रविवार, 11 अगस्त 2013

़


चतुर्वेदी इतिहास 16

माथुर चतुर्वेदी ब्राह्मणों का इतिहास-लेखक, श्री बाल मुकुंद चतुर्वेदी

विषय सूची

[छिपाएं]

जयपुर राज्य

अकबर कल में श्री उजागर देवजी के नेतृत्व में माथुर सरदारों के एक शिष्ट मंडल ने राजा मानसिंह से यह अनुरोध किया कि वे मथुरा नगर की रक्षा के लिये कोई बड़ा प्रयास आयोजित करें । उस समय यमुना की जल धारा वर्षा ऋतु में स्वामीघाट से चौक मैदान तथा घीयामंडी भरतपुर दरवाजा तक और वृन्दावन दरवाजा तक अपनी पुरानी धारा के प्रवाह क्षेत्र में घुस जाती थी जिससे बाज़ार मकानों और दुकानों को अपार क्षति उठानी पड़ती थी । जयपुर नरेश ने तब सुविज्ञ शिल्पयों बुलाकर परामर्श किया और उसमें कुशिकपुर के एक टेकरे पर सुदृढ़ बुजों बनवाकर यमुना की धारा को मोड़ देने का सुझाव था । राजा ने सोचा क्यों न एक अपना सुरक्षित दुर्ग बनाकर इस कार्य की पूर्ति की जाय । तभी राजा ने वहाँ एक सुविशाल अति सुदृढ़ लाल पत्थरों से कला पूर्ण शिल्प युक्त एक ऐसे दुर्ग का निर्माण कराया जिससे यमुना की धारा के नगर प्रवेश और क्षति विस्तार का मार्ग बन्द हो गया जिसका भग्नाशेष अभी भी मथुरा नगर की रक्षा कर रहा है और लोग उसे 'कंस किलौ' विशालता के कारण कहने लगे ।
इस काल में मथुरा आगरा के सूवे के राजा मानसिंह सूबेदार थे । उनका परिवार मथुरा में निवास करता था । राजा भगवानदास की माता यमुना तट पर सती हुई उनका सती बुर्ज यमुना तट पर हैं, राजा की बहिन जोधाबाई का विवाह अकबर के साथ हुआ, मानसिंह की बहन जहांगीर को ब्याही । इन संबंधों से मानसिंह अकबर के प्रधान सेनापति का दायित्व सम्हालते थे । राजा मानसिंह ने मथुरा के प्रचीन गोविन्द मन्दिर की पूर्ति में जहां सिकन्दर लोदी के ध्वंस के बाद मुसलमान पठान बसकर मेवा और किराने की मंडी लगाते थे उस चकाबू स्थान को छोड़कर वृन्दावन में गोविन्द भगवान का विशाल मंदिर 1650 वि0 में बनवाया इसके पिता भगवानदास ने 1947 वि0 में गोवर्धन में सुप्रसिद्ध हरदेव मंदिर मनसा देवी तथा मानसी गंगा नदी का बांध उसके पक्के घाट बनवाये ।
राजा द्वितीय जयसिंह ने चौबेजी का बुर्ज तथा जयसिंहपुरा उपनगर उसमें सम्राट दीक्षित के निर्देशन में खगोल वेधशाला स्थापित की । ये सुप्रसिद्ध खगोल विद सम्राट दीक्षित जगन्नाथ पंडितराज बृद्धावस्था में मथुरा में दशावतार गली की अपनी दक्षिणियों की हवेली में रहते थे । यहाँ के तांत्रिक घरानों को उनने श्री यंत्रराज तथा पूजा रत्न ग्रंथ दिये थे । जयपुर बसाने में इसने मथुरा के मूर्तिकार चित्रकार लडाकूबीर नागा दल, रंगाई और छपाई करने वाले कारीगर कवि और विद्वानों को प्रोत्साहन देकर अपने साथ लेजाकर जयपुर में बसाया ।
सतसई के कर्ता विश्व मान्यता प्राप्त महाकवि बिहारी मथुरा से जयपुर दरबार में ले जाये गये उन्हें प्रति दोहा स्वर्ण मुहरें भेंट की गयी तथा बसुआ गोविन्द पुरा गांव उन्हें जागीरी में दिए गए । इनके ही भानजे मथुरा के कृष्णकवि ककोर ने जयपुर के कोषपाल राजा आयामल के आदेश पर बिहारी सतसई की काव्यमयी टीका की वे लिखते है- माथुर विप्रलकोर कुल कह्मौ कृष्ण कवि नांउ । बिहारी सतसई की 1790 वि0 की मेघराज लेखक की लिखी सबसे प्राचीन प्रति हमारे संग्रह में सुरक्षित है । 1652 वि0 में जयपुर के तोमर गोविन्ददास हरीदास ने बृन्दावन में युगल घाट पर जुगलकिशोर मंदिर बनाया तथा लूनकरण कछवाहा ने केशीघाट पर युगलकिशोर मन्दिर बनाया, यह गोपीनाथ मन्दिर निर्माता रायसेन कछवाह का भाई था ।

जाट मरहटा काल

ओरंगजेबी शासन का अंत करने को ब्रज में जाट शक्ति का उदय हुआ । बीरपुंगव गोकुलाजाट ने उसके सामने ही ब्रज में विद्रोह का झंडा खड़ा किया । चौबौ ने काजी को मारा और मुग़लों की बिखरी लोथों के ऊपर छत पर बैठकर विवाह की बरात के पकवान उड़ाये । जाट ब्रज के राजा और रक्षक कहे जाते थे । 1777 वि0 में राजा चूरामन ने जाट शासन की नींव रक्खी थी । 1779 वि0 में बदनसिंह तथा 1812 वि0 में शूर शिरोमणि राजा सूरजमल तथा 1820 वि0 में इनके पुत्र नरकेहरी जवाहरसिंह ने जाट शौर्य का सर्वोपरि प्रताप प्रवर्तित किया । जाटों के सहायक मथुरा के चौबे थे और जाट उनके परम भक्त शिष्य और सम्मानित पदों पर उनकी प्रतिष्ठा करने वाले थे । 1894 वि0 में जब नादिरशाह दुर्रानोने दिल्ली भी लूट में 30 हज़ार प्रजाजन कत्ल लिये 10 करोड का धन शाही खजाना और तख्त लाऊस लूटा और उसकी निर्दय सेंनाने भागते हुए प्रजा के लोगों का मथुरा वृन्दावन तक पीछा किया तो इससे जोटों का ख़ून उवल उठा । वीर सूरजमल ने अपने 7 जंग लड़कर शत्रुओं के दांत खट्टे किये ।
1805 वि0 में जब सूरजमल दिल्लीशाह के बजीर-सलावतखाँ से युद्ध कर रहा था तभी उसके मन में परलोक में बैकुंठ पद या मुक्ति प्राप्ति की प्रबल इच्छा जगीं । मथुरा में जन्म यज्ञीपवीत मृत्यु या दाहसंस्कारों में से एक भी हो जाने से मुक्ति पद निश्चित हो जाता है यह जान वे युद्ध से समय निकाल दौड़े हुए मथुरा आये और माथुर गुरुओं से यज्ञोपकीत संस्कार करा कर हंसियारानी से विवाह किया तथा उस स्थान पर हंसीय घाट तथा हंसगंजपुर बसाकर रानी को उसके नये रामभवन में निवास दिया । करौ व्याहु मथुरापुरी कृपा पायि जदुनाथ । अपने शौर्य की धाक जमाने की जाट गूजरमैना गुरु चौबों के दल के साथ 1942 वि0 में सिनसिनी के जाट राजाराम ने आगरा पर धावा बोला और सिकंदर में बनी अकबर की वैभवपूर्ण मजार को लूटकर क़ब्र से अकबर की अदस्थियों को निकाल कर उनका दाह संस्कार किया जिसे लोगों ने 'मियांकी होली' कहा । फिर जोरावर भज्जा चूरामन बदनसिंह ने मुग़लों की नाक में दमकरदी तथा बदनसिंह ने जैपुर से मित्रता की तब जैपुर नरेश ने इन्हें 'ब्रजराज' पदवी से अलंकृत किया ।
इस समय का शौर्य चित्र कविवर सूदन ने इन शब्दों में मुसलिम भावना के रूप में चित्रित किया है-'रव भी रजा है हमें सहना ही बजा है बक्त हिन्दू का जगा है आया ओर तुरकानीका । सूरजमल दिल्ली के समीप शाहदरा में थोड़े से साथियों के साथ मुग़लों से घिर कर मारे गये थे । एक दिन जवाहरसिंह पाग का पेचउमैंठ रहे थे तब माता ने कहा- 'बेटारे तेरे पिता की पगड़ी तो दिल्ली के रणक्षेत्र में पड़ी है और तू यहाँ पगी उमैंठ देता है' माता के बचन जवाहर के कलेजे में से आरपार हो गये उसने दिल्ली के मुग़लों को इसका परिणाम चखाने की गरज से 'दिल्ली दलेल' के नाम से दिल्ली पर हमला करने का निश्चय कर लिया 'संवत 1810 के वैसाख मास में जवाहरसिंह ने एक बहुत बड़ी ब्रज के वीरों की सेना लेकर दिल्ली पर चढ़ाई थी । 3 मास दिल्ली नगर को अपने घेरे में कैद रखते और तीन दिन तक दुश्मनों की कटा करके दिल्ली की विपुल संपत्तिओं को अधिकार में किया जिससे दिल्ली की लूट कहा जाता है । महत्व की बात यह है कि ब्रजवीरों ने किसी प्रकार जन निरपराध प्रजाजनों का कत्ल नहीं किया ।
केवल दंड रूप में नगर की और बादशाह की राज लक्ष्मी को अपने आधीन बनाया । बादशाह महलों में किवाड बन्द किये चूहे की तरह छिपा रहा खजाना 14 वर्ष पूर्व ही नादिरशाह द्वारा लूटाजा चुका था । जाटों ने जो हाथ आया छीना । इस ब्रज जागरण जंग का वर्णन माथुर कवि सूदन ने अपने वीर काव्य सुजान चरित्र की जंग 6 में बड़े ओज पूर्ण छंदों में किया है । इस विजय में जाटों को अपार धन और सम्पत्ति हाथ आयी जिसे उन्होंने अपने वीर यौद्धाओं को बाँटा तथा ब्रज में अनेक स्थलों का निर्माण किया । मथुरा के चौबे इस युद्ध में ब्रज भर में ब्रजरक्षक विप्र प्रसिद्ध हुए । उनके हज़ारों सैनिकों के अतिरिक्त 30 प्रमुख सूरवीर सेनाध्यक्ष इस सेना में अग्रवर्ती थे । इनमें से कुछ के नाम सूदन ने सुजान चरित्र में दिये हैं जो इस प्रकार हैं- मोहनराममाथुर, चन्द्रभान, राजाराम, दौलतराम, हरनागरमथुरिया, कृपाराम, दानीरामचौबे, लछमनगुरु, जैकृष्ण, मंसाराम, सुखराममाथुर, चंके, बंके, मानसिंह, उद्धतराम, जुआरसिंह, बुद्धिबलचौबे, लोकमन, श्यौसिंह, उदैभान, नैंनू, झग्गा, खिल्लू, सभाराम, मितमंता, अनूपचौबे, उदोती, जैतसिंह, आदि । सोमनाथमिश्र, के सुजान विलास में भी इस युद्ध का वर्णन है । इस धन से ब्रज में भारत प्रसिद्ध डीग के भवन चंद्रसरोवर, नवल अप्सराकुंड, हरजी पोखर, बलभद्रकुंड बलभद्र मन्दिर मथुरा, धाऊ की हवेली, जाटवाले चौबों की हवेली, टौंटावारी वक्शी शिवनाथ मिश्र द्वारा इनकी पगड़ी मुकुट छत्र आदि राज चिन्ह धारण कर इन्हैं सुरक्षित साधारण भेष में निकाल कर इनकी संकट में प्राणरक्षा करने पर चौबेजी को प्राणरक्षक के रूप में बड़ी सम्पत्ति दी गयी जिससे उन्हौंने मथुरा चूना कंकड़ मुहल्ले में प्राचीन करागार भवन कारा महल लेकर बड़ी प्रतिष्ठा के साथ जीवन विताया । कुल पति मिश्र की हवेली गली पीर पंच में हैं तथा महाकवि बिहारीलाल का निवास स्थल बिहारी पुरा के नाम से अभी प्रसिद्ध है जाटों की दिल्ली विजय के उत्सव रूप हरदेव पूजन (गोर्धनपूजा अन्नकूट) तथा मानसी गंगा पर अदभुत दीपदान की परंपरा वहाँ आज भी मनायी जाती है । अंगेज़ों से जाटों का युद्ध भी इतिहास प्रसिद्ध है, इसमें भी मथुरा और भरतपुर के कितने ही चतुर्वेदी परिवारों के वीर जूझे थे । राजा रंधीरसिंह के नेतृत्व में लड़े गये इस युद्ध में 4 बार अंग्रेजी सेना पराजित हुई जसराज कवि ने लिखा है-
छोटौ सौ इक किलौ भरतपुर सातौ बिलासत चढ़ आई ।
खट्टे दाँत किये गीरेन के जाट वीरता परिचायी ।।
बोटी बोटी काटे गोरे खाइन में वे लुढ़काये ।
ऊपर कूदपरे आपुन हूगुत्थम पुत्था गरकाये ।।
मरहटा और पेशवा- मरहटा दक्षिण से आये थे ये वैदिक देवता रूद्र गणों में मरूत गणों के वंशज राठोरों के वंशज रूद्र उपासक हैं जो भस्म त्रिपुंड धारी हैं और कुशल लड़ाकू वंशज हैं मुग़लक्षीणता के काल में इन्हौंने दिल्ली सल्तनत पर कब्जा जमाया । इनका संगठन केन्द्र मथुरा में अर्जुनपुरा के समीप एक ऊँचे टेकरे पर था जहाँ इनके मरहटों के महल अब शेष अभी देखे जा सकते हैं शिवाजी के रक्षण के बाद इनका मथुरा और माथुरों पर पूर्णविश्वास और भक्ति हो गयी थी । 1785 वि0 के बाद जो सूबेदार जगीरदार थे वे सभी स्वतेत्र राजा महाराजा बनवैठे इनमें मरहटों के सिंधिया, गवालियर, होल्कर, इन्द्रौर, गायकबाढ बड़ौदा प्रमुख थे । लोकख्यति और सच्चे आचरण मान प्रतिष्ठा के कारण तथा मल्लविद्या की महान उपलब्धियों के कारण ये सभी माथुर चौबों के परम भक्त थे- उनका आदर पूजन और सम्मान करते थे । राजनीति कुशल महादजी सिंधिया तो मथुरा में ही रहकर दिल्ली दरवार की शाही सल्तनत का संचालन करते थे । वे परम कृष्ण भक्त थे, विश्राम घाट पर मुकुट मंडल का मंन्दिर बनाया था पोतराकुंड बनाकर उसके समीप ही बनी एक सुन्दर छत्री और बाग में तन्मय भाव से कृष्ण कीर्तन और सेवा करते थे पोतरकुंड के जल खींचने के मरकंडों की विशालता से ही इनके योगके विस्तार और वैभव का पता लगाया जा सकता है । इनके सतय ब्रज की राधा कंजरी ने इनपर जादू चलाया जिससे चौबों ने ही इन्है। संकटमुक्त कराया माथुरों की सलाह से ही इन्होंने 1847 वि0 में द्वितिय शाह आलम से समस्त भारत में गोवध निषोध का शाही फर्मान घोषित कराया । 1894 वि0 में मथुरा ज़िले में भयानक सूखा और अकाल पड़ा जिसमें महादजी ने माथुरों और ब्रजवासियों की सराहनीय सेवा की ।
1825 वि0 में मराठों ने अंगेज़ों को मथुरा से भगा दिया तब 1860 वि0 में मराठों की अंगेज़ों से मथुरा अर्जुनपुरा के मरहठों के महल में संधि हुई और मथुरा अंगेज़ों को दे दी गयी ।

