देव औरंगाबाद बिहार 824202 साहित्य कला संस्कृति के रूप में विलक्ष्ण इलाका है. देव स्टेट के राजा जगन्नाथ प्रसाद सिंह किंकर अपने जमाने में मूक सिनेमा तक बनाए। ढेरों नाटकों का लेखन अभिनय औऱ मंचन तक किया. इनको बिहार में हिंदी सिनेमा के जनक की तरह देखा गया. कामता प्रसाद सिंह काम और इनकi पुत्र दिवंगत शंकर दयाल सिंह के रचनात्मक प्रतिभा की गूंज दुनिया भर में है। प्रदीप कुमार रौशन और बिनोद कुमार गौहर की भी इलाके में काफी धूम रही है.। देव धरती के इन कलम के राजकुमारों की याद में .समर्पित हैं ब्लॉग.
गुरुवार, 22 सितंबर 2022
बुधवार, 21 सितंबर 2022
मुक्ति का नवगीत गाने दो मुझे, भाई! /
विजय प्रकाश
किस तरह चुप रहूँ घुटता जा रहा दम;
मुक्ति का नवगीत गाने दो मुझे, भाई!
एक संक्रामक बीमारी फैलती उद्यान में,
टूटता सम्बन्ध, साथी! सुमन और सुगंध का,
वीथियों में एक अकथनीय भय परिव्याप्त है,
मान कैसे रह सकेगा अनलिखे अनुबंध का?
निरा बेचारा बने हैं प्रेम के पथ के पथिक,
मदद उनकी करूँ जाने दो मुझे, भाई!
हर गली में, हर डगर, हर शहर-क़स्बा-गाँव में
अनुगूंजित बिना शब्दों का भयानक शोर है,
क्या हुआ है इस जगह कोई बता पाता नहीं,
किन्तु बेचैनी निरंकुश एक चारोंओर है;
बुझे दीपक-से मलिन इन चेहरों के दर्द का
युक्ति से कुछ थाह पाने दो मुझे, भाई!
फिर खिलें कचनार-से कंचन सरीखे दिन,
सुभग संध्या हो सुहानी स्वप्न-सी सुन्दर,
फिर तितिलियाँ छींट की साड़ी पहन निकलें,
प्रेम का सन्देश बाँचें फिर मधुर मधुकर;
आदमी औ' आदमी के बीच की दूरी घटे,
इस तरह से पास आने दो उन्हें, भाई!
, विजय प्रकाश
मंगलवार, 20 सितंबर 2022
हसीन चाँद पे इक घर दिखाई देता है। / आराधना प्रसाद
श्रीमती आराधना प्रसाद पटना की उन थोड़े-से साहित्यकारों में शामिल हैं जिन्हें हिन्दी-उर्दू, दोनों भाषाओं में समान रूप से पढ़ा और सुना जाता है और जिनकी भाषा इन दोनों भाषाओं के भेद को मिटाती है :
अजीब शाम का मंजर दिखाई देता है
जब आफ़ताब ज़मीं पर दिखाई देता है।
मुझे तो नील गगन के विराट आँगन में
हसीन चाँद पे इक घर दिखाई देता है।
जिसे तू ढूँढ़ता रहता है इस ज़माने मेंU
मुझे वो खुद ही के अंदर दिखाई देता है।
श्रीमती प्रसाद मेरे कार्यालय आयीं और अपनी सद्यः प्रकाशित पुस्तक 'चाक पर घूमती रही मिट्टी' भेंट की।आराधना जी आपका बहुत बहुत आभार।
सोमवार, 19 सितंबर 2022
कथा संवाद" 2022 सितंबर में जुड़ा नया अध्याय
📎📎 "
श्री हरि सुमन बिष्ट की अध्यक्षता एवं श्री राकेशरेणु के सानिध्य में
रविवार 18 सितंबर 2022 को ग़ाज़ियाबाद में मासिक कहानी कार्यशाला "कथा संवाद" में जीवन के 62 बरस पूर्ण कर चुके
श्री तेजवीर सिंह ने लेखन का नया अध्याय लिख डाला
