगों के दिल को छुआ। उन्होंने अपनी जादुई भाषण शैली, रूहानी आवाज और क्रांतिकारी विचारों से अमेरिका के आध्यात्मिक विकास पर गहरी छाप छोड़ी। विवेकानंद ने अमेरिका और इंग्लैंड जैसी महाशक्तियों को अध्यात्म का पाठ पढ़ाकर विश्व-गुरु के रूप में अपनी पहचान बनाई और अपने गुरु परमहंस की भविष्यवाणी को सही साबित किया। अदीश्वरानंद के मुताबिक विवेकानंद भारत के प्रतिनिधि के रूप में अमेरिका जाने वाले पहले हिन्दू भिक्षु थे। उनका संदेश वेदान्त का पैगाम था। उनका मानना था कि वेदांत ही भविष्य में मानवता का धर्म होगा। धार्मिक सौहार्द्र वेदान्त का सार है। उन्होंने लिखा है कि विवेकानंद ने सभी लोगों को अपने-अपने धर्म की डोर को मजबूती से थामने की शिक्षा दी। लेख में वर्णित तथ्यों के मुताबिक विवेकानंद जिस समय शिकागो गए थे उस वक्त अमेरिका गृहयुद्ध जैसी स्थिति से जूझ रहा था और तथाकथित वैज्ञानिक प्रगति ने धार्मिक मान्यताओं की जड़ों को हिला दिया था। ऐसे में अमेरिकी लोग एक ऐसे दर्शन की प्रतीक्षा में थे जो उन्हें इस संकट से मुक्ति दिलाए। विवेकानंद ने अपने विचारों से उनकी इच्छा की पूर्ति के लिए आशा की किरण दिखाई। विवेकानंद ने अपने जीवन के आखिरी दिन बेलूरू स्थित रामकृष्ण मठ में बिताए। लगातार यात्राओं से उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और वह शारीरिक रूप से दिन ब दिन कमजोर होते गए। बताया जाता है कि उन्होंने अपने निर्वाण से पहले यह कह दिया था कि वह 40 वर्ष की उम्र तक जिंदा नहीं रह पाएंगे। उनकी भविष्यवाणी सच साबित हुई और इस आध्यात्मिक गुरु ने अपने विचारों से विश्व को जाज्वल्यमान् करने के बाद 04 जुलाई 1902 को दुनिया को अलविदा कह दिया।