लालाबाबू और चौबेजी

1869 वि0 में कलकत्ता के बंगाली जमींदार लालाबाबू कृष्ण भक्ति का आधार लेकर मथुरा आये । उनने व्रन्दावन में एक भव्य विशाल राधा गांविन्द का मंदिर निर्माण कराया । उनकी दृष्टि चौबों की विशाल जमीदांरी और भूसम्पत्ति पर थी । प्रथम उन्हौंने ब्रज के गौरहे ठाकुरों की जमींदारी की यह कहकर कि सरकार जमीदारों की सम्पत्ति शीघ्र ही बिना मुआवजा छीन रहीं हैं, उनसे मात्र 672 रुपयों में उनकी सारी भूमि अपने नाम कराली फिर मथुरा के चौबों को भोला भाला पाकर उन्हैं मंग छना कर नित्य ब्रंन्दावन के मंदिर में छककर बढ़ीया भोजन कराकर यही चकमा देकर 100-100,50-50 रुपया देकर उनकी मथुरा और उसके आसपास की समस्त भूमियों भवनों जालदादों को ये सब ठाकुरजी के लिये है एसा आश्वासन देकर हस्तांतरण कराली । काम बन जाने के बाद भोजन बंद हो गये । लुटे दुखी माथुरों ने तब संतोष किया और उनके बाचिक शाप से लालाबाबू को उनके ही घोड़े ने एसी लात जमायी, कि वे फिर उठ न सके और उनका शब सारे वृन्दावन की गलियों में खसीटा जाकर यमुना में प्रवाहित हुआ । लोक में तब यह कि वदन्ती चालू हुई
'लालाबाबू मरि गये धोड़ा लात लुढकाइ । पारिख कैं कीरा परे बिरधि ते कहा बस्याइ ।।'

नादिरशाह और अब्दाली

1795 वि0 में नादिरशाह ने दिल्ली पर हमला किया । दिल्ली के साहूकारों से 15 करोड़ रुपया नगद तथा 50 करोड़ का सोना जवाहरात लूटकर प्रजा को जी खोलकर कत्ल किया, । वहाँ से भागते हुए लोग ब्रन्दावन में आ छिपे । नादिरशाह के हत्यारे सिपाहियों ने कीमती जेबर जवाहरात छिपा ले चले हैं इस आशंका से उनका पीछा किया और उनको क्रूरता से कत्ल किया । दिल्ली के भूतपूर्व शाही खजाँची धनानदं कायस्थ जो विरक्त साधु थे, उनके हाथ काट डाले जिससे वे मर गये । मथुरा में उनकी लूट के लिये कुछ न बचा था । मंदिर हवेलियाँ सब पहिले ही औरंगजेब द्वारा लूटे और तोड़े जा चुके थे चौबों के कच्चे टूटे फूटे के कोठे कोठरी थे, जिनके निवासी नरनारी नगर से दूर बनों बगीचियों और खेतों में रहते थे । पहलवान लोग रज में लिपटे लंगोटी लगाये अखाड़ों में ज़मीन पर लुड़का करते थे । घर घर नांदिर के दिल्ली पर अत्याचारों की चर्चा थी । नारियाँ गाती थी- नादर श्याह मरी तेरे हौलों से यह गीत आगमन न होकर भय और आशंका के वातावरण का प्रमाण हैं ।

अब्दाली आक्रमण

1814 वि. में अहमद अब्दाली ने दिल्ली से मथुरा पर आक्रमण किया । ग्वालियर का मरहटा सेनापति अंताजी जो मथुरा अन्तापाड़ा में था 3 हज़ार सेना लेकर उससे लड़ने गया तथा जाटों की बड़ी सेना ने भी चौमां में अब्दाली से मोर्चा लिया । उस समय होली का अवसर था अब्दाली ने चौबों को बुलाकर कहा- 'मेरे अजीजो ! ब्रज की होली नामी है आप हमारे दोस्त हो बादशाहों ने इज्जत दी है, मुझे भी कुछ होली का रंग दिखलाओ' चौबों ने हँस कर कहा- 'वेशक मालिक जरूर दिखलायेंगे, तीन चीज यहाँ की ख़ास हैं- रबड़ी का भोजन, जमना की सैर और लोगों की मस्ती नाच रंग' । अब्दाली ने कहा- 'यह सारा सरंजाम आप लोगों को ही जुटाना है' इस वार्तालाप से चौबों के रंगीले ज्वान काफ़ी प्रभावित हुए, उनने 5 बड़े मटकों में गोबर भरकर ऊपर से रबड़ी सजायी और उन्हैं अब्दाली के शिविर में पहुँचाए । अब्दाली के सामने वे मटके पेश हुए उसने खुश होकर कहा- चौबों की सौगात सब को बाँट दो ? बाँटने के लिए प्यालियों में रखने को जैसे ही मटकों में हाथ डाला गया गोवर निकल पड़ा और अब्दाली गुस्से से चिल्लाया-'ओफ ? यह गुस्ताखी, इतना गन्दा मजाक, इन शैतानों को आज ही इसका मजा चखाया जाय'
शाम का समय आया- चतुर्वेदी जवान छैला सज सजकर चौपई की तैयारी करने लगे । नारियाँ छतों छज्जों चबूतरों पर झूमने लगीं, तभी अब्दाली की केशोपुरा में पड़ी सेना लपलपाली तलवारें लेकर नगला पाइसा की गली में घुसीं- जो सामने आया तलवार से काट डाला- चौबे वेख़बर थे, देखते ही पुकारे- मुसल्टरा आइ धरती पर लुढ़कने लगे- भागती नवयुवतियों के ऊपर तलवारों के प्रहार होने लगे । देखते देखते सारा नाच रंग ख़ून की कीच रूदन हाहाकार और चीत्कारों में बदल गया । 'आगे मत बढ़ना चौबों का मजबूत गढ़ है' कह कर पठान सेना पीछे लौट गई ।
रात भर चौबों में कल की आशंका पर विचार चलता रहा । दूसरे दिन नई चौपाई थी । चौबेपुर के प्रवेश के 14 मार्गों में से 6 जो संकीर्ण थे पत्थर के टीलों ईंट भाटाओं से बन्दकर दिये गये । 6 मार्ग भी ईंट खंगड़ों से दुर्गम बनाकर उन पर 400-400, 500-500 ज्वान बजरंगी लठा, जोड़ी, मुगदर, फरसा, बल्लमों से लैस होकर आ डटे । गूजर जादों अहीर भी अपने मोर्चों पर थे । दोपहर होते ही अफ़ग़ानी सेना दलबादल सह उमड़ कर आयी- 'या अली' वे चिल्लाये 'जै बजरंगा ' इधर से जबाब मिला । माथुर पहलवानों का दल शूरवीर और मस्ताना था । जिन्होंने रीछों से कुश्ती लड़ी, बवरशेर पछाड़े, हाथी दबोचे, मगरों से युद्ध किया विशाल वृक्षों को चीरकर बल अजमाया वे वीर घोड़ों पर कुदकते सिपाहियों को मच्छर भुनगा समझते थे । उन्होंने कलाई तोड़कर तलवारें छीन लीं, घोड़ों पर चढ़े सवारों को घोड़ों सहित जोड़ी मुगदरों से कूट डाला, जो आगे बढ़ा उसे फरसा से काटकर या टांग पकड़कर पछाड़ कर अथवा पैर पर पैर रखकर चीर कर दो पला कर दिया । यवन सेना घबरा गयी और भाग उठी । मोर्चा चौबों के हाथ रहा । उनके लठा भादों की घटा की तरह बरस रहे थे । हार कर पठानों ने मोर्चें से बाहर चौबेजी के बुर्ज पर हमला किया जहां एक छोटी सी टोली ने उनके सैंकड़ों सिपाही मार डाले तथा बगल से एक बरछा लगने से खुश्यालासिंह नाम के एक चौबेजी परम गति को प्राप्त हुए, जो भुमिया बाबा के थान के रूप में पूजे जाते हैं- बुर्ज नहीं टूट सका ।
तीसरे दिन अब्दाली ने हुकम दिया - 'चौबों की तरफ कोई न जाय- साहूकारों व्यापारियों को लूटो काटो मारो ।' और सेना का रूख घीया मन्डी, रामदास की मन्डी, गुड़हाई, ब्रन्दावन दरबाजा, गौघाट, बैराग पुरा की ओर घुमा दिया गया । भारी मारकाट और लूट की गई परन्तु धन कुछ ज़्यादा हाथ न लगा क्योंकि औरंगजेब ने पहले ही सब कुछ सफाया कर दिया था । तीन दिन के बाद पस्त हौसले वाला अब्दाली महावन पर किले में भारी दौलत है यह सोच कर चढ़ चला, किन्तु वह किला राजा सकीट (राणा शक्तिसिंह) का था हरदत्त द्रोण उसका रक्षक था उसके आज्ञा देते ही 5000 नागवंशी महाविषवर्षक नागा साधु चमचमाती तलवारें लेकर निकल पड़े- उनने जो युद्ध मचाया उससे अब्दाली का कलेजा बैठ गया । 20 हज़ार अफ़ग़ान सेना के सिपाही और सिपहसालार इन वीरों ने 4 घण्टे में कचरघान कर दिये । मुसलमान इतिहास लेखकों के अनुसार इनके 2000 नागा मरे ऐसा लिखा गया है । इस घटना के वर्णन में जिसे माथुर छोटा साका कहते थे मुसलमान शाहों और नवाबों के टुकड़ों पर पलने वाले खुशामदसे मालिकों को फुलाकर उनसे मन चाहे इनाम पाने वाले मुसलिम लेखकों तथा उनहीं को शिरोधार्य मानकर इतिहास को कुरूप करने वाले लेखकों ने जो बढ़ाचढ़ा कर लूट के धन और गुलामों की संख्या का उल्लेख किया है वह सर्वथा मान्य नहीं है ।
हिन्दू ख़ासकर चौबों की एक भी नारी कैद में नहीं पड़ी । गूजर अहीर माली खत्री कायस्थ वैश्यों की जो कुछ थोड़ी सी रूपवती युवतियाँ इनके हाथ पड़ीं उनने सिर पटककर अन्न जल त्याग कर यहीं प्राण विसर्जित कर सती धर्म का पालन किया । एतिहासिक प्रबल तथ्य यह भी है कि गजनी गोरी के समय में जो हिन्दू गुलाम बनाकर ले जाये जाते थे वे सुलेमान ओर हिन्दूकुश पर्वतों की चढ़ाई पर ही कड़ाके की ठन्ड से (चीथड़ों में लिपटे अधभूखे) कांपते हुए मर जाते थे, इसी से उस पर्वत का नाम हिन्दुकुश (हिन्दू की मौत) रक्खा गया और भविष्य में भारत से गुलाम ले जाने की निषेध नीति स्थिर कर ली गई थी । साधुओं की झौंपड़ियाँ तो मथुरा के घाटों पर श्रीं ही नहीं- जो निम्बार्क और गौड़ीय सम्प्रदाय के साधु मथुरा में मथूकरी भिक्षा करने आते थे वे भी भिक्षा पाकर दूरदूर गिरिराज तरह राधाकुंड कामां वृन्दावन आदि में चले जाते थे । अही भी अपनी गायों को लेकर मांट नौहझील के गहन बनों में चले गये थे । इनके सम्बन्ध में गढ़े गये गपोड़े बिलकुल ही अविश्वस्त है ।