आदिवासी और नक्सली पृष्ठभूमि पर लिखी उनकी कहानी 'गुनमुनी' भरपूर सराही गई। श्री तेजवीर सिंह की यह स्वीकारोक्ति काबिल ए गौर है कि कार्यशाला में उनकी निरंतर भागीदारी ने ही उन्हें कहानी लिखने के लिए प्रेरित किया। और आखिरकार वह इसमें सफल हुए।
श्री रेणु का सुझाव था कि श्री तेजवीर सिंह के इस कथानक में उपन्यास की पूरी संभावना मौजूद है, लिहाजा उन्हें उपन्यास के बारे में गंभीरता से सोचना चाहिए।
"कथा संवाद" की दूसरी उपलब्धि रही युवा कवयित्री सुश्री प्रतिभा प्रीत की कहानी "मुक्ति"। यह कहानी दीवार और उसमें गड़ी कील के आपसी रिश्ते का बयान है। विमर्श में शामिल लोगों का कहना था कि यह कहानी सामाजिक, पारिवारिक व वैवाहिक रिश्तों की गहरी पड़ताल करती है।
इस कार्यशाला की एक बड़ी उपलब्धि यह है कि पत्रकार श्री शकील सैफ भी साठ की उम्र के बाद लेखन शुरू करने वालों की जमात में निरंतर मजबूती से खडे़ हो रहे हैं। कार्यशाला में पढ़ी गई उनकी तीसरी कहानी 'करामाती जिन्नात' पर लंबी बहस हुई। अतिथियों का कहना था कि कहानी को हमें अंधविश्वास और रूढ़िवादिता के खांचों में कैद रखने के बजाए कहानियों के जरिए समाधान तलाश कर मुक्ति व तरक्की का रास्ता दिखाना चाहिए।
कार्यशाला के प्रति प्रतिबद्ध सुश्री मनु लक्ष्मी मिश्रा के जज्बे को सलाम। राजधानी दिल्ली के एक कार्यक्रम से सीधे होटल रेडबरी पहुंचीं। जहां मीडिया 360 लिट्रेरी फाउंडेशन परिवार उनकी नई कहानी की बेताबी से प्रतीक्षा कर रहा था। उनकी कहानी 'मृत्यु नहीं जीवन' निम्न मध्यवर्गीय परिवार की जद्दोजेहद व अवसाद को कई स्तरों पर रेखांकित करती चलती है। कथानक को मर्मस्पर्शी अहसास देने का हुनर मनु लक्ष्मी जी बखूबी जानती हैं।
हापुड़ से विशेष रूप से निरंतर तशरीफ़ लाने वाले डॉ. अजय गोयल की पर्यावरण पर चिंता जताती कहानी 'इंडिया मस्ट बी ब्लेड' का फलक निःसंदेह काफी बड़ा था। जिसकी हर वक्ता ने सराहना की।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में नवांकुर भी शामिल थे। उनमें से सिमरन ने 'मां' शीर्षक से अपने कथानक को अभिव्यक्त किया। सिमरन के इस प्रयास को सभी ने सराहा। साथ ही उन्हें निरंतर लिखने की सलाह भी दी गई।
फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री शिवराज सिंह के प्लाट 'आत्मा' पर भी गंभीर विमर्श हुआ। कहानी का तानाबाना गांव के उस भोले-भाले युवक के इर्दगिर्द बुना गया था जिसका विभिन्न स्तर पर शोषण होता है। पलायन के बावजूद वह मजहबी कटुता का शिकार हो जाता है।
डॉ. प्रीति कौशिक ने भी लंबे अंतराल के बाद पारिवारिक पृष्ठभूमि पर केंद्रित एक शीर्षक विहीन कहानी का पाठ किया। श्रोताओं के लिए कार्यक्रम अध्यक्ष श्री हरि सुमन बिष्ट जी की कहानी 'प्रेक्षागृह' एक अलग तरह का अनुभव रहा।