धर्म की गुत्थियां खोलीं स्वामी विवेकानंद ने



एम. मजहर सलीम
अपनी ओजपूर्ण आवाज से लोगों के दिल को छू लेने वाले स्वामी विवेकानन्द निःसंदेह विश्व-गुरु थे। उनके सुलझे हुए विचारों के उजाले ने धर्म की डगर से भटक रही दुनिया को सही राह दिखाई। निर्विवाद रूप से विश्व में हिन्दुत्व के ध्वजवाहक रहे विवेकानन्द का बौद्धिक तथा आध्यात्मिक शक्ति से भरा व्यक्तित्व और कृतित्व विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
विवेकानन्द ने अपनी अल्प आयु में ही दुनिया को बहुत कुछ दिया। उन्होंने विश्व को वेदान्त के मर्म से रूबरू कराया। विवेकानन्द ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को बहुत महत्वपूर्ण माना। वह चाहते थे कि नौजवान पीढ़ी रूढ़िवाद से अछूती रहकर अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल देश की तरक्की के लिए करे। युवाओं के आदर्श विवेकानन्द के जन्मदिन को युवा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। विवेकानन्द के जीवन में विचारों की क्रांति भरने वाले उनके गुरु स्वामी रामकृष्ण परमहंस ने एक बार कहा था कि विवेकानन्द एक दिन दुनिया को शिक्षा देंगे और बहुत जल्द अपनी बौद्धिक और आध्यात्मिक शक्तियों से विश्व पर गहरी छाप छोड़ेंगे।
कलकत्ता के शिमला पल्ली में 12 जनवरी 1863 को एक सम्भ्रान्त परिवार में जन्मे विवेकानन्द के बचपन का नाम नरेन्द्रनाथ था। शुरुआती शिक्षा घर में प्राप्त करने के बाद उन्होंने ईश्वरचन्द्र विद्यासागर संस्थान तथा स्कॉटिश चर्च कालेज में तालीम हासिल की। शिक्षार्जन के दौरान नरेन्द्रनाथ ने विशेष रूप से दर्शन और इतिहास का गहराई से अध्ययन किया। अध्यात्म के प्रति उनका झुकाव बचपन से ही था और छात्र जीवन में उन्होंने पूर्वी और पश्चिमी देशों की धर्म तथा दर्शन से जुड़ी पद्धतियों का गहराई से अध्ययन किया।
विवेकानन्द ने नए परिप्रेक्ष्य में धार्मिक विचारों के व्यापक प्रचार के लिए वर्ष 1897 में कलकत्ता में रामकृष्ण मिशन की स्थापना की थी। यह शैक्षिक तथा सांस्कृतिक कार्यों के जरिए सामाजिक एवं धार्मिक आंदोलन की शुरुआत थी। रामकृष्ण मिशन आदर्श कर्मयोग पर आधारित है। दिल्ली स्थित रामकृष्ण आश्रम के प्रमुख स्वामी शांतमानंद ने बताया कि विवेकानंद चाहते थे कि देश के युवा रूढ़िवाद से प्रभावित हुए बगैर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को श्रद्धा के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि महज 39 वर्षों की जिंदगी में विवेकानंद ने आधुनिकता की दौड़ में धर्म की राह से भटक रही दुनिया को अपने विचारों की ऊर्जा से सही रास्ता दिखाया। विवेकानंद ने साबित किया कि देश के युवा चाहें तो दुनिया में सुविचारों की क्रांति लाकर अपनी पीढ़ियों को एक सम्पन्न विरासत दे सकते हैं।
विवेकानंद के भक्त स्वामी अदीश्वरानंद के एक लेख में विवेकानंद के व्यक्तित्व और विचारों का शिकागो में हुई धर्म संसद पर प्रभाव का जिक्र मिलता है। अदीश्वरानंद ने लिखा है कि विवेकानंद ने अपने विचारों से अमेरिकी लोगों के दिल को छुआ। उन्होंने अपनी जादुई भाषण शैली, रूहानी आवाज और क्रांतिकारी विचारों से अमेरिका के आध्यात्मिक विकास पर गहरी छाप छोड़ी। विवेकानंद ने अमेरिका और इंग्लैंड जैसी महाशक्तियों को अध्यात्म का पाठ पढ़ाकर विश्व-गुरु के रूप में अपनी पहचान बनाई और अपने गुरु परमहंस की भविष्यवाणी को सही साबित किया।
अदीश्वरानंद के मुताबिक विवेकानंद भारत के प्रतिनिधि के रूप में अमेरिका जाने वाले पहले हिन्दू भिक्षु थे। उनका संदेश वेदान्त का पैगाम था। उनका मानना था कि वेदांत ही भविष्य में मानवता का धर्म होगा। धार्मिक सौहार्द्र वेदान्त का सार है। उन्होंने लिखा है कि विवेकानंद ने सभी लोगों को अपने-अपने धर्म की डोर को मजबूती से थामने की शिक्षा दी।
लेख में वर्णित तथ्यों के मुताबिक विवेकानंद जिस समय शिकागो गए थे उस वक्त अमेरिका गृहयुद्ध जैसी स्थिति से जूझ रहा था और तथाकथित वैज्ञानिक प्रगति ने धार्मिक मान्यताओं की जड़ों को हिला दिया था। ऐसे में अमेरिकी लोग एक ऐसे दर्शन की प्रतीक्षा में थे जो उन्हें इस संकट से मुक्ति दिलाए। विवेकानंद ने अपने विचारों से उनकी इच्छा की पूर्ति के लिए आशा की किरण दिखाई।
विवेकानंद ने अपने जीवन के आखिरी दिन बेलूरू स्थित रामकृष्ण मठ में बिताए। लगातार यात्राओं से उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और वह शारीरिक रूप से दिन ब दिन कमजोर होते गए। बताया जाता है कि उन्होंने अपने निर्वाण से पहले यह कह दिया था कि वह 40 वर्ष की उम्र तक जिंदा नहीं रह पाएंगे। उनकी भविष्यवाणी सच साबित हुई और इस आध्यात्मिक गुरु ने अपने विचारों से विश्व को जाज्वल्यमान् करने के बाद 04 जुलाई 1902 को दुनिया को अलविदा कह दिया।

गुरुवार, 14 जुलाई 2011

रंजन कुमार सिंह -शंकर दयाल की याद में चलेगा साल भर समारोह


बृहस्पतिवार, १४ जुलाई २०११

शंकर दयाल सिंह- लेखक सासंद और यायावर शंकरदयाल की 75 वी जंयती समारोह




जीवन भर यात्रा और कंही सुबह कहीं शाम बीताने वाले यायावर शंकर दयाल सिंह की मौत भी एक यायावर की तरह ही चलती रेल में ही हो गई। बतौर सासंद अपनी जीवन यात्रा समाप्त करने वाले लेखक और बिहार में साहित्य और मंच को लेकर हमेशा सक्रिय रहने वाले शंकर दयाल सिंह 27 दिसंबर 2011 को 75 साल पुरे करते। निधन होने के बाध भी इनके सुयोग्य पुत्रों ने अपने पिता की याद में एक साल तक तलने वाले समारोहों का आयोजन किया है। जिसकी शुरूआत राष्ट्रपति भवन में देश की पहली महिला राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवी सिंह पाटिल करेंगी।
शंकरदयाल सिंह के पुत्र रंजन कुमार सिंह ने बताया कि 27 दिसम्बर 2011 के बाद पूरे साल भर बिहार झारखंड़ यूपी और दिल्ली में दर्जनों कार्यक्रम होगें। जिसमें कवि सम्मेलन संगोष्ठी से लेकर सांस्कृतिक समारोह शामिल है। रंजन ने बताया कि इन कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जा रही है।
गौरतलब है कि लेखक और साहित्यकार कामता प्रसाद सिंह काम के पुत्र शंकर दयाल सिंह के साहित्य परिवार की यह तीसरी पीढ़ी है। रंजन ने बताया कि शंकर जी के गांव भवानीपुर, देव के कामता सेवा केंद्र से लेकर पिताजी की यादों से सराबोर उन तमाम स्थानों पर कोई ना कोई कार्यक्म जरूर किया जाएगा। इस मौके पर स्मारिका और कई पुस्तकों के प्रकाशन की भी योजना है। रंजन ने कहा कि सितम्बर तक साल 2012 तक चलने वाले सारे समारोहों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। यानी शंकर दयाल सिंह की यादों से नयी पीढ़ी को परिचित कराया जाएगाय।