अंगरेजी राज्य

1859 वि0 में पेशवा से मथुरा के अर्जुनपुरा में सन्धि करके अंगेज़ों ने अपना कम्पनी राज्य स्थिर कर लिया । अंगेज़ों की राज्यव्यवस्था देखने में उदार और रक्षात्मक थी, किन्तु अपने देश का पक्षपात, भारतियों से राजकार्यों में भेदभाव तथा हीनता की दृष्टि से भारतियों के हृदयों में विदेशी शासन के प्रति आशंकायें जाग्रत होने लगीं थी । इस भावना ने जब उग्र रूप धारण किया तो 1857 (1914 वि0) का सेना विद्रोह प्रथम भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम' के रूप में फूट पड़ा । आरम्भ में माथुर अंगेज़ों के प्रशंसक थे किन्तु राजनीति नग्नता प्रकट होने पर वे उनके कट्टर विरोधी बन गये । विद्रोह के प्रकट होने से पहिले से ही वे सेना में स्वाधीनता की भावना के प्रचारक बन चुके थे । फौजी सिपाही और अफसर जो यमुना स्नान को आते उन्हैं वे अंगेज़ों की गुलामी से छूटने के लिए प्रेरित करते थे । गदर में जब मथुरा कचहरी का खजाना लूटा गया तब नागरिकों के दल में 200 चौबे शामिल थे । इन्होंने कोष लूटा उसे आगरा नहीं जाने दिया अंगरेजों की कचहरी बँगले जलाये गये तथा कप्तान बार्लटन सहित अनेक गौरे अफसरों को मार डाला ।
अंग्रेजी शासन की जड़ उखाड़ने के प्रयासों में चौबे सबसे आगे रहते थे उन्हैं 'अगलगी कौ बरा' कहा जाता था- उस समय के अंग्रेज़ लेखक ग्राउस और ड्रेक ब्लैक मैंन ने अपने मथुरा गजेटियरों में लिखा है- मथुरा के क्रांतिकारियों को मथुरा के चौबों से बड़ी सहायता प्राप्त हुई इस क्रांति के जन्म दाता भी चौबे ही थे । क्रांति के पूर्व ही उन्होंने महोली (मधुवन ध्रुवजी की कदम खंडी) में क्रांति आयोजकों का एक सम्मेलन किया और उसमें मथुरा के उग्र विचारों वाले विद्यागुरु स्वामी विरजानन्द को एक पालकी में बैठाकर वहाँ ले गये, उनका भेट पूजा से समादर किया और उनके प्रभावशाली भाषण से उपस्थित जनों को अपने निश्चय में दृढ़ प्रयासी बनाया ।
इस सम्मेलन में बादशाह बहादुर शाह के शहजादे, मरहटा सरदार रंगोबापू तथा शाही इमाम अजी मुल्ला खाँ, तात्या टोपे तथा जगदीशपुर के कुंवरसिंह उपस्थित थे ।
इस राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चे में मथुरा के सेठ गोविन्दास राधाकिशन ने जो अँग्रेजी अफसरों की रक्षा की उससे कुपित विद्रोहियों के सेना प्रहार से मुनीम मंगीलाल श्रीनिवास माहेश्वरी चौबे रामदास जी तथा उनके प्रमुख निर्देशक चौबे छंगालाल जी ने मथुरा नगर की बड़े गम्भीर संकट में रक्षा की । अषाढ़ मास में फौजी विद्रोहियों का एक दल मथुरा में दो दिन रूका, उस समय नगर निवासियों से कुछ धन इकट्ठा कर मुनीम मंगीलाल ने उन्हें आगे बढ़ा दिया । कार्तिक के बाद एक दूसरा दल फिर आया जो मथुरा को तोपों से उड़ा देने के इरादे में था । श्रीचिंतामणि शुक्ल अपने मथुरा जनपद के राजनैतिक इतिहास में लिखते हैं- '26 दिसम्बर को दिल्ली से वापिस आते हुए क्रांतिकारियों का एक दल मथुरा आया । यह दल की 72 वी नाम की पल्टन से मिल गया , इस दल के नायक सूबेदार हीरासिंह थे । सेना की इस ब्रिगेड ने यमुना के पास सेठ की हवेली की ओर मुँह करके तोपैं लगा दीं, जिससे नगर आतंकित हो उठा । सूबेदार हीरासिंह इलाहाबाद ज़िले के ब्राह्मण थे तथा चौबे छंगालालजी के यजमान थे । मुनीम मंगीलाल ने तथा चौबे रामदास जी ने जो इन्हीं के मकान में रहते थे उनसे प्रार्थना की कि वे हीरासिंह को इस कार्य से विरत करैं और सामदाम नीति से मथुरा नगर की रक्षा करैं । श्री छंगालाल जी तब अकेले नाव लेकर यमुना पार 72 वी सेना के शिविर में गये । सूबेदार हीरासिंह को समझाया और मन का आशय लिया कि उनके पास रसद की कमी है, वे एक लाख रुपया नगद तथा रसद चाहते हैं । तत्काल उन्हौंने सेना को आटा दाल आदि खाद्य सामिग्री पहुँचवादी । तब हीरासिंह ने सरकारी कलक्टरी कचहरी कोतवाली तहसील पर कब्जा किया । इस समय मथुरा की जामा मसजिद के मौलवी करामात अली बादशाह के प्रतिनिधि (बायसराय) घोषित किए गये- रहमतुल्ला सदर कानूगो, मनोहरलाल सरिश्तेदार, वजीर अली को कलक्टरी के औहदेदारों के पद दिये गये- नये नये राजाज्ञा पत्र (आर्डर) जारी किए गए हीरासिंह 15 दिन मथुरा में रहे तब तक मुनीम मंगीलाल ने बड़ी चतुराई से मथुरा से सेठों से 1 लाख रुपया (1000-1000रुपया) इकट्ठा करके उनके अर्पण कर दिये ।
दुर्भाग्य से इसी समय तीसरी बार बरेली की बागी पल्टन ने मथुरा में प्रवेश किया । उसने भी अपनी तोपें विश्रान्त और असिकुन्डा के घाटों के सामने लगाकर उनके मुँह सेठ की हवेली की तरफ कर दिये । अब मंगीलाल मुनीम घबड़ाये, तुरन्त सूबेदार हीरासिंह के पास गये, उनसे नंगी तलवारें लिए 100 घुड़सवार मौके पर भेजे- बरेली के फौजी दस्ते के सूबेदार को समझाया और उनके न मानने पर उनकी तोपों हथियारों पर कब्जा कर उन्हैं बलपूर्वक मार कर भगा दिया । फिर सूबेदार हीरासिंह अपनी फौजी टुकड़ी को लेकर हाथरस बरेली को चले गये । आश्विन मास में क्रांन्ति की ज्वाला मन्द पड़ने लगी और तब तक अँग्रेजों ने अपना सैन्य बल पुन: संगठित कर कठोर दमन का चक्र चलाना आरम्भ कर दिया । लोगों को खोज खोज कर सार्वजनिक स्थानों पर फाँसी पर लटकाया गया और उन्हैं गोलियों से उड़ा कर बदला लिया गया । चतुर्वेदियों के वे उत्साही शूरवीर जिन्हौंने इस क्रांति में आगे बढ़कर भाग लिया था शत्रुओं के हाथों अपराधियों की मौत मरने को तैयार न थे अत: वे अपने 40 साथियों के साथ विभिन्न स्थानों में बिलीन हो गये जिनका फिर कोई पता न चला । चौबों में जो दैनी के गिदौड़ा बांटे जाते हैं उनमें उस समय 'गदर के 40 आँक' धड़े दारों को दिए जाते थे । उस समय इन वीरों के नाम लेने पर भी कड़ी पाबन्दी थी अत: लोग उन्हैं भूल गये । अति महत्व की बात यह है कि किसी अज्ञात प्रयत्न से उस समय के कंपनी के सरकारी गदर के कागजात भी गुम हो गये, अत: यह जानना दुष्कर हो गया कि इस साल में मथुरा में कितने किन व्याक्तियों को क्या कुछ हुआ ।
चौबों की उत्कट देश भक्ति और बलिदान भावना की एक घटना जो परम अद्भुद है राजक्रांति के इतिहास में अमर हैं । जिस समय सदर बाज़ार में निरपराध रोते बिलखते लोगों को फांसी दी जा रही थी उस समय अचानक कहीं से आकर नरसीं चौबे नाम के एक निर्भय देश भक्त ने ललकार कर कहा- 'कायरो, रूको इन निरपराधों को क्यों फाँसी दे रहे हो- गोरों का मारने वाला तो मैं हूँ-मुझे जो कुछ बने करो' गोरे सत्र रह गये, काना फूँसी की और उस बहादुर वीर को फांसी पर लटका दिया । इस सम्बन्ध में एक गोपनीय रहस्य मयी और घटना है । हीरा सिंह जब मथुरा से जाने लगे तो उनके साथ के एक राजस्थानी गूजर सिपाही ने उनसे आज्ञा ले मथुरा में ही रहना निश्चय किया । वह व्यक्ति जो अपना नाम भवानी नाम बतलाता था और अर्ध विक्षिप्त की तरह सारे दिन एक कोठरी में अपने आश्रयदाता श्री द्वारिका नाथ जी के पुत्र श्री लालजी महाराज की हवेली में बन्द पड़ा रहता था तथा जब बाहर जाता सड़क पर पड़े कागज चिथड़े कील पत्ती लोहा झोली में भर लाता था आजीवन यहीं रहा । उसने अपना गाँव जाति कभी किसी को नहीं बतलाया- लेखकने स्वयं उसे अपनी बाल्य अवस्था में देखा था । अँग्रेजों की सहायता के पुरस्कार में सेठों को 'राजा' का तथा चौबे रामदासजी को 'राय बहादुर' का खिताब एवं सेठों को बागी देशभक्तों की जप्त की गई 16 लाख सालाना की जमींने गांव और जमीदारियाँ दी गई । मथुरा में जयसिंहपुरा में गणेश टीले के पास पेशवावंशज नाना साहब की एक भव्य कोठी तथा बाग था अँग्रेजों ने इसे ध्वस्त करके बाग के वृक्षों को भी काट कर अपना कलेजा ठन्डा किया ।

प्रमुख महापुरूषों का मथुरा पदार्पण

1893 वि0 में रामकृष्ण परमहंस, 1945 वि0 में स्वामी विवेकानन्द, 1962 वि0 में स्वामी रामतीर्थ, 1974 वि0 में लोकमान्य तिलक, मदनमोहन मालवीय, 952 वि0 में विनोबा भावे, 1976, 78,86 में महात्मा गाँधी, 1978 वि0 में लाला लाजपतराय, अबुल कलाम आजाद, डा॰ अन्सारी, आसिफ अली, पं0 मोतीलाल नेहरू, 1974 वि. में लोकमान्य तिलक, 1983 वि. में जवाहरलाल नेहरू, 1987 वि. में विठ्ठलभाई पटेल, 1988 वि. में सुभाषचन्द्र बोस, अरूणाआसिफ अली, 1994 वि. में लाल बहादुर शास्त्री, 2011 में पुरूषोत्तमदास टन्डन, 2016 वि. में बाबू राजेन्द्र प्रसाद, इन्दिरा गांधी मथुरा पधारे, इनमें से प्राय: सभी ने यमुना जी के स्नान दर्शन कर माथुर चतुर्वेदियों का यथोचित सम्मान किया ब्रज संस्कृति का सुमधुर रसास्वादन किया और जनता में जन जाग्रति का शंखनाद किया ।

धर्माचार्यों का आगमन

धर्मचार्यों में जगदगुरु श्री शंकराचार्य, रामानुज जीयर स्वामी, मैसूर के राजगुरु स्वामी, झालरिया नागौरी मठों के स्वामीजी, माध्वाचार्य, बल्लभ संप्रदाय के गोस्वामी गण, चैतन्य महाप्रभु श्री सनातनरूपजी तथा अन्य गौड़ीय आचार्य, निम्बाकै के आचार्य, रामानंदी पयहारीजी, अनंतजी कीलजी नाभाजी प्रियादास हितंहरिवंश आदि अनेकानेक महानुभाव मथुरा पधारे जिनके परंपराबद्ध हस्तलेख माथुरों के पास हैं ।

ब्रज यात्रा आयोजन

ब्रजयात्रा मथुरा मंडल ब्रजभूमि की अति प्राचीन यात्रा पद्धति है । प्रभु आदिवाराह 9260 भगवान राम 4035 वि0 पू0 , भक्त प्रहलाद 9254 वि0 पू0, श्री नारदजी 9000 वि0 पू0, उद्धवजी 3100 वि0 पू0, वज्रनाभ 3042 वि0पू0 , तथा निम्बार्क संप्रदाय, बल्लभ संप्रदाय गौड़ीय संप्रदाय, राधा बल्लभ, राधा रमण, संप्रदायों के आचार्यों ने ब्रज यात्रायें की है इनमें माथुरों की अपनी ब्रजयात्रा लठामार सब से पुरातन थी जो अब साधु संतो द्वारा की जाती है । बल्लभ संप्रदाय की ब्रज यात्रा तो प्रति वर्ष तथा कभी कभी कई कई गोस्वामियों द्वारा बड़े समारोह और राजसी ठाठ से की जाती है । मथुरा के चौबेजी जो ब्रज चौरासी कोस के तीर्थ पुरोहित है वे ही इन यात्राओं में साथ साथ चलकर यात्रा के तीर्थों का तीर्थ विधान दान दक्षिणा दर्शन महात्म परिचय आदि की विधि सम्पन्न कराकर अपना सनातन कर्तव्य निभाते हैं । अनेक श्रद्धालुजनों को इन ब्रजयात्राओं में भगवद् साक्षात्कार और आलौकिक अनुभव दिव्य रसास्वादन आत्मतत्वबोध आदि की परम दुर्लभ अनुभूतियाँ प्रत्यक्ष होती हैं जो जीव के लिये जीवन का परम लाभ है ।