विमर्श में महा मंडलेश्वर (यह उपाधि हमारी दी हुई नहीं है) श्री सुभाष चंदर जी ने किसी कहानी की तुरपन तो किसी की सिलाई उधेड़ दी। उधेड़ा-उधेड़ी में रंगकर्मी श्री अनिल शर्मा जी ने महा मंडलेश्वर जी का भरपूर साथ निभाना।
मुझ रफूगर की तमाम कोशिशों के बावजूद खुदा के कुछ बंदे उधड़े में टांग फंसाने से बाज नहीं आए।
रिंग मास्टर की भूमिका रिंकल शर्मा जी को सौंपी गई थी। जो उन्होंने बखूबी नहीं निभाई। जलपान के लिए उन्होंने इस पैदायशी भुक्खड़ को लगभग चार घंटे का इंतजार करवा दिया।
भला हो झांसी से आई डॉ. निधि अग्रवाल व भाई श्री वागीश शर्मा जी का जिन्होंने बैक बैंच से ही कमेंट्री का मोर्चा संभाल लिया। नहीं तो गरम पकौड़ों के साथ ठंडी चाय पीनी पड़ती।
हां...! इस वृतांत में श्री शिवराज जी द्वारा लजीज मिठाई खिलाने की बात तो रह ही गई। शिवराज जी दादा बन गए भाई...
और अपने दादा मुनि श्री कुलदीप जी का हृदय से आभार। पूरे कार्यक्रम में कैमरा लिए फ्लैशगन चमकाते रहे।
और दरियादिल मित्र श्री भारत भूषण बरारा जी की मेहमाननवाजी के क्या कहने
शरीर और आत्मा का भोजन उपलब्ध करवा कर तृप्त कर दिया।
विमर्श में श्री सुरेंद्र सिंघल, श्री हंसराज सिंह, श्री सत्यनारायण शर्मा ने कुछ को धोया, कुछ को निचोड़ा।
द्वितीय "दीप स्मृति कथा सम्मान" डॉ. पूनम सिंह की कहानी 'मत लौटना आंगन पाखी' को प्रदान किया गया। उनकी अनुपस्थिति में सम्मान डॉ. बीना शर्मा ने ग्रहण किया।
सुश्री सिनीवाली शर्मा, सुश्री नेहा वैद, श्री अनिल 'मीत', श्री पवन कुमार 'पवन', श्री संजीव शर्मा, श्रीमती सरोज गुप्ता, श्री अक्षयवरनाथ श्रीवास्तव, श्री नित्यानंद तुषार, डॉ. मिथिलेश भास्कर, श्री बी. एल. बतरा, श्री राजीव सिंघल, श्री जावेद खान सैफ, आचार्य श्री शील भास्कर, सुश्री अंजलि, श्री टेकचंद, श्री सौरभ कुमार, सुश्री निकिता करायत, श्री पराग कौशिक, सुश्री शिवानी, सुश्री हेमलता, श्री अभिषेक कौशिक, श्री राममूर्ति शर्मा, श्री गजेंद्र चौधरी, श्री साजिद खान सहित सभी उपस्थित महानुभावों का हार्दिक आभार। जिन्होंने शहर में चार कार्यक्रम के बावजूद हमें इज्जत बख्शी।
गुरुवार, 15 सितंबर 2022
कायस्थ कविता
✍️एक कविता कायस्थों को समर्पित
कायस्थ होकर कायस्थ का,
आप सभी सम्मान करो!
सभी कायस्थ एक हमारे,
मत उसका नुकसान करो!
चाहे कायस्थ कोई भी हो,
मत उसका अपमान करो!
जो ग़रीब हो, अपना कायस्थ
धन देकर धनवान करो!
हो गरीब कायस्थ की बेटी,
मिलकर कन्या दान करो!
अगर लड़े चुनाव कायस्थ ,
शत प्रतिशत मतदान करो!
हो बीमार कोई भी कायस्थ ,
उसे रक्त का दान करो!