बुधवार, 13 जुलाई 2011

भ्रष्टाचार, क्रांति और साहित्य




जगदीश्‍वर चतुर्वेदी

राजनीति में भ्रष्टाचार एक बड़ा मुद्दा है लेकिन साहित्य में यह कभी मुद्दा ही नहीं रहा। यहां तक संपूर्ण क्रांति आंदोलन के समय नागार्जुन ने भ्रष्टाचार पर नहीं संपूर्ण क्रांति पर लिखा,इन्दिरा गांधी पर लिखा। जबकि यह आंदोलन भ्रष्टाचार के खिलाफ था। क्या वजह है लेखकों को भ्रष्टाचार विषय नहीं लगता। जबकि हास्य-व्यंग्य के मंचीय कवियों ने भ्रष्टाचार पर जमकर लिखा है। साहित्य में भ्रष्टाचार की अनुपस्थिति इस बात का संकेत है कि लेखक इसे मसला नहीं मानते। दूसरा बड़ा कारण साहित्य का मासकल्चर के सामने आत्म समर्पण और उसके साथ सामंजस्य बिठाने की कोशिश करना है। साहित्य में मूल्य,नैतिकता,परिवार और राजनीतिक भ्रष्टाचार पर खूब लिखा गया है लेकिन आर्थिक भ्रष्टाचार पर नहीं लिखा गया है। आर्थिक भ्रष्टाचार सभी किस्म के भ्रष्टाचरण की धुरी है। यह प्रतिवाद को खत्म करता है। उत्तर आधुनिक अवस्था का यह प्रधान लक्षण है। इसकी धुरी है व्यवस्थागत भ्रष्टाचार। इसके साथ नेताओं में संपदा संचय की प्रवृत्ति बढ़ी है। अबाधित पूंजीवादी विकास हुआ है। उपभोक्तावाद की लंबी छलांग लगी है और संचार क्रांति हुई है। इन लक्षणों के कारण सोवियत अर्थव्यवस्था धराशायी हो गयी। सोवियत संघ और उसके अनुयायी समाजवादी गुट का पराभव हुआ। फ्रेडरिक जेम्सन के शब्दों में यह ‘आधुनिकीकरण की छलयोजना’ है। अस्सी के दशक से सारी दुनिया में सत्ताधारी वर्गों और उनसे जुड़े शासकों में पूंजी एकत्रित करने,येन-केन प्रकारेण दौलत जमा करने की लालसा देखी गयी। इसे सारी दुनिया में व्यवस्थागत भ्रष्टाचार कहा जाता है और देखते ही देखते सारी दुनिया उसकी चपेट में आ गयी। आज व्यवस्थागत भ्रष्टाचार सारी दुनिया में सबसे बड़ी समस्या है। पश्चिम वाले जिसे रीगनवाद,थैचरवाद आदि के नाम से सुशोभित करते हैं यह मूलतः ‘आधुनिकीकरण की छलयोजना’ है , इसकी धुरी है व्यवस्थागत भ्रष्टाचार।रीगनवाद-थैचरवाद को हम नव्य आर्थिक उदारतावाद के नाम से जानते हैं । भारत में इसके जनक हैं नरसिंहाराव-मनमोहन । यह मनमोहन अर्थशास्त्र है। भ्रष्टाचार को राजनीतिक मसला बनाने से हमेशा फासीवादी ताकतों को लाभ मिला है। यही वजह है लेखकों ने आर्थिक भ्रष्टाचार को कभी साहित्य में नहीं उठाया। भ्रष्टाचार वस्तुतः नव्य उदार आर्थिक नीतियों से जुड़ा है। आप भ्रष्टाचार को परास्त तब तक नहीं कर सकते जबतक नव्य उदार नीतियों का कोई विकल्प सामने नहीं आता।

भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन प्रतीकात्मक प्रतिवादी आंदोलन रहे हैं। इन आंदोलनों को सैलीब्रिटी प्रतीक पुरूष चलाते रहे हैं। ये मूलतःमीडिया इवेंट हैं। ये जनांदोलन नहीं हैं। प्रतीक पुरूष इसमें प्रमुख होता है। जयप्रकाश नारायण के सम्पूर्ण क्रांति आंदोलन से लेकर अन्ना हजारे के जन लोकपाल बिल आंदोलन तक इसे साफ तौर पर देख सकते हैं। मीडिया पुरूष हैं। इवेंट पुरूष हैं। इनकी अपनी वर्गीय सीमाएं हैं और वर्गीय भूमिकाएं हैं। प्रतीक पुरूषों के संघर्ष सत्ता सम्बोधित होते हैं जनता उनमें दर्शक होती है। टेलीविजन क्रांति के बाद पैदा हुई मीडिया आंदोलनकारियों की इस विशाल पीढ़ी का योगदान है कि इसने जन समस्याओं को मीडिया टॉक शो की समस्याएं बनाया है। अब जनता की समस्याएं जनता में कम टीवी टॉक शो में ज्यादा देखी -सुनी जाती हैं। इनमें जनता दर्शक होती है। इन प्रतीक पुरूषों के पीछे कारपोरेट मीडिया का पूरा नैतिक समर्थन है।

उल्लेखनीय है भारत को महमूद गजनवी ने जितना लूटा था उससे सैंकड़ों गुना ज्यादा की लूट नेताओं की मिलीभगत से हुई है। नव्य उदार नीतियों का इस लूट से गहरा संबंध है। चीन और रूस में इसका असर हुआ है चीन में अरबपतियों में ज्यादातर वे हैं जो पार्टी मेंम्बर हैं या हमदर्द हैं,इनके रिश्तेदारसत्ता में सर्वोच्च पदों पर बैठे हैं। यही हाल सोवियत संघ का हुआ।

भारत में नव्य उदारतावादी नीतियां लागू किए जाने के बाद नेताओं की सकल संपत्ति में तेजी से वृद्धि हुई है। सोवियत संघ में सीधे पार्टी नेताओं ने सरकारी संपत्ति की लूट की और रातों-रात अरबपति बन गए। सरकारी संसाधनों को अपने नाम करा लिया। यही फिनोमिना चीन में भी देखा गया। उत्तर आधुनिकतावाद पर जो फिदा हैं वे नहीं जानते कि वे व्यवस्थागत भ्रष्टाचार और नेताओं के द्वारा मचायी जा रही लूट में वे मददगार बन रहे हैं। मसलन गोर्बाचोव के नाम से जो संस्थान चलता है उसे अरबों-खरबों के फंड देकर गोर्बाचोव को रातों-रात अरबपति बना दिया गया। ये जनाव पैरेस्त्रोइका के कर्णधार थे। रीगन से लेकर क्लिंटन तक और गोर्बाचोब से लेकर चीनी राष्ट्रपति के दामाद तक पैदा हुई अरबपतियों की पीढ़ी की तुलना जरा हमारे देश के सांसदों-विधायकों की संपदा से करें। भारत में सांसदों-विधायकों के पास नव्य आर्थिक उदारतावाद के जमाने में जितनी तेजगति से व्यक्तिगत संपत्ति जमा हुई है वैसी पहले कभी जमा नहीं हुई थी। अरबपतियों-करोड़पतियों का बिहार की विधानसभा से लेकर लोकसभा तक जमघट लगा हुआ है। केन्द्रीयमंत्रियों से लेकर मुख्यमंत्रियों तक सबकी दौलत दिन -दूनी रात चौगुनी बढ़ी है। नेताओं के पास यह दौलत किसी कारोबार के जरिए कमाकर जमा नहीं हुई है बल्कि यह अनुत्पादक संपदा है जो विभिन्न किस्म के व्यवस्थागत भ्रष्टाचार के जरिए जमा हुई है। कॉमनवेल्थ भ्रष्टाचार, 2जी स्पैक्ट्रम घोटाला आदि तो उसकी सिर्फ झांकियां हैं। अमेरिका मे भयानक आर्थिकमंदी के बाबजूद नेताओं की परिसंपत्तियों में कोई गिरावट नहीं आयी है। कारपोरेट मुनाफों में गिरावट नहीं आयी है। भारत में भी यही हाल है।

इसी संदर्भ में फ्रेडरिक जेम्सन ने मौजूदा दौर में मार्क्सवाद की चौथी थीसिस में लिखा है इस संरचनात्मक भ्रष्टाचार का नैतिक मूल्यों के संदर्भ में कार्य-कारण संबंध के रूप में व्याख्या करना भ्रामक होगा क्योंकि यह समाज के शीर्ष वर्गों में अनुत्पादक ढंग से धन संग्रह की बिलकुल भौतिक सामाजिक प्रक्रिया में उत्पन्न होती है। इस बात पर बल देना अनिवार्य है कि कार्य-कुशलता, उत्पादकता और वित्तीय संपन्नता जैसे संवर्ग तुलनात्मक हैं। अभिप्राय यह है कि उनके परिणामों की भूमिका उस क्षेत्र में आती है जिसमें अनेक असमान परिघटनाएं प्रतिस्पर्धा कर रही हों। अधिक कार्यकुशल और उत्पादक तकनीकी पुरानी मशीनरी और पुराने संयंत्र को तभी विस्थापित करती हैं, जब पुरानी मशीनरी और संयंत्र अधिक कार्यकुशल तथा आधुनिक तकनीकी के कार्यक्षेत्र में प्रवेश करते हैं और उनके साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं।