भक्त और संत महात्मा

माथुरों द्वारा मथुरा का दिव्य रसास्वादन प्राप्ति हेतु यहाँ आने वाले भक्तों और संतों की सूची लंबी है । उनमें से कुछ प्रमुख महानुभावों के नाम यहाँ देना संभव है । म0 विष्णुस्वामी महाराज 1257 वि0 । श्री भट्टजी 1344 वि0, रामानंदजी 1356 वि0, श्री स्वामी हरिदासजी 1541 वि0, श्री हितहरिवंशजी 1559 वि0, भक्त नाभादासजी 1600 वि0, पयहारीजी 1572 वि., स्वामी अग्रदास 1632 वि0, श्री अनंतदास 1645 वि0, श्रीहरिराम व्यास 1541 वि0, रानाकुँभा 1490 वि0, तानसेन 1624 वि, मीराबाई 1592- 1620 वि0, गो0 तुलसीदास 1628 वि0, महात्मासूरदासजी 1565 वि0, पशुराम देव 1450 वि0, श्री गो0 बल्लभाचार्य 1549 वि0, श्री चैतन्यमहाप्रभु 1572 वि0 राना सांगा (संग्राम सिंह) 1584 वि0, चंद्रसखी 1648 वि0, भक्त कवि सेनापति 1680 वि, श्री विठ्ठुलजी , बिहासन दास जी, भगवद्रसिकजी, ललितमोहिनीजी, ललित किशोरी जी, रंछोर दासजी, स्वामी कील ध्रुवदासजी, गो0 बिठ्ठलनाथजी 1600 वि0, 'भक्त रसखान 1592 वि0, श्री माधवेन्द्र पुरीजी 1507 वि0, श्री ईश्वर पुरीजी 1538 वि0, पद्मना दास 1560 वि, श्री रूप जी 1572 वि0, श्री सनातनजी 1592 वि0, श्री जीव गोस्वामी 1592 वि, श्री रघुनाथ गो0 रघुनाथ भट्ट, गदाधर भट्ट, श्री गोपाल भट्टजी(राधारमणी गो0) 1616 वि0, श्री नारायण भट्ट 1602 वि0, श्री केशव काश्मीरी 1598 वि, भक्त महाकवि बिहारी लाल चौबे 1660 वि0, बेगम ताज 1580 वि0 नागरी दासजी 1622 वि0, भक्त जगतानंद कवि 1658 वि, ब्रन्दावन देव हरिदासी 1754 वि0, मुकुँद हाड़ा बूँदी के 1635 वि, अमरसिंह हाड़ा जोधपुर के 1621 वि0, राजा पृथ्वीराज बीकानेर के 1624 वि, घमंडीराम करहला के 1549 वि0, उदैकरण 1700 वि0, खेमकरण 1755 वि0,विक्रम 1735 राजामानसिंह 1597 वि0, राजाजयसिंह 1760 वि0, रहीम खान खाना 1580 वि0, बीर सिंह बुँदेला 1671 वि0, आनंदधन गोस्वामी नंदगाँव के 1620 वि0, प्राणनाथ स्वामी परनामी 1628 वि0, हठी बरसानियाँ 1622 वि0, ओलीराम 1621 वि0, भक्त नाभादासजी 1600 वि, प्रियादासजी 1719 वि0, लालाबाबू 1866 वि0, भक्त कवि छीतस्वामी 1572 वि0, तपस्वी भक्त द्वारिकानाथजी मिहारी 1896 वि, बूटी सिद्धजी 1744 वि, राज पटनीमल काशी 916 वि, पंडितराम जगत्राथ सम्राट दीक्षित 1767 वि, । राधेबाबा 2028 वि, गुदारिया बाबा 2030 वि, ग्वारिया बाबा 2000 वि, । देवा सिद्ध योगीराज 1838 वि, । श्री रज्जू जी महाराज 1980 वि, ।

बर्तमान कालीन सन्त महात्मा

युगल बिहार उपासी अनन्य रसिकवर श्री स्वामी हरिदास जी महाराज के गादीस्थ श्री राधाचरणदास जी टटिया स्थान वृन्दावन, श्रीयोगीराज महाराज के गोपाल पीठ के आचार्य श्री विट्ठलेराजी महाराज मथुरा, विरक्त सन्त कौशल किशोर मन्दिर वृन्दावन के महंतपस्वी श्री कौशल किशोरजी महाराज, पनकी कानपुर के हनुमान मन्दिर गादी के महन्त श्री भुवनेश्वरनाथ जी (मत्रू बाबा) पनकी कानपुर ।
माथुरों के भेद उपभेद-
माथुर चतुर्वेद ब्राह्मणों के दो भेद हैं- 1. कड्डए चौबे 2- मीठे चौबे ।
कडुओं में 1- मथुरास्थ, 2-प्रवासस्थ दो भेद हैं । प्रवासी बन्धुओं में 1- कुलीन, 2 कदलुआ, 3- सैंगबार तीन उपभेद हैं ।
खड़ग कवि ने कहा है-
करूऔ बौलैं मीठौ खाँइ, मथुरा छांड़ कहूं नहीं जांइ ।
मथुरा के हित सीस कटाये, पुरखा पंगत पैज निभाये ।।
राउरंक की करैं न कान, करूऔ पीतौ राखै आन ।
हित की बात गरजकैं कहैं, राग द्वेषते न्यारे रहैं ।।
कठिन खरखरे खरे सुहाये, करूए पीते करूए कहाए ।।
मिठबोला जो मीठे रहे, जीव बचात धाम तजि गये ।
करूएन नैं जब सीस कटाए, खीर खांड़ मीठेन नें खायें ।।
करूएन झेले संकट घोर, बने न कुल कीरति के चोर ।
अचल रहे ब्रत मेरू समान, धीरज धरम तेज की खान ।।
माथुर तीन लोक ते न्यारे, चौबे तीन लोक के प्यारे ।
जमुना मैया सदा सहाई, अमर कीरति भूमण्डल छाई ।
मथुरास्थ- मथुरास्थ माथुरों की प्रधान शाखा है जो अपने मूल उत्पत्ति केन्द्र मथुरा नगर में बसी है । इसी में से समय समय पर उक्त सभी शाखायें निकल कर बाहर फैली हैं । मथुरास्थों के आचार विचार स्वधर्म और कुल परम्परा की दृढता सभी के लिए अनुकरणीय और प्रेरणा दायक है । अपने कठोर संयम और अविचल भाव तथा आत्मगौरव के लिए मरमिटने की दृढनिष्टा के कारण ही ये कडुए चौबे नाम के विख्यात हुए हैं । इनका कुलाचारा आज भी आदर्श है जिसकी विशेषता यह है कि- 1 ये कच्ची रसोई किसी ब्राह्मण या अन्य जाति के हाथ की ग्रहण नहीं करते । 2 इनके यज्ञोपवीत आदि संस्कार शास्त्रानुसार यथा समय होते हैं । 3 ये हुक्का चिलम तमाखू बीड़ी सिगरेट नहीं पीते, मद्य मांस प्याज लशुन सुलफा गांजा अन्डा केक होटल का किसी भी प्रकार का भोजन स्वीकार नहीं करते 4 ये चोटी यज्ञोपवीत कंठी तिलक धारण करते, स्नान के बाद ही भोजन पाते तथा यथावकाश गायत्री संध्या तर्पण श्राद्ध देवपूजन नैवेद्यनिवेदन देव स्तुति आदि ब्राह्मण कर्मों का दृढता से पालन करते हैं, 5 ये अपने को श्री यमुना माता का पुत्र मानते हैं तथा माता जी की रक्षा कृपा पर पूर्ण भरोसा रखते हैं ।
कुलीन- ये मथुरास्थ गुरुओं के आचरण को निष्ठाऔर श्रद्धा के साथ धारण करने से प्रयासी माथुर कुल के गौरव को स्वाभिमान के साथ निर्वाह करने वनाये रखने के कारण ये अपने को श्रेष्ठ माथुर कुल धारी होने के गौरव के हेतु से कुलीन कहते हैं ।
बदलुआ- अपनी मध्यमवर्गीय आर्थिक स्थिति के कारण बड़े धनी समृद्ध वर्ग में विवाह सम्बन्ध न कर पाने के कारण परस्पर में कन्या के बदले में कन्या लेने के सामाजिक व्यवहार के कारण ये बदलुआ कहे गए । यह बदले की प्रथा पहलवानी काल में पुत्रों की बहुवृद्धि के कारण मथुरा के मथुरास्थों में भी प्रचलित हो गयी थी ।
सैंगवार- सैंगरपुरा मथुरा से अपने प्रयाण के कारण ये अपने को सैंगरवार या सैंगवार कहते थे । 'कैमर पूजै सैंगरखांइ' कहावत के आशय से यह भी सिद्ध होता है कि त्रेता द्वापर युगों के समय में ये सैंगर (शमीवृक्ष) की फली, सैंगरफरी को सुखाकर उनका आहार में पुरोडाश (हलुआ लापसी) बनाकर प्रयोग करते थे । शमी वृक्ष को छौकर खेजड़ी कीकर कई नाम से जाना जाता है । महर्षि वेद व्यास के तपोवन शम्याप्राश के मुनिजन शमी आहारी थे । राजस्थान में त्स्य देश में कैर सांगरी एक बहुप्रचलित सुखाया हुआ शाक है । खेजड़ी को आहार मे प्रयुक्त करने वाले केजड़ीवाल, छौंकर भक्षी छौंकर, कीकर भोजी काकड़ा व्यास ब्रह्मर्षि देश में हैं ।
मीठे चौबे- मीठों में उपभेद नहीं हैं । वे सभी 'रचनं मधुरं बचनं मधुर' की मीठी चाशनी में पगे हैं । अति मधुरता के कारण इनके ब्रज तथा राजस्थान के किसानों जाटों गूजर मैंना अहीरों के साथ घुल मिल जाने के कारण इनके माथुरी आचार में काफ़ी ढिलाई आ गई । ये हुक्का पीने लगे खाट पर बैठ कर जाट गूजरों के साथ दालरोटी खाने लगे, समय पर संस्कार यज्ञोपवीत आदि से विरहित हो गये, स्नान करके भोजन करना गायत्री जाप आदि कर्म उपेक्षित पड़ गये, इतना ही नहीं जबकि चीतौड़ा भदौरिया आदि बन्धुओं ने दूर से आकर मथुरा में अपने आवास पुन: स्थापित किये तब इन्हौनें समीप ही रहते हुए भी मथुरा में अपना कोई दस बीस घरौं का मुहल्ला भी नहीं बसाया । इन्होंने मथुरा और मथुरास्थ बन्धुओं से आत्मीय सम्बन्ध भी शिथिल कर लिए और कुछ अंशों में कटु जैसे बना लिए । इनकी यह मनोदशा और आचार स्खलन को देखकर मथुरास्थों का इस दिशा में कोई संगठित या सुनिश्चित निर्णय नहीं था केवल व्यक्तिगत भावनाओं से लोगों को यह अरूचिकर बन गया । अब समय बदला है इनमें शिक्षित संस्कारित और संगठन भावी लोग आगे बढ़ते आ रहे हैं । प्रेमपरक माधुर्य और स्नेह के सरस सौम्यरूप श्री बाबूजी मुनीन्द्र नाथजी जैसे सत्पुरूषों के संगठन प्रयासरूप समय पलटेगा ।