बिन घर के कोई मिले कायस्थ ,
उसका खड़ा मकान करो!
अगर कायस्थ दिखे भूखा,
भोजन का इंतजाम करो!
अगर कायस्थ की हो फाईल,
शीघ्र काम श्रीमान करो!
कायस्थ की लटकी हो राशि,
शीघ्र आप भुगतान करो!
कायस्थ को अगर कोई सताये,
उसकी आप पहचान करो!
अगर जरूरत हो कायस्थ को,
घर जाकर श्रमदान करो!
अगर मुसीबत में हो कायस्थ ,
फौरन मदद का काम करो!
अगर कायस्थ दिखे वस्त्र बिन,
उसे अंग वस्त्र का दान करो!
अगर कायस्थ दिखे उदास,
खुश करने का काम करो!
अगर कायस्थ घर पर आये,
जय चित्रगुप्त, राम-राम या जय चित्रांश बोल सम्मान करो!
अपने से हो बड़ा कायस्थ,
उसको आप प्रणाम करो!
हो गरीब कायस्थ का बेटा,
उसकी मदद तमाम करो!
बेटा हो गरीब कायस्थ का पढ़ता,
कापी पुस्तक दान करो!
जय चित्रगुप्त, जय कायस्थ समाज 🙏🙏
यदि आप कायस्थ समाज का विकास करना चाहते है तो यह कविता प्रत्येक कायस्थ तक पहुंचने का हर संभव प्रयास करें.... सादर
👏🏻👏🏻🌹🌹
बुधवार, 14 सितंबर 2022
हिंदी एक वैज्ञानिक भाषा है
हिंदी एक वैज्ञानिक भाषा है और कोई भी अक्षर वैसा क्यूँ है उसके पीछे कुछ कारण है ,
अंग्रेजी भाषा में ये बात देखने में नहीं आती |
______________________
क, ख, ग, घ, ङ- कंठव्य कहे गए हैं,
क्योंकि इनके उच्चारण के समय ध्वनि कंठ से निकलती है।
एक बार बोल कर देखिये।
च, छ, ज, झ,ञ- तालव्य कहे गए हैं,
क्योंकि इनके उच्चारण के समय जीभ तालू से लगती है।
एक बार बोल कर देखिये।
ट, ठ, ड, ढ , ण- मूर्धन्य कहे गए हैं,
क्योंकि इनका उच्चारण जीभ के मूर्धा से लगने पर ही सम्भव है।
एक बार बोल कर देखिये।
त, थ, द, ध, न- दंतीय कहे गए हैं,
क्योंकि इनके उच्चारण के समय जीभ दांतों से लगती है।
एक बार बोल कर देखिये।
प, फ, ब, भ, म,- ओष्ठ्य कहे गए हैं,
क्योंकि इनका उच्चारण होठों के मिलने पर ही होता है।
एक बार बोल कर देखिये ।
________________________
हम अपनी भाषा पर गर्व करते सही है
परन्तु लोगो को इसका कारण भी बताईये।
इतनी वैज्ञानिक दुनिया की कोई भाषा नही है।
न बहुरे लोक के दिन’/ अनामिका सिंह
कृति चर्चा में आज आदरणीय विनय भदौरिया जी की दृष्टि से गुजरते हुये नवगीत कृति ' न बहुरे लोक के दिन '
---------------------------------------------------------------------------
‘न बहुरे लोक के दिन’ युवा कवयित्री अनामिका सिंह का प्रकाशित प्रथम नवगीत संग्रह है वैसे नवगीत जगत के लिए यह नाम अपरिचित नहीं है। प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं, आभासी दुनिया के फेसबुक व व्हाट्सएप समूह में प्रकाशित उनके नवगीत हम सब पढ़ते रहे हैं तथा प्रशंसा भी करते रहे हैं। उनके सशक्त नवगीतों ने अल्प समय में ही उन्हें प्रतिष्ठित नवगीत कवियों की सूची में सूची बद्ध कर दिया है। अद्यतन नवगीत बहुत मात्रा में लिखे जा रहे हैं तथा नवगीत संग्रह भी प्रचुर मात्रा में प्राकशित हो रहे हैं किन्तु स्वतंत्र समीक्षकों का नितांत अभाव है। स्वतंत्र समीक्षक न होने के कारण नई कविता के कवियों की तरह नवगीतकार भी एक दूसरे की समीक्षा लिखने के लिए बाध्य हैं। हिंदी गीत साहित्य में समीक्षा जगत के समक्ष यह यक्ष प्रश्न है।