इसी बात को सोवियत संघ के संदर्भ में आगे बढ़ाते हुए जेम्सन ने लिखा सोवियत संघ अकुशल हो गया और जब इसने अपने को ‘विश्व-तंत्र’ के साथ एकीकृत करने का प्रयास किया, तो यह विघटित हो गया क्योंकि विश्व-तंत्र आधुनिकता से उत्तरआधुनिकता की ओर अग्रसर था। यह एक ऐसा तंत्र था जो संचालन के नए नियमों के हिसाब से उत्पादकता की अतुलनीय द्रुत गति से दौड़ रहा था। वहीं सोवियत संघ में ऐसा कुछ भी नहीं था, जिसकी इससे तुलना की जा सके। सांस्कृतिक अभिप्रेरकों (उपभोक्तावाद, नई सूचना प्रौद्योगिकी आदि) द्वारा प्रेरित, सुविचारित सामरिक-तकनीकी प्रतिस्पर्धा में आकृष्ट होकर, ऋण तथा तीव्र होते वाणिज्यिक सह-अस्तित्व के रूपों के प्रलोभन में आकर रूस एक ऐसे तत्व में प्रवेश कर गया जहां इसका अस्तित्व समाप्त हो गया। यह दावा किया जा सकता है कि सोवियत संघ और इसके अनुषंगी देश, जो अब तक अपने ही विशिष्ट दबाव क्षेत्र में अलग-अलग थे मानो किसी विचारधारात्मक सामाजिक, आर्थिक, भूगणितीय उभार (गुंबज) के नीचे दबे हों,इसने अविवेकपूर्ण ढंग से बिना अंतरिक्ष-पोशाक तैयार किए ही वायुबंध खोलना आरंभ कर दिया और इस प्रकार स्वयं को और अपने संस्थानों को बाह्य विश्व के तीव्र और अपरिमेय दबाव के हवाले कर दिया। इसके परिणाम की तुलना हम प्रथम परमाणु बम के विस्फोट से हुई उन तुच्छ ढांचों की हालत से कर सकते हैं जो इस बम विस्फोट के स्थल के सबसे नजदीक थे, या फिर उन असुरक्षित जीवों की हालत से कर सकते हैं जो समुद्र तल पर उपस्थित थे जब जल में उत्पन्न विकृत दबाव का भार उन पर पड़ा होगा, खासकर जब यह दबाव से ऊपर की ओर उठ रहा होगा। यह परिणाम वॉलरस्टीन की दूरदर्शितापूर्ण चेतावनी की पुष्टि करता है। उन्होंने कहा था कि सोवियत ब्लॉक ने अपनी महत्ता के बावजूद पूंजीवादी तंत्र के विकल्प के रूप में किसी तंत्र का निर्माण नहीं किया। बल्कि इसके भीतर एक तंत्र-विरोधी क्षेत्र या स्थान बनाया, जो अब स्पष्टतया समाप्त हो गया है। यदि शेष कुछ बचे हैं तो वे कुछ पॉकेट्स हैं जिनमें आज भी विविध समाजवादी प्रयोग किए जा रहे हैं।

उत्तर आधुनिकतावाद के दौर में क्रांति पर सबसे तेज हमले हुए हैं। इन हमलों के आंतरिक और बाह्य दोनों ही किस्म के रूप हैं। क्योंकि उत्तर आधुनिकता के दौर पर क्रांति की अवधारणा के खिलाफ जितना लिखा गया है उतना अन्य किसी अवधारणा के बारे में नहीं लिखा गया है। क्रांति संबंधी बहस का बृहत्तर रूप में गहरा संबंध सिद्धांत और व्यवहार की एकता के साथ है। इस प्रसंग में पहली बात यह कि क्रांति का वास्तव अर्थ इन दिनों विकृत हुआ है। उसका अवमूल्यन हुआ है। क्रांति का अर्थ परिवर्तन मान लिया गया है और प्रत्येक परिवर्तन को क्रांति कहने का रिवाज चल निकला है। क्रांति के अर्थ का यह विकृतिकरण है। क्रांति का अर्थ है बुनियादी या आमूल-चूल परिवर्तन। क्रांति पर बहस करते हुए आमतौर पर कुछ इमेजों,कुछ आख्यानों, कुछ देशों ,कुछ खास क्षण विशेष आदि का जिक्र किया जाता है। क्रांति पर बात करने के लिए उसे साम्यवादी और साम्यवादविरोधी विचारकों और प्रचार सामग्री के द्वारा निर्मित इमेजों से बाहर आकर देखने की जरूरत है।