मंगलवार, 30 जुलाई 2013

कुमार रविन्द्र की नजर में कबिरा की कासी


एक स्मृतिगाथा कबिरा की कासी की
                                                                             
‘बनारस
एक चादर है
जिसकी बुनावट में कहीं-न-कहीं कबीर हैं

जो भी इसे
साँचे मन से ओढ़ता है एक बार
अलग नहीं रह पाता एक पल भी
स्मृति से
ऐसी लिपट जाती है वह चादर’
— शिवकुमार पराग
कबिरा की कासी, बाबा विश्वनाथ की काशीनगरी, आम आदमी का बनारस और शासकीय केन्द्र वाराणसी— इन्हें मेरा जानना आज से लगभग पचास वर्ष पूर्व का है। और, सच में, तभी से लिपटी है मेरी स्मृति से कबीराई बुनावट की यह चादर।हाँ,जतन-से-ओढ़ी-नहीं-गई यह चादर पता नहीं कहाँ-कहाँ का मैल लपेट लाई है। भारतेन्दु की नगरी से बहुत दूर मैं आ बसा हूँ उनके पूर्वजों के मूलस्थान अग्रोहा के पड़ोसी नगर हिसार-ए-फिरोज़ा में। इस पचास साल के अंतराल में बस दो बार जा सका हूँ बनारस, किंतु दोनों बार पचास वर्ष पहले का ही बनारस मेरी याद से लिपटा रहा। इक्कीसवीं सदी की तेज चाल में ढलता, ‘मल्टीप्लेक्स’ और ‘मैक्डोनाल्ड’ की फ़िलवक्ती रवायत को अपनाता आधुनिक बनारस पिछली बार इक्कीसवीं सदी की शुरूआत में जाने पर भी पता नहीं क्यों मेरी नज़रों में नहीं आया। आधी सदी के बाद भी बनारस मेरी यादों में वैसा ही रहा अलमस्त और चउचक, जैसा तब था, जब मैं गोदौलिया के पास के बंगाली मोहल्ले में लगभग दो माह रहा था। हमारे चाचा लखनऊ से स्थानान्तरित होकर बनारस पहुँच गए थे सन् 1958 में और सन् 1959 में हम उनके दो बड़े भतीजे अपनी गरमी की छुट्टियाँ बिताने उनके पास आ गए थे। चाचा विधुर थे, एकाकी भी। मैं उम्र के उस मोड़ पर था यानी युवावस्था की उस दहलीज पर, जब हर अनुभव, हर एहसास रोमांस से भरपूर लगता है, हर साँस रोमांचित करती है और हर वस्तु चित्त को लुभाती है। बनारस आस्था की नगरी होने से हमारे हिन्दू संस्कारी मन को विशिष्ट लगता था। हम ‘शाम-ए-अवध’ की अनुभूति लेकर पहुँचे थे ‘सुबह-ए-बनारस’ को महसूसने। दोनों तहज़ीबें अपने-अपने ढंग से अनूठी। किसी नये शहर को देखने की ललक से ज्यादा बनारस के सांस्कृतिक परिवश का हिस्सा होने की इच्छा। काशी को अनादि नगरी कहा जाता है। धरती पर कैलास और काशी— यही दो महादेव शिव के आदि आवास-स्थल। ‘कल्याण’ पत्रिका के ‘शिवांक’ के माध्यम से मैं परिचित था इस नगरी से— अवचेतन में उपस्थित इस पुण्यस्थली का साक्षात्कार करने की उत्कण्ठा धुर बचपन की थी।
♦♦ • ♦♦
गोदौलिया के बिल्कुल ही निकट है प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट। सुबह हम वहीं स्नान करने के लिए पहुँच गए हैं। बनारस आकर हमारे युवावस्था में लगभग नास्तिक रहे चाचा भी आस्तिक हो गए हैं। गंगा स्नान कर प्रातः बाबा विश्वनाथ की आरती में पहुँचना उनकी दिनचर्या का ज़रूरी हिस्सा बन गया है। हाँ, तो पहले दशाश्वमेध घाट पर गंगा स्नान। पौराणिक काल में कभी दसियों अश्वमेध आयोजित हुए थे इसी तट पर। मेरी कल्पना में एकाएक कौंध गए हैं उस काल की इस यज्ञभूमि में गूँजते मंत्रोच्चार, समवेत आहुतियों के दृश्य, भव्यता, ऐश्वर्य एवं अलौकिक श्री-प्रताप की छवियाँ और उसी के साथ निरीह अस्वों की चमचमाती खड्ग-धार के सामने भयाक्रांत हिनहिनाहट। एक ओर देवत्व का आवाहन, उसकी खोज, तो दूसरी ओर मृत्यु का भयावह साक्षात्कार। अश्वमेध के बहाने से आक्रान्ता के विजय-अभियान। आज मैं देख रहा हूँ इस घाट का एक नया रंग— सुब्हे-बनारस की जनसंकुल छवि। बनारस गंगा के साथ-साथ धनुषाकार तट-प्रदेश में त्रिपुण्ड की आकृति में बसा नगर है। हर गली प्राचीन— अपना एक अलग इतिहास सँजोए— गंगाजी से जोड़ती। सुबह का वह दृश्य आज भी मेरी आँखों में बसा है। गोदौलिया के चौराहे से दशाश्वमेध घाट की दूरी मुश्किल से चौथाई किलोमीटर। उस ज़रा-सी दूरी में सैकड़ों स्नानार्थी पुरूष-स्त्री, छोटे-बड़े,अधेड़-बूढ़े। अधिकांश पुरूष एक गमछा कमर में लपेटे, दूसरा काँधे पर लटकाये नंगे बदन। सभी का गंतव्य गंगातट। अधिसंख्य बनारसवासियों की दिनचर्या की शुरूआत गंगा-स्नान से ही। घाट पर ही व्यायामशालाएँ और अखाड़े। वहाँ मुग्दर घुमाते, दंड-बैठक लगाते, जोर आजमाइश करते युवक-किशोर, उनके उस्ताद। सारा दृश्य एक अद्भुत ऊर्जा से भरा हुआ। मुझे जयशंकर प्रसाद जी की प्रसिद्ध कहानी ‘गुंडा’ याद आने लगी है। मैं उस कहानी के नायक को तलाश रहा हूँ इन युवकों में। किंतु अब उस तरह के सात्त्विक गुंडे कहाँ रहे। पिछली पीढ़ी के समय तक गुंडई भी एक कला थी, उसमें भी एक गरिमा थी। घाट से उतरते-चढ़ते जनसमूह के बीच मेरा मन उस अद्भुत मानुषी श्रद्धा को देख रहा है, जो गंगा मइया के प्रति सबके मन-प्राण में बसी हुई है। मैं पुण्य-पाप की आम अवधारणा को स्वीकार नहीं कर पाता, किंतु इस सामूहिक श्रद्धाभाव के सामने नतमस्तक होने को विवश हो रहा हूँ। गंगा में स्नान करते स्त्री-पुरूषों की हाथ जोड़े नमन करती मुद्रा में एक पूरी परम्परा, एक सामूहिक अवचेतना के दर्शन मैं कर रहा हूँ। अभिभूत हो रहा हूँ हर दृश्य से।
सूर्योदय होने को है। अरूणिमा पूर्वी क्षितिज से उतरकर पूरे माहौल को ‘लाली मेरे लाल की जित देखूँ तित लाल’ कर रही है। नदी का जल भी लालाभ हो रहा है। हम उतर पड़े हैं नदी की उस अरूणाभ छुवन को अपनी देह में समोने-सँजोने, ख़ुद भी लाल होने। हम— मतलब हमारे चाचा और हम दोनों भाई। गंगा का जल एकदम साफ-शीतल। दो-तीन डुबकियाँ— मन-प्राण में एक अनूठी शीतलता व्याप गई। हम तीनों में से मुझे ही तैरना आता है। बचपन में वृंदावन की जमुना जी में एक बार डूबने से बचा था। तभी से सोच लिया था तैरना सीखूँगा। लखनऊ विश्वविद्यालय में बी0ए0 प्रथम वर्ष में था, तभी गोमती तट पर स्थित जसबीर सिंह क्लब में मैंने तैरने का थोड़ा-सा अभ्यास किया था। पाँच वर्ष पूर्व के उस अभ्यास को मैं गंगा में आज़माना चाहता हूँ। चाचा ने बेमन से इज़ाज़त दी। थोड़ी दूर तक ही तैरकर जा पाया, तभी उन्होंने आवाज़ देकर वापस बुला लिया। अधूरा रह गया मेरा उत्साह। गोमती तो मैं पार कर जाता था, किंतु गंगा का पाट उससे कम-से-कम चौगुना और बहाव भी काफी तेज।
घाट की सीढ़ियाँ चढ़ते मैं देख रहा हूँ थोड़ा-सा ऊपर चढ़ आये सूर्यदेव को, उनके तेज को अपने में समेटती गंगा की पीताभ धारा को। सब कुछ अद्भुत लग रहा है मुझे। घाट पर सीढ़ियों के साथ-साथ तख्.त सजाये बैठे हैं पंडे और दूकानदार। हिन्दू आस्तिकता का यह भी एक स्वरूप है— रोज़ी-रोटी का, व्यवसाय का। सभी धर्मों में है इस तरह की व्यवसायवृत्ति। पुण्योदका गंगा का यह स्नान कहीं बहुत गहरे भीतर तक मुझे भिगो गया है। मैं सोच रहा हूँ उस आदियुग की, जब गंगा इस धरती पर नहीं आईं थीं। सगरपुत्रों की अगति न होती, तो शायद कभी भी न आतीं। क्या तब गंगा का यह मैदान टी0 एस0 एलियट की ‘वेस्टलैंड’ में वर्णित बंजर भूमि थी? कहीं राजा सगर और उनके वंशज ही तो वे मछुआरा राजा नहीं थे, जिनकी जल की खोज निरन्तर बनी रही और भगीरथ के भगीरथ-प्रयास से ही पूरी हो पाई। काश, टी0 एस0 एलियट ने इस कथानक को भी अपनी महाकविता में समोया होता। पुरखों की सद्गति के लिए ही तो भगीरथ हिमशिलाओं के किसी ब्रह््म-कमंडल से निकालकर शिव-जटाओं तक और फिर उन महादेव की उलझी अलकों में अटकी इस महानदी को यानी जह्नु ऋषि की दुहिता जाह्नवी को इस भस्म हुई बंजरभूमि में अपने पुरखों एवं अपने पुण्य-प्रतााप से खींच लाए थे। आज यह तीन पीढ़ियों की श्रम-गाथा एक पौराणिक कहानी बनकर रह गई है। कैसा रहा होगा भगीरथ और उनके पिता-पितामह का वह महान अभियांत्रिकी अभियान, सोचकर विस्मय होता है। स्वर्गगंगा का धरती पर वह अवतरण मनुष्य के श्रम-कौशल एवं उसकी सात्त्विक आस्था का एक अद्भुत प्रकरण है। एक चित्र देखा था बहुत बचपन में गंगावतरण का। शायद राजा रविवर्मा का बनाया हुआ था। एक ऊँची शिला पर महादेव शिव अपनी खुली जटाएँ फहराये खड़े हैं और देवी गंगा की आकृति आकाश से लहराती-उतरती उनकी जटाओं में उलझती-उलसती जा रही है। नीचे खड़े हैं राजा भगीरथ एवं ऋषि-मुनि हाथ जोड़े नमन की मुद्रा में। काश, मैं भी उस समय उपस्थित होता। हो सकता है होऊँ भी। वह जो चित्र में एक युवा तापस खड़ा है, कहीं वह मैं ही तो नहीं हूँ। मेरी विचार-समाधि तब टूटी, जब चच्चा ने कहा—‘इसी गली में है बाबा विश्वनाथ का मंदिर’।
हाँ, एक पतली-सी गली में है आवास बाबा विश्वनाथ का यानी वह विश्वख्यात मंदिर जिसे काशी विश्वनाथ का धाम कहा जाता है। घुमावदार पतली-सी तंग गली, जो चलती ही जाती है और जिसका अंत होता है मंदिर के परिसर में। आदिनगरी है काशी और अक्षय भी, ऐसा है वरदान औघड़दानी का इसे। हाँ, यह भी कि जो भी यहाँ मृत्युवास के ल्एि आता है, उसे स्वयं कैलासपति मोक्ष-मंत्र देते हैं। मोक्षदायी उसी प्रभु के दर्शन को हम इस गर्भगुहा-सी गली में से होकर जा रहे हैं। मेरी जिज्ञासा आतुर और प्रश्नाकुल, दोनों है। एक अज़ीब-सी सुखानुभूति भी है मेरे मन में। शिव ने गंगा-तट की इसी नगरी को क्यों चुना अपने उपधाम के लिए? किंवदंती है कि काशी ही पृथिवी का केन्द्रबिंदु है। यही सब सोचता हुआ मैं पहुँच गया हूँ मंदिर के छोटे-से प्रांगण में। गर्भगृह एक छोटी कोठरी जितना, जिसमें भक्तजन एक-दूसरे से टकराते। चच्चा आँख मूँदकर ध्यान लगा रहे हैं। उनके होंठ मौन हिल रहे हैं। संभवतः वे श्रीरामचरितमानस के काकभुशुंडि वाले प्रसंग के शिव-स्तोत्र का पाठ कर रहे हैं। हम दोनों भाई दर्शनकर गर्भगृह से बाहर निकलकर खड़े हो गए हैं एक ओर। चच्चा जब बाहर आये, तो मैंने पूछा— ‘लोग आपसे टकरा रहे थेऌ आपका ध्यान भंग नहीं हो रहा था’। चच्चा बोले— ‘ध्यान तो फिर भी लगाना ही है’। मंदिर परिसर से गली में वापसी में चलते हुए मैं सोच रहा हूँ इस धाम के बारे में। मुगल बादशाह औरंगजेब ने मूल मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनवाई थी, जो आज भी मंदिर को बौना करती साथ में खड़ी है। बाद में इन्दौर की होल्कर महारानी अहिल्याबाई ने वर्तमान मंदिर का निर्माण कराया। मूल लिंग विग्रह भी, सुनते हैं, ज्ञानवापी में कहीं डूबा पड़ा है। हिंदू महासभा के स्वामी करपात्री जी ने गंगा-तट पर ही एक नए काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराया है, जिसमें विग्रह के दर्शन बाहर से ही किए जाते हैं। मंदिर-परिसर में निर्माण कार्य अभी भी चल रहा है। मंथन शुरू हो गया है मेरे मन में धर्म के नाम पर हुए हिंसा-विध्वंस के बारे में। आस्थाओं की टकराहट का प्रश्न शासकों की अपनी राजनैतिक महत्त्वाकांक्षाओं से तो कहीं नहीं जुड़ा हुआ है। औरंगजेब की आस्तिकता हिन्दू आस्था को क्यों स्वीकार नहीं कर पाई? आस्तिकता का हिन्दू-मुस्लिमीकरण मेरी समझ से परे है। मुस्लिम-आगमन से पूर्व हिन्दू धर्म की शैव-वैष्णव, हिन्दू-बौद्ध टकराहटें भी तो तर्क से परे ही थीं। योरोप में ईसाई कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट पंथों के झगड़े, मध्यकाल में मुस्लिम-ईसाई मतों की हिंसक टकराहट, उनके धर्मयुद्ध अभियान भी तो निरर्थक ही थे। धार्मिक आस्था का विद्रूपीकरण उस असहिष्णुता से उपजता है, जो मनुष्य के बर्बर आदिम स्वभाव में निहित है। धर्म तो एक बहाना मात्र है।
शाम को नौका-विहरण। शाम-ए-अवध नवाबी ज़माने में रही होगी। अब तो लखनऊ में कहीं वह दिखती नहीं। शाम-ए-बनारस भी सुब्हे-बनारस से कम नहीं है। दशाश्वमेध घाट पर नावों-बज़रों का हुजूम— गंगा पर तैरतीं बीसियों छोटी-बड़ी नावें और उन पर जमी किसिम-किसिम की महफ़िलें। किनारे पर लगी बड़ी-बड़ी रोशनियाँ जल में झिलमिलातीं, धार के साथ तैरतीं-बहतीं। लगता है जैसे आधा बनारस उमड़ आया हो नदी-तट पर। चच्चा और उनके संगी-साथियों की ताश की बाज़ी जम गई है और हम दोनों भाई अवलोक रहे हैं उस निराले दृश्य को— ऊपर आकाशगंगा और नीचे रोशनियों की झिलमिल को लहर-लहर दुलराती भारत की अस्मिता की गंगा। कई और नावों पर भी ताश की बाजी जमी हुई है। एक बड़ी-सी नाव बीच धार में है, जिस पर गैस के हंडों की रोशनी में संगीत की महफ़िल जमी हुई है। गायन की विविध मुरकियाँ, वाद्यों की गमक-धमक एवं तान तैरती हुई हमारे पास तक आ रही हैंऌ सारे वातावरण को भाव-विभोर कर रहीं हैं। एक और बजरेनुमा नाव पर बंगाली धज में स्त्री-पुरूषों की टोली है। बीच-बीच में ठहाकों की आवाज़ से पता चलता है कि वे सब युवा हैं और संभवतः एक ही परिवार के हैं अथवा मित्र-सखा हैं। मैं डूब-उतरा रहा हूँ आनन्द के उस नैश-महोत्सव में। हमारी नाव भी ताश का खेल ख़त्म होने पर किनारे से खोल दी गई है और अब लगभग बीच-धारा में विभिन्न घाटों की छवि अवलोकती आगे बढ़ रही है। सुदूर मणिकर्णिका घाट पर चिताएँ जल-बुझ रही हैं। वहीं पास में है हरिश्चन्द्र घाट, जहाँ भी लगभग वैसा ही दृश्य है। हरिश्चन्द्र घाट से जुड़ा है भारत की सत्य-प्रतिष्ठा का एक अनूठा कथानक— भगवान राम के पूर्वज उस राजा की कहानी, जिसने अपने स्वप्न में दिये वचन का पालन करने के लिए अपना राजपाट गँवाया, काशी के हाट में अपनी पत्नी सहित बिककर दास बना और चांडाल कर्म करने को विवश हुआ, फिर भी न तो अपने व्रत को टूटने दिया और न ही अपने धैर्य को। पुत्र रोहिताश्व की देह को भी दाह देने के लिए मसान-कर लेने के अपने धर्म से विमुख नहीं हुआ वह व्यक्ति। सत्य और वचन के प्रति आग्रह का ऐसा कथानक विरल ही मिलेगा दुनिया के किसी और समाज में। इसी आग्रह की तो परिण्ति हुई है अंततः रामराज्य की अनूठी परिकल्पना में। बनारस के इन ऐतिहासिक घाटों की यह नैश-यात्रा एक अनोखे भावलोक में मुझे पहुँचा गई है, जहाँ वर्तमान की सारी संज्ञाएँ धुँधला गई हैं और मैं एक अछूती अतीत-गंध से महमहा गया हूँ। यह अतीत-गंध सतयुग के सत्य हरिश्चन्द्र से लेकर कबीर-रैदास की विद्रोही सात्त्विक मुद्रा तक और निकटस्थ समय में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र और जयशंकर प्रसाद तक मुझे खींच लाई है। मैं देख रहा हूँ इन सारी संज्ञाओं को अपने भीतर अवतरित होते। हाँ, यही तो है मेरी अस्मिता, मेरी परंपरा। उस रात सोते समय और शायद स्वप्न में भी मैं उसी का अनन्य हिस्सा बना रहा।