आज समीक्षा के सिद्धांत भी बदल चुके हैं। इस संदर्भ में नए-पुराने गीत अंक 5 के सम्पादकीय में उल्लिखित दिनेश सिंह का यह कहना प्रासंगिक प्रतीत होता है कि “गीत की समीक्षा में द्वंद्वबद्धता की शर्त से अधिक समीक्ष्य कृति की किसी शास्त्रीयता से टकराने का सवाल ही नहीं उठाता बल्कि निसृत सामाजिकता तथा उससे सांस्कृतिक सन्दर्भों का ही विश्लेषण अंतर्वस्तु की बिना पर किया जाए कि जिससे मनोलय के साथ रचनात्मकता का मंतव्य पूरी तौर पर साफ़ हो सके। गीत रचना की प्रासंगिकता कारगर ढंग से उसकी समीक्षा के इसी सिद्धांत पर सिद्ध की जा सकेगी। सामाजिकता चूँकि समय से निबद्ध रहती है इसलिए किसी भी शास्त्रीयता से अधिक सामाजिक चेतना का विश्लेषण ही समीक्षा पद्धति से आज के गीत में हो सकता है।
उपर्युक्त कथन के सापेक्ष यदि समीक्ष्य कृति के गीतों को जांचा परखा जाए तो इन गीतों में लोक की समस्याओं की ही अभिव्यक्ति टटके बिम्बों, ताज़े कथ्यों नई लयों के साथ सहज भाषा में हुई है जिसके कारण सम्प्रेषणीयता निर्बाध रूप से विद्यमान है। संग्रह के शीर्षक से तो नैराश्य बोध का ही भान होता है किन्तु अन्तःसामग्री में आक्रोश और खीझ निकालने के साथ व्यवस्था से जूझने का हौसला भी है। शीर्षक का शुभारम्भ ही ‘न’ अक्षर से है। लोक शब्द का अर्थ वैसे तो बहुत व्यापक है लेकिन यहाँ “दिन बहुरने” के सम्बन्ध में प्रयुक्त हुआ है इसलिए सीधे तौर पर समाज के लिए या यह कहा जाय कि शोषित और दलित समाज के लिए तो अधिक उपयुक्त होगा। यूँ भी देखा जाए तो वर्तमान में नवगीत का प्रमुख स्वर व्यवस्था के प्रति आक्रोश जो विभिन्न रूपों में यथा गरीबी, महँगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, राज नेताओं का चारित्रिक पतन आदि हैं साथ ही वैश्विक स्तर पर आए हुए पारिवारिक और सामजिक ढाँचे में बदलाव का है। और हो भी क्यों न? क्योंकि आजादी के 75 वर्ष व्यतीत होने के बाद भी पचास प्रतिशत दलित और शोषित वर्ग की कमोवेश स्थिति जस की तस है। जिसकी बानगी संग्रह के पहले और दूसरे नवगीत में ही मिल जाति है जिसमें सर्वहारा वर्ग को रूपायित किया गया है :-
शाम सबेरे
शगुन मनाती
अम्मा की सुधि आयी।
बड़े सिदौसे उठी बुहारे
कचरा कोने कोने
पलक झपकते भर देती थी
नित्य भूख को दोने।
जिसने बचे
खुचे से अक्सर
अपणी भूख मिटाई
xxxxxxxxxxxxxxx
रिक्त उदर में