क्रांति अनंत क्षण में नहीं बल्कि समकालिक क्षण में घटित होती है। इसमें प्रत्येक चीज एक-दूसरे जुड़ी होती है। क्रांति का मतलब राजतंत्र या समाजतंत्र का ‘सुधार’ या ‘अल्प सुधार’ नहीं है क्रांति का मतलब किसी काल्पनिक मानसिक जगत में परिवर्तन से नहीं है। बल्कि इसका संबंध आमूल-चूल परिवर्तन से है। ये परिवर्तन एक-दूसरे से अभिन्न रूप से जुड़े हैं। क्रांति कोई बनी- बनायी परंपरा का निर्माण नहीं है। बल्कि मूलभूत परिवर्तनों का पुनरान्वेषण है। क्रांति कोई तयशुदा तर्कसंघर्ष नहीं है । इसी प्रसंग में प्रसिद्ध मार्क्सवादी फ्रेडरिक जेम्सन ने तीसरी थीसिस में लिखा है ,सामाजिक क्रांति अनंत समय का एक क्षण मात्र नहीं है। प्रत्युत समकालिक तंत्र में परिवर्तन की आवश्यकता की पुष्टि है, जिसमें हर चीज एक साथ है और एक दूसरे से अंतर्संबधित है। इस प्रकार का तंत्र संपूर्ण तंत्रगत परिवर्तन की मांग करता है, न कि अल्प ‘सुधार’, जिसे निंदात्मक अर्थ में ‘मनोराज्य विषयक’ कहा जाता है, जो भ्रामक है, व्यवहार्य नहीं। अभिप्राय यह है कि यह तंत्र वर्तमान सामाजिक व्यवस्था के स्थान पर एक रैडिकल सामाजिक विकल्प की विचारधारात्मक दृष्टि की मांग करता है, ऐसा कुछ जिसे वर्तमान तर्कमूलक संघर्ष के अंतर्गत दिया हुआ या विरासत में मिला नहीं माना जाए, बल्कि जो पुनरान्वेषण की मांग करे। धार्मिक रूढ़िवाद (चाहे वह इसलामी, ईसाई, या हिंदू रूढ़िवाद हो) जो उपभोक्तावाद या ‘अमरीकी जीवन शैली’ का रैडिकल विकल्प देने का दावा करता है, तभी महत्वपूर्ण अस्तित्व प्राप्त करता है जब पारंपरिक वाम विकल्प खासकर मार्क्सवाद और साम्यवाद की महान क्रांतिकारी परंपराएं अचानक अनुपलब्ध प्रतीत होने लगती हैं। क्रांति एक प्रक्रिया है और समकालिक परवर्ती पूंजीवादी तंत्र का अवसान भी है। लेकिन इसका प्रस्थान बिंदु राष्ट्रीय सप्रभुता की रक्षा के सवालों से आरंभ होता है। परवर्ती पूंजीवाद के जमाने में राष्ट्रीय संप्रभुता ही दांव पर लगी है। किसी भी देश को स्वतंत्र रूप से अपनी नीतियां बनाने और विकास करने का हक नहीं है। क्रांतिकारी ताकतों का यह विश्व एजेण्डा है।क्रांतिकारी ताकतों का आंतरिक एजेण्डा है हाशिए के लोगों को उनकी जनवादी मांगों के इर्दगिर्द एकजुट करना। समाज में प्रत्येक व्यक्ति को संघर्ष की अवस्था में इस या उसके साथ खड़े होने,प्रतिबद्ध होने के लिए तैयार करना। परवर्ती पूंजीवाद ने गैर प्रतिबद्धता की हवा चला दी है,इस हवा को जनवादी प्रतिबद्धता के आधार पर ही चुनौती दी जा सकती है। आम लोगों को जनवादी विचारों के प्रति प्रतिबद्ध बनाना,हाशिए के लोगों की जनवादी मांगों के आधार पर एकजुट करना, उनके संगठनों और संघर्षों को आयोजित करना वास्तव अर्थों में क्रांति के मार्ग पर ही चलना है।

पीछे हूं कहां आपसे रफ्तार में देखें--फ़ातिमा हसन



पाकिस्तान की मशहूर शायरा फ़ातिमा हसन एक अखिल भारतीय मुशायरे में हिस्सा लेने के लिए पिछले दिनों भारत में थीं. इस दौरान चौथी दुनिया (उर्दू) की संपादक वसीम राशिद ने उनसे एक लंबी बातचीत की. पेश हैं मुख्य अंश:
मैं बहुत मज़बूत क़दमों से चली हूं, मैंने कोई शॉर्टकट इस्तेमाल नहीं किया. मैं कभी रिएक्शन में नहीं पड़ी कि लोग मुझे क्या समझते हैं या क्या कहते हैं. मैंने शुरू में ही लिख दिया था कि जैसी भी हूं, अच्छी या बुरी, अपने लिए हूं. मैं ख़ुद को दूसरों की नज़र से नहीं देखती. यह समझती हूं कि जो ताक़त मैं इस तरह की बातों में लगाऊंगी, अगर उसे किसी सकारात्मक काम में लगाऊंगी तो उसका सकारात्मक परिणाम ही आएगा.