♦♦ • ♦♦
हमें बनारस आए कई दिन हो चुके हैं और इस बीच हम दोनों भाई बनारस की तमाम तंग और पेचीदा गलियों से परिचित हो चुके हैं। चाचा को इतवार को फुर्सत होगी, तब हम सारनाथ जाएँगे। तब तक हम दोनों अकेले ही काशी के शोध में लगे हैं अपने ढंग से। एक दिन सुबह-सुबह हम हो आये हैं बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय भी। गोदौलिया से लंका तक के लिए रिक्शे भी जाते हैं, पर हम पैदल ही गए यूनिवर्सिटी देखने। ग्रीय्मावकाश होने से विश्वविद्यालय की हलचल तो हमें देखने को नहीं मिली, किंतु हम पुस्तकालय आदि आसानी से देख पाये। विश्वविद्यालय परिसर में स्थित विश्वनाथ मंदिर की भव्यता और उसके शांत वातावरण से हम विशेष प्रभावित हुए। विश्वविद्यालय की अधिकांश इमारतों में भी मंदिर स्थापत्य एवं शिल्प की बानगी। साफ-सुथरा, खुला-खुला, हरीतिमा से उत्फुल्ल विस्तृत परिसर लखनऊ विश्वविद्यालय के मुकाबले अधिक सुन्दर, अधिक सम्मोहक लगा हमें। गोस्वामी तुलसीदास के समय में इसी क्षेत्र में उनके द्वारा प्रचारित रामलीला में रावण की लंका की सज्जा की जाती थी, तभी से इसका नाम लंका पड़ गया। तबकी पूरी काशी ही रामलीलामय हो जाती होगी। मैं उस अनूठे कालखंड की कल्पना करके ही भाव-विह््वल हो गया हूँ। स्मृति में कौंध गई तुलसीदास जी की लोकभाषा में लिखी रामकथा को काशी के विद्वत्समाज से स्वीकृत कराने की संघर्षगाथा। राम के प्रति उनके वंदनीय संपूर्ण समर्पण भाव को ही तो सही मिली थी बाबा विश्वनाथ की। गोदौलिया से चौक की ओर जाते हुए हमें मिली प्रसिद्ध सुँघनीसाहु की गली। हाँ, यही तो है बनारस का एक प्रमुख काव्यतीर्थ—सुँघनीसाहु के वंशज जयशंकर ‘प्रसाद’ की सर्जनास्थली। पूरी गली में तम्बाकू की महक भरी हुई। सुँघनीसाहु की दूकान अब भी है। कभी इसी गद्दी पर विराजते होंगे मेरे इष्टकवि प्रसाद जी। तम्बाकू का व्यवसाय और ‘कामायनी’ जैसा दार्शनिक महाकाव्य। यहीं बैठे-बैठे प्रसाद जी मगध, कोसल और जाने कहाँ-कहाँ के इतिहास का मानसिक भ्रमण करते रहे होंगे। कैसे-कैसे चरित्रों के संग कितनी-कितनी अंतर्यात्राएँ उन्होंने की होंगी । यह दूकान, ये दीवारें, यह गद्दी कितने-कितने कथा-प्रसंगों की गवाह रहीं होंगी। मैं सोच-सोचकर विस्मित-भ्रमित हो रहा हूँ। वह जो ‘आँसू’ कथा है, जो मेरी स्मृति में पूरी तरह बसी हुई है, यहीं कहीं तो व्यापी होगी। हाँ, प्रसाद मेरे प्रिय कवि रहे हैं। मेरे मन में व्याप रही कविता के उद्गाता यानी मेरे पहले काव्य-गुरू भी। कविता की गली में मैं खड़ा हूँ और प्रसाद जी के नाटकों के तमाम दृश्य , उनके अनूठे पात्र और वार्तालाप, उनकी रची कहानियों के प्रसंग, पूरा ‘आँसू’ काव्य मेरी यादों में कौंध रहे हैं। ‘कामायनी’ के ‘रहस्य’ सर्ग के मनु-श्रद्धा के ‘इच्छा-ज्ञान-क्रिया’ के समन्वयन वाले दार्शनिक प्रसंग पर मैंने एक चित्र भी बनाया है कुछ दिनों पहले। अपने काव्य-गुरू को श्रद्धांजलि स्वरूप। उस गली से जब मैं बाहर निकला, तो मुझे लगा कि जैसे स्वयं के एक अनजाने स्वरूप को मैं खोज लाया हूँ और वही मेरी असली पहचान है।
♦♦ • ♦♦
मई मास का अंतिम रविवार। कल रात अच्छी वर्षा हो गई है। सुबह धुली-धुली धूप , स्वच्छ नीलाभ आकाश, सारा वातावरण सद्यःस्नात, शीतल मंद बयार। हम तांगे से चल पड़े हैं सारनाथ की ओर। सारनाथ सिद्धार्थ गौतम बुद्ध की जाग्रत चेतना का पहला गवाह— ऐतिहासिक भूमि, जहाँ बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था। ताँगा अपनी गति से चला जा रहा है और उसी मंथर गति से अंतर्यात्रा कर रही है मेरी कल्पना। कल्पना से संवेदना के उस धरातल को हम स्पर्श कर पाते हैं, जो कालातीत और निर्वैयक्तिक होती है। यह व्यक्ति से इतर होना ही तो है कला-सर्जना का मर्म। मैं उसी भावभूमि में संवाद कर रहा हूँ ढाई हज़ार साल पहले के वर्तमान से। यह अतीत में वर्तमान होना, कालचक्र की धुरी से मुक्त हो जाना, सच में, कैसा अद्भुत होता है। हम जिस वनानी से होकर गुज़र रहे हैं, इसी में तो कभी गूँजा होगा ‘बुद्धं शरणं गच्छामि-संघं शरणं गच्छामि-धम्मं शरणं गच्छामि’ का पहला उद्घोष। बुद्ध कभी इसी ‘बनी’ के बीच से पाँव-पियादे गुज़रे होंगे। उनके और उनके शिष्यों की ‘धम्म’ यात्राओं से बनी पगडंडियाँ आज कहीं नहीं दिखतीं, किंतु यह सोचकर कि यहीं कहीं वे रही होंगी, मन एक अलौकिक उत्फुल्लता और जिज्ञासा से भर उठा है।
दूर से ही दिखने लगा है सम्राट अशोक द्वारा निर्मित स्तूप। एक घनघोर युद्ध और महानरसंहार के बाद एक विजयी राजा के हृदय-परिवर्तन का यह प्रकरण विश्व इतिहास में अनूठा है। जब कोई घटना इतिहास से किंवदंती बन जाती है, तभी वह लोक में स्वीकृत हो पाती है। ऐसा ही हुआ है बुद्धकथा के तमाम प्रसंगों के साथ भी। बुद्ध स्वयं भी तो राम और कृष्ण की भँति एक किंवदंती-पुरूष बन गए हैं। वैष्णव अवतारों में उनका शामिल किया जाना इसी प्रक्रिया का ही तो अंग है। बुद्ध की परंपरा-विरोधी क्रांति भी तो अंततः एक परंपरा में ही बदल गई। यही सभी अवतारों, मसीहों, पैगंबरों के साथ होता रहा है। बुद्ध भी मंदिर में स्थापित एक और देवता बनकर रह गए हैं। पूजा-क्रियाओं से घेरकर हम क्रांति-पुरूषों को वंदनीय तो बना लेते हैं, किंतु उनकी क्रांति-दृष्टि को ऐसा कर हम धुँधला भी देते हैं। उसी धुँधलके से उपजती है सांप्रदायिक हठधर्मिता। बौद्ध सम्प्रदाय के साथ भी ऐसा ही हुआ। अशोक के बाद का बौद्ध भारत छल-प्रपंचों की, षडयंत्रों की कहानी कहता है। राजनीति से जुड़कर उसका भी अधःपतन हुआ। गुप्तकाल के स्वर्णयुग में उसकी सामाजिक-सांस्कृतिक भूमिका भी संदिग्ध हो गई और अंततः वह बौद्धविहारों और मठों तक ही परिसीमित होकर रह गया। बज्रयान पूजा-पद्धतियों ने उसे आमजन से दूर कर दिया। रहस्य के घटाटोप ने बुद्धकालीन जाग्रत आध्यात्मिकता को घेरकर उसे अविश्वसनीय बना दिया। किंतु बुद्ध आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने अपने समय में थे । सहज सर्वव्यापक करूणा का उनका संदेश आज के विध्वंसक समय के लिए एकमात्र मार्गदर्शक शेष रह गया है। यही एकमात्र सर्वकालिक मानुषी धर्म है। मूलगंध कुटी के मुख्य बुद्ध मंदिर में अवस्थित सौम्य बुद्ध प्रतिमा के सामने खड़ा चिन्तन के इसी ऊहापोह में मैं डूबा रहा। मंदिर का स्वच्छ खुला हाल, बाहर का विस्तृत हरिताभ परिसर और शांत वातावरण— इन्हीं से उपजा यह सारा चिन्तन। हम बाहर निकल आए हैं मंदिर-परिसर से। और मैं भी निकल आया हूँ बाहर अपनी अंतर्यात्रा से।
जापानियों द्वारा निर्मित बुद्धमंदिर का स्थापत्य अलग किसिम का। बुद्ध प्रतिमा भी आम जापानी पुरूष की आकृति की। याद आ गया कैसे बौद्ध भिक्षु पद्मसंभव चीन तक ले गए बुद्ध की आध्यात्मिक चेतना को और फिर वहाँ से वह प्रसारित हुई जापान आदि पास के तमाम द्वीप-देशों में। कैसी अद्भुत रही होगी बौद्ध धर्म-प्रचारकों की वे धम्म-यात्राएँ, सोच-सोचकर मन विस्मय से भर रहा है। बुद्ध की जन्मभूमि से अति-सुदूर क्षेत्रों तक उनकी भावभूमि के विस्तार का इतिहास, सच में, विस्मयकारी है।
सारनाथ से लौटकर बनारस मुझे बड़ा गुंजान और भीड़भरा लगा। दोनों का सम्मोहन अलग-अलग— एक शांतिस्थल और दूसरा मनुष्य की प्रागैतिहासिक सामूहिक धार्मिक संचेतना का महातीर्थ। मेरा मन दोनों में अलग-अलग रूपों में रम रहा है। बनारस आकर वही दिनचर्या — प्रातः नदी और मंदिर से जुड़ाव और शाम को नौका-विहरण। दिन भर बनारस के विभिन्न दर्शनीय स्थलों का भ्रमण। भारतमाता मंदिर, मानस मंदिर, संकटमोचन मंदिर के अतिरिक्त काशी विद्यापीठ, काशी नागरी प्रचारिणी सभा, भारतेन्दु हरिश्चन्द्र की हवेली, स्वामी करपात्री जी का आवास हम देख आए हैं। बनारस की गलियाँ-बाज़ार तो हमने छान मारे हैं। एक अतीत-गंध उन गलियों में— सदियों का सुबास। कबीरचौरा जाकर उन स्मृतियों को भी सँजो लाए हैं, जो उस फक्कड़ जुलाहे के क्रांतिकारी व्यक्तित्व को जीवन्त करती हैं। घाटों-हाटों में घूमते हुए काशी के ‘राँड़-साँड़-सीढ़ी-संन्यासी’ स्वरूप को भी बार-बार अवलोक चुके हैं। दो बार बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय और हो आए हैं। ग्रीय्मावकाश समाप्ति पर है। लखनऊ जाने का मन होने लगा है। और फिर बनारस की सुखद यादों को अंतर्मन में समेटे वहाँ से प्रस्थान।
पुनश्चः
ईस्वी सन् 1986- 26-27 सितंबर
एक स्थापित नवगीतकार के रूप में आया हूँ मैं आदरणीय डॉ0 शंभुनाथ सिंह द्वारा आयोजित नवगीत समारोह में भाग लेने। बनारस के कबीरचौरा में दो दिनों का यह आयोजन है। सुदूर इलाकों से आए तमाम नवगीतकार इकट्ठे हुए हैं। मैं हिसार, हरियाणा से आया हूँ। दोनों दिन लगातार वर्षा होती रही है। कहीं आना-जाना नहीं हो सका है। एक दिन गंगा-तट तक हो आए हैं हम लोग। लगभग सत्ताइस सालों का अंतराल— किंतु 1959 का बनारस आज भी अंदर से टेरता हुआ। यादें जो उस प्रवास में सँजोकर मैं ले गया था, उन्हीं को दोबारा जीता रहा आने-जाने के यात्रा-पथ में और दो दिनों के इस वास में। कबीरचौरा में नवगीत समारोह का आयोजन इस दृष्टि से विशिष्ट कि नवगीत की भावभूमि में कबीर की बानी-कहन का कहीं-न-कहीं वास है। कबीर की साधना-स्थली से यह सीधा जुड़ाव मेरे कवि को समृद्ध कर गया है।
ईस्वी सन् 2001
मैं फिर आया हूँ बनारस— तीसरी बार। इस बार पत्नी सरला, विवाहिता बेटी अपर्णा और उसके दोनों बच्चों, कनू और एलिस के साथ। केवल चौबीस घंटों के लिए। उसी में सारनाथ और काशी-दर्शन। सरला की चचेरी बहन कबीरचौरा के निकट त्रिमुहानी पर। वहीं हम टिके हैं। शाम को उनका बेटा हमें सारनाथ दिखा लाया । काफी कुछ बदल गया है सारनाथ 1959 से। स्वच्छता आदि वैसी ही, किंतु अब वहाँ कई विदेशी मंदिर बन गए हैं। रास्ता अब भी हरा-भरा सुनसान, किंतु अब ताँगों की फुर्सतभरी मंथर यात्रा का स्थान ले लिया है ऑटो रिक्शाओं की भागमभागी और उनके इंजनों के शोर ने। सभी शहरों में जो परिवर्तन आया है, वही यहाँ भी। सारनाथ से लौटकर हम गंगातट पर आ गए हैं। किंतु शाम-ए-बनारस की नौकाओं का वह समारोह हमें कहीं नहीं दिख रहा है। बाज़ार बहुत बढ़ गया है। गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक दोनों ओर गुंजान ‘शापिंग-ही-शापिंग’ । गंगा निरीह-कमजोर -घाट भी निर्जीव। कुछ हमारी उम्र का तकाज़ा कुछ वक्त का बदलाव।
दूसरे दिन सुबह से हम आ गए हैं दशाश्वमेध घाट। एक-डेढ़ घंटे में सभी घाटों का भ्रमण और फिर लौटकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन। गली वही, किंतु भीड़ और ज्यादा। मंदिर परिसर और भी सिकुड़ा-सिमटा लगा मुझे। मुख्य विग्रह के अतिरिक्त बरामदों में भी छोटे-छोटे लिंग-विग्रह स्थापित। हम थोड़ी देर में पहुँचे, इसलिए दर्शन सुलभ हुए। वरना समय काफी लगता। बाहर निकलकर हमने ऑटोरिक्शा कर लिया है विश्वविद्यालय और अन्य स्थानों को देखने के लिए। पहली बार हम फुर्सत से पैदल ही खूब घूमे थे। बच्चों-परिवार के साथ का सुख इस बार। तब मैं आया था एक युवा विद्यार्थी, कलाकार और कवि की दृष्टि लेकर। अब मात्र एक भ्रमणार्थी। दृष्टि का अंदर-बाहर का अंतर भी। यानी स्मृतियों में बसे बनारस के सम्मोहन के टूटने का एहसास। फिर भी जो बनारस मेरे भीतर है और जिसकी अंतर्यात्रा मैंने ऊपर की है, वह तो अक्षुण्ण ही रहेगा। कबिरा की बुनी-ओढ़ी बनारस की चादर ज्यों की त्यों आज भी कहीं धरी है मेरे भीतर।
रचनाकारों की सूची
रचनाएँ खोजें अपनी रचनाएँ भेजें
» तकनीक की दुनिया

