सोमवार, 8 सितंबर 2025

हिंदी पाक्षिक महोत्सव /अतुल प्रकाश

 

हिंदी दिवस पखवाड़ा-१०


*हिंदी भाषा के लिए प्रयुक्त होने वाला शब्द 'हिंदी' भारतीय शब्द नहीं है-


अतुल प्रकाश*


(हिंदी शब्द की उत्पत्ति) 


अधिकांश लोग यह नहीं जानते कि *'हिंदी'* शब्द भारतीय शब्द नहीं है बल्कि एक विदेशी शब्द है । आईए अब हम जानते हैं कि हिंदी शब्द की उत्पत्ति कैसे हुई? 

हिन्दी शब्द का संबंध 'सिन्धु' (मानक हिन्दी : सिंधु) से माना जाता है। 'सिंधु', सिंधु नदी को कहते थे और उसी आधार पर उसके आस-पास की भूमि को सिंधु कहने लगे। यह सिंधु शब्द ईरानी में जाकर ‘हिन्दू’, हिन्दी और फिर ‘हिन्द’ हो गया। बाद में ईरानी धीरे-धीरे भारत के अधिक भागों से परिचित होते गए और इस शब्द के अर्थ में विस्तार होता गया तथा हिन्द शब्द पूरे भारत का वाचक हो गया। इसी में ईरानी का ईक प्रत्यय लगने से (हिन्द+ईक) ‘हिन्दीक’ बना जिसका अर्थ है ‘हिन्द का’। यूनानी शब्द ‘इंडिका’ या लातिन 'इंडेया' या अंग्रेज़ी शब्द ‘इण्डिया’ आदि इस ‘हिन्दीक’ के ही दूसरे रूप हैं। 

*हिन्दी भाषा के लिए इस शब्द का प्राचीनतम प्रयोग शरफुद्दीन यज्दी’ के ‘जफरनामा’(१४२४) में मिलता है। प्रमुख उर्दू लेखक १९वीं सदी तक अपनी भाषा को हिन्दी या हिन्दवी ही कहते थे।*


प्रोफेसर महावीर सरन जैन ने अपने "हिन्दी एवं उर्दू का अद्वैत" शीर्षक आलेख में हिन्दी की व्युत्पत्ति पर विचार करते हुए कहा है कि *ईरान की प्राचीन भाषा अवेस्ता में 'स्' ध्वनि नहीं बोली जाती थी बल्कि 'स्' को 'ह्' की तरह बोला जाता था। जैसे संस्कृत शब्द 'असुर' का* अवेस्ता में सजाति समकक्ष शब्द 'अहुर' था। अफ़ग़ानिस्तान के बाद सिंधु नदी के इस पार हिन्दुस्तान के पूरे इलाके को प्राचीन फ़ारसी साहित्य में भी 'हिन्द', 'हिन्दुश' के नामों से पुकारा गया है तथा यहाँ की किसी भी वस्तु, भाषा, विचार को विशेषण के रूप में 'हिन्दीक' कहा गया है जिसका मतलब है 'हिन्द का' या 'हिन्द से'। यही 'हिन्दीक' शब्द अरबी से होता हुआ ग्रीक में 'इंडिके', 'इंडिका', लातिन में 'इंडेया' तथा अंग्रेज़ी में 'इण्डिया' बन गया। दूसरा एक भावना के मुताबिक, अरबी हिन्दीया लफ्ज के साधारण लातिनी कृत रूप है इण्डिया ।  

*साहित्य में भारत (हिन्द) में बोली जाने वाली भाषाओं के लिए 'जुबान-ए-हिन्दी' पद का उपयोग हुआ है।* 

भारत आने के बाद अरबी-फ़ारसी बोलने वालों ने 'जुबान-ए-हिन्दी', 'हिन्दी जुबान' अथवा 'हिन्दी' का प्रयोग दिल्ली-आगरा के चारों ओर बोली जाने वाली भाषा के अर्थ में किया।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

हिंदी दिवस लेख श्रृंखला 2/3 अतुल प्रकाश

अतुल प्रकाश  हिंदी निबंध श्रृंखला: हिंदी दिवस पखवाड़ा-२ *हिन्दी के सबसे विवादास्पद शब्द : नीच से गोदी मीडिया तक, शब्दों की समय-यात्रा- अतुल ...