मूल रूप से आप कहां से संबंध रखती हैं?
मेरा जन्म तो कराची में हुआ, लेकिन मेरे माता-पिता का संबंध उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर ज़िले से है, जहां से वे पाकिस्तान चले गए थे. वहां आज भी मेरे मौसेरे भाई-बहन रहते हैं.
आप जब भी भारत आती हैं तो अपने रिश्तेदारों से मिलने ज़रूर जाती होंगी?
मेरे कई रिश्तेदार यहां दिल्ली में भी हैं. जितने मिलने वाले हैं, मैं तो सबको अपना रिश्तेदार समझती हूं. जगन्नाथ आज़ाद साहब जब भी पाकिस्तान जाते थे, मेरे घर ठहरते थे. मुशायरा ख़त्म होने पर लोग पूछते कि कहां जाना है तो वह कहते कि यहां मेरी बेटी फ़ातिमा रहती है. हमारा क़लम का रिश्ता भी ख़ून के रिश्तों की तरह स्थिर और पवित्र है.
आपकी शायरी की शुरुआत कहां से हुई?
मैं 1973 से निरंतर लिख रही हूं. 1973 में मेरा पहला संग्रह-बहते हुए फूल प्रकाशित हुआ. इसके बाद दूसरा संग्रह दस्तक से दर का फ़ासला आया और फिर तीसरा संग्रह यादें भी अब ख्वाब हुईं प्रकाशित हुआ. फिर इन तीनों संग्रहों को एक साथ प्रकाशित किया गया याद की बारिशें नाम से. एक संग्रह जल्द ही प्रकाशित होने वाला है. इसके अलावा कहानियों का एक संग्रह है-कहानियां गुम हो जाती हैं. फिर मैंने पीएचडी की. ज़ाहिदा ख़ातून शरवानिया अलीगढ़ में 1894 से 1922 तक थीं. वह पहली ऐसी शायरा थीं, जो पत्रिकाओं में छपती थीं. उन पर काम नहीं हुआ था, मैंने उन पर काम किया. वजह, उर्दू अदब के इतिहास में इतनी बड़ी महिला साहित्यकार का नाम नहीं आ रहा था. मैंने अलीगढ़ जाकर उनके खानदान से मिलकर सामग्री एकत्र की और उन पर कराची यूनिवर्सिटी से पीएचडी की, जिसे अंजुमन तरक़्क़ी उर्दू पाकिस्तान ने प्रकाशित किया. मेरे परीक्षक ख़लीक अंजुम थे. उनके अलावा मैंने स्त्री आलोचना पर तीन किताबें संपादित की हैं, ख़ामोशी की आवाज़, दूसरी फेमिनिज़्म और हम, तीसरी ब्लूचिस्तान का अदब और ख्वातीन. चौथी नसाई रद तश्कील है, जिसमें हमने यह देखा है कि मर्दों ने महिलाओं को किस तरह लिखा है. इसमें फ़हमीदा रियाज़ ने नून मीम राशिद, मैंने राजेंद्र सिंह बेदी, आसिफ़ फारुख़ी ने अली अब्बास हुसैनी और तनवीर अंजुम ने अज़ीज़ अहमद की तहरीरों का जायज़ा लिया. मेरी जो किताब इस वक़्त छपने को है, वह है किताब दोस्तां, जिसमें 25 लेख हैं. इनमें डॉक्टर असलम फ़ारुख़ी, ख़ालिदा हुसैन, फ़हमीदा रियाज़, किश्वर नाहीद, मुनीर नियाज़ी, अहमद फ़राज़ और कई साहित्यकारों एवं शायरों के लेखों को पढ़ा गया है.
जब आपने शेर कहना शुरू किया तो क्या माहौल साज़गार था?
माहौल तो साज़गार होने लगा था. अदा जाफ़री आईं और उन्होंने एक औरत की हैसियत से अपनी निजी पहचान के साथ लिखा और सामने आईं. उनकी शायरी की सराहना हुई और उन्हें हाथोंहाथ लिया गया. इसके बाद ज़हरा निगाह, किश्वर नाहीद, फ़हमीदा रियाज़ और परवीन शाकिर आईं. लेकिन मेरे साथ 1970 के दशक में जो नस्ल आई, उसने इस बात पर विरोध किया कि उनके लेखों के वे अर्थ नहीं निकाले जा रहे हैं, जो वह लिख रही है. स्त्री आलोचना स्त्री चेतना पर ज़ोर देती है. हमने बाक़ायदा स्त्री आलोचना पर काम किया और बताया कि हमारे लेखों को किस तरह पढ़ा जाए. हमने कहा, आप जो समझ रहे हैं, हमने वह नहीं लिखा है और हम जो लिख रहे हैं, आप समझ नहीं रहे हैं. आप सदियों से बने-बनाए सामाजिक मूल्यों के तहत हमारे किरदार को देखना चाहते हैं, उसी को मद्देनज़र रखकर हमारे लेखों को पढ़ते हैं, औरत या तो आपको फ़रिश्ता नज़र आती है या बदमाश.
अगर औरत किसी मुक़ाम पर पहुंचती है तो उसे तरह-तरह की बातों का सामना करना पड़ता है. क्या आपको भी उन्हीं हालात से लड़ना पड़ा?