» अनुभाग

» प्रादेशिक गद्य कोश

बालक / प्रेमचंद


गंगू को लोग ब्राह्मण कहते हैं और वह अपने को ब्राह्मण समझता भी है। मेरे सईस और खिदमतगार मुझे दूर से सलाम करते हैं। गंगू मुझे कभी सलाम नहीं करता। वह शायद मुझसे पालागन की आशा रखता है। मेरा जूठा गिलास कभी हाथ से नहीं छूता और न मेरी कभी इतनी हिम्मत हुई कि उससे पंखा झलने को कहूँ। जब मैं पसीने से तर होता हूँ और वहाँ कोई दूसरा आदमी नहीं होता, तो गंगू आप-ही-आप पंखा उठा लेता है; लेकिन उसकी मुद्रा से यह भाव स्पष्ट प्रकट होता है कि मुझ पर कोई एहसान कर रहा है और मैं भी न-जाने क्यों फौरन ही उसके हाथ से पंखा छीन लेता हूँ। उग्र स्वभाव का मनुष्य है। किसी की बात नहीं सह सकता। ऐसे बहुत कम आदमी होंगे, जिनसे उसकी मित्रता हो; पर सईस और खिदमतगार के साथ बैठना शायद वह अपमानजनक समझता है। मैंने उसे किसी से मिलते-जुलते नहीं देखा। आश्चर्य यह है कि उसे भंग-बूटी से प्रेम नहीं, जो इस श्रेणी के मनुष्यों में एक असाधरण गुण है। मैंने उसे कभी पूजा-पाठ करते या नदी में स्नान करते नहीं देखा। बिलकुल निरक्षर है; लेकिन फिर भी वह ब्राह्मण है और चाहता है कि दुनिया उसकी प्रतिष्ठा तथा सेवा करे और क्यों न चाहे ? जब पुरखों की पैदा की हुई सम्पत्ति पर आज भी लोग अधिकार जमाये हुए हैं और उसी शान से, मानो खुद पैदा किये हों, तो वह क्यों उस प्रतिष्ठा और सम्मान को त्याग दे, जो उसके पुरुखाओं ने संचय किया था ? यह उसकी बपौती है।
मेरा स्वभाव कुछ इस तरह का है कि अपने नौकरों से बहुत कम बोलता हूँ। मैं चाहता हूँ, जब तक मैं खुद न बुलाऊँ, कोई मेरे पास न आये। मुझे यह अच्छा नहीं लगता कि जरा-सी बातों के लिए नौकरों को आवाज देता फिरूँ। मुझे अपने हाथ से सुराही से पानी उँड़ेल लेना, अपना लैम्प जला लेना, अपने जूते पहन लेना या आलमारी से कोई किताब निकाल लेना, इससे कहीं ज्यादा सरल मालूम होता है कि हींगन और मैकू को पुकारूँ। इससे मुझे अपनी स्वेच्छा और आत्मविश्वास का बोधा होता है। नौकर भी मेरे स्वभाव से परिचित हो गये हैं और बिना जरूरत मेरे पास बहुत कम आते हैं। इसलिए एक दिन जब प्रात:काल गंगू मेरे सामने आकर खड़ा हो गया तो मुझे बहुत बुरा लगा। ये लोग जब आते हैं, तो पेशगी हिसाब में कुछ माँगने के लिए या किसी दूसरे नौकर की शिकायत करने के लिए। मुझे ये दोनों ही बातें अत्यंत अप्रिय हैं। मैं पहली तारीख को हर एक का वेतन चुका देता हूँ और बीच में जब कोई कुछ माँगता है, तो क्रोध आ जाता है; कौन दो-दो, चार-चार रुपये का हिसाब रखता फिरे। फिर जब किसी को महीने-भर की पूरी मजूरी मिल गयी, तो उसे क्या हक है कि उसे पन्द्रह दिन में खर्च कर दे और ऋण या पेशगी की शरण ले, और शिकायतों से तो मुझे घृणा है। मैं शिकायतों को दुर्बलता का प्रमाण समझता हूँ, या ठकुरसुहाती की क्षुद्र चेष्टा।
मैंने माथा सिकोड़कर कहा, क्या बात है, 'मैंने तो तुम्हें बुलाया नहीं ?'
गंगू के तीखे अभिमानी मुख पर आज कुछ ऐसी नम्रता, कुछ ऐसी याचना, कुछ ऐसा संकोच था कि मैं चकित हो गया। ऐसा जान पड़ा, वह कुछ जवाब देना चाहता है; मगर शब्द नहीं मिल रहे हैं। मैंने जरा नम्र होकर कहा, 'आखिर क्या बात है, कहते क्यों नहीं ? तुम जानते हो, यह मेरे टहलने का समय है। मुझे देर हो रही है।'
गंगू ने निराशा भरे स्वर में कहा, 'तो आप हवा खाने जायँ, मैं फिर आ जाऊँगा।'
यह अवस्था और भी चिन्ताजनक थी। इस जल्दी में तो वह एक क्षण में अपना वृत्तान्त कह सुनायेगा। वह जानता है कि मुझे ज्यादा अवकाश नहीं है। दूसरे अवसर पर तो दुष्ट घण्टों रोयेगा। मेरे कुछ लिखने-पढ़ने को तो वह शायद कुछ काम समझता हो; लेकिन विचार को, जो मेरे लिए सबसे कठिन साधना है, वह मेरे विश्राम का समय समझता है। वह उसी वक्त आकर मेरे सिर पर सवार हो जायगा। मैंने निर्दयता के साथ कहा,
'क्या कुछ पेशगी माँगने आये हो ? मैं पेशगी नहीं देता।'
'जी नहीं सरकार, मैंने तो कभी पेशगी नहीं माँगा।'
'तो क्या किसी की शिकायत करना चाहते हो ? मुझे शिकायतों से घृणा है।'
'जी नहीं सरकार, मैंने तो कभी किसी की शिकायत नहीं की।'
गंगू ने अपना दिल मजबूत किया। उसकी आकृति से स्पष्ट झलक रहा था, मानो वह कोई छलाँग मारने के लिए अपनी सारी शक्तियों को एकत्र कर रहा हो। और लड़खड़ाती हुई आवाज में बोला, 'मुझे आप छुट्टी दे दें।
'मैं आपकी नौकरी अब न कर सकूँगा।'
यह इस तरह का पहला प्रस्ताव था, जो मेरे कानों में पड़ा। मेरे आत्माभिमान को चोट लगी। मैं जब अपने को मनुष्यता का पुतला समझता हूँ, अपने नौकरों को कभी कटु-वचन नहीं कहता, अपने स्वामित्व को यथासाध्य म्यान में रखने की चेष्टा करता हूँ, तब मैं इस प्रस्ताव पर क्यों न विस्मित हो जाता ! कठोर स्वर में बोला, 'क्यों, क्या शिकायत है ?
'आपने तो हुजूर, जैसा अच्छा स्वभाव पाया है, वैसा क्या कोई पायेगा; लेकिन बात ऐसी आ पड़ी है कि अब मैं आपके यहाँ नहीं रह सकता। ऐसा न हो कि पीछे से कोई बात हो जाय, तो आपकी बदनामी हो। मैं नहीं चाहता कि मेरी वजह से आपकी आबरू में बट्टा लगे।'
मेरे दिल में उलझन पैदा हुई। जिज्ञासा की अग्नि प्रचण्ड हो गयी। आत्मसमर्पण के भाव से बरामदे में पड़ी हुई कुर्सी पर बैठकर बोला, 'तुम तो पहेलियाँ बुझवा रहे हो। साफ-साफ क्यों नहीं कहते, क्या मामला है ?'
गंगू ने बड़ी नम्रता से कहा, 'बात यह है कि वह स्त्री, जो अभी विधवा-आश्रम से निकाल दी गयी है, वह गोमती देवी ...
वह चुप हो गया। मैंने अधीर होकर कहा, 'हाँ, निकाल दी गयी है, तो फिर ? तुम्हारी नौकरी से उससे क्या सम्बन्ध ?'
गंगू ने जैसे अपने सिर का भारी बोझ जमीन पर पटक दिया -- 'मैं उससे ब्याह करना चाहता हूँ बाबूजी !'
मैं विस्मय से उसका मुँह ताकने लगा। यह पुराने विचारों का पोंगा ब्राह्मण जिसे नयी सभ्यता की हवा तक न लगी, उस कुलटा से विवाह करने जा रहा है, जिसे कोई भला आदमी अपने घर में कदम भी न रखने देगा।
गोमती ने मुहल्ले के शान्त वातावरण में थोड़ी-सी हलचल पैदा कर दी। कई साल पहले वह विधवाश्रम में आयी थी। तीन बार आश्रम के कर्मचारियों ने उसका विवाह करा दिया था, पर हर बार वह महीने-पन्द्रह दिन के बाद भाग आयी थी। यहाँ तक कि आश्रम के मन्त्री ने अबकी बार उसे आश्रम से निकाल दिया था। तब से वह इसी मुहल्ले में एक कोठरी लेकर रहती थी और सारे मुहल्ले के शोहदों के लिए मनोरंजन का केन्द्र बनी हुई थी।
मुझे गंगू की सरलता पर क्रोध भी आया और दया भी। इस गधो को सारी दुनिया में कोई स्त्री ही न मिलती थी, जो इससे ब्याह करने जा रहा है। जब वह तीन बार पतियों के पास से भाग आयी, तो इसके पास कितने दिन रहेगी ? कोई गाँठ का पूरा आदमी होता, तो एक बात भी थी। शायद साल-छ: महीने टिक जाती। यह तो निपट आँख का अन्धा है। एक सप्ताह भी तो निबाह न होगा। मैंने चेतावनी के भाव से पूछा, 'तुम्हें इस स्त्री की जीवन-कथा मालूम है?'
गंगू ने आँखों-देखी बात की तरह कहा, 'सब झूठ है सरकार, लोगों ने हकनाहक उसको बदनाम कर दिया है।'
'क्या कहते हो, वह तीन बार अपने पतियों के पास से नहीं भाग आयी ?'
'उन लोगों ने उसे निकाल दिया, तो क्या करती ?'
'कैसे बुध्दू आदमी हो ! कोई इतनी दूर से आकर विवाह करके ले जाता है, हजारों रुपये खर्च करता है, इसीलिए कि औरत को निकाल दे ?'
गंगू ने भावुकता से कहा, 'जहाँ प्रेम नहीं है हुजूर, वहाँ कोई स्त्री नहीं रह सकती। स्त्री केवल रोटी-कपड़ा ही नहीं चाहती, कुछ प्रेम भी तो चाहती है। वे लोग समझते होंगे कि हमने एक विधवा से विवाह करके उसके ऊपर कोई बहुत बड़ा एहसान किया है। चाहते होंगे कि तन-मन से वह उनकी हो जाय, लेकिन दूसरे को अपना बनाने के लिए पहले आप उसका बन जाना पड़ता है हुजूर। यह बात है। फिर उसे एक बीमारी भी है। उसे कोई भूत लगा हुआ है। यह कभी-कभी बक-झक करने लगती है और बेहोश हो जाती है।'
'और तुम ऐसी स्त्री से विवाह करोगे ?' मैंने संदिग्ध भाव से सिर हिलाकर कहा, समझ लो, जीवन कड़वा हो जायगा।'
गंगू ने शहीदों के-से आवेश से कहा, 'मैं तो समझता हूँ, मेरी जिन्दगी बन जायगी बाबूजी, आगे भगवान् की मर्जी !'
मैंने जोर देकर पूछा, 'तो तुमने तय कर लिया है ?'
'हाँ, हुजूर।'
'तो मैं तुम्हारा इस्तीफा मंजूर करता हूँ।'
मैं निरर्थक रूढ़ियों और व्यर्थ के बन्धनों का दास नहीं हूँ; लेकिन जो आदमी एक दुष्टा से विवाह करे, उसे अपने यहाँ रखना वास्तव में जटिल समस्या थी। आये-दिन टण्टे-बखेड़े होंगे, नयी-नयी उलझनें पैदा होंगी, कभी पुलिस दौड़ लेकर आयेगी, कभी मुकदमे खड़े होंगे। सम्भव है, चोरी की वारदातें भी हों। इस दलदल से दूर रहना ही अच्छा। गंगू क्षुधा-पीड़ित प्राणी की भाँति रोटी का टुकड़ा देखकर उसकी ओर लपक रहा है। रोटी जूठी है, सूखी हुई है, खाने योग्य नहीं है, इसकी उसे परवाह नहीं; उसको विचार-बुद्धि से काम लेना कठिन था। मैंने उसे पृथक् कर देने ही में अपनी कुशल समझी।
2