जले अंगीठी
आंत करे उत्पात
हर कातर स्वर
करे अनसुना
विकट पूष की रात।
नवगीत अपने उद्गम काल से नवता बनाये रखने की ओर निरंतर गतिशील रहा है। जागरूक कवियों द्वारा कथ्य, शिल्प, भाषा, बिम्ब और मुहावरों के माध्यम से नूतनता लाने का प्रयास होता रहा है। लोकोन्मुख्ता सदैव से स्वभाव में रही है। जब-जब गीत लोक से असंपृक्त हुआ है वह अग्राह्य रहा है। यह भी स्थापित सत्य है कि जब भी गीत में बासीपन महसूस किया गया है तो ताजगी लोक तत्व के माध्यम से ही आई है। छायावादी या हालावादी गीतों का आम आदमी से कोई सरोकार नहीं रहा। वायवीय कल्पना का छायावादी व लिजलिजी भावुकता और माँसलता का आरोप लगाकर तथाकथित बुद्धिजीवियों द्वारा गीत को खारिज करने का प्रयास किया गया था तब सजग कवियों द्वारा गीत को जन मानस के निकट लाने का उपक्रम लोक तत्वों के माध्यम से किया गया था। उन गीतों को पहले नए गीत तथा बाद में नवगीत की संज्ञा से विभूषित किया गया जो आज केन्द्रीय भूमिका में हैं। गीत में पहले-पहल जो बदलाव आया वह देशज शब्दों व लोक गीतों की धुनों के प्रयोग से था जिसकी प्रासंगिकता आज भी है जिसकी महसूसियत अनामिका के गीतों में भरपूर है। यहाँ कहना आवश्यक समझता हूँ कि अनामिका के नवगीतों में देशज शब्दों का प्रयोग बड़े करीने से हुआ है जबरदस्ती ठूँसे हुए नहीं प्रतीत होते इसलिए अर्थ भावन में कहीं कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ता।
उदाहरणार्थ पृष्ठ 118 पर कलमकारों कको अल्पने दायित्व का बोध कराते हुए नवगीत में सत्यम-शिवम् सुन्दरम तीओं तत्वों की उपस्थिति श्लाघनीय है :-
कवि कुल की
मर्यादा रखना
क़लम कर अनुरोध सुनो।
उन गीतों
को प्रश्रय देना
जो जन मंगल गायें।
उनसे निश्चित
दूरी रखना
जो बस धोक लगाये।
पँक्ति-पँक्ति की
अन्तर्लय में
रखना सच का बोध सुनो।
प्रस्तुत नवगीत में देशज शब्द ‘धोक’ (जानवरों से खेतों की सुरक्षा के लिए आदमी का पुतला) का प्रयोग अपनी सम्पूर्ण अर्थवत्ता के साथ प्रयुक्त हुआ है जो सौन्दर्य को भी द्विगुणित कर रहा और भावन में भी सहायक है।
इस संग्रह के परायण से यही निष्कर्ष निकलता है कि अनामिका का सृजन बहु आयामी है। कहीं गरीबी और भुखमरी से जूझने की व्यथा-कथा है तो कहीं व्यवस्था के प्रति आक्रोश है, लोक मंगल की कामना है, दायित्वों के प्रति जागरूकता के भाव के साथ ही प्रेम और आध्यात्मिक विषयक नव्गेत भी हैं जो सीमित दायरे में कैद रहने वाले तथा कथित नवगीतकारों की सोच के विल्परीत भी हो सकते हैं। उदाहरण के लिए कुछ गीत की पंक्तियाँ प्रस्तुत है। सब से पहले वह गीत जिसकी चुनौती पूर्ण सशक्त पँक्ति गीत और संग्रह दोनों का शीर्षक है। यह छोटा सा गीत बहुत बड़ा कैनवास समेटे है जिसमें प्रजातंत्र के चारों खम्भों को कटघरे में खड़ाकर दिया गया है। स्वतन्त्रता के इतने वर्ष व्यतीत होने के बाद भी भरोसा v आश्वासन के मध्य पेंडुलम की तरह आम आदमी झूल रहा है।
मूँद कर आँखें
भरोसा था किया
न बहुरे लोक के दिन।
“खेत चल कर आ गए चक रोड पर”
“रेंगती मुंसिफ के जू
न कान पर”
“हर क़लम का जो असल दायित्व है”
**********************
“इसी प्रकार रोटी का भूगोल *
“गंगी खडी उदास” आदि गीतों में गरीबों,शोषितों की पीड़ा की अभिव्यक्ति हुई है। उत्तर आधुनिकता के नाम पर पाश्चात्य सभ्यता की आंधी ने हमारी सर्वोपरि संस्कृति को लहूलुहान कर दिया है ; अर्थ की धुरी पर समस्त सम्बन्ध नृत्य कर रहे हैं। पारिवारिक, सामाजिक रिश्तों में स्वार्थ की वजह से टिकाऊ पन नहीं है चौगिर्द बिखराव ही बिखराव दृष्टिगत है। व्यक्ति,व्यक्ति के बीच की दूरी बढ़ गयी है। जिन माँ बाप को हम देवता समझते रहे जो कल तक पूजनीय थे आज वही वर्जनीय हो गये। घर के किसी कोने में या वृद्धाश्रम में एकाकी जीने के लिए मजबूर हैं। उन्नति के जिस शिखर पर हम हैं वही मानवता की अवनति का रसातल है। इसे अनामिका जी ने बड़ी मार्मिकता के साथ व्यंजित किया है :-
क्या खोया क्या पाया हमने
होकर अधुनातन।
उन्नति के हित नित्य चढ़े हम
अवनति की सीढ़ी
संवादी स्वर मूक हुए हैं
पीढ़ी दर पीढ़ी।
रिश्तों में अनवरत बढ़ा है
धातक विस्थापन।
संग्रह में कुछ गीत प्रेम परक यथा
“तरी-तरी मन घाट”
*******
*नयन बांचते पत्र वासंती*
तथा कुछ गीत आध्यात्मिक और जीवन दर्शन की सफलतम अभिव्यक्ति हैं जिनमें
अनसुलझी
जीवन की पटरी
कौन पा सका थाह। प्रमुख हैं।
अंत में संग्रह के गीतों के सन्दर्भ यह कहना चाहूँगा कि नवगीत के लिए जिन पुर्जों की जरूरत होती है ये गीत उन सबसे लैस हैं और हर पुर्जा अपनी अपनी जगह खूब टाईट हैं। अंग्रेजी, फ़ारसी व देशज शब्दों का इस्तेमाल कर भाषा के मामले में तो ये गीत अति प्रयोग शील हैं। पूरा विश्वास है कि ये नवगीत गीत प्रेमियों के हृदय में स्थान बनाने में समर्थ हैं तथा यह संग्रह हिन्दी साहित्य की अमूल्य निधि के रूप में पहचान बनायेगा ।
विनय भदौरिया
साकेत नगर, लाल गंज, राय बरेली
9450060729
कूट नीति
*कूटने से बढ़ती है -इम्युनिटी पॉवर* *दादा जी से पूछा* *कि पहले लोग बहुत कम* *बीमार होते थे ?* *तो...
-
प्रस्तुति- कृति शरण / मेहर स्वरूप / सृष्टि शरण / अम्मी शरण / दृष्टि शरण पौराणिक कथा, कहानियों का संग्रह 1 to 10 पौराणिक कह...
-
इच्छा और कामुकता से भरी 15 सर्वश्रेष्ठ भारतीय कामुक पुस्तकें भारत इरॉटिका लेखकों की एक नई नस्ल के साथ फिफ्टी शेड्स ऑफ ग्रे की घटना पोस्ट क...
-
प्रस्तुति- डा. ममता शऱण १ भारतेन्दु युग २ द्विवेदी युग ३ प्रेमचन्द युग ४ प्रेमचन्दोत्तर युग भारतेन्दु युग हिन्...