मैं बहुत मज़बूत क़दमों से चली हूं, मैंने कोई शॉर्टकट इस्तेमाल नहीं किया. मैं कभी रिएक्शन में नहीं पड़ी कि लोग मुझे क्या समझते हैं या क्या कहते हैं. मैंने शुरू में ही लिख दिया था कि जैसी भी हूं, अच्छी या बुरी, अपने लिए हूं. मैं ख़ुद को दूसरों की नज़र से नहीं देखती. यह समझती हूं कि जो ताक़त मैं इस तरह की बातों में लगाऊंगी, अगर उसे किसी सकारात्मक काम में लगाऊंगी तो उसका सकारात्मक परिणाम ही आएगा. आपको आगे बढ़ने के लिए मज़बूत क़दमों के साथ आगे की सोचकर चलना होगा. रुकावटें तो आती हैं, हर कामयाब आदमी को रुकावटें झेलनी पड़ती हैं. मैंने जो लिखा, वह छपवाती रही. इससे मेरा कोई वास्ता नहीं रहा कि कौन मुझे मुशायरे में बुला रहा है और कौन टीवी पर. काम पब्लिसिटी से ज़्यादा होना चाहिए. कुछ चीज़ें अपने ज़हन में बिल्कुल साफ़ होनी चाहिए. एक तो यह कि हम शो बिज़ लिखने वाले नहीं हैं कि हम अपना स्कैंडल बनवाएं और फिर उससे मशहूर हों. तो फिर हमारा काम पीछे रह जाएगा. हम राजनीतिज्ञ भी नहीं हैं, हम बुद्धिजीवी हैं. हमें बुद्धिजीवी का किरदार अदा करना चाहिए. राजनीतिज्ञ हमसे इशारे लें, हम उनके इशारों पर न चलें.
महिला साहित्यकारों के बारे में आपका क्या कहना है?
यह महिलाओं का संकल्प है. जहां कहीं भी ग़लत व्यवहार हो रहा है, वहां अगर प्रतिरोध करें तो महिलाएं करें. पाकिस्तान के साथ भारत में भी महिलाएं गंभीर लिख रही हैं. जब वे हमसे मिलती हैं तो ऐसा लगता है कि हम सब एक ही विषय पर सोच रहे हैं.
हमारे पाठकों के लिए कुछ सुनाइए?
आंखों में नज़ुल़्फों में न रुख़सार में देखें, मुझे मेरी दानिश मेरी उफ़कार में देखें.
सौरंग मज़ामीन हैं जब लिखने पर आऊं, गुलदस्ता-ए-माना मेरे अश्आर में देखें.
पूरी न अधूरी हों न कमतर हों न बरतर, इंसान हूं इंसान के मियार में देखें.
रखे हैं क़दम मैंने भी तारों की ज़मीं पर, पीछे हूं कहां आपसे, रफ़्तार में देखें.
जब आप भारत आती हैं तो आपको कैसा महसूस होता है?
बिल्कुल अजनबीपन महसूस नहीं होता. यहां आकर महसूस ही नहीं होता कि हम अपने देश से बाहर हैं. बाहर निकलने में सबसे बड़ी परेशानी ज़ुबान की आती है या फिर खाने-पीने की, लेकिन यहां तो ज़ुबान एक है, लिबास एक है और रिवायतें भी एक हैं.
इस समय पाकिस्तान में जो शायरी हो रही है, उसका ख़ास विषय क्या है?
शायरी के लिए कोई ख़ास विषय तो होता नहीं है. शायरी तो इंसान का ऐसा इज़हार है, जिसमें हर विषय समां जाता है. इसीलिए शायरी में बड़ी गुंजाइश होती है. आंतरिक घटनाएं हों, बाहरी हालात हों, सियासत हो, मौसम, हुस्न, इश्क या प्राकृतिक दृश्य, सब कुछ इसमें आ जाता है. शायरी न नारेबाज़ी है और न ही पत्रकारिता. शायरी में सबसे बड़ी चीज़ शायरी होना चाहिए. शायर और साहित्यकार इतना संवेदनशील होता है कि वह जो कुछ लिखता है, उस पर आंतरिक घटनाओं के प्रभाव ज़रूर पड़ते हैं. इसलिए उसका लिखा हुआ आगे चलकर इतिहास का हिस्सा बन जाता है.
आप भारत-पाक के मुशायरों में क्या बुनियादी फ़र्क़ महसूस करती हैं?
मैं बहुत ज़्यादा मुशायरों में शरीक नहीं होती, उन्हीं मुशायरों में जाती हूं, जो कांफ्रेंस के साथ होते हैं. हर ज़माने में दो तरह का अदब लिखा जाता है, एक पॉपुलर अदब कहलाता है, जो सभी को अपील करता है और पसंद आता है. दूसरे अदब में एक सतह होती है, उसमें फ़िक्र होती है, उसे अदब-ए-आलिया कहते हैं. इस तरह पाकिस्तान में भी दो तरह के मुशायरे हो रहे हैं.
भारतीय मुशायरे में आपकी पसंद कौन-कौन हैं?
अभी मुझे कुछ नाम याद आते हैं, मसलन दाराबानो वफ़ा, साजिदा ज़ैदी, ज़ाहिदा ज़ैदी, शफ़ीक़ फ़ातिमा शेरा, मलिका नसीम, शहनाज़ नबी और शबनम ईशाई आदि.

इसे भी पढ़े...

कूट नीति

 *कूटने से बढ़ती है -इम्युनिटी पॉवर*                 *दादा जी से पूछा*     *कि पहले लोग बहुत कम*           *बीमार  होते थे ?*            *तो...