पाँच महीने गुजर गये। गंगू ने गोमती से विवाह कर लिया था और उसी मुहल्ले में एक खपरैल का मकान लेकर रहता था। वह अब चाट का खोंचा लगाकर गुजर-बसर करता था। मुझे जब कभी बाजार में मिल जाता, तो मैं उसका क्षेम-कुशल पूछता। मुझे उसके जीवन से विशेष अनुराग हो गया था। यह एक सामाजिक प्रश्न की परीक्षा थी सामाजिक ही नहीं, मनोवैज्ञानिक भी। मैं देखना चाहता था, इसका परिणाम क्या होता है। मैं गंगू को सदैव प्रसन्न-मुख देखता। समृद्धि और निश्चिन्तता के मुख पर जो एक तेज और स्वभाव में जो एक आत्म-सम्मान पैदा हो जाता है, वह मुझे यहाँ प्रत्यक्ष दिखायी देता था। रुपये-बीस-आने की रोज बिक्री हो जाती थी। इसमें लागत निकालकर आठ-दस आने बच जाते थे। यही उसकी जीविका थी; किन्तु इसमें किसी देवता का वरदान था; क्योंकि इस वर्ग के मनुष्यों में जो निर्लज्जता और विपन्नता पायी जाती है, इसका वहाँ चिह्न तक न था। उसके मुख पर आत्म-विकास और आनन्द की झलक थी, जो चित्त की शान्ति से ही आ सकती है।
एक दिन मैंने सुना कि गोमती गंगू के घर से भाग गयी है ! कह नहीं सकता, क्यों ? मुझे इस खबर से एक विचित्र आनन्द हुआ। मुझे गंगू के संतुष्ट और सुखी जीवन पर एक प्रकार कीर् ईर्ष्या होती थी। मैं उसके विषय में किसी अनिष्ट की, किसी घातक अनर्थ की, किसी लज्जास्पद घटना की प्रतीक्षा करता था। इस खबर से ईर्ष्या को सान्त्वना मिली। आखिर वही बात हुई, जिसका मुझे विश्वास था। आखिर बच्चा को अपनी अदूरदर्शिता का दण्ड भोगना पड़ा। अब देखें, बचा कैसे मुँह दिखाते हैं। अब आँखें खुलेंगी और मालूम होगा कि लोग, जो उन्हें इस विवाह से रोक रहे थे, उनके कैसे शुभचिन्तक थे। उस वक्त तो ऐसा मालूम होता था, मानो आपको कोई दुर्लभ पदार्थ मिला जा रहा हो। मानो मुक्ति का द्वार खुल गया है। लोगों ने कितना कहा, कि यह स्त्री विश्वास के योग्य नहीं है, कितनों को दगा दे चुकी है, तुम्हारे साथ भी दगा करेगी; लेकिन इन कानों पर जूँ तक न रेंगी। अब मिलें, तो जरा उनका मिजाज पूछूँ। कहूँ क्यों महाराज, देवीजी का यह वरदान पाकर प्रसन्न हुए या नहीं ? तुम तो कहते थे, वह ऐसी है और वैसी है, लोग उस पर केवल दुर्भावना के कारण दोष आरोपित करते हैं। अब बतलाओ, किसकी भूल थी ?
उसी दिन संयोगवश गंगू से बाजार में भेंट हो गयी। घबराया हुआ था, बदहवास था, बिलकुल खोया हुआ। मुझे देखते ही उसकी आँखों में आँसू भर आये, लज्जा से नहीं, व्यथा से। मेरे पास आकर बोला, 'बाबूजी, गोमती ने मेरे साथ विश्वासघात किया।' मैंने कुटिल आनन्द से, लेकिन कृत्रिम सहानुभूति दिखाकर कहा, 'तुमसे तो मैंने पहले ही कहा था; लेकिन तुम माने ही नहीं, अब सब्र करो। इसके सिवा और क्या उपाय है। रुपये-पैसे ले गयी या कुछ छोड़ गयी ?'
गंगू ने छाती पर हाथ रखा। ऐसा जान पड़ा, मानो मेरे इस प्रश्न ने उसके ह्रदय को विदीर्ण कर दिया।
'अरे बाबूजी, ऐसा न कहिए, उसने धेले की भी चीज नहीं छुई। अपना जो कुछ था, वह भी छोड़ गयी। न-जाने मुझमें क्या बुराई देखी। मैं उसके योग्य न था और क्या कहूँ। वह पढ़ी-लिखी थी, मैं करिया अक्षर भैंस बराबर। मेरे साथ इतने दिन रही, यही बहुत था। कुछ दिन और उसके साथ रह जाता, तो आदमी बन जाता। उसका आपसे कहाँ तक बखान करूँ हुजूर। औरों के लिए चाहे जो कुछ रही हो, मेरे लिए तो किसी देवता का आशीर्वाद थी। न-जाने मुझसे क्या ऐसी खता हो गयी। मगर कसम ले लीजिए, जो उसके मुख पर मैल तक आया हो। मेरी औकात ही क्या है बाबूजी ! दस-बारह आने का मजूर हूँ; पर इसी में उसके हाथों इतनी बरक्कत थी कि कभी कमी नहीं पड़ी।'
मुझे इन शब्दों से घोर निराशा हुई। मैंने समझा था, वह उसकी बेवफाई की कथा कहेगा और मैं उसकी अन्ध-भक्ति पर कुछ सहानुभूति प्रकट करूँगा; मगर उस मूर्ख की आँखें अब तक नहीं खुलीं। अब भी उसी का मन्त्र पढ़ रहा है। अवश्य ही इसका चित्त कुछ अव्यवस्थित है।
मैंने कुटिल परिहास आरम्भ किया- 'तो तुम्हारे घर से कुछ नहीं ले गयी ?
'कुछ भी नहीं बाबूजी, धेले की भी चीज नहीं।'
'और तुमसे प्रेम भी बहुत करती थी ?'
'अब आपसे क्या कहूँ बाबूजी, वह प्रेम तो मरते दम तक याद रहेगा।'
'फिर भी तुम्हें छोड़कर चली गयी ?'
'यही तो आश्चर्य है बाबूजी !'
'त्रिया-चरित्र का नाम कभी सुना है ?'
'अरे बाबूजी, ऐसा न कहिए। मेरी गर्दन पर कोई छुरी रख दे, तो भी मैं उसका यश ही गाऊँगा।'
'तो फिर ढूँढ़ निकालो !'
'हाँ, मालिक। जब तक उसे ढूँढ़ न लाऊँगा, मुझे चैन न आयेगा। मुझे इतना मालूम हो जाय कि वह कहाँ है, फिर तो मैं उसे ले ही आऊँगा; और बाबूजी, मेरा दिल कहता है कि वह आयेगी जरूर। देख लीजिएगा। वह मुझसे रूठकर नहीं गयी; लेकिन दिल नहीं मानता। जाता हूँ, महीने-दो-महीने जंगल, पहाड़ की धूल छानूँगा। जीता रहा, तो फिर आपके दर्शन करूँगा।'
यह कहकर वह उन्माद की दशा में एक तरफ चल दिया।
3
इसके बाद मुझे एक जरूरत से नैनीताल जाना पड़ा। सैर करने के लिए नहीं। एक महीने के बाद लौटा, और अभी कपड़े भी न उतारने पाया था कि देखता हूँ, गंगू एक नवजात शिशु को गोद में लिये खड़ा है। शायद कृष्ण को पाकर नन्द भी इतने पुलकित न हुए होंगे। मालूम होता था, उसके रोम-रोम से आनन्द फूटा पड़ता है। चेहरे और आँखों से कृतज्ञता और श्रद्धा के राग-से निकल रहे थे। कुछ वही भाव था, जो किसी क्षुधा-पीड़ित भिक्षुक के चेहरे पर भरपेट भोजन करने के बाद नजर आता है।
मैंने पूछा- कहो महाराज, गोमतीदेवी का कुछ पता लगा, तुम तो बाहर गये थे ?
गंगू ने आपे में न समाते हुए जवाब दिया, 'हाँ बाबूजी, आपके आशीर्वाद से ढूँढ़ लाया। लखनऊ के जनाने अस्पताल में मिली। यहाँ एक सहेली से कह गयी थी कि अगर वह बहुत घबरायें तो बतला देना। मैं सुनते ही लखनऊ भागा और उसे घसीट लाया। घाते में यह बच्चा भी मिल गया। उसने बच्चे को उठाकर मेरी तरफ बढ़ाया। मानो कोई खिलाड़ी तमगा पाकर दिखा रहा हो।'
मैंने उपहास के भाव से पूछा, 'अच्छा, यह लड़का भी मिल गया ? शायद इसीलिए वह यहाँ से भागी थी। है तो तुम्हारा ही लड़का ?'
'मेरा काहे को है बाबूजी, आपका है, भगवान् का है।'
'तो लखनऊ में पैदा हुआ ?'
'हाँ बाबूजी, अभी तो कुल एक महीने का है।'
'तुम्हारे ब्याह हुए कितने दिन हुए ?'
'यह सातवाँ महीना जा रहा है।'
'तो शादी के छठे महीने पैदा हुआ ?'
'और क्या बाबूजी।'
'फिर भी तुम्हारा लड़का है ?'
'हाँ, जी।'
'कैसी बे-सिर-पैर की बात कर रहे हो ?'
मालूम नहीं, वह मेरा आशय समझ रहा था, या बन रहा था। उसी निष्कपट भाव से बोला, मरते-मरते बची, बाबूजी नया जनम हुआ। तीन दिन, तीन रात छटपटाती रही। कुछ न पूछिए। मैंने अब जरा व्यंग्य-भाव से कहा, लेकिन छ: महीने में लड़का होते आज ही सुना। यह चोट निशाने पर जा बैठी।
मुस्कराकर बोला, 'अच्छा, वह बात ! मुझे तो उसका ध्यान भी नहीं आया। इसी भय से तो गोमती भागी थी। मैंने कहा, 'ग़ोमती, अगर तुम्हारा मन मुझसे नहीं मिलता, तो तुम मुझे छोड़ दो। मैं अभी चला जाऊँगा और फिर कभी तुम्हारे पास न आऊँगा। तुमको जब कुछ काम पड़े तो मुझे लिखना, मैं भरसक तुम्हारी मदद करूँगा। मुझे तुमसे कुछ मलाल नहीं है। मेरी आँखों में तुम अब भी उतनी ही भली हो। अब भी मैं तुम्हें उतना ही चाहता हूँ। नहीं, अब मैं तुम्हें और ज्यादा चाहता हूँ; लेकिन अगर तुम्हारा मन मुझसे फिर नहीं गया है, तो मेरे साथ चलो। गंगू जीते-जी तुमसे बेवफाई नहीं करेगा। मैंने तुमसे इसलिए विवाह नहीं किया कि तुम देवी हो; बल्कि इसलिए कि मैं तुम्हें चाहता था और सोचता था कि तुम भी मुझे चाहती हो। यह बच्चा मेरा बच्चा है। मेरा अपना बच्चा है। मैंने एक बोया हुआ खेत लिया, तो क्या उसकी फसल को इसलिए छोड़ दूंगा, कि उसे किसी दूसरे ने बोया था ? यह कहकर उसने जोर से ठट्ठा मारा।
मैं कपड़े उतारना भूल गया। कह नहीं सकता, क्यों मेरी आँखें सजल हो गयीं। न-जाने वह कौन-सी शक्ति थी, जिसने मेरी मनोगत घृणा को दबाकर मेरे हाथों को बढ़ा दिया। मैंने उस निष्कलंक बालक को गोद में ले लिया और इतने प्यार से उसका चुम्बन लिया कि शायद अपने बच्चों का भी न लिया होगा।
गंगू बोला, 'बाबूजी, आप बड़े सज्जन हैं। मैं गोमती से बार-बार आपका बखान किया करता हूँ। कहता हूँ, चल, एक बार उनके दर्शन कर आ; लेकिन मारे लाज के आती ही नहीं।'
मैं और सज्जन ! अपनी सज्जनता का पर्दा आज मेरी आँखों से हटा। मैंने भक्ति से डूबे हुए स्वर में कहा, 'नहीं जी, मेरे-जैसे कलुषित मनुष्य के पास वह क्या आयेगी। चलो, मैं उनके दर्शन करने चलता हूँ। तुम मुझे सज्जन समझते हो ? मैं ऊपर से सज्जन हूँ; पर दिल का कमीना हूँ। असली सज्जनता तुममें है। और यह बालक वह फूल है, जिससे तुम्हारी सज्जनता की महक निकल रही है।
मैं बच्चे को छाती से लगाये हुए गंगू के साथ चला।

कूट नीति

 *कूटने से बढ़ती है -इम्युनिटी पॉवर*                 *दादा जी से पूछा*     *कि पहले लोग बहुत कम*           *बीमार  होते थे ?*            *